बालोद। ग्राम टेकापार में मंगलवार शाम एक शिक्षक और उनके परिवार को पड़ोसी द्वारा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम लगभग 6.30 बजे की है, जब टेकापार निवासी व पूर्व माध्यमिक शाला नेवारीकला में पदस्थ शिक्षक अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी रोहन जोशी शिक्षक के घर पहुंचा और अश्लील व गंदी-गंदी गालियां देने लगा।शिक्षक द्वारा विरोध करने पर आरोपी घर से निकलकर अपने घर गया और वहां से कुल्हाड़ी लेकर वापस आया। उसने शिक्षक को धमकी देते हुए कहा— “आज तुझे जान से मार दूंगा”—और हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिक्षक के घर की खिड़की में लगे कांच को कुल्हाड़ी से तोड़फोड़ कर नुकसान पहुँचाया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6,000 रुपये बताई गई है।घटना की जानकारी शिक्षक ने तत्काल बालोद थाना को फोन कर दी। सूचना पर पुलिस जब मौके पर पहुँची, तभी आरोपी अपने घर के सामने से भाग गया। पूरी वारदात शिक्षक के घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की प्रत्यक्षदर्शी शिक्षक की पत्नी जया बर्मन हैं, जिन्होंने आरोपी की धमकी और तोड़फोड़ को स्वयं देखा और सुना है।पीड़ित ने मामले में पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



