- एनएमडीसी के लाल पानी से प्रभावित हैं 45 गांव
- ग्रामीणों को न्याय दिलाने और समस्याओं को लेकर 19 को धरना प्रदर्शन, रैली
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले की गंगालूर तहसील के लगभग 45 गांव एनएमडीसी के लाल पानी से गंभीर रूप से प्रभावित हैं। जहरीले लाल पानी के कारण ग्रामीण गंभीर बीमारियों से ग्रसित होकर काल के मुंह में समा रहे हैं।ग्रामीणों के मवेशी भी लाल पानी की वजह से मारे जा रहे हैं, फसलें चौपट हो जाती हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों को दूषित लाल पानी से निजात दिलाने के साथ साथ जिले की प्रमुख समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी जिला मुख्यालय में 19 सितंबर को एक दिवसीय वृहद धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन करेगी। दूसरी ओर क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी लाल पानी से प्रभावित ग्रामीणों की विभिन्न मांगो को लेकर 18 सितंबर से दो दिवसीय पद यात्रा करेंगे।
विधायक विक्रम मंडावी की यह लाल पानी पदयात्रा हीरोली से बीजापुर तक कुल 30 किलोमीटर की होगी। पदयात्रा 19 सितंबर को बीजापुर पहुंचेगी और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।गंगालूर तहसील के ग्राम पंचायत गंगालूर, पुसनार, बुरजी, मेटापाल, पीड़िया, डौडीतुमनार, गोंगला, रेड्डी, कड़ेनार,गमपुर, तोड़का, हल्लुर वहीं भैरमगढ़ तहसील के मदपाल, बेचापाल और पिटेपाल के लगभग 45 गांव के ग्रामीण वर्षों से एनएमडीसी के लाल पानी का दंश झेलते आ रहे हैं। इस लाल पानी के कारण ग्रामीणों के जान माल के नुकसान के साथ साथ फ़सल भी बर्बाद हो जाती हैं। ग्रामीण आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। एनएमडीसी द्वारा आए दिन बैलाडीला पहाड़ी पर ब्लास्ट किया जाता है, जिससे पहाड़ी के निचे बसे गांवों के ग्रामीणों के जान माल के साथ घरों को भी नुकसान होता है। क्षेत्र के ग्रामीणों को हो रहे नुकसान के साथ नेशनल पार्क के विस्थापित ग्रामीणों की मांग, कोरंडम खदान को चालू करने का विरोध, बीजापुर की रेत को तेलंगाना में बेचने का विरोध सहित आदिवासियों की जमीनों को उद्योगपति, भूमाफियाओं द्वारा जबरन खरीदी करने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और रैली कर अपना विरोध दर्ज कराते हुए ग्रामीणों की विभिन्न मांगो का मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। दूसरी ओर लाल पानी से प्रभावित ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी 18 सितंबर से हीरोली से बीजापुर तक कुल 30 किलोमीटर लंबी दो दिवसीय पदयात्रा करेंगे। कांग्रेस की यह पदयात्रा 19 सितंबर को बीजापुर मुख्यालय पहुंचेगी। लाल पानी से प्रभावित ग्रामीणों की प्रमुख मांग एनएमडीसी और प्रशासन द्वारा लाल पानी से प्रभावित गांवों का सर्वें कराया जाए, लाल पानी से ग्रामीणों को हो रहे नुकसान का मुआवजा दिया जाए, हीरोली में सर्वसुविधा युक्त अस्पताल खोला जाए, प्रभावित गांवों के बच्चों के लिए स्कूल आश्रम खोले जाएं, प्रत्येक गांव में पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाए, प्रभावित ग्रामीणों को जमीन का राजस्व पट्टे प्रदान किए जाएं, लाल पानी प्रभावित गांवों के युवकों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाए, लाल पानी को साफ करने के लिए स्टाप डेम का निर्माण किया जाए और वर्तमान में एनएमडीसी के निपेक्ष क्रमांक 03, 04, 05, 13 एवं 14 को शुरू किया जा रहा है जिसे बंद करने जैसी मांगे शामिल है।



