City Media - Page 175 of 1844 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 175

जूनापानी में उल्टी दस्त का प्रकोप, गांव में स्वास्थ्य विभाग ने डाला डेरा; स्थिति अब पूरी तरह सामान्य

0

जगदलपुर बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक अंतर्गत अंतर्गत जूनापानी में उल्टी-दस्त केस मिलने पर शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेगानार के प्रभारी आरएमए सुभाष राजवाड़े की नेतृत्व में किया गया था। शिविर शनिवार को भी जारी रहा।

चिड़पाल उप स्वास्थ्य केंद्र के आरएचओ रविंद्र बघेल और एएनएम पद्मिनी मौर्य द्वारा जूनापानी के सभी 24 घरों में सर्वे कार्य किया गया और 122 लोगों की जांच की गई, जिसमें कोई भी नया मरीज नहीं पाया गया। शुक्रवार को रेफर किए गए चारों मरीज मासो पिता हूंगा 65 वर्ष, बुधरी पति मासो 64 वर्ष, रिकी पिता संतु 20 वर्ष और पूजा पिता हिड़मो 4 वर्ष का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल में किया जा रहा है उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। इन सभी का गहन इलाज जारी है। सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जूनापानी में सतत निगरानी रखी जा रही है और अब स्थिति सामान्य है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान कर सजगता बरतने की समझाइश दी गई है।बीएमओ दरभा डॉ मंडावी के निर्देश पर रविवार को भी जूनापानी में सर्वे कर स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी।

नक्सलियों के बहाए खून के धब्बे मिटाकर हरियाली के रंग बिखेर रही है सीआरपीएफ

0
  •  सुकमा जिले में सघन वृक्षारोपण अभियान
  • बल के जवान लगा चुके हैं जिले में 25 हजार पेड़

अर्जुन झा-

जगदलपुर जिस धरती को नक्सलियों ने सालों साल तक रक्तरंजित कर रखा था, उस धरती पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स सीआरपीएफ रक्त धब्बे मिटाकर हरियाली की आभा बिखेर रही है। एंटी नक्सल ऑपरेशन में तैनाती के बाद से अब तक सीआरपीएफ जिले के अति नक्सल प्रभावित इलाकों में भी हजारों पेड़ लगा चुकी है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ की द्वितीय वाहिनी ने वृक्षारोपण अभियान एवं विश्व पर्यावरण दिवस की थीम प्लास्टिक प्रदूषण को हटाने की मुहिम चलाई।द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित जिले सुकमा में विगत कई वर्षों से सघन नक्सल विरोधी अभियान में तैनात है। यह फोर्स क्षेत्र की सुरक्षा व मानव सेवा में भी लगातार योगदान दे रही है। बरसात की शुरूआत में ही बड़े पैमाने पर फलदार व छायादार वक्षों का रोपण द्वितीय वाहिनी द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट रतिकांत बेहेरा के मार्गदर्शन में मुख्यालय शबरी नगर सुकमा परिसर के चारो तरफ एवं कैंप रामाराम, चिंतागुफा, मिनपा, एवं एफओबी मुर्कराजकोंडा व दुलेर में पौधरोपण कार्यकम आयोजित किया गया। जिसमें वाहिनी के श्पवन कुमार द्वितीय कमान अधिकारीद्वय पवन कुमार, व अनामी शरण एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमा, उप कमांडेंट भास्कर भट्टाचार्य, सहायक कमांडेंट राजीव कुमार और अन्य अधिकारियों व जवानों ने बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया। आम, अमरूद, ऑवला, नीम, कटहल, सीताफल, बरगद, गुलमोहर व अन्य छायादार पौध रोपे गए। साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण को हटाने पर कार्य करते हुए बल के कैंपों में प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।एसुकमा की जैव विविधता को बचाने के लिए शबरीनगर सुकमा में प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के लिए शपथ भो ली गई। इस अवसर पर कमान पवन कुमार ने जवानों को वृक्षों की उपयोगिता एवं आवश्यकता के बारे में बताया। कहा कि वृक्ष हैं, जीवन का आधार, इन्हें बचाना हमारा अधिकार और उन्होनें यह भी अवगत कराया कि द्वितीय बटालियन द्वारा मुख्यालय परिसर में इस वर्ष अभी तक 1500 पौधे लगाए जा चुके हैं सुकमा जिले के विभिन्न स्थानों पर अभी तक द्वितीय वाहिनी द्वारा लगभग 25 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। उनकी देखभाल बल के जवान कर रहे हैं। उन्होंने संदेश दिया कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए खतरनाक है प्लास्टिक ऐसा मटेरियल है जो सालों तक नष्ट नहीं होता और धरती को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाता है।

न नोटिस दिया, न वजह पूछी, सीधे वाट्सएप पर भेज दिया सस्पेंशन ऑर्डर

0
  •  यह प्रशासनिक कार्रवाई है या मानसिक उत्पीड़न?
  •  मामा की मृत्यु के दुख का पहाड़ अलग से गिरा बीईओ मानसिंह भारद्वाज पर
    अर्जुन झा

जगदलपुर न शोकॉज नोटिस भेजा, न चूक की वजह पूछी, सफाई का मौका भी नहीं दिया और एक राजपत्रित अधिकारी को सीधे निलंबित कर दिया गया। सस्पेंशन ऑर्डर अधिकारी के वाट्सएप पर भेजा गया, वह भी ऐसे मौके पर जब अधिकारी अपने निकट परिजन के निधन का दुख झेल रहा है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक कार्रवाई कम मानसिक उत्पीड़न कहा जाना बेहतर होगा।
छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा विभाग में जारी शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया न सिर्फ शिक्षकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है, बल्कि अधिकारियों के लिए बिन बुलाए बला भी साबित हो रही है। इस प्रक्रिया के पीड़ित एक अधिकारी हैं बीईओ मानसिंह भारद्वाज, जो विकासखंड शिक्षा कार्यालय जगदलपुर में पदस्थ हैं। बीईओ मानसिंह भारद्वाज को संभाग आयुक्त के अनुमोदन पर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने महज इसलिए निलंबित कर दिया है, क्योंकि

भारद्वाज ने जिला स्तरीय समिति को स्कूलों और शिक्षकों की जो सूची भेजी थी, उसमें कुछ खामियां रह गई थीं। सूची में एक वरिष्ठ शिक्षक को कनिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षक को वरिष्ठ बताया गया था तथा एक स्कूल का ग्रेड ई की जगह टी बताते हुए रिक्त पदों की जानकारी दी गई थी। यह लिपिकीय त्रुटि भी हो सकती है, मगर इतनी छोटी सी चूक के लिए बीईओ मानसिंह भारद्वाज से न स्पष्टीकरण मांगा गया और न शो कॉज नोटिस जारी किया गया। बस इतनी सी भूल के लिए राजपात्रित अधिकारी श्री भारद्वाज को सीधे निलंबित कर दिया गया, वह भी तब जब वे नियमानुसार अवकाश लेकर बाहर गए हुए थे। बताते हैं कि मानसिंह भारद्वाज कुछ दिनों पहले पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने मध्यप्रदेश के सिवनी गए हुए थे। इसी बीच वहां उनके मामा का निधन भी हो गया। दोनों कार्यक्रमों में शामिल होकर भारद्वाज जगदलपुर लौट रहे थे, तभी उन्हें अपने वाट्सएप सोशल मीडिया अकॉउंटपर सस्पेंशन आर्डर मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने मानसिंह भारद्वाज के निलंबन में जो जल्दबाजी दिखाई है, वह भी चर्चा का विषय बन गई है। निकट के परिजन के निधन का दुख झेल रहे बीईओ मानसिंह भारद्वाज को बिना सफाई का मौका दिए निलंबित कर दिए जाने से राजपात्रित अधिकारी संघ के साथ ही शिक्षकों में भी गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

सृजनशील अधिकारी हैं भारद्वाज
जगदलपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी मानसिंह भारद्वाज अपनी सृजनशीलता, रचनात्मक गतिविधियों और शिक्षक शिक्षिकाओं के प्रति संवेदनशीलता के लिए सुविख्यात हैं। कलेक्टर हरिस एस, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल की मंशा के
अनुरूप वे सदैव कार्य करते आए हैं। उनकी रचनात्मकता का सबसे बड़ा नजारा जगदलपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में देखा जा सकता है। उन्होंने अपने स्टॉफ के साथ मिलकर कार्यालय परिसर को तरह तरह के पेड़ों से आच्छादित कर रखा है। कार्यालय साफ सुथरा और हरा भरा नजर आता है। मानसिंह भारद्वाज की इस इको फ़्रेंडली पहल को देखते हुए केंद्र सरकार की संयुक्त सचिव ऋचा शर्मा और तत्कालीन कलेक्टर डॉ. फैयाज़ तंबोली ने दो लाख रुपए का कैश प्राइज देकर सम्मानित किया था। वहीं  भारद्वाज राजपात्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष भी हैं। उनके नेक कार्यों को दरकिनार करते हुए उन्हें सस्पेंड किए जाने से आम नागरिक भी हैरान हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान

0

दल्लीराजहरा :- शासकीय नेमीचंद जैन महाविद्यालय दल्लीराजहरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

इस दौरान शिक्षकों, ऑफिस कर्मचारियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मिलकर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर फूलदार और फलदार वृक्ष लगाए। प्राचार्य डॉ. कविता सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया और उन्हें इस दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य डॉ. कविता सिंह ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण हमारे भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमें स्वच्छ हवा, पानी, और मिट्टी प्रदान करता है, जो हमारे जीवन के लिए आवश्यक हैं। हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना चाहिए और एक स्वस्थ और सुंदर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।”

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ठाकुर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. अनुग्रहिता जॉन, डॉ. सरिता स्वामी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह,  देवदत्त शर्मा, महावीर जैन और आफिस कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाई और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।

पर्यावरण संरक्षण की ओर एक कदम: शिव संस्कार धाम महिला समिति द्वारा महिलाओं ने किया वृक्षारोपण

0

दल्लीराजहरा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिव संस्कार धाम महिला सेवा समिति के महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया। इस विशेष आयोजन में समिति की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रकार के छायादार, फलदार तथा औषधीय पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना था, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी था। उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण को अपनी ज़िम्मेदारी बताया और सभी से अधिक पेड़ लगाने की बात कहं “एक वृक्ष सौ पुत्र समान है। पर्यावरण दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि जीवनभर हरियाली और स्वच्छता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक होना चाहिए।”

कार्यक्रम के अंत में शिव संस्कार धाम महिला सेवा समिति द्वारा सभी को वृक्षों की देखभाल और संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शिव संस्कार धाम में हुआ यह आयोजन नारी शक्ति की पर्यावरण के प्रति जागरूकता और योगदान का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।

भाजपा चलाएगी संकल्प से सिद्धि अभियान, होंगे कई आयोजन

0
  • मोदी सरकार के 11 वर्ष के काम एवं उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएंगे: डॉ. सुभाऊ कश्यप 

नारायणपुर जिला भाजपा कार्यालय नारायणपुर में मोदी सरकार के 11 साल- संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम के आयोजन को लेकर आज जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सुभाऊ कश्यप थे।

डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने जा रहे है। इन 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कामों को आमजन तक पहुंचाने के लिए भाजपा संकल्प से सिद्धि अभियान चलाएगी। इस अभियान के अंतर्गत अनेक आयोजन होंगे। आगे कश्यप ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार विरासत को संवारने के साथ विकास की तेज रफ्तार का काम कर रही है। यहीं कारण है कि पीएम के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है। आज भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में सशक्त व सक्षम राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने है। पहलगाम में हुए कायराना आतंकवादी हमले के बाद देश की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवाद के परस्त पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का जम्मू कश्मीर से धारा -370 हटाने का संकल्प पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ। पीएम मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार निरंतर प्रदेश के विकास का काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास के साथ-साथ नवाचारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को बढ़ाने का काम किया जा रहा है।

डॉ. कश्यप ने आगामी होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया 9 जून से सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष अभियान शुरू होने जा रहा है। अभियान के साथ-साथ अनेक कार्यक्रम भी होंगे। संकल्प से सिद्धि अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम भाजपा कार्यकर्ता करेंगे। प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल तक कार्यकर्ता पहुंचेगा, ऐसी योजना बनाई जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल के तहत जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कार्यकर्ता करेंगे।

9 जून को डिजिटल प्रतियोगिता होगी, जिसके अंतर्गत मोदी सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल के छोटे वीडियो चित्रात्मक ग्राफिक्स संबंधित प्रतियोगिता का आयोजित किया जाएगा।

10-11 जून को शहर स्तर पर रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण की के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जल संरक्षण की दृष्टि से तालाबों, पोखरों एवं कुओं आदि के संरक्षण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां’ के नाम के तहत पौधा रोपकर उसे सहजने का काम हम सभी को करना है।

मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन कर विकसित भारत बनाने के लक्ष्य का संकल्प लिया जाएगा। शक्ति केंद्र स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। आयुष्मान योजना का शत प्रतिशत लाभ वरिष्ठों को मिले इस लक्ष्य को लेकर बूथ पर काम किया जाएगा। अन्य योजनाओं का 100 प्रतिशत लाभ लोगों को मिल सके।

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 15 से 20 जून तक मंडलों में योग प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाए।

23 जून डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस एवं 6 जुलाई को उनकी जयंती तक कार्यक्रमों की श्रृंखला मनायी जाएगी। 25 जून को कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय के 50 वर्ष होने पर सेमिनार और लोकतंत्र सेनानी के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वही कार्यशाला को भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने भी संबोधित करते हुए आगामी होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने का आव्हान कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की बात कही। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, जिला महामंत्रीद्वय संजय नंदी, संदीप झा, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रेमनाथ उसेंडी, सोनू कोर्राम, मंगडू नूरेटी, पंकज जैन, जैकी कश्यप, गुलाब बघेल, राकेश कावडे, सुदीप झा, प्रशांत सिंह,सूर्यपाल दुबे, अभिषेक झा, अनूप भट्टाचार्य,हेमंत पात्र, प्रीतेश जैन, उज्जवल सोनी, दीपेंद्र भोयर, संतोष साहू, कुलेश्वर सलाम, अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्त उपस्थित थे।

युक्तियुक्तकरण भाजपा सरकार का शिक्षा और रोजगार विरोधी कदम: मोहन मरकाम

0
  • अब कांग्रेस चलाएगी शिक्षा न्याय आंदोलन
  • 10 हजार से अधिक स्कूलों के बंद होने से हजारों लोग हो जाएंगे बेरोजगार 

जगदलपुर राजीव भवन जगदलपुर में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने प्रेसवार्ता लेकर शिक्षा विभाग में जारी युक्तियुक्तकरण पर सरकार को घेरा। मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार 10 हजार से अधिक स्कूलों को बंद तथा 45 हजार से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त कर रही है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों विशेषकर बस्तर, सरगुजा, जशपुर में स्कूलों की कमी होगी, सरकार झूठ बोल रही कि स्कूल बंद नहीं होंगे। भाजपा ने विधानसभा चुनावों में 57 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था। सरकार बनने के बाद 33 हजार शिक्षक भर्ती की घोषणा की गई। इस वर्ष के बजट में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की बात की गई है।

अब 5 हजार शिक्षक भर्ती की घोषणा की गई है। शिक्षक भर्तियां न करनी पड़े, इसलिए 45 हजार शिक्षक पद समाप्त किए जा रहे हैं। जब पद ही खाली नही रहेंगे तो भर्ती कहां से करेंगे? पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार का युक्तियुक्तकरण करना शिक्षा विरोधी, रोजगार विरोधी कदम है। 10 हजार स्कूलों के बंद होने से रसोईया, भृत्य, चौकीदार जैसे पद भी समाप्त होंगे। सरकार शराब दुकानें खोल रही है और शालाओं को बंद कर रही है।मोहन मरकाम ने कहा कि शिक्षकों की नई भर्तियां न करनी पड़े इसलिए साय सरकार शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण कर रही है।सरकारी शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने साय सरकार ने षड्यंत्र रचा है। साय सरकार के इस फैसले का सबसे बड़ा नुकसान बस्तर और सरगुजा के आदिवासी अंचलों में पढ़ने वाले बच्चों पर पड़ेगा। नए सेटअप में प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में एचएम को शिक्षकीय पद मानते हुए प्राइमरी में 30 और मिडिल में 35 बच्चों के बीच एक शिक्षक का सेटअप घोषित किया गया है। प्राथमिक शालाओं में पहली व दूसरी में तीन-तीन विषय एवं तीसरी, चौथी, पांचवी में चार-चार विषय के अनुसार कुल 18 विषय होते हैं, जिन्हें वर्तमान समय में तीन शिक्षकों को 40 मिनट का 6-6 कक्षा लेना होता है, अब युक्तियुक्तकरण के नए नियम के बाद दो ही शिक्षको के द्वारा 18 कक्षाओं को पढ़ाना कैसे संभव हो सकता है?मिडिल स्कूल में तीन क्लास और 6 सब्जेक्ट इस हिसाब से कुल 18 क्लास और 60 बच्चों की कुल संख्या में एचएम और उसके साथ केवल एकमात्र शिक्षक कैसे 18 क्लास ले पाएंगे? इसके अतिरिक्त मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, डाक का जवाब और अन्य गैर शिक्षकीय कार्यों की जिम्मेदारी भी इन्हीं पर रहेगी। स्कूलों को जबरिया बंद किए जाने से न केवल शिक्षक बल्कि उन स्कूलों से संलग्न हजारों रसोईया, स्वीपर और मध्यान्ह भोजन बनाने वाली महिला स्व सहायता समूह की बहनों के समक्ष जीवन यापन का संकट उत्पन्न हो जाएगा। शिक्षा के स्तर पर बुरा असर पड़ना निश्चित है।इसके पहले भी रमन सरकार के समय भी 3 हजार स्कूलों को बंद किया गया था जिन्हे कांग्रेस की सरकार बनने के बाद फिर शुरु किया गया।

मरकाम ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि ही प्रदेश में शिक्षकों के 58 हजार से अधिक पद रिक्त हैं। युक्तियुक्तकरण से युवाओं के शिक्षक बनने का सपना भी टूट जाए गा।कांग्रेस पार्टी शिक्षा न्याय आंदोलन के तहत 5 जून से 10 जुलाई तक 10463 स्कूलों के बंद होने, शिक्षा अभ्यर्थियों के भविष्य को खतरे में डालने, हजारों शिक्षकों व नॉन टीचिंग स्टॉफ की नौकरियों व प्रमोशन को खतरे में डालने को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ़ 4 चरणों में प्रदेश भर में आंदोलन करेगी।

इस प्रेसवार्ता के दौरान ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला,पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व विधायक चंदन कश्यप,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता कोमल सेना, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, सुभाष गुलाटी,ब्लॉक अध्यक्ष सहदेव नाग, राजेश राय, पार्षद बलराम यादव,महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, ग्रामीण अध्यक्ष चंपा ठाकुर, प्रशांत जैन, असीम सुता,सुषमा सुता, महेश द्विवेदी,जस्टिन भवानी, शुभम यदु, ललिता राव, कमलेश पाठक, एस नीला, सायमा अशरफ,शादाब अहमद, खीरेंद यादव आदि मौजूद रहे…

बाढ़ एवं आपदा से उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित की जाए: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा

0
  • जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंध समिति की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की
  • किसी भी अपात स्थिति से निपटने हेतु पूरे समय मुस्तैद रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने दिए निर्देश

बालोद, 06 जून 2025 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में वर्षा ऋतु के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़ एवं आपदा के अलावा इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंध समिति की बैठक लेकर अधिकारियों को इस संबंध मंे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी लेकर उनके विभागों के द्वारा बाढ़ नियंत्रण आपदा प्रबंधन हेतु की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु का आगमन शीघ्र होने वाला है इसके फलस्वरूप समय रहते बाढ़ नियंत्रण आपदा प्रबंधन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बाढ़ नियंत्रण आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी अपात स्थिति से निपटने हेतु पूरे समय मुस्तैद एवं सजग रहकर अपने निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिससे की इस दौरान जरूरतमंद एवं प्रभावित लोगों को तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके। बैठक मंें अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक,  नूतन कंवर एवं  अजय किशोर लकरा सहित जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सेनानी नगर सेना, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग के अलावा तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले में स्थापित जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक को सार्वजनिक करने के अलावा इसे 24 घण्टे क्रियाशील रखने तथा पूरे समय ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के प्रत्येक तहसीलों में तत्काल जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर इसे 24 घण्टे क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में वर्षामापी यंत्रों की समुचित उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी लेते हुए सभी राजस्व निरीक्षक सर्कलों में अनिवार्य रूप से वर्षामापी यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने वर्षा ऋतु के दौरान आम जनता को अत्यधिक वृष्टि एवं बाढ़ के अलावा आकाशीय बिजली, जल जनित एवं मौसमी बीमारियों तथा सर्पदंश आदि से बचाव के संबंध में समुचित जानकारी प्रदान करने के निर्देश भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने इन सभी जानकारियों का समुचित प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी राजस्व एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस दौरान किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति निर्मित हो जाने पर प्रभावित लोगों को बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन तथा आरबीसी 6/4 के तहत तत्काल मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने तहसील स्तर पर गठित की जाने वाली कंट्रोल रूम का नंबर भी समुचित प्रचार-प्रसार करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को वर्षा के दौरान शीघ्र जल भराव वाले संवदेनशील नदी-नालों का नियमित रूप से जाँच कर इन नदी-नालों में समय पूर्व बचाव एवं सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को नदी-नालों एवं खेतों के किनारे स्थित स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर इन स्थानों में स्कूलों एवं आंगनबाड़ी के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान जिले के सभी ग्राम पंचायतों में जरूरतमंद लोगों के लिए न्यूनतम 01 क्विंटल अनाज की अनिवार्य रूप से उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य के दुकानों में जून से अगस्त माह तक के 03 माह के लिए राशन भंडारण करने की भी जानकारी दी।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने वर्षा ऋतु के दौरान जिले में आम जनता के लिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु की गई तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को समुचित तैयारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी पानी टंकी, कुएं आदि जल प्रदाय के सभी स्त्रोतों का अनिवार्य रूप क्लोरिनेशन करने को कहा। इसके अलावा वर्षा ऋतु के दौरान शाक-सब्जी, फल, हाॅटल, ठेले आदि में बिकने वाली खाद्य पदार्थों आदि का नियमित रूप से जाँच करने के निर्देश भी दिए। जिससे आम जनता को ताजे एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और बीमारियों की रोकथाम हो सके। श्रीमती मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वर्षा ऋतु के दौरान जिले के सभी चिकित्सालयों में दवाईयों की समुचित उपलब्धता के अलावा पूरे समय चिकित्सकों एवं चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के चिकित्सालयों में सर्पदंश से बचाव हेतु समुचित मात्रा में एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को बारिश के दौरान पशुओं में होने वाली बीमारियों की समय पर इलाज हेतु समय रहते दवाइयां आदि सभी आवश्यक चीजों का प्रबंध करने के निर्देश दिए। जिला सेनानी नगर सेना को बाढ़ एवं आपदा से उत्पन्न परिस्थिति से निपटने नाव, गोताखोर आदि की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिला सेनानी नगर सेना को समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की बैठक लेकर इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए।

 

पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कांग्रेसियों से करवाए सार्वजनिक स्थलों की जमीन पर कब्जे: निर्देश दीवान

0
  • मुंडागांव, सिवनी सहित कई गांवों में सार्वजनिक स्थलों, वनभूमि, राजस्व भूमि पर किया अतिक्रमण 

जगदलपुर जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने आरोप लगाया है कि नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने अपने कार्यकाल में पद का दुरुपयोग करते हुए भानपुरी क्षेत्र के मुंडागांव, सिवनी सहित कई गांवों में सार्वजनिक जमीन, राजस्व भूमि व वन भूमि पर अतिक्रमण करने के लिए अपने चहेते कांग्रेसियों को संरक्षण दिया। यही वजह है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हुए हैं।

जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस के तत्कालीन सरकार व पूर्व विधायक चंदन कश्यप पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा क्षेत्र में पूर्ववर्ती सरकार के संरक्षण में किए गए अवैध कब्जों को चिन्हाकित कर कानूनी रूप से अतिक्रमण हटाने का कार्य भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है, तो पूर्व विधायक को तकलीफ होने लगी है।

दीवान ने आगे कहा क्षेत्रीय प्रवास के दौरान ग्रामीणों द्वारा लगातार विभिन्न गांवों में अवैध कब्जा व वन भूमि के अतिक्रमण की शिकायत मिल रही है जिसकी जांच हेतु प्रशासन को भेजा गया है और विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है। इससे चंदन कश्यप के पेट में मरोड़ उठने लगा है।

रेत माफिया का हौसला बुलंद,चाकू मारकर फरार

0

दल्लीराजहरा :- जिले के रेत घाटों में नदी का सीना छलनी करते हुए रेत माफिया दिन रात अवैध उत्खनन कर रहे है ।बिना ठेका हुए वर्षों से खुलेआम रेत का खनन किया जा रहा है।इसके बावजूद जिले के भैंसमुंडी रेत खदान में गुरुवार देर शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आया है ।

बताया जा रहा है कि टोनी सरदार नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ खदान में पहुंचा और वहां चाकू से हमला कर मौके पर फरार होने में भी कामयाब भी हो गया ।इस दौरान जब लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दुर्ग जिले के उतई गांव का एक ग्रामीण गोपेन्द्र साहू चाकूबाजी की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका MLC किया गया।

देखा जाए तो रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हो रहे है । नदियों का सीना चीरकर सालभर तक रेत बिना रॉयल्टी के रेत खनन कर सरकार को करोड़ों का चुना लगा चुका हैं । यह खेल लगातार जारी हैं रेत माफिया जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भारी पड़ रहे हैं। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्यवाही केवल दिखावे के लिए की जा रही है।

MOST POPULAR

HOT NEWS