लाल पानी प्रभावित किसानों के रोजगार, पानी-सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठी
बालोद। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने बालोद जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से जनसंपर्क किया और उनकी समस्याएं सुनी। ग्राम कोन्डें पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों से सकारात्मक चर्चा करते हुए उनकी विभिन्न समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान लाल पानी से प्रभावित किसानों के रोजगार के मुद्दे पर नए खुले पैलेट प्लांट के विषय में भी विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर उचित पहल की जाएगी।

इसके बाद महामाया क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं पर कुमुरकट्टा पंचायत परिसर में चर्चा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1959 से क्षेत्र में माइंस संचालित है, लेकिन आज तक वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। यहां पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर समस्या है। स्वास्थ्य केंद्र में शौचालय के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है और बीएसपी प्रबंधन द्वारा अब तक नल कनेक्शन भी प्रदान नहीं किया गया है।

ग्रामीण तुलसीराम बघेल ने बताया कि बीएसपी द्वारा पिछले 20-25 वर्षों से उनकी जमीन पर मिट्टी डाली जा रही है, जबकि रोजगार के नाम पर केवल आश्वासन दिया जाता है। ठेका कार्यों में कुछ समय के लिए काम देकर फिर बैठा दिया जाता है। ग्रामीणों ने दल्ली राजहरा मार्ग की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि इसके निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी की जा रही है।इस दौरान सांसद भोजराज नाग के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, जिला पंचायत सदस्य कांति सोनेश्वरी, जनपद सदस्य साधना सोरी, रत्ना हिरवानी, कुलेश्वर हिचमी सहित मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, राकेश द्विवेदी, छगन साहू, मोरध्वज साहू, मदन मायती उपस्थित रहे।

साथ ही सरपंच डोमेन्द्र कोर्राम, उपसरपंच बंगे राम, जेमुन बाई, पंच इंद्रा बाई, कुलदीप, जय सिंह मरकाम, घनश्याम दास, तुलसीराम बघेल, बाउनू राम और कुशल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।इसके पश्चात सांसद भोजराज नाग दल्ली राजहरा स्थित बीएसपी रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों, व्यापारी संघ, परिवहन संघ तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। वार्ड 21 के पार्षद भूपेंद्र श्रीवास ने रेलवे से जुड़ी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया।नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू ने दल्ली राजहरा के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बायपास रोड, केंद्रीय विद्यालय और 100 बिस्तर अस्पताल को अनुपूरक बजट में शामिल किए जाने की बात बताई।

साथ ही जल आवर्धन योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। उन्होंने दल्ली राजहरा के वार्डवासियों को पट्टा दिलाने के लिए सांसद से सहयोग का आग्रह किया, जिस पर सांसद भोजराज नाग ने आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही परिवहन संघ के प्रतिनिधियों को दिल्ली आकर केंद्रीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने के लिए भी आमंत्रित किया।




