- जनप्रतिनिधि पहुंचे निरीक्षण करने स्कूल
- मध्यान्ह भोजन में पाई गई खामी, हुए नाराज
भोपालपटनम बीजापुर जिला भाजपा अध्यक्ष घासीराम नाग ने भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम तारलागुड़ा स्थित पोटाकेबिन एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण किया। उनके साथ जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं शौचालयों की दुर्दशा देखकर नाग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार नहीं परोसा जा रहा है। बच्चों को आलू और बड़ी परोसी जा रही थी, जबकि मीनू में प्रतिदिन अलग-अलग व्यंजन देने का उल्लेख है। नाग ने तत्काल मोबाइल के माध्यम से एबीओ श्रीनिवास एटला से बात कर स्थिति की जानकारी ली और उनसे पूछा कि नियमित निरीक्षण क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि बच्चों को जो भोजन दिया जा रहा है, वह मीनू के अनुसार नहीं है। स्कूल में लगा मीनू चार्ट भी फटा हुआ और अधूरा है। इससे स्पष्ट होता है कि निगरानी की भारी कमी है।
प्रबंधन समिति को चेतावनी
जिला भाजपा अध्यक्ष घासीराम नाग ने विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को भी मौके पर बुलाया और उन्हें स्पष्ट कहा कि गांव के बच्चों की शिक्षा और भलाई के लिए उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे विद्यालय की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही को तुरंत रोकें।
निरीक्षण में ये भी रहे मौजूद
इस मौके पर अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैया, जनपद अध्यक्ष सरिता कुड़ेम, जनपद सदस्य रीना भगत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष उगेंद्र वासम, पूर्व मंडल अध्यक्ष वेंकटेश्वर यालम, पूर्व सरपंच राजू कलमू, मंडल महामंत्री गिरिजा शंकर, अरुण भगत, गोविंद कुमरे, मंडल उपाध्यक्ष बीरा महेश ओबीसी जिला महामंत्री, नन्नू ओद्दी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संतोष टिंगे, तथा तारलागुड़ा के सरपंच काका भास्कर उपस्थित थे।जिला अध्यक्ष श्री नाग ने सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अपील की कि वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए मिलकर प्रयास करें और बच्चों को बेहतर भविष्य प्रदान करने हेतु समर्पित रहें।



