अपनी ताकत पहचान कर कांग्रेस कार्यकर्ता दें भाजपा को करारा जवाब : दीपक बैज

0
55
  •  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रायगढ़ और सारंगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि आज की राजनीति में ज्यादा सीधापन ठीक नहीं है। हमारी सीधाई का नाजायज फायदा भाजपा उठाती आ रही है। अब हमें भी भाजपा के खिलाफ टेढ़ापन दिखाना होगा और भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तत्पर रहना होगा।
    दीपक बैज रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री उमेश पटेल, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, विधायक लालजीत राठिया, विधायक विद्यावती सिदार, जिला अध्यक्ष द्वय रजनीश तिवारी, अनिल शुक्ला, अरूण मालाकार, राजू मिश्रा, साखा यादव, विनोद कपूर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।बैज ने कहा कि भाजपा के लोग झूठ, फरेब, बरगलाने और हवा हवाई बातें करने में माहिर हैं। लोकसभा में सत्तापक्ष की ओर से ऐसा ऐसा झूठ बोला जाता है कि हमें शर्मिंदगी होती है। बैज ने कहा कि भाजपा की ईमारत झूठ की बुनियाद पर ही टिकी हुई है। हम कांग्रेसियों का ऐसा चरित्र नहीं है। हम सच्चाई की राजनीति में विश्वास करने वाले लोग हैं।  बैज ने कहा कि भाजपा के लोग जनता के बीच अपनी बात रखने में माहिर हैं|

वे बड़बोले भी हैं। मगर हमें बड़बोलेपन से दूर रहकर अपनी बात दमदारी के साथ जनता के सामने रखने की आदत डालनी चाहिए। आप सभी में प्रतिभा और क्षमता है। हमारे एक कार्यकर्ता के सामने भाजपा के दस कार्यकर्ता भी नहीं टिक सकते। इसलिए अपनी क्षमता और प्रतिभा को पहचानें और जनता के बीच जाकर भाजपा के झूठ, फरेब का पर्दाफाश करें। अगर पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाकर भाजपा की असलियत लोगों को बताई होती तो प्रदेश में हमारी सरकार बननी तय थी। खैर जो हुआ सो हुआ, अब हम सभी को लोकसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसते हुए मैदान में उतर जाना चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि आप सभी ठान लें, तो छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने अपने रायगढ़ प्रवास का कारण बताते हुए कहा कि एक कारण है लोकसभा चुनाव की तैयारी और दूसरा हमारे नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा। हम सभी को मिलकर इस यात्रा को छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक बनाना है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सारंगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।इस दौरान सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगडे, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे सहित मोर्चा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

पहले रायगढ़ आएगी न्याय यात्रा
रायगढ़ और सारंगढ़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जानकारी दी के कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू की गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा ओड़िशा से रायगढ़ के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी। यात्रा पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ के सात जिलों का भ्रमण करेगी। बैज ने यात्रा का भव्य स्वागत करने की अपील कार्यकर्ताओं से की। उन्होंने कहा कि असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को वहां की भाजपा सरकार ने रोकने के लिए तरह तरह के हठकंडे अपनाए। राहुल जी के काफिले पर हमले किए गए। राहुल गांधी को कॉलेज स्टूडेंट्स से मिलने नहीं दिया गया। राहुल जी का कॉलेज में संबोधन प्रस्तावित था। असम सरकार ने भले ही राहुल गांधी को कॉलेज जाने से रोक दिया, मगर कॉलेज के विद्यार्थी स्वयं राहुल गांधी के पास पहुंच गए। इससे स्पष्ट हो गया है कि युवाओं में भाजपा के प्रति भारी आक्रोश है। दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार है और यहां भी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में असम जैसी बाधा पहुंचाई जा सकती है, इसलिए आप सभी को सचेत रहना है।