City Media - Page 746 of 1866 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 746

आश्रम – छात्रावासों में सीटों की संख्या में वृद्धि जरूरी : पाणिग्रही

0
  • बस्तर जिले के सभी आश्रमों और छात्रावासों में प्रवेश सीमित रहने से परेशान हो रहे हैं विद्यार्थी

बकावंड शासन के आदिम जाति कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा जिले में संचालित आश्रमों और छात्रावासों में सालों से सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है। सीटों की संख्या सीमित रहने के कारण दूर दराज के गांवों के सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने से हर साल वंचित हो जाते हैं। क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पाणिग्रही ने इस ज्वलंत मुद्दे की ओर शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने विद्यार्थियों की निरंतर बढ़ती संख्या के मद्देनजर सभी आश्रमों एवं छात्रावासों में सीटों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग उठाई है। जितेंद्र पाणिग्रही ने कहा है कि बस्तर जिले में पूर्व माध्यमिक शालाओं तथा हायर सेकंडरी एवं हाई स्कूलों की संख्या में ईजाफा हुआ है। इन शालाओं में हर साल दर्ज संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। वहीं जिले में आश्रमों, कन्या शिक्षा परिसरों और छात्रावासों का संचालन पुराने ढर्रे पर हो रहा है। आदिम जाति कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग के आश्रमों, कन्या शिक्षा परिसरों और छात्रावासों में सीटों की संख्या बीते 20 -22 वर्षों से नहीं बढ़ाई गई है। जितेंद्र पाणिग्रही ने कहा है कि दो ढाई दशक पहले स्कूलों की दर्ज संख्या जितनी थी, उसी अनुपात में इन आश्रमों, शिक्षा परिसरों और छात्रावासों में सीटों की संख्या तय की गई थी। जबकि हर साल मिडिल स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल की पढ़ाई पूरी कर सैकड़ों विद्यार्थी आगे की पढ़ाई के लिए दूर दराज के गांवों से ब्लॉक मुख्यालयों एवं जिला मुख्यालय में पहुंचते हैं। इनमें से 90 फीसदी बच्चों को सीटों की अनुपलब्धता के कारण आश्रमों, कन्या शिक्षा परिसरों और छात्रावासों में प्रवेश नहीं मिल पाता। ऐसे में ये बच्चे शिक्षा से जुड़ी राज्य सरकार व केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाते हैं। पाणिग्रही ने कहा है कि इन आश्रमों, कन्या शिक्षा परिसरों और छात्रावासों का उन्नयन भी अब तक नहीं किया गया है। न उनके लिए ढंग से भवन बनाए गए हैं और न ही वहां आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। विद्यार्थियों को बदइंतजामी के बीच रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। भाजपा नेता जितेंद्र पाणिग्रही ने जिले के सभी आश्रमों, कन्या शिक्षा परिसरों और प्री मैट्रिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों तत्काल सीटों की संख्या बढ़ाने और उनका उन्नयन कराने की मांग की है।

बकावंड कॉलेज में शुरू हों पीजी कोर्सेस

पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पाणिग्रही ने शासकीय महाविद्यालय बकावंड का अब तक उन्नयन न किए जाने पर भी चिंता जताते हुए अंचल के विद्यार्थियों के लिए इसे दुखद बताया है। उन्होंने कहा है कि यह अंचल का एकमात्र महाविद्यालय है, जहां पचास किमी दूर से आकर विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। इस कॉलेज में स्नातक स्तर की ही पढ़ाई हो पा रही है। स्नात्तकोत्तर की पढ़ाई के लिए अंचल के विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय जगदलपुर जाना पड़ता है। वहां रिहायश की समस्या है। जगदलपुर स्थित छात्रावासों में सीटों की संख्या सीमित रहने के कारण वहां ज्यादातर विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पाता। अंचल के ज्यादातर बच्चे गरीब, किसान और आदिवासी परिवारों से हैं। उनके लिए जगदलपुर में किराए का मकान लेकर रहना तथा भोजन पानी का इंतजाम कर पाना बहुत ही मुश्किल काम होता है। नतीजतन अधिकांश विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन के बाद पढ़ाई छोड़ देनी पड़ती है। खासकर छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित हो जाती हैं। श्री पाणिग्रही ने कहा है कि क्षेत्रीय विधायक ने बकावंड कॉलेज में पीजी कोर्सेस शुरू कराने, पर्याप्त टीचिंग स्टॉफ की व्यवस्था कराने, सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, लेकिन कांग्रेस की परंपरा के अनुरूप उनकी ये सभी घोषणाएं हवा हवाई ही साबित हुई हैं। इसी वजह से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्त्ताओं और छात्र छात्राओं को हाल ही में चक्काजाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। जितेंद्र पाणिग्रही ने विधायक को उनके वादे याद दिलाते हुए वादे पूरे करने, बकावंड कॉलेज में इसी सत्र से सभी विषयों के पीजी कोर्सेस शुरू कराने, पर्याप्त प्रोफेसरर्स व स्टॉफ नियुक्त करने, सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने, बकावंड में गर्ल्स हॉस्टल एवं महाविद्यालयीन छात्रों के लिए सर्व सुविधा युक्त छात्रावास खोलने की भी मांग की है।

भाजपा के हथकंडों से हम कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं : मलकित

0

कांग्रेस के सत्याग्रह में शामिल हुए वरिष्ठ नेता मलकित सिंह गैदू

जगदलपुर रायपुर में 12 जुलाई को आयोजित कांग्रेस के सत्याग्रह में इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के सदस्य और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मलकित सिंह गैदू भी शामिल हुए।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश का अनुपालन करते हुए मलकित सिंह गैदू सत्याग्रह में भाग लेने के लिए अपने दर्जनों समर्थकों एवं कांग्रेस नेताओं के साथ रायपुर गए थे। उनके साथ कांग्रेस नेता सुशील मौर्य, शंकर राव समेत अनेक लोगों ने सत्याग्रह में शिरकत की। उल्लेखनीय है कि मलकित सिंह गैदू पार्टी के हर कार्यक्रम तथा धरना प्रदर्शन में मुस्तैदी के साथ भाग लेते हैं। इसी कड़ी में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के समर्थन में आयोजित सत्याग्रह में भी उन्होंने बढ़ चढ़कर भागीदारी दी। मलकित सिंह गैदू ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सत्य के लिए लड़ाई लड़ती आ रही है। हमारे नेता राहुल गांधी भी सदा सत्य के लिए तथा मोदी सरकार के जन विरोधी फैसलों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाते आए हैं। भाजपा और आरएसएस द्वारा देश में पैदा किए गए नफरत भरे माहौल के खिलाफ राहुल गांधी ने भारत जोड़ो पदयात्रा निकाली थी। राहुल गांधी की पदयात्रा ने भाजपा की जड़ें हिला डाली। इससे विचलित होकर भाजपा ने उनके खिलाफ साजिशें रचना शुरू कर दी। उनके खिलाफ जगह जगह झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। साजिश के तहत राहुल गांधी को अदालती लड़ाई में उलझा दिया गया है। श्री गैदू ने कहा कि भाजपा चाहे कितने भी हथकंडे अपना ले, मगर न राहुल गांधी सत्य की लड़ाई से पीछे हटेंगे और न ही कांग्रेस भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे हटेगी। मलकित सिंह ने कहा कि गांधी नेहरू परिवार ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत हम सभी कांग्रेसजनों के लिए प्रेरणा है और हम सभी इंदिरा जी और राजीव जी की राह पर चलते हुए भाजपा को बेनकाब करने का काम बिना डरे, बिना रुके और बिना थके अनवरत करते रहेंगे।

फिर बैठा सर्वर, पूरे ब्लॉक में राशन वितरण हुआ ठप

0
  • शास. उचित मूल्य दुकानों में लागू ई पास प्रणाली पड़ रही है भारी

बकावंड जनपद पंचायत क्षेत्र बकावंड के गांवों में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में फिर से सर्वर डाउन हो जाने के कारण राशन वितरण प्रभावित हो गया। यहां पांच दिन में दूसरी बार ऐसा हुआ है। राशन वितरण में पारदर्शिता रखने के लिए शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को ई पास सिस्टम से जोड़ा गया है।

इसके जरिए जिला मुख्यालय में बैठे अधिकारी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए रखते हैं। यह प्रणाली इंटरनेट से चलती है। बस्तर जिले के गांवों में अक्सर सर्वर डाउन रहता है, नतीजतन ई पास मशीन काम नहीं करती और राशन वितरण ठप पड़ जाता है। ऐन राशन वितरण शुरू होने के समय ही सर्वर डाउन की समस्या पैदा होती है। शनिवार 8 जुलाई को सर्वर बैठ गया था और राशन दुकानों में पहुंचे उपभोक्ता हलाकान होते रहे। उपभोक्ताओं का गुस्सा राशन दुकान संचालकों पर फूट पड़ रहा था। बकावंड विकासखंड की प्रायः सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में सुबह से दोपहर बाद तक यही हालात बने रहे। पांच दिन बाद 12 जुलाई को फिर से ऐसी ही समस्या पैदा हो गई। ई पास मशीनों ने काम करना बंद कर दिया और राशन वितरण अटक गया। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दूर संचार निगम, जिला प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भोगना पड़ रहा है।

तीन माह से पार्षदों का मानदेय और कर्मचारियों वेतन अटका

0
  • पार्षद देवांगन ने दी कार्यालय के मेनगेट पर प्रदर्शन की चेतावनी

दल्लीराजहरा मुख्य नगर पालिका अधिकारी व पालिका अध्यक्ष द्वारा पिछले तीन माह से पार्षदों का मानदेय व नगर पालिका के कर्मचारियों का वेतन भुगतान रोक दिया गया है। इसे लेकर लगातार कर्मचारियों व पार्षदों में रोष पनप रहा है। वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद यंगेश देवांगन ने सीएमओ पम्पलेट जारी कर चेतावनी दी है कि शीघ्र सभी का भुगतान किया जाए, अन्यथा नगर पालिका के मेनगेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यंगेश देवांगन ने कहा है। कि कई बार अध्यक्ष व सीएमओ से इस विषय पर बात की जा चुकी है। हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। ठेकेदारों को पेमेंट करने इनके पास भरपूर फंड रहता है। पर कर्मचारियों व पार्षदों के पेमेंट के लिए फंड की कमी आड़े आ जाती है। यंगेश देवांगन ने कहा है कि कई पार्षद केवल मानदेय के भरोसे हैं। उन्हें कहीं से कोई अतिरिक्त आय नहीं होती है। पार्षदों और कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही है। वेतन रुकने से कर्मचारियों द्वारा काम पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्डो में कई कार्य रुक गए हैं। यदि शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो सभी पार्षद मिलकर नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर अध्यक्ष व सीएमओ के खिलाफ धरना प्रदशर्न करने बाध्य होंगे।

कांग्रेस के मौन सत्याग्रह में शामिल हुए विधायक रेखचंद जैन

0
  • सहयोगियों के साथ रायपुर के गांधी मैदान पर दिया धरना

जगदलपुर बुधवार को राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन कांग्रेस के मौन सत्याग्रह में शामिल हुए। राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर आयोजित मौन सत्याग्रह के दौरान मुंह पर काली पट्टी लगाकर उन्होंने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के विरुद्ध किए जा रहे केंद्र सरकार की साजिशों के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान जैन के साथ एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव, पार्षद सूर्या पानी, वरिष्ठ नेता गौरनाथ नाग, हेमू उपाध्याय, संतोष सिंह व अन्य मौजूद थे।

गागड़ा कंस्ट्रक्शन ने रिकॉर्ड रूम बनाने में भ्रष्टाचार का बनाया रिकॉर्ड

0
  • ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के माध्यम से कराए गए कार्य में की गई हैं जमकर अनियमितता
  • लोकार्पण से पहले ही दरक रही हैं नवनिर्मित भवन की दीवारें

बकावंड तहसील कार्यालय के रिकॉर्ड रूम के नवनिर्माण एवं उन्नयन कार्य में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बना दिया गया है। भवन की दीवारें दरक गईं हैं, फ्लोरिंग उखड़ रही है और खिड़की, दरवाजे भी जवाब देने लगे हैं। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (आरईएस) ने यह कार्य ठेका एजेंसी गागड़ा कंस्ट्रक्शन कंपनी के जरिए करवाया है। इस फर्म ने तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करवाया नहीं फिर भी आरईएस की ओर से उसे पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने तहसील कार्यालय बकावंड के रिकॉर्ड रूम उन्नयन एवं निर्माण के लिए 8 लाख 57 हजार रुपए स्वीकृत कर यह कार्य गागड़ा कंस्ट्रक्शन कंपनी को ठेके पर दिया था। इस ठेका कंपनी ने उन्नयन व निर्माण के नाम पर पुराने रिकॉर्ड रूम का मामूली मरम्मत, रंग रोगन, इलेक्ट्रीफिकेशन आदि कार्य कराकर बिल, व्हाउचर नव निर्माण का प्रस्तुत किया और पूरी रकम विभाग से प्राप्त कर ली। कार्य की गुणवत्ता की कलई अब खुलने लगी है। दीवारें फट गई हैं, प्लींथ और फ्लोरिंग उधड़ चुकी है। दीवारों के करीब फटी प्लींथ और फ्लोरिंग निर्माण में बरती गई अनियमितता की चुगली कर रही हैं। विद्युतीकरण का कार्य भी स्तरहीन कराया गया है। हल्के दर्जे के स्वीच बोर्ड व अन्य सामान लगाए गए हैं, वायरिंग भी घटिया है। दीवारें काफी चौड़ाई में लगातार फटती चली जा रही हैं। दरकी दीवारों से बरसाती पानी का रिसाव होने लगा है। जो परेशानियां इस रिकॉर्ड रूम में पहले से रही हैं, वह उन्नयन व नए सिरे से निर्माण के बाद भी दूर नहीं हो पाई हैं।

दस्तावेजों के खराब होने का खतरा

बकावंड तहसील कार्यालय का रिकॉर्ड रूम काफी जर्जर हो चला था।छत टपकने, दीवारों से सीपेज होने जैसी समस्याएं आ रही थीं। इसके चलते विभागीय दस्तावेज खराब होने लगे थे। इसे देखते हुए ही रिकॉर्ड रूम का नवनिर्माण कराया गया है, मगर लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई, अलबत्ता और भी बढ़ गई है। छत पहले से भी ज्यादा टपकने लगी है, दीवारों से पानी का रिसाव और भी बढ़ गया है। बरसात के इस मौसम में तहसील कार्यालय के दस्तावेजों को इस रिकार्ड रूम में रखना खतरे से खाली नहीं रह गया है। रिकॉर्ड रूम में किसानों की जमीन के रिकॉर्ड, कानूनी फैसलों से जुड़े दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात रखे जाते हैं, जिनके भीगकर नष्ट होने का खतरा पैदा हो गया है।वर्सन

कराएंगे निर्माण की जांच

रिकॉर्ड रूम के निर्माण की जांच कराई जाएगी। जिम्मेदारी तय कर संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा पर सभी धर्मों का है समान अधिकार: विधायक रेखचंद जैन

0
  • शाला प्रवशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए संसदीय सचिव जैन
  • अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने किया प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन

जगदलपुर मंगलवार को अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा स्थानीय अंजुमन उर्दू, हिंदी हायर सेकंडरी स्कूल के शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कमेटी अध्यक्ष हाजी अबुल हाशिम खान ने अन्य पदाधिकारियों व समाज के सदस्यों के साथ मुख्य अतिथि संसदीय सचिव एवं जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन का पुरजोर इस्तेकबाल किया। मुख्य अतिथि की जानिब से बोलते हुए संसदीय सचिव व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि शिक्षा पर सभी धर्मों का बराबर अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। विधायक ने कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार का उद्घोष भी किया। रेखचंद जैन ने कहा कि शाला किसी ईबादतगाह से कमतर नहीं होती है। शाला में बच्चे पढ़ने के नाम पर सही मायने में ऊपर वाले की इबादत करने के लिए आते हैं। शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को पद्मश्री शमशाद बेगम ने भी संबोधित किया। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष हाजी हासिम खान ने स्कूल की स्थापना से लेकर अब तक की प्रगति की जानकारी दी।

नवप्रवेशियों और प्रतिभाओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान शाला के नवप्रवे शियों के साथ विभिन्न कक्षाओं के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मान प्रदान किया गया। नए बच्चों को स्कूल सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान छग राज्य हज कमेटी सदस्य मो इमरान खान, अय्यूब खान, एस. करीमुद्दीन, हाजी हसन साहब, हनीफ भाई, अशरफ भाई, अमजद खान, अकील खान, मो. सलीम, तौफीक पाशा, एजाज अहमद, यशवर्धन राव, राजेश राय, मोबीउद्दीन, शफीक रायपुरी, नवाजुद्दीन गोरे, इश्तियाक खान, इस्लाम बख्श, अब्दुल शकूर, रहमान खान, मोइन कुरैशी, अब्दुल रहीम, फैज मोहम्मद, मो. हफीज, गौरनाथ नाग, हेमू उपाध्याय, प्राचार्या सान्या, सूर्या पाणि, संगीता जैन, संतोष सिंह, इलियास भाई, जाहिद खान, अब्दुल हफीज, स्कूल की शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे।

विधायक जैन ने मनाया मछुआ बोर्ड अध्यक्ष निषाद का जन्मदिन

0

जगदलपुर संसदीय सचिव व जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन ने अपने सहयोगियों के साथ छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एमआर निषाद से केक कटवाकर उनका जन्मदिन मनाया। विधायक कार्यालय में निषाद के जन्मदिन पर केक काटा गया। विधायक जैन व उनके सहयोगियों ने बारी- बारी से निषाद को बुके भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी।

उन्हें केक खिलाकर हर्ष- उल्लास से जन्म दिन मनाया गया। अनौपचारिक चर्चा में निषाद ने जैन को राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड द्वारा मछुआरों के हित में लिए गए निर्णयों से अवगत कराया। निषाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सभी ने उनके उज्जवल भविष्य के साथ सुखी व समृद्ध जीवन की कामना की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता होरी मंडल, गौरनाथ नाग, एल्डरमैन सुरेंद्र झा, एमआईसी सदस्य राजेश राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमू उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह, पार्षद सूर्या पाणि, कुलदीप सिंह भदौरिया, मनोरंजन शर्मा आदि मौजूद थे।

कलेक्टर ने मितानिनों को दिया मानदेय वृद्धि की स्वीकृति आदेश की प्रति

0

जगदलपुर 11 जुलाई 2023/ कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मंगलवार को जिले के मितानिनों को शासन द्वारा मितानिनों के मानदेय में वृद्धि की स्वीकृति आदेश की प्रति प्रदान किए। इस अवसर पर कलेक्टर ने मितानिनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मितानिनों ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण करने तथा मौसमी बीमारियों के नियंत्रण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए हमेशा तत्पर रही है। माननीय मुख्यमंत्री के घोषणा अनुसार मानदेय मिलने से मितानिन अब और शिद्दत से सेवाएं देगी। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करने वाली मितानिनों को पूर्व में दी ही प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त मितानिन कल्याण निधि योजनांतर्गत राशि दो हजार दो सौ रुपए प्रतिमाह 01अप्रैल 2023 से मानदेय में वृद्धि करने की स्वीकृति प्रदान किया है। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ आरके चतुर्वेदी, मितानीन कोडिनेटर और मितानिनगण उपस्थित थे।

बेसहारों के सहारा हैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल : राजमन बेंजाम

0
  • दिव्यांग परीक्षण एवं मूल्यांकन शिविर में शामिल हुए विधायक

तोकापाल चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम छग शासन के समाज कल्याण विभाग बस्तर जिला द्वारा बड़े किलेपाल में आयोजित ‘आमचो नवा बाट’ कार्यक्रम अंतर्गत दिव्यांगों के लिए आयोजित जनपद स्तरीय शल्य क्रिया, सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम के मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने दिव्यांगो को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए।

शिविर में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच- सचिवों एवं युवोदय टीम के सहयोग से कुल 1882 दिव्यांगो को चिन्हित कर उन्हें परीक्षण हेतु शिविर में लाया गया था। इनमें अस्थि बाधित 762, श्रवण बाधित 210, मानसिकव्याधि से ग्रस्त 435, सिकलीन से पीड़ित 241 एवं नेत्र बाधित 234 लोग शामिल थे। शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा जबलपुर से बुलाए गए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चिन्हित दिव्यांगो का परीक्षण किया। चयनित दिव्यांगों की बाद में शल्य क्रिया की जाएगी तथा उन्हें सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। विधायक राजमन बेंजाम ने नर सेवा ही नारायण सेवा है सूक्ति वाक्य से अपने उद्बोधन की शुरुआत की और कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार सर्वहारा वर्ग की हितैषी सरकार है।

जिनका कोई सहारा नहीं है, उनका सहारा हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं। हर व्यक्ति के संकट की घड़ी में मुख्यमंत्री बघेल और हमारी कांग्रेस सरकार सहारा बनकर खड़े हो जाते हैं। हमारी सरकार ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांग वर – वधु को 1 लाख रु. एवं दिव्यांग वर अथवा वधु को 50 हजार रु. का अनुदान दे रही है। विधायक श्री बेंजाम ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज कल्याण विभाग के माध्यम से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन, मुख्यमंत्री पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, कृत्रिम अंग, उपकरण प्रदाय योजना, निशक्तजन छात्रवृत्ति, निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन आदि विभिन्न महत्त्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्ग के लोगों को लाभान्वित करने का काम कर रही हैविधायक राजमन बेंजाम ने समाज कल्याण विभाग बस्तर की उप- संचालक वैशाली, जनपद पंचायत बास्तानार के समस्त सरपंच-सचिवों एवं युवोदय की टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज कल्याण विभाग एक व्यक्ति के जन्म से लेकर उसकी मृत्यु तक का कार्य सम्पादित करती है। उप संचालक के नेतृत्व में आप सभी की मेहनत सफल होती नजर आ रही है और सभी दिव्यांगों को शासन की योजनाओं तथा इस शिविर का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में विधायक राजमन बेंजाम के साथ सांसद प्रतिनिधि दिनेश ठाकुर, जनपद पंचायत बास्तानार की अध्यक्ष श्यामबती ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बास्तानार के उपाध्यक्ष जगबंधु ठाकुर, सरपंचगण, पंचायत सचिव, युवोदय बास्तानार के सदस्य, समाज कल्याण विभाग बस्तर की उप संचालक वैशाली एवं स्टाफ तथा दिव्यांगजन एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS