जगदलपुर से छिन गई एक विमान सेवा, कर क्या रहे हैं हमारे रहनुमा: सुशील मौर्य

0
6
  •  इंडिगो की फ्लाईट बंद होना जनप्रतिनिधियों की बड़ी नाकामी: सुशील मौर्य
  • कांग्रेस सरकार ने शुरू कराई थी यह फ्लाइट

जगदलपुर इंडिगो एयर लाइंस ने जगदलपुर- रायपुर फ्लाइट बंद कर दी है। इस मसले को लेकर बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बस्तर से एक बड़ी सुविधा छिन जाती है और हमारे रहनुमा आराम फरमा रहे हैं। वनमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक कर क्या रहे हैं, यह सोचने वाली बात है।

सुशील मौर्य ने कहा है कि इंडिगो ने जगदलपुर रायपुर विमान सेवा की टिकिट बुकिंग बंद कर दी है। इंडिगो ने 27 अक्टूबर से लागू विंटर शेड्यूल से इस विमान सेवा को हटा दिया है। जगदलपुर-रायपुर सेक्टर में विमान सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरूवार, शुक्रवार को संचालित की जाती थी, लेकिन अब स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर एवं मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर का हवाई संपर्क 28 अक्टूबर से टूट जाएगा।क्योंकि इंडिगो कंपनी ने इस विमान सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है। यह डबल इंजन वाली भाजपा सरकार की विफलता को उजागर कर रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों भाजपा के मंत्री केदार कश्यप विधायक किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित भाजपा के तमाम नेताओं की चुप्पी इस बात का प्रचंड सबूत है कि उन्होंने बस्तर की जनता को सिर्फ छलने का ही कार्य किया है। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने यात्रियों का खयाल रखते हुए जगदलपुर से रायपुर हेतु विमान सेवा की शुरुआत कराई थी। राज्य में बैठी डबल इंजन की सरकार की विफलता के चलते इस विमान सेवा को बंद कर दिया गया है। जिससे बस्तर जगदलपुर की जनता में काफी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा की सरकार ने हमेशा बस्तरवासियों को छला है। कांग्रेस की लाई हुई विमान सेवाओं जैसी अन्य योजनाओं को संजोये रखना छोड़ द्वेषपूर्ण राजनीति कर उनको बंद करने का कार्य कर रही है। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। आगामी समय में धनतेरस व दीपावली पर्व है और ऐसे त्यौहारी सीजन में इस विमान सेवा को बंद कर देने से यात्रियों, पर्यटकों, व्यापारी वर्ग और आम यात्रियों में काफी नाराजगी है। सुशील मौर्य ने कहा है कि इससे पहले अप्रैल के मध्य में एलाइंस एयर ने हैदराबाद- जगदलपुर- रायपुर सेक्टर में संचालित विमान सेवा को बंद कर दिया था और अब इंडिगो कंपनी द्वारा जगदलपुर से रायपुर के बीच संचालित विमान सेवा बंद कर दी है। अब तक इस मुद्दे पर मंत्री केदार कश्यप स्थानीय विधायक, बस्तर सांसद व भाजपा के किसी भी नेता का वक्तव्य सामने नही आया है। इन सभी की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि इन्हें बस्तर के विकास से कोई लेना देना नही है। कुल मिलाकर भाजपा की सरकार बस्तर के हित व जनहित विकास हेतु प्रतिबद्ध नही

नेशनल हाईवे को भी भूले

मौर्य ने कहा कि जगदलपुर के हवाई अड्डे का इतिहास ब्रिटिश काल के समय का है। जिसकी नींव वर्ष 1939 में द्वितीय विश्व युद्व के पूर्व ब्रिटिश काल में रखी गई थी। तब इसे जहाज भांठा के नाम से जाना जाता था। किंतु कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बस्तरवासियों की आस्था व अस्मिता अनुरूप जगदलपुर एयरपोर्ट का नामकरण बस्तर अंचल की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के नाम से किया गया है। विमान सेवा बंद होने से शहरवासियों को भारी दिक्कतें आ सकती हैं। जनता में भाजपा के निष्क्रिय मंत्री, सांसद, विधायक के प्रति आक्रोश है। वहीं बस्तर की लाइफ लाइन कही जाने वाली केशकाल घाटी की भी आज बद से बदतर स्थिति है। नगरनार स्टील प्लांट शुरू होने के बाद भारी वाहनों की आमदरफ्त बढ़ी है। पिछले कई महीनों से केशकाल घाटी की जर्जर सड़को से लोग परेशान हैं।इन सड़कों की मरम्मत कराने में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार नाकाम साबित हो चुकी है। अब तक स्थिति जस की तस है। यहां से गुजरने वाले नेशनल हाइवे 30 में जगह जगह गड्ढ़े हो गए हैं। लेकिन आम जनता को राहत देने नेशनल 30 के नवीनीकरण करने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली बीजेपी सरकार कुछ नहीं कर रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा के कारण हजारों यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।केशकाल में बाइपास रोड बनाने को लेकर भाजपा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाते हैं। यही कारण है कि बाइपास अब तक बनकर तैयार नहीं हुआ। जनता को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा लड़ती आई है और आगे भी जनहित के लिए लड़ती रहेगी।