City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

महामहिम राज्यपाल से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ऑर्गन समिति की शिष्टाचार भेंट

0

मरणोपरांत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ सहित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मिला सकारात्मक मार्गदर्शन

रायपुर, 19 जुलाई 2026।इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा, रायपुर द्वारा गठित ऑर्गन डोनेशन समिति की प्रथम बैठक राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए समिति सदस्यों ने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में जनजागरूकता को सुदृढ़ बनाने तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं ओडिशा की भाँति मरणोपरांत “गार्ड ऑफ ऑनर” प्रदान किए जाने हेतु छत्तीसगढ़ शासन को अनुशंसा प्रेषित की जाएगी। साथ ही विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त 2026) के अवसर पर अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स का राज्य स्तरीय सम्मान किए जाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक उपरांत इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में राज्य शाखा के पदाधिकारियों एवं ऑर्गन डोनेशन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़ एवं अध्यक्ष, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा से लोक भवन (राजभवन), रायपुर में शिष्टाचार भेंट की।इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम को एक विस्तृत मांग-पत्र सौंपा, जिसमें प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव सम्मिलित थे। मांग-पत्र में विशेष रूप से अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को मरणोपरांत “गार्ड ऑफ ऑनर” प्रदान किए जाने, विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त 2026) के अवसर पर अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स के राज्य स्तरीय सम्मान तथा जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

महामहिम राज्यपाल ने समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सकारात्मक सहमति एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही अन्य प्रस्तावों को शासन स्तर पर आवश्यक परीक्षण एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता को नई दिशा मिलेगी तथा अधिकाधिक नागरिक इस महादान के लिए प्रेरित होंगे।इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू, श्रीमती पुष्प सिंह नेताम, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन रोशनलाल वर्मा, राज्य समन्वयक श्रीमती मनीषा सिंह तथा समिति के सदस्य श्रीमती अंजुला गौतम मिश्रा, श्रीमती संध्या सिंह, तिलकराम साहू, नागेंद्र दुबे, शांतनु साहू, सुरेश निर्मलकर, आकाश गिरी गोस्वामी, चिन्ना बलिया एवं श्री आर्यन सिन्हा सहित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की राज्य प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

पाईकपाल में नाली निर्माण के नाम पर लाखों के वारे न्यारे

0

मंजूरी 5.40 लाख की, आहरित कर लिए 8.10 लाख रुपए

बुधराम नेताम-

बकावंड विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाईकपाल में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत स्वीकृत नाली निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। ग्रामीणों एवं शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिस नाली निर्माण कार्य के लिए कुल 5.40 लाख की स्वीकृति दी गई थी, उसी कार्य के नाम पर तीन किश्तों में 2.71 लाख रुपए, 2.69 लाख रुपए और 2.70 लाख रुपए समेत कुल 8.10 लाख की राशि निकाल ली गई। आरोप है कि यह निकासी स्वीकृत राशि से 2.70 लाख अधिक है, जबकि संबंधित नाली का निर्माण आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022-23 में ग्राम पंचायत पाईकपाल में 150 मीटर एवं 200 मीटर लंबाई की दो नालियों की स्वीकृति मिली थी। 150 मीटर की नाली का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन 200 मीटर की नाली अभी भी अधूरी है।

इसके बावजूद वर्तमान सरपंच सोमारी कश्यप एवं पंचायत सचिव लिंगोराम विश्वकर्मा पर आरोप है कि कथित रूप से फर्जी मूल्यांकन कराकर अधूरे कार्य को पूर्ण दर्शाया गया और लाखों रुपये का भुगतान प्राप्त कर लिया गया।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनके पास बैंक पासबुक की एंट्री सहित निकासी से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं, जिनके आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जा सकती है। उनका दावा है कि यदि बैंक रिकॉर्ड और पंचायत के वित्तीय दस्तावेजों का मिलान कराया जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।बताया गया है कि इस मामले की लिखित शिकायत करीब 9 माह पहले जिला कलेक्टर को भी दी गई थी, लेकिन अब तक न तो स्थल निरीक्षण हुआ और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा जांच पूरी की गई। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

लाजिमी हैं ये सवाल

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब स्वीकृति राशि 5.40 लाख थी, तो 8.10 लाख का भुगतान किस आधार पर हुआ? अधूरे निर्माण की माप पुस्तिका (मेजरमेंट बुक) किस अधिकारी ने तैयार की? तकनीकी स्वीकृति किस आधार पर दी गई? भुगतान से पहले भौतिक सत्यापन क्यों नहीं कराया गया? और शिकायत मिलने के बावजूद जनपद पंचायत स्तर पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी सरपंच, सचिव, संबंधित तकनीकी अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए शासकीय राशि की वसूली की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और जनता का विश्वास कायम रहे।

साय सरकार में रोजगार के नए अवसर, बस्तर के युवाओं को मिलेगा लाभ: मंत्री केदार कश्यप

0

वन मंत्री कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

5,800 युवाओं को मिलेगा रोजगार

जगदलपुर वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर फाइटर्स भर्ती नियमों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बस्तर के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, क्षेत्र की सुरक्षा और समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे बस्तर संभाग के लगभग 5,800 स्थानीय युवाओं के लिए सरकारी सेवा में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रभावी मार्गदर्शन में बस्तर आज विकास, विश्वास और अवसरों के नए युग की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति और निरंतर प्रयासों से बस्तर में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के अनेक द्वार खुले हैं।

युवाओं के सपनों को नई उड़ान

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितकारी और दूरदर्शी निर्णय ले रही है। बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय इसी संवेदनशील और विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्थानीय युवा अपनी भाषा, संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और सामाजिक परिवेश से भली-भांति परिचित हैं। उनकी सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, प्रशासन एवं आमजन के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह निर्णय केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित बस्तर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साय सरकार का यह निर्णय बस्तर के युवाओं के विश्वास को मजबूत करेगा और क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

भ्रष्टाचार युक्त भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाकर निष्पक्ष जांच किया जावे – उमाशंकर शुक्ला

0

जगदलपुर, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर 20-20 लाख रुपये लेकर की जा रही भर्ती प्रक्रिया काे लेकर छत्तीसगढ कांग्रेस कमेटी रायपुर के संयुक्त महासचिव उमाशंकर शुक्ला ने रविवार काे प्रेस विज्ञिप्ति जारी कर उन्हाेने कुलपति मनोज श्रीवास्तव पर गंभीर भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों से लाखाे के लेन-देन करने का आरोप लगाया. कहा कि छत्तीसगढ़ एवं बस्तर के प्रतिभावान व योग्य स्थानीय युवाओं काे दरकिनार करते हुए लाखाे रूपये का भ्रष्टाचार करने के बाद भी कुलपति अपने पद पर जमें हुए हैं।

उन्हाेने इस मामले पर भाजपा के पूर्व विधायक के द्वारा कुलपति मनोज श्रीवास्तव पर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों से 20-20 लाख रुपये लेकर उनका चयन करने के आराेप लगाते हुए राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखकर पूरी भर्ती प्रक्रिया की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराने और वर्तमान चयन सूची पर रोक लगाने की मांग करने के बावजूद सरकार ने कार्यवाही नही की. शुक्ला ने कुलपति मनोज श्रीवास्तव द्वारा उत्तरप्रदेश व अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने के लिए पूरी भर्ती प्रक्रिया में गोपनीयता बरतने का आराेप लगाया. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची में से आवेदकों के नाम गायब कर बिना नाम और बिना अंकों के सूची जारी होने से दावा-आपत्ति की पूरी प्रक्रिया का मजाक बना दिया. किसी भी आवेदक को यह जानने का हक ही नहीं मिल रहा है कि, उसे किस आधार पर पात्र या अपात्र किया गया है। इसके अलावा, योग्य उम्मीदवारों को बिना कारण बताए नॉट फाउंड सूटेबल घोषित कर खुलेआम हेर-फेर करने और दिव्यांग अभ्यर्थियों की उपेक्षा करने जैसी गंभीर अनियमितताएं भी की गई हैं। कुलपति श्रीवास्तव के कार्यकाल में हुई पिछली भर्तियों में भी इसी तरह दूसरे राज्यों के उम्मीदवाराें से लाखाे के लेन-देन के विवाद सामने आ चुके हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए उन्हाेने राज्यपाल व शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से युक्त पूरी भर्ती प्रक्रिया की तत्काल उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जावे, तथा विशेष रूप से भाजपा के पूर्व विधायक के द्वारा 20-20 लाख रुपये लेन-देन के आरोपों की जांच कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों पर सख्त कार्यवाही किया जावे ।

नीट परीक्षा के दबाव में बस्तर की एक और प्रतिभा हुई खामोश, यह त्रासदी बेहद पीड़ादायक: दीपक बैज

0

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

शोकाकुल परिवार को बैज ने बंधाया ढांढस

जगदलपुर नगर के आड़ावाल खासपारा में की 20 वर्षीय युवती सुरला हारिका राव नायडू द्वारा नीट परीक्षा में लगातार तीन बार असफल होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की दुखद घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुलाकात की। श्री बैज ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दिवंगत युवती सुरला हारिका राव नायडू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। दीपक बैज ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज व बस्तर के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता दबाव, असफलता का मानसिक बोझ और युवाओं के लिए पर्याप्त मनोवैज्ञानिक सहयोग की कमी अनेक विद्यार्थियों को अवसाद की ओर धकेल रही है। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बेहद आवश्यकता है। परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए,जहां असफलता को जीवन का अंत नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का एक अवसर माना जाए। युवाओं को समय पर उचित मार्गदर्शन, परामर्श और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, पूर्व निगम अध्यक्ष कविता साहू, रविशंकर तिवारी, महामंत्री विजय सिंह, प्रशांत जैन, अनुराग महतो,किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष प्रणय शील मंडल, मुकुंद राम नेताम, प्रभुदास, साहिल हियाल, राजू राव आदि मौजूद रहे।

जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार की सुरक्षा पर शासन के निर्णय से जैन समाज में हर्ष

0

स्वाधीन जैन ने मुख्यमंत्री और अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा का जताया आभार

दल्ली राजहरा चातुर्मास प्रारंभ होने से पूर्व जैन साधु-साध्वियों द्वारा विभिन्न जिलों एवं शहरों की ओर पैदल विहार प्रारंभ कर दिया गया है। विगत दिनों देश के विभिन्न राज्यों में पैदल विहार के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर जैन साधु, साध्वियों के विहार मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के इस संवेदनशील निर्णय पर सकल जैन समाज दल्लीराजहरा की ओर से स्वाधीन जैन ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा का हृदय से आभार व्यक्त किया है।स्वाधीन जैन ने कहा कि विहार के दौरान साधु-साध्वियों एवं सेवकों को व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आयोग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों से विहार मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं समुचित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है, ताकि जैन साधु-साध्वियों का पैदल विहार सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

स्वाधीन जैन ने कहा कि आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने सही कहा कि “धार्मिक स्वतंत्रता एवं अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” युवा समाजसेवी स्वाधीन जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में शासन द्वारा लिया गया यह निर्णय जैन समाज की इस महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। स्वाधीन जैन ने आगे कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा है कि जैन समाज की इस महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के दौरान जरूरी सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जैन समाज इस जनहितकारी निर्णय के लिए शासन एवं आयोग का सदैव ऋणी रहेगा।

दल्ली राजहरा में विकास पर नहीं, भ्रम फैलाने पर उतारू है कांग्रेस : सौरभ लुनिया

0

दल्ली राजहरा दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा नगर पालिका में संचालित विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक भेदभाव के आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और जनता को भ्रमित करने का प्रयास बताया है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नगर के विकास को राजनीति का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि प्रत्येक वार्ड का समान, संतुलित और पारदर्शी विकास सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्य शासन के निर्धारित नियमों, तकनीकी मानकों तथा स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर स्वीकृत किए जाते हैं। किसी भी योजना या निर्माण कार्य में राजनीतिक विचारधारा अथवा दलगत आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता और न ही उसका उपयोग राजनीतिक आधार पे किया जाता है , नगर पालिका द्वारा वार्डों की वास्तविक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं का आकलन कर सड़क, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अधोसंरचना विकास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं।

जिन वार्डों में वर्तमान चरण में कार्य स्वीकृत हुए हैं, उनके अतिरिक्त अन्य वार्डों के प्रस्ताव भी तैयार कर शासन को भेजे जा चुके हैं, ताकि आगामी चरणों में वहाँ भी विकास कार्य प्रारंभ किए जा सकें।सौरभ लुनिया ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में नगर पालिका का उद्देश्य किसी विशेष क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरे दल्ली राजहरा का समग्र विकास करना है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र नागरिक और प्रत्येक वार्ड तक पहुँचाने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। जनता के कर से प्राप्त प्रत्येक रुपये का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दल्ली राजहरा को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर खेल स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट,वर्षों से लटकी जलावर्धन योजना को भाजपा सरकार आते ही मंजूरी मिली, सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति दी गई है। 15वें वित्त आयोग तथा अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्य भी वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप कराए गए हैं। भाजपा ने कभी भी किसी वार्ड के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं किया, चाहे उस वार्ड का प्रतिनिधित्व किसी भी दल के जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाता हो।उन्होंने कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन नेताओं के पास जनता के बीच रखने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचता, वे विकास कार्यों पर भी अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास करते हैं। यदि किसी वार्ड में अतिरिक्त विकास कार्यों की आवश्यकता है तो उसका समाधान प्रशासनिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, न कि निराधार आरोप लगाकर।सौरभ लुनिया ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय नगर को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया।भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को कांग्रेस की वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया को के कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदेश सरकार में मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी वे दल्ली राजहरा के लिए कोई ऐसी बड़ी और स्थायी विकास परियोजना नहीं ला सकीं, जिसे आज नगर की जनता याद करे। उनके कार्यकाल में नगर की कई वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याएँ जस की तस बनी रहीं। इतना ही नहीं, पूर्व कांग्रेस शासित नगर पालिका परिषद पर भाजपा पार्षदों के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के कार्यों की उपेक्षा करने के आरोप भी लगते रहे। इसके विपरीत वर्तमान भाजपा नेतृत्व ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर केवल नगरहित को प्राथमिकता दी है।उन्होंने कहा कि भाजपा आज दल्ली राजहरा के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है ताकि नगर को आधुनिक, व्यवस्थित और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके।अंत में सौरभ लुनिया ने कांग्रेस से विकास कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को समझ चुकी है। निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने से वास्तविकता नहीं बदलेगी। भारतीय जनता पार्टी भविष्य में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से दल्ली राजहरा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

छोटे देवड़ा में धूमधाम से मनाया गया गोंचा पर्व

0

गांव में परंपराओं और संस्कृति को कायम रखने की शानदार पहल

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में आदिवासी एवं ग्रामीण संस्कृति तथा परंपराओं को कायम रखने और नई पीढ़ी को इनसे जोड़े रखने की दिशा में शानदार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में प्रति वर्ष भांति इस वर्ष भी छोटे देवड़ा में गोंचा पर्व पर बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि शुरू से ही अपनी प्राचीन परंपराओं, लोक संस्कृति और पूजा पद्धति को लेकर शुरू से ही बेहद जागरूक रहे हैं।

यहां परंपरागत सभी धार्मिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाए जाते हैं। गांव के देव स्थलों पर अक्सर धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं। बस्तर का पारंपरिक गोंचा पर्व तो यहां विशेष धूमधाम से मनाया जाता है। छोटे देवड़ा के कर्मठ युवा संतोष कुमार कश्यप के सरपंच चुने जाने के बाद गांव में शिक्षा, ग्रामीण विकास, योजनाओं के क्रियान्वयन, धार्मिक, सांस्कृतिक आयोजनों की लहर सी चल पड़ी है। इस वर्ष भी ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में गोंचा पर्व सभी परंपराओं, रीति रिवाजों का निर्वहन करते हुए बड़े धूमधाम से मनाया गया। ग्राम देवी के मंदिर में विशेष पूजा अनुष्ठान किया गया।

गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।सारा दैनिक कामकाज बंद रखकर समस्त ग्रामवासियों, सरपंच संतोष कुमार कश्यप, उप सरपंच, पंचों, ग्राम पटेल, कोटवार, आठपहरिया, माता पुजारी, माता सिरहा, सियान-सजनों, युवाओं माता-बहनों ने गोंचा के आयोजन में सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सबकी पहचान हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और पूजा पद्धति से ही है। हमें अपनी परंपराओं पर अडिग रहना होगा। खासकर युवा साथियों को इसके लिए जागरूक रहकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बस्तर की आदिम संस्कृति और परंपराएं पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं, इसलिए हमें इन्हें अक्षुण बनाए रखना होगा। सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने गोंचा पर्व को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में योगदान के लिए सभी ग्रामवासियों, बड़े बुजुर्गों, ग्रामवासियों, सिरहा, पुजारियों, पटेल, अठपहरिया, कोटवार, माता, बहनों का आभार व्यक्त किया।

सर्वजनहित समिति ने उठाए जनहित के मुद्दे, निगम आयुक्त ने दिया समाधान का आश्वासन

0

मिलेगी नाली निर्माण को प्राथमिकता, फिर जगमगाएंगी बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटें

राजनांदगाव नगर की सेवाभावी संस्था सर्वजनहित समिति के अध्यक्ष अशोक फड़नवीस ने राजनांदगांव शहर के अंबेडकर चौक (स्टेडियम चौक) से प्यारेलाल स्कूल चौक तक लगभग 30 वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित पत्थर की नाली की जर्जर एवं अव्यवस्थित स्थिति तथा नेशनल हाईवे द्वारा स्थापित अधिकांश हाईमास्ट लाइटों के लंबे समय से बंद रहने का मुद्दा नगर निगम आयुक्त श्री मरकाम के समक्ष प्रमुखता से उठाया। आयुक्त ने श्री फडणवीस द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि वर्षों पुरानी इस नाली में मलबा जमा होने, ढाल (स्लोप) व्यवस्थित नहीं रहने तथा ओवरब्रिज निर्माण के दौरान नाली के ऊपर भारी-भरकम सीमेंट के स्थायी ढक्कन लगाए जाने से इसकी नियमित सफाई संभव नहीं हो पाती। परिणाम स्वरूप बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है। तेज वर्षा होने पर सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल यह क्षेत्र कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार से लगा हुआ है, जिससे जलभराव के कारण प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा यातायात भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है। नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने माना कि वर्तमान नाली की संरचना के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है। उन्होंने नई नाली के निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान श्री फड़नवीस ने नेशनल हाईवे द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइटों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि अधिकांश हाईमास्ट लाइटें रात्रि में बंद रहने से प्रमुख मार्गों पर अंधेरा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र चालू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सर्वजनहित समिति के अनीस खान, सूरज शर्मा, दयावान देवांगन, नवीन जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि नगर निगम प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करते हुए शहरवासियों को जलभराव और अंधेरे की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई

0

अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार।

मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से एनडीपीएस प्रकरण के 02 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बालोद पुलिस को मिली सफलता।

पूर्व में 72.621 किलोग्राम गांजा, 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल सहित कुल ₹40.52 लाख की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत गिरोह के अंतिम आरोपी तक पहुंचकर कार्रवाई, सभी 07 आरोपी गिरफ्तार।*बालोद। पुलिस अधीक्षक *श्री किरण गंगाराम चव्हाण* (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में मिशन नवचेतना के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बालोद पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना डौण्डीलोहारा के एनडीपीएस प्रकरण में फरार चल रहे 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से गिरफ्तार किया गया है।पूर्व में 09 जून 2026 को साइबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों के कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹36,31,050), 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल फोन सहित कुल ₹40,52,050 मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया था तथा पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का नाम सामने आया था।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण द्वारा विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण एवं लगातार पतासाजी के आधार पर टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया।

टीम ने रायसेन एवं शुकी सेवरिया (भोपाल) में दबिश देकर फरार आरोपी एवं गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बालोद लाया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिन पर विवेचना जारी है।इस कार्रवाई के साथ ही इस प्रकरण में कुल 07 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि “मिशन नवचेतना” के तहत बालोद पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करना, युवाओं को नशे से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

मध्यप्रदेश से गिरफ्तार आरोपी:- 1. सतनाम गोड़, पिता धिरा गोड़, उम्र 31 वर्ष, निवासी राहुल नगर, वार्ड-14, जिला रायसेन (म.प्र.)।2. भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु, पिता माघता लाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी एकता नगर, शुकी सेवरिया, जिला भोपाल (म.प्र.)।👮 सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि अनित राम यादव, आरक्षक बेनीराम साहू, साइबर सेल से सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह साहू एवं गुलजारी साहू की सराहनीय भूमिका रही।🚔 बालोद पुलिस का संदेश”मिशन नवचेतना के तहत नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” ’’सुरक्षित युवा,समृद्ध बालोद’’बालोद पुलिस📞 आपातकालीन सेवा:- 112 |साइबर हेल्पलाइन:- 1930मिशन नवचेतना:- हेल्पलाइन नंबर – 1933

MOST POPULAR

HOT NEWS