जगदलपुर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई किया जा रही है। इसी कड़ी में जुआ खेल रहे 6 जुआरियों को पकड़ा गया और उन पर कार्रवाई की गई।
बोधघाट थाना पुलिस ने अडावाल में बरगद पेड़ एवं आरटीओ ऑफिस के पास छापा मारकर 6 जुआरियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे एवं फड़ से 19 हजार 250 रुपए नगदी और ताश के 52 पत्ते की दो गड्डियां जप्त की गईं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित सिंह नाग, लोकेश्वर नाग, एएसआई सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक पवन श्रीवास्तव, आरक्षक होरीलाल आर्मो, कामदेव दर्रो, युवराज, थानेंद्र सिन्हा, विजय तिर्की, अजित सरकारशामिल थे।
जगदलपुर, 12 सितंबर । बस्तर आर्ट गैलरी में बस्तर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शांति पांडे के द्वारा बनाए गए चित्रकला की प्रदर्शनी का आयोजन 13बसितंबर से 17 सितंबर तक किया गया था। इसकी प्रस्तुति अंजलि बेहार सीरीज आफ एग्जीक्यूटिव एग्जीबिशन कला अर्चना स्टूडियो के द्वारा प्रस्तुत किया
गया। चित्रकला प्रदर्शनी के अंतिम दिन महापाैर संजय पांडे बस्तर आर्ट गैलरी पंहुचे जहां उन्हाेने डॉ. शांति पांडे के द्वारा बनाए गए चित्रकला
की प्रदर्शनी की प्रसंशा करते हुए कहा कि यह हमारे शहर के लिए गाैरव की बात है कि एक स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक हाेने के साथ चित्रकला की इतनी बेहतरीन कलाकार हमारे बीच में है। इस दाैरान डॉ. शांति पांडे के द्वारा महापाैर संजय पांडे काे बस्तर आर्ट बनाई गई एक काेटी एवं नेताजी की टाेपी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
डॉ शांति पांडे ने बताया कि बस्तर आर्ट गैलरी में पहली बार चित्रकला की प्रदर्शनी, लगाया गया था, शहर के कला प्रेमियाें के लिए एक छोटा सा प्रयास था। इस दाैरान बड़ी संख्या में शहर के लाेग राेजाना चित्रकला की प्रदर्शनी देखने पंहुचे और इसकी प्रसंशा की, इसके साथ ही बाहर से आये पर्यटक भी चित्रकला की प्रदर्शनी काे देखकर मुंबई में इसकी प्रदर्शनी लगाने की सलाह तक दी। वहीं अपने विचार लाेगाें ने अंकित कर मार्गर्दशन
दिया। शहर के वरिष्ठ कलाकाराें ने भी चित्रकला की प्रदर्शनी के लिए अपना आशिर्वाद दिया। डॉ शांति पांडे ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयाेग के लिए सबका धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया है।
नहीं दिया अगस्त का चावल, अब की जा रही है बहानेबाजी
बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मोखागांव की शासकीय राशन दुकान में बड़ी अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगस्त माह का चावल उन्हें बिल्कुल भी नहीं दिया गया। जबकि शासन से स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक माह पात्र हितग्राही को निर्धारित समय पर पूर्ण मात्रा में राशन उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों ने बताया कि दुकान संचालक द्वारा बार-बार बहाने बनाए जा रहे हैं। कभी स्टॉक न आने की बात कही जाती है तो कभी मशीन खराब होने का हवाला दिया जाता है। लोगों को संदेह है कि शासन से आया अनाज खुले बाजार में ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा है। गांव के कई परिवारों को पिछले 2–3 महीनों से पूरा राशन नहीं मिल रहा है। नाम काटने, वजन कम करने और वितरण में गड़बड़ी की भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि गरीब और मजदूर वर्ग के परिवारों को निजी दुकानों से चावल और गेंहू खरीदना पड़ रहा है, जिससे उनका आर्थिक बोझ और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन दुकान की इन गड़बड़ियों की जानकारी बार-बार पंचायत स्तर और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि तत्काल दुकान का निरीक्षण कर जिम्मेदार संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए और अगस्त माह का बकाया चावल हितग्राहियों को तुरंत उपलब्ध कराया जाए।
राहुल गांधी खुद को स्थापित करने के लिए लगातार झूठ बोल रहे हैं – कश्यप
रायपुर प्रदेश के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी भ्रामक प्रचार करने वाली एक एजेंसी के प्रमुख हो गए है। वे हमेशा बेतर्क की बातें कहते हैं। जिसका वर्तमान, भविष्य और अतीत से कोई नाता नहीं है। उनके सलाहकार राहुल गांधी को सही सलाह भी नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के चुनाव आयोग ने राहुल गांधी झूठे दावों को खारिज कर दिया। एक बार फिर, राहुल गांधी के सारे झूठे दावे मिनटों में ध्वस्त हो गए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उनके भेजे गए प्रभारी सचिन पायलट भी उसी तरह की बातें कर रहे हैं। वे एक ऐसे पायलट है जो कांग्रेस की विमान को सही ढंग से उड़ा नहीं पा रहे हैं। हमेशा प्रदेश में कांग्रेस में चमचा बनाओं स्पर्धा चलता रहता है जिसे लेकर लगातार है कि वे बहुत विवश है।
मंत्री कश्यप ने कहा कि कथित तौर पर वोट चोरी की बात कर कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने में लगी हुई है। पूरे देश में उनका भ्रम फैलाओं मोर्चा यही बात कह रहा है जिसका जुड़ाव जनता से कहीं नहीं है। जिस लोगों पर खुद के विधायकों की चोरी कर अपनी ही सरकारों को स्थिर करने का आरोप लग चुका है आज वे किस वोट चोरी की बात करते हैं। जनता उन्हें जानती है कि विधायकों की चोरी छत्तीसगढ़ और राजस्थान में किसने किया था। इसके साथ ही कांग्रेस के रैलियों में जिस तरह से धनबल का उपयोग कर सफल होने का दावा किया जा रहा है वह पूरी तरह से असफल है। आंतरिक गुटबाजी और विवाद के बीच कांग्रेस में संवाद की स्थिति नहीं है जिसे लेकर उनके ही कार्यकर्ताओं में भ्रम है जो सब भ्रम फैलाओं मोर्चा के सदस्य है।
आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नंदन जैन एवं छ.ग. आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधी पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम मौजूद रहे।
जगदलपुर विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व की तैयारियों के तहत नगर निगम महापौर संजय पाण्डे काछनगुड़ी स्थल पहुंचे और वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने दशहरा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने कहा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने उपस्थित कर्मचारियों से कहा कि विश्व प्रसिद्ध दशहरा जैसे पर्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और आमजन की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। महापौर ने निर्देशित किया कि जहां भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। काछनगुड़ी स्थल बस्तर दशहरा पर्व का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां पर परंपरागत रूप से देवी मां की पूजा-अर्चना और विभिन्न अनुष्ठान संपन्न होते हैं। यह स्थल दशहरा पर्व की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक माना जाता है, जहां हर वर्ष श्रद्धालु दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं। महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि बस्तर दशहरा की गरिमा और परंपरा पूरे विश्व में अद्वितीय है। यह न केवल बस्तर की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि हमारी पहचान भी है। ऐसे में नगर निगम का दायित्व है कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण हों। हमारी प्राथमिकता है कि दशहरा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।इस अवसर पर स्वच्छता विभाग के सभापति लक्ष्मण झा, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और दशहरा पर्व को गरिमा व शालीनता के साथ संपन्न कराने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं।
कोरे पेपर पर हस्ताक्षर करा कर निकाल लिए 28 हजार रुपए
बकावंड विवादों के घेरे में आई लेंपस सोसायटी कचनार की मैनेजर एकबार फिर गंभीर आरोपों से घिर गई है। आरोप है कि मैनेजर ने एक किसान को धोखे में रखकर उससे कोरे पेपर पर दस्तखत करवा लिए और उसके खाते से 28 हजार रुपए निकाल लिए हैं। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत बस्तर पुलिस थाने में की है।
बकावंड विकासखंड के ग्राम कचनार छोटेपारा निवासी पीड़ित किसान कर बुधराम बहाल पिता पांचकौडिया जाति भतरा ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि वह कचनार का कृषक है। उसने 29 जनवरी 2025 को लेम्पस सोसायटी कचनार से केसीसी लोन के लिए आवेदन किया था। सोसायटी प्रबंधक श्रीमती लालिता राव ने उससे कोरी विड्राल पर्ची पर दस्तखत करा कर कहा कि दादा आपका पैसा दूसरे के खाते में चला गया है, उससे वह पैसा को वापस लाने के लिए दस्तखत कराई हूं। किसान एक सप्ताह तक खाते में रकम आने की राह देखता रहा। फिर 29 जुलाई को 28 हजार रुपए उसके खाते से निकाल लिए गए। दूसरे दिन प्रबंधक मैडम को लेम्पस में जाकर पूछा कि मैडम मेरे से बिना पूछे 28 हजार कैसे निकाले तो वे चुप हो गईं। फिर थोड़ी देर बाद उन्होंने आपरेटर के पास भेजा। मगर ऑपरेटर ने भी कोई जानकारी नहीं दी। किसान को कभी बकावंड जाकर पता करने तो कभी कुछ और बात कहकर किसान को टारकाया जाने लगा। इस रकम को लेकर किसान के घर में झगड़ा होने लगा है। उसके पास खेती बाड़ी के लिए पैसा नहीं है। किसान ने थानेदार से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
यहां पति हैं सर्वेसर्वा
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कचनार में प्रबंधक ललिता राव, विक्रेता दिनेश पाण्डे, कम्प्यूटर ऑपरेटर हेमंत पाण्डे और चौकीदार दामोदर बघेल पदस्थ हैं। प्रबंधक ललिता राव के पति बी. एन. राव द्वारा सोसायटी के कार्यों में दखलंदाजी करने से लेंपस के अंतर्गत आने वाले किसान परेशान व त्रस्त हैं। प्रबंधक के पति का खाद वितरण, वाउचर तैयार करने, के.सी.सी. प्रकरण तैयार करनाे तथा धान खरीदी में भी पूरा हस्तक्षेप रहता है। प्रबंधक के आक्रामक रवैए व दुर्व्यवहार से भी किसान परेशान रहते हैं। महिला होने का फायदा उठाते हुए वे किसानों से कहती हैं कि, ज्यादा कुछ बोलोगे तो परेशान करने के नाम पर रिपोर्ट दर्ज करा दूंगी। इस भय से किसान व पदस्थ कर्मचारी भी मौन रहकर उनकी लापरवाही को झेल रहे हैं। प्रबंधक द्वारा अपने पति को विभागीय कार्यों में संलिप्त रखना, मनमानी व लापरवाही और पद के दुरूपयोग को दर्शाता है। प्रबंधक के पति की लेंपस कचनार में कार्य करते फोटो भी शिकायत के साथ सबूत के तौर पर प्रस्तुत की गई है। लेंपस सोसायटी कचनार के प्रबंधक व उसके पति के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कर प्रबंधक को हटाने की मांग की गई है।
जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत गुमड़ा यूथ हब जागरूकता कार्यक्रम एवं बैठक का आयोजन किया गया।
गांव के पारा मोहल्ला टोला में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों स्कूलों और अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधार गांव में स्वच्छता बनाए रखने, जनहित के कार्यों में सामूहिक भागीदारी, स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक कदम बढ़ाने, इस मुहिम को मजबूत बनाने के लिए बैठक आयोजन किया गया था। और कुछ अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए विचार विमर्श किया गया।
जैसे यूथ हब एवं नव गुरुकुल जावंगा से स्वरोजगार, ग्राम पंचायत गुमड़ा को आदर्श ग्राम बनाने, आदि कर्मयोगी अभियान पर शपथ लेकर आगे की कार्ययोजना बनाई गई, हिंग इंपेक्ट मेगा वॉटर शेड प्रोजेक्ट के अंतर्गत सामाजिक एवं मौसमी मानचित्र की तैयारी की गई। बैठक में सरपंच नंदू सोड़ी, सचिव गोपाल सिंह राठोर, रोजगार सहायक रमेश कुमार यादव, उप सरपंच योगत्री अशोक नेताम और समायिता मठ से टीएल नुरुल हसन जो आदि कर्मयोगी अभियान के ट्रेनर भी हैं, वॉटर शेड एक्सपर्ट सोमड़ा कोवासी, सीमा नाग कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर एवं यूथ हब जावंगा से खेमलता ठाकुर, मंजू ठाकुर सहित अन्य लोगों ने भी अपनी बात रखी।
जगदलपुर दो कर्मयोगियों का मिलन, आत्मीय स्वागत और जनसेवा का प्रतिमान स्थापित करने का संकल्प। यह दृश्य है जगदलपुर सर्किट हाउस का, जहां ठहरीं पंडरिया क्षेत्र की भाजपा विधायक भावना बोहरा और जगदलपुर महापौर के बीच आत्मीय मुलाकात हुई।
विधायक भावना बोहरा एक समाचार पत्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने जगदलपुर आई हैं। वे इस समारोह की अध्यक्षता करेंगी, जबकि महापौर संजय पाण्डेय बतौर अतिथि शामिल होंगे। मेयर संजय पाण्डेय विधायक श्रीमती बोहरा से मिलने सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने विधायक भावना बोहरा को महकते ताजे फूलों का सुंदर गुलदस्ता भेंटकर माई दंतेश्वरी की नगरी जगदलपुर में उनका आत्मीय अभिनंदन किया। भावना बोहरा ने भी संजय पाण्डेय को बुके भेंट किया। उल्लेखनीय है कि महापौर संजय पाण्डेय और विधायक भावना बोहरा की तासीर, कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण भावना एक जैसी हैं। भावना बोहरा जहां पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में एक समर्पित कर्मयोगिनी की तरह काम कर रही हैं, उसी तरह जगदलपुर में महापौर संजय पाण्डेय एक जागरूक कर्मयोगी की भूमिका निभा रहे हैं। उत्कृष्ट विधायक भावना बोहरा और सजग समर्पित महापौर संजय पाण्डेय पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा कर रहे हैं। जब दो सेवाभावी जनप्रतिनिधि मिले, तो अनुभवों का आदान प्रदान भी हुआ।
बस्तर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक अनोखी पहल ने शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दिखाई है। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका गिरिजा साहू ने बस्तर ब्लाक ग्राम पंचायत राजपुर के प्राथमिक शाला मावलीगुड़ा में स्मार्ट टीवी भेंट किया है, जिससे अब बच्चों की पढ़ाई और भी रोचक और प्रभावशाली होगी।स्मार्ट टीवी मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने लायक थी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रेरणादायक शॉर्ट फ़िल्म “चलो जीते हैं” देखी, जिसने उनके उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाया।
इस स्मार्ट टीवी की मदद से अब बच्चों को विभिन्न विषयों को समझने में मदद मिलेगी। वीडियो, चित्र और एनिमेशन के माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जा सकेगा, जिससे विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ेगी और नवोदय और एकलव्य जैसी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी।
शिक्षिका गिरिजा साहू ने कहा कि वह स्वयं एक सरकारी विद्यालय की छात्रा रही हैं और उन्हें बच्चों की कठिनाइयों का पूर्ण अनुभव है। उन्होंने कहा कि “सुविधाओं की कमी से प्रतिभा रुक जाती है। मैं चाहती हूँ कि हमारे गांव के बच्चे भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का आत्मबल रखें।”
सभी ने इस पहल की सराहना की और शिक्षिका के योगदान को सराहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शोभी राम बघेल और समस्त बच्चों ने शिक्षिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह स्मार्ट टीवी केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।”इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि रघुनाथ कश्यप,बोगीराम कश्यप, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष जगत सिंह कश्यप,बुधमन कश्यप,संकुलन प्राचार्य चरण बघेल, संकुल समन्वयक गजेन्द्र सिंह ठाकुर एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
युवा कांग्रेस ने उजागर की खामियां, अस्पताल अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर बस्तर जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा है कि जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल जगदलपुर आजकल नाम बड़े और दर्शन छोटे की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। इस अस्पताल की कमियों और अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने अधीक्षक डॉ संजय प्रसाद को ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस जिला बस्तर इकाई ने महारानी हॉस्पिटल,जगदलपुर में लंबे समय से चली आ रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर अधीक्षक डॉ संजय प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को न तो उचित उपचार मिल पा रहा है और न ही प्रबंधन द्वारा बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल में आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय उपकरणों की भारी कमी है। मरीजों से अनावश्यक शुल्क की वसूली की शिकायत आम हो गई है।
पूरे अस्पताल परिसर में साफ- सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का अभाव है। यहां के डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की उदासीनता के चलते मरीजों को समय पर उपचार न मिलता। आपातकालीन सेवाओं में गंभीर लापरवाही बरती जाती है। आयुष्मान भारत एप (आभा एप) का क्रियान्वयन सही ढंग से न होने के कारण मरीजों को असुविधा हो रही है। साथ ही पूर्व में जो सुविधाएं बिना आभा एप के उपलब्ध होती थीं उन्हें तत्काल पुनः प्रारंभ कराने की जरूरत है। इन समस्याओं को रेखांकित करते हुए युवा कांग्रेस ने कहा कि गरीब एवं आम मरीजों को इस स्थिति का गंभीर खामियाज़ा भुगतना पड़ रहा है। यह न केवल अस्पताल की साख को धूमिल कर रहा है बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।युवा कांग्रेस ने इन अनियमितताओं पर तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और
मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। हेमंत कश्यप ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो युवा कांग्रेस जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगी। इस दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, कमल, रूपचंद, शैलेष, एकादशी बघेल, रामचंद्र, मितान आदि उपस्थित थे।