जगदलपुर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की पदोन्नति और समयमान वेतन निर्धारण प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की पहल छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के उप प्रांताध्यक्ष और बस्तर जिला अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह परिहार ने की है। परिहार के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधि मंडल ने विभाग के संयुक्त संचालक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि विभाग के सैकड़ों पात्र कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हैं, वहीं समयमान वेतनमान की प्रक्रिया भी लंबे समय से अटकी हुई है। परिहार ने पदोन्नति और समयमान वेतनमान निर्धारण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग संयुक्त संचालक से की है।
बीमा कंपनी देगी 60 हज़ार की क्षतिपूर्ति और 10 हज़ार रु का जुर्माना
- एक्टिवा चोरी होने के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर का फैसला
जगदलपुर जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा शुक्रवार को एक प्रकरण में आईसीआईसीआई लोंबार्ड बीमा कंपनी के खिलाफ फैसला दिया है कि वह आवेदिका को 60 हज़ार रु की क्षतिपूर्ति और 10 हज़ार रु का जुर्माना अदा करे।
प्रकरण के संक्षिप्त तथ्य इस प्रकार हैं कि कोंडागांव निवासी भानुप्रिया मजूमदार ने कोंडागांव से एक होंडा एक्टिवा क्रय की थी। उसका बीमा आईसीआईसीआई लोंबार्ड बीमा कंपनी द्वारा किया गया था। आवेदिका ने यह वाहन पढ़ाई के लिए आने जाने के वास्ते रायपुर में रखा था। लॉकडाउन के दौरान वाहन चोरी हो गया था। इसकी सूचना आवेदिका ने पुलिस थाने एवं बीमा कंपनी को दी थी। बीमा कंपनी ने आवेदिका का दावा विलंब से सूचना दिए जाने का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया था। इसके बाद आवेदिका ने जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष शिकायत पेश की थी। इस पर सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता आयोग ने माना है कि बीमा कंपनी विलंब के आधार पर क्षतिपूर्ति दावा निरस्त करने का अधिकार नहीं रखती है। इस हेतु उसे 10 हज़ार रू के अर्थदंड से दंडित किया गया है तथा आवेदिका को 60 हजार रुपए की क्षतिपूर्ति देने की हिदायत दी है। जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल, सदस्य आलोक कुमार दुबे और सीमा गोलछा की संयुक्त खंडपीठ ने यह आदेश जारी किया है।
स्व तानसेन कश्यप स्मृति ड्यूज बाल क्रिकेट स्पर्धा 17 जनवरी से
- 26 जनवरी को होगा फाइनल, मैच, 51 हजार रू. है प्रथम पुरस्कार
भानपुरी स्व. तानसेन कश्यप स्मृति अंतर्राज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता इस बार 17 जनवरी से प्रारंभ होने वाली है। इसमे कुल 16 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपए व दूसरा पुरस्कार 31 हजार रुपए हैं। अन्य पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रतियोगिता स्व. तानसेन कशयप स्टेडियम बेसोली फरसागुड़ा में होगी।
संभाग आयुक्त ने वजन कराया, तो कम निकला धान
- कमिश्नर श्याम धावड़े ने सिंघनपुर खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण
जगदलपुर बस्तर संभाग के कमिश्नर श्याम धावड़े ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले के सिंघनपुर धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से पंजीकृत किसानों की संख्या, किसानों का रकबा, धान उठाव की स्थिति की जानकारी लेकर खरीदे गए धान का वजन करवाया। कमिश्नर ने धान की बोरी का वजन कम पाने पर बाट वाले तौल की जगह इलेक्ट्रानिक तौल मशीन का उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की भी जांच करवाई। इसके अलावा मक्का खरीदी की व्यवस्था पर भी चर्चा किए।
धान बेचने पहुंचे किसानों से केंद्र की व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग, धान खरीदी समिति द्वारा दी जा रही सेवा का भी संज्ञान लिया। साथ ही ग्रामीणों से वन अधिकार मान्यता पत्र धारक किसानों के धान विक्रय, सामुदायिक वन अधिकार पत्र की स्थिति के संबंध में चर्चा की। ग्रामीणों ने समिति द्वारा खाद, बीज की उपलब्धता समय पर होने की बात कही तो कमिश्नर ने समिति प्रबंधक को बधाई दी। अस्थाई धान खरीदी केंद्र गोड़वाना समाज के भवन परिसर में संचालित किया जा रहा है। कमिश्नर ने सामाजिक भवन का उपयोग और परिसर की बाउंड्री करवाने के लिए कहा। इस दौरान केशकाल एसडीएम अनिकेत साहू, तहसीलदार ए. शर्मा, आयुक्त के वरिष्ठ निज सहायक हरेंद्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 
हसदेव बचाओ पदयात्रा, जमुमो – पुलिस के बीच हुई तकरार
- रायपुर के निकली है जन मुक्ति मोर्चा की यह पदयात्रा
दल्ली राजहरा जनमुक्ति मोर्चा द्वारा निकाली गई हसदेव जंगल बचाओ पदयात्रा के दौरान मोर्चा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर तकरार हुई। मोर्चा का आरोप है कि पुलिस द्वारा उसकी यात्रा को बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया जा रहा है। हसदेव के जंगलों को बचाने हेतु राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने जनमुक्ति मोर्चा द्वारा आज 12 जनवरी को दल्ली राजहरा से रायपुर तक की पदयात्रा की शुरुआत दल्ली राजहरा से की गई है। जन मुक्ति मोर्चा की पदयात्रा आज दोपहर 12 बजे जन मुक्ति मोर्चा कार्यालय से हुई। मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था शहीद स्मारक शहीद चौक दल्ली राजहरा पहुंची और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर यात्रा आरंभ की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. पवित्र कुमार गुहा व गुहा हॉस्पिटल की श्रीमती गुहा, आशा गुहा नियोगी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राजेंद्र उसारे, एवं अन्य कार्यकर्ता तथा जन मुक्ति मोर्चा छग के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

वहां से पदयात्रा विधिवत आरंभ हुई।पदयात्रा में गुप्ता चौक संजीवनी अस्पताल के पास दल्ली राजहरा सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष दीपक सहारे, ऋषिकेश ठाकुर, भूषण मंडावी, शेखर नेताम, आरती सोरी, सोमिया कोलमें, उषा मंडावी, राजीव कोलामे, भारती कंवर शामिल हुए। संजीवनी अस्पताल के संचालक डॉ. राजीव लोचन भी पदयात्रा का हिस्सा बने। जन मुक्ति मोर्चा का आरोप है कि पदयात्रा को पुलिस बल द्वारा बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया जा रहा है। अरमुरकसा के पास पुलिस जवानों और मोर्चा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर तकरार हुई। इसके बाद कुसुमकसा की ओर पदयात्रा आगे बढ़ने लगी। कुसुमकसा में भारी पुलिस बल तैनात था।
क्रिकेट को करियर के रूप में अपनाएं : राजकुमार महतो
- जगदलपुर में दिख रहा है क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच
जगदलपुर ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांधी मैदान में टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके 6वें दिन का प्रथम मैच मेटगुड़ा इलेवन और 5वीं बटालियन के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर मेटगुड़ा टीम ने फील्डिंग करने का निर्णय लिया। 5वी बटालियन की टीम शुरू से ही तेज बैटिंग कर रही थी। सन्नी ने मात्र 11गेंद में 34 रन बनाए। 5वी बटालियन की टीम ने 12ओवर में 6 विकेट खोकर 75 रनों का स्कोर खड़ा किया। मेटगुडा इलेवन टीम ने छह ओवर में ही 6 विकेट खोकर 76 रन बनाकर मैच जीत लिया। दूसरा मैच तितिरगांव और हेड शूटर के मध्य हुआ। तितिर गांव की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 रन 11ओवर में 50 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

हेड शूटर की टीम तेज बैटिंग कर 6 ओवर में ही लक्ष्य पार कर मैच जीत लिया। शंकर ने 10 गेंद में 30 रन और सूरज ने 6 गेंद पर 12रन बनाए। तीसरा अंतिम मैच सेमलनार इलेवन और सोटो इलेवन के मध्य खेला गया।सोटो इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी शुरू की और 12 ओवर में 110 रन बनाए।सोटो इलेवन के ओम, अजय, और आलोक ने जबरदस्त बॉलिंग की और सेमलनार की टीम 10 रनों पर ही निपटा दिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ खिलाड़ी राजकुमार महतो ने देते हुए कहा कि बस्तर के खिलाड़ियों को क्रिकेट को कैरियर के रूप में अपनाना चाहिए। रणजी ट्रॉफी को लक्ष्य बनाकर खेलना चाहिए। वहां अच्छा प्रदर्शन करेंगे तो भारतीय क्रिकेट की टीम में जरूर शामिल हो जाएंगे और बस्तर जिले का नाम रोशन करेंगे। मैच के अंपायर पंकज मूर्ति, अभय माने, मोहम्मद साहिबा, अभिषेक बनिक, हर्ष पांडे व हरेंद्र राजपूत थे। खेल का संचालन सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग राजेंद्र डेकाटे के मार्गदर्शन में राजकुमार महतो, जोगेंद्र ठाकुर, सुनील पिल्ले, कोटेश्वरा राव नायडू, वेदप्रकाश सोनी, चंद्रमोहन वर्मा, राजेश देशमुख, मनोज साहू, अविनाश सेठ, सागर शर्मा, दीपक यादव द्वारा किया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक:–मनन गुप्ता
- शासकीय नेमीचंद जैन महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई गई
दल्लीराजहरा:–शासकीय नेमीचंद जैन महाविद्यालय दल्लीराजहरा में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को युवा दिवस के रूप में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात गुरुजनो के द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर प्रकाश डाला गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य अरूण कुमार व्ही ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था. भारत में उनके जन्मदिन को युवा दिवस के तौर पर मनाया जाता है. उन्होंने रामकृष्ण मठ, रामकृष्ण मिशन और वेदांत सोसाइटी की नींव रखी थी. स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

भाजपा युवा नेता व सांसद प्रतिनिधि महाविद्यालय मनन गुप्ता ने बताया की विवेकानंद स्वामी जी बचपन से ही बहुत बुद्धिमान थे. कहा जाता है कि मां के आध्यात्मिक प्रभाव और पिता के आधुनिक दृष्टिकोण के कारण ही स्वामी जी को जीवन अलग नजरिए से देखने का गुण मिला। 12 जनवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय युवा दिवस 2024, स्वामी विवेकानन्द की जयंती का सम्मान करने वाला एक कार्यक्रम है। राष्ट्रीय युवा दिवस 2024 का विषय है ” उठो, जागो और अपने पास मौजूद शक्ति को पहचानो। इस दौरान प्रमुख रूप से डॉ.धर्मेंद्र सिंग डॉ.प्रवीण गुप्ता डॉ.देवदत्त शर्मा दिनेश माखीजा सरिता स्वामी पूजा खंडेलवाल व महाविद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे |
अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्यवाही 02 आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
- आरोपियों के कब्जे से कुल 63 पौवा देशी प्लेन शराब एवं एक स्कूटी मोटर सायकल जप्त
पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ० जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक जिला बालोद व नगर पुलिस अधीक्षक राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में अवैध जुआ सट्टा, शराब के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना राजहरा मे दिनांक 10-11.01.2024 को थाना राजहरा स्टाफ के द्वारा टाउन में अवैध रूपये से शराब विक्री व परिवहन करने वालों के विरूध्द कार्यवाही किया गया जिसमें

01. आरोपिया नेमिन बाई साहू पति स्व. संतराम साहू उम्र 49 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 17 कोण्डे पावर हाउस राजहरा थाना राजहरा को घटना स्थल वार्ड क्रमांक 15 राजहरा आरोपिया के होटल में अधिक मात्रा मे शराब रखकर बिक्री करते पकड़ा गया आरोपिया के कब्जे से एक प्लास्टिक के बोरी में रखे 32 पौवा देशी प्लेन शराब जुमला 5.760 बल्क लीटर कीमती 2560 रूपये एवं बिक्री रकम 2850 रूपये जुमला कीमती 5410 रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूध्द धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपिया को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है।
02. आरोपी प्रमोद विश्वकर्मा पिता शंकर विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 04 टेबलर सेट राजहरा थाना राजहरा को घटना स्थल आईटीआई राजहरा के पास अधिक मात्रा में शराब रखकर बिक्री हेतु परिवहन पकड़ा गया आरोपी के कब्जे से एक काला रंग के थैला में रखे 31 पौवा देशी प्लेन शराब जुमला 5.580 बल्क लीटर कीमती 2480 रूपये एवं बिना नम्बर की स्कूटी मोटर सायकल कीमती 20,000 रूपये जुमला कीमती 22,480 रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूध्द धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपिया को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है।
नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले 02 आरोपी को किया गिरफ्तार
- ठगी के आरोपी ने प्रार्थी से ईलाज के नाम पर सबंध बनाकर करता था ठगी।
- 02 प्रार्थीयों से 10,00,000 रू. लेकर किया ठगी।
- झुठा रौब दिखाकर करता था ठगी।
बालोद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमरूवा के प्रार्थी नंदगोपाल देवागंन पिता हीरालाल देवागंन उम्र 49 साल ग्राम जमरूवा थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 14.12.22 को पवार सिंह कोमरा व उसकी पत्नी रेखा बाई कोमरा साकिन नेहरू नगर भानुप्रतापुर जिला कांकेर के द्वारा प्रार्थी की पुत्री काजल देवागंन को करहीभदर विधुत विभाग में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थी से कुल 7,00,000 रू लेकर धोखाधडी करने से आरोपीगण के विरूद्व थाना बालोद में अपराध क्रमांक 27/2024 धारा 420, 34 भादवि कायम कर आरोपी की पता साजी में लिया गया। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण 02ः- प्रार्थी भोमराज साहू पिता स्व.मुरहा राम साहू उम्र 53 साल साकिन परसाही थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 09.10.22 को परवार सिंह कोमरा एवं इसकी पत्नी रेखा बाई कोमरा के द्वारा प्रार्थी के पुत्र टोमेन्द्र को जनसंपर्क विभाग (मंत्रालय रायपुर) में नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थी से कुल 3,00,000 रू लेकर धोखाधडी करने से आरोपी के विरूद्व थाना बालोद में अपराध क्रमांक 30/2024 धारा 420 भादवि कायम कर आरोपी की पतासाजी में लिया गया है।
क्षेत्र में हो रहे ठगी को देखते हुऐ पुलिस अधीक्षक बालोद जितेन्द्र कुमार यादव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद प्रतीक चतुर्वेदी, व थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय के द्वारा सउनि धरम भुआर्य के हमराह एक विशेष टीम बनाकर ठगी के आरोपी के पतासाजी में लिया गया पता साजी के दौरान मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि आरोपी अपना मुल पता ग्राम काटागांव थाना कोरर जिला कांकेर में ना रहकर अपनी पत्नी बच्चे के साथ किराये के मकान में ग्राम कन्हारगांव थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर में रह रहे है जहॉ पर विषेष टीम के द्वारा दबिष देकर आरोपी परवार सिंह कोमरा व इनके पत्नी रेखासिंह कोमरा पकड़ने में सफलता हासिल की, आरोपी के द्वारा पुछताछ में लाखों की ठगी करना स्वीकार करने से आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

उक्त धोखाधड़ी के प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में थाना बालोद से निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय, सउनि धरम भुआर्य, प्र.आर. भगवान सिंह धुव्र, आरक्षक भोपसिंह साहू, भूपेष कुमार सिन्हा, महिला आरक्षक नमिता यादव का विषेष सराहनीय योगदान रहा है।
आरोपी का पूर्ण नाम पताः-
01.परवार सिंह कोमरा पिता शेरसिंह कोमरा उम्र 31 साल, 02.रेखासिंह कोमरा पति परवार सिंह कोमरा उम्र 32 साल ग्राम ग्राम काटागांव थाना कोरर जिला कांकेर हॉलपता ग्राम कन्हारगांव थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर।
स्व. असीम राय की सनसनी खेज हत्याकाण्ड का पर्दाफाश
- कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।
- अभी तक 11 आरोपी गिरफ्तार।
दिनांक 07.01.2024 को पखांजूर में स्व. असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जिस पर थाना पखांजूर में अपराध क्र. 04/2024 धारा 302, 34 भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। संवेदनशील मर्डर केस होने के कारण में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी हेतु बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी. द्वारा उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर बालाजी राव एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर दिव्यांग पटेल के निर्देशन में एस.आई.टी. का गठन किया गया था। एस.आई.टी. द्वारा आरोपियों की पहचान हेतु पूरे पखांजूर शहर का सी.सी.टी.व्ही. का एवं मोबाईल कॉल डिटेल्स का अवलोकन किया तथा सैकड़ों गवाहों एवं संदेहियों से पूछताछ की जिससे हत्या के पूरे मामले में इस प्रकार के तथ्य सामने आये हैं।
नगर पंचायत पखांजूर अध्यक्ष बप्पा गांगुली, पार्षद विकास पाल एवं जितेन्द्र बैरागी को असीम राय से व्यक्तिगत दुश्मनी थी। बप्पा गांगुली का अध्यक्ष पद जा सकता था। विकास पाल का अवैध लॉज टूट सकता था और जितेन्द्र का उसके गांव में व्यक्तिगत दुश्मनी था, तीनों ने मिलकर राय को मौत के घाट उतारने का प्लॉन किया, जिसमें बप्पा गांगुली और विकास पाल ने पैसों का एवं प्लानिंग की जिम्मेदारी लिया एवं जितेन्द्र बैरागी को रेकी का काम दिया। जितेन्द्र बैरागी ने अपने साथी तपन मंडल, सुमीत मांझी के साथ मिलकर रेकी किया एवं शार्प शूटर के लिये सुरजीत और रीपन से सम्पर्क किया दोनों ने इस काम के लिये सहमति दी और अपने साथी जयंत, नीलरतन एवं विकास तालुकदार को काम सौंपा। बप्पा गांगुली और विकास पाल ने सोमेन्द्र मंडल के माध्यम से पैसा करीब 07 लाख रुपये नीलरतन को भेजा जिसने उक्त पैसों से करीब 01 लाख रुपये का कट्टा खरीदा तथा बाकी रकम आरोपियों में बांटा गया। जिसके बाद विकास तालुकदार ने अपने साथी गोपी दास के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। गोपी दास बाईक चला रहा था एवं विकास तालुकदार ने मृतक को बाईक के पीछे बैठकर 7.65 एम.एम. पिस्टल से गोली मारा।
प्रकरण में बारा 302, 34, 120 (बी) भादवि एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विवेचना की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिये संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या की प्लानिंग में और भी लोग शामिल हो सकते हैं इसलिये आपराधिक षड्यंत्र के प्रत्येक पहलू की बारिकी से छानबीन और विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का नाम
01. बप्पा गांगुली पिता स्व. आशुतोष गांगुली उम्र 57 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 06 पखांजूर।
02. विकास पाल पिता स्व. विजय पाल उम्र 50 वर्ष निवासी पीळी 31 हरिहरपुर, पखांजूर ।
03. सोमेन्द्र कुमार मंडल पिता स्व. श्यामल मंडल उम्र 33 वर्ष नयाबाजार पखांजूर।
04. नीलरतन मंडल पिता ठाकुर दास मंडल उम्र 34 वर्ष पी.व्ही. 125 बैकुण्ठपुर।
05. जयंत विश्वास पिता जगदीश विश्वास उम्र 33 वर्ष साकिन पी.व्ही. 17 रविन्द्रनगर
06. रीपन सदियाल पिता स्व. रमेश सदियाल उम्र 42 वर्ष साकिन पी.व्ही. 36 चांदीपुर।
07. सुरजीत बाला पिता शिवचरण बाला उम्र 46 वर्ष साकिन पीव्ही. 36 चांदीपुर।
08. सुमीत मांझी पिता स्व. अनिल मांझी उम्र 32 वर्ष साकिन पी.व्ही. 36 चांदीपुर।
09. तपन मंडल पिता निरापद मंडल उम्र 46 वर्ष साकिन पी.व्ही. 36 चांदीपुर।
10. जितेन्द्र बैरागी पिता दिनबंधु बैरागी उम्र 37 वर्ष साकिन पी.व्ही. 28 चांदीपुर। 11. गोपी दास पिता स्व. गंगाधर दास उम्र 31 वर्ष निवासी पी.व्ही. 121 |
फरार आरोपी :-
01. विकास तालुकदार पिता विश्वनाथ तालुकदार साकिन पी.व्ही. 82 थाना बाद।
जप्त सामाग्री :-
घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर बाईक, रकम 3,50,000 रुपये नगद ।


