- जिमीकांदा, खट्टा भाजी, झुडूंग दाल का लिया मजा
जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ दोपहर भोजन में बस्तर क्षेत्र के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
अमित शाह, विष्णु देव साय और विजय शर्मा ने झुडूंग दाल, कोसरा खीर सैगोड़ा की सब्जी, जिमीकांदा की सब्जी, मूंग दाल खट्टा भाजी, मल्टी मिलेट खिछरी, जवाफुल सुगंधित चावल खट्टा भाजी चटनी, रागी रोटी एवं मूंग दाल खट्टा भाजी जैसे सात्विक भोजन का सेवन किया। शाह को बस्तर के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद खूब पसंद आया। उन्होंने कहा कि मिलेट एवं स्थानीय स्तर पर मिलने वाले उत्पाद से बने भोजन स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक भी होते हैं। उन्होंने व्यंजनों की तारीफ करते हुए व्यापक स्तर पर इसे बढ़ावा देने की बात कही। उल्लेखनीय है कि कोसरा या कुटकी श्री अन्न का एक प्रकार है जो, दंतेवाड़ा में उगाया जाता है। इसमें फाइबर और आयरन जैसे खनिज प्रचूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो इसे पोषक और स्वास्थ्यवर्धक बनाता है। जिले के आदिवासी समुदाय इसे सदियों से जैविक तरीकों से उगाकर अपने भोजन में उपयोग करते आए है। झुडुंग दाल, जिसे लाल लोबिया भी कहा जाता है, दंतेवाड़ा में विशेष रूप से उगाई जाती है। प्रोटीन, आयरन और फाइबर से भरपूर यह दाल स्थानीय आहार में सम्मिलित है।इसकी जैविक खेती न केवल पोषण बल्कि कृषि जैव विविधता और आदिवासी संस्कृति को भी संजोए रखती है। इसी प्रकार सूरन, जिसे जिमीकंद भी कहा जाता है, दंतेवाड़ा में पारंपरिक रूप से उगाया जाने वाला कंद है। इससे बने सब्जी, चिप्स एवं अचार प्रसिद्ध हैं, और यह पाचन व रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए फायदेमंद माना जाता है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है और फाइबर, आयरन व एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। सूरन की सब्जी स्थानीय लोगों में एक प्रचलित व्यंजन है।