City Media - Page 250 of 1845 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 250

प्राथमिक व माध्यमिक शाला उसरी में विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

0
  • बच्चों ने बांधा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शानदार समां 

जगदलपुर ग्राम पंचायत उसरी की शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नव निर्वाचित सरपंच मंदेश मौर्य एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय के प्रधानाध्यापक भूपेंद्र झाड़ी ने अतिथियों का स्वागत किया और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गायन, कविता पाठ एवं नाट्य प्रस्तुति में बच्चों ने शानदार प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों ने स्कूल के अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की और विद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को याद किया।सरपंच मंदेश मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए यह संकल्प दिलाया कि वे अपने जीवन में उच्च आदर्शों का पालन करेंगे। सरपंच ने विद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। युवा प्रकोष्ठ के सदस्य थबीर कश्यप ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयासरत रहने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।

सम्मान एवं पुरस्कार वितरण

समारोह के अंत में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। प्रधान अध्यापक भूपेंद्र झाड़ी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों और अभिभावकों का आभार प्रकट किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर अभिभावक, ग्रामवासी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह विदाई समारोह न केवल छात्रों के लिए यादगार बना बल्कि समाज और शिक्षा के प्रति नव निर्वाचित सरपंच एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों की प्रतिबद्धता को भी दर्शा गया। इस दौरान सरपंच मंदेश मौर्य, पूर्व जनपद सदस्य लखेश्वर कश्यप, पूर्व सरपंच झुलकू राम मंडावी, रतिराम कश्यप, सुखराम कश्यप, रतिराम कश्यप, मनीराम, सोमारु, थबीर कश्यप, चैतूराम, दया कश्यप, मंगतू, रतू,मोहन, पंडरू, लछीन,भारत, मंचित, ईश्वर, लक्ष्मण, राजू, सुकरू, संजू, कमलोचन, भारत, समस्त ग्रामवासी एवं छात्र- छात्राएं व समस्त गुरुजन उपस्थित रहे।

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान का यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल होना बस्तर के लिए गौरव: किरण देव

0
  • प्राकृतिक वन संपदा ही बस्तर की पहचान: देव

जगदलपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को यूनेस्को की विश्व धरोहर की सूची में अस्थाई तौर पर शामिल किए जाने पर खुशी जताई है।

किरण सिंह देव ने कहा कि यह हमारे बस्तर वासियों के लिए बड़े ही गर्व का विषय है कि विश्व पटल पर बस्तर की पहचान अपने प्राकृतिक वन संपदा से संपन्न, साल वनों के नाम से प्रसिद्ध बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को विश्व धरोहर सूची में अस्थाई रूप से शामिल किया गया है। किरण देव ने कहा यह बस्तर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए ऐतिहासिक समय है। कांगेर घाटी लगभग 200 वर्ग किलोमीटर में विस्तारित है। यह देश व विदेश के पर्यटकों और जैव विविधता के अध्ययन के लिए आदर्श स्थल है। कांगेर घाटी अपने अद्भुत, अद्वितीय जैव विविधताओं, प्राकृतिक सुंदरता शानदार जलप्रपातों के लिए प्रसिद्ध है। यह स्थल प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र और स्वर्ग जैसा है ।

शहर के दो वार्डों में एनीमिक पाए गए 62 लोग, 3 मिले मोतियाबिंद पीड़ित

0
  • स्वास्थ्य विभाग ने लगाया वृहद स्वास्थ्य शिविर

जगदलपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के निर्देशानुसार 12 मार्च को सुबह 10 बजे से धरमपुरा-1 अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड और कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में सामान्य सर्दी, खांसी, बुखार त्वचा संबंधी बीमारी, खुजली, बीपी, शुगर, अन्य सभी बीमारियों की जांच के बाद उपचार किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक ने शिविर का जायजा लिया और बताया कि आउटरीच कैंप पहुंच विहीन और झुग्गी झोपड़ी बस्तियों में लोगों के बीच जाकर उन्हें स्वास्थ्य लाभ देने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉक्टर केएम गुप्ता एमडी मेडिसिन, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों से डॉ. बेविन सुनील चाको, डॉ. मोमिता बसाक, डॉ. अंकिता पांडे, डॉ रेखा चौहान, और अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। इस मौके पर सीएमएचओ के साथ नोडल पीएनडीपी डॉ. श्रेयांशवर्धन जैन, डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी, जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद शकील खान, महेंद्र पांडे मौजूद रहे। शिविर में 187 मरीजों का पंजीयन किया गया था। 93 मरीजों की बीपी जांच की गई, जिनमें 27 लोग उच्च रक्तचाप के मरीज़ मिले। 93 लोगों की शुगर जांच की गई, 33 मधुमेह के मरीज निकले।लकवा के 4, गठिया वात के 18, कंधा व गर्दन दर्द के कुष्ठ के 1, कमजोरी के 11 मरीज पाए गए। 27 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें 3 लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चिन्हित किय गया, और 11 लोगो को चश्मा वितरित किए गए। 41 लोगो का हीमोग्लोबिन जांच की गई। 62 लोगों का सिकलसेल, 14 मलेरिया जांच के साथ

7 गर्भवती और 9 शिशुवती माताओं, समान्य सर्दी, खासी, बुखार के अलावा अन्य मरीजों का लक्षण के आधार पर उपचार दिया गया। शिविर में कुशाभाऊ ठाकरे वॉर्ड के पार्षद पूनम सिन्हा और अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड के पार्षद बसंती समरथ ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने वार्ड के लोगों को प्रोत्साहित कर शिविर का लाभ दिलाया।

इस शिविर में डाक्टरों के अलावा नेत्र चिकित्सा अधिकारी जयंत देशमुख, सुपरवाइजर नरेश मरकाम, प्रशांत श्रीवास्तव स्टाफ नर्स सुमन मौर्य फार्मासिस्ट युवराज, लैब टेक्नीशियन दिनेश सलाम एएनएम तामेश्वरी मरावी संगीता राय अनुषा सिंह एमपीडब्ल्यू शैलेंद्र सिंह और मोहन कश्यप, बंसीलाल सेठिया, संदीप गोलधर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा और मितानिनों का सहयोग रहा।

टीएस को मिली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की कमान, बैज हटाए गए

0
  • एआईसीसी ने अचानक छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदला

हाेस न्यूज: रायपुर – विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद अंतत: एआईसीसी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की छुट्टी करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को इसकी कमान सौंप दी है। छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की कमान मिलने के बाद टीएस को अब पार्टी को एकजूट करने कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।

 

दिल्ली में विधानसभा और लोकसभा चुनाव के हार की समीक्षा के दौरान ही पार्टी हाईकमान को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के संबंध में टीएस सिंहदेव ने इच्छा व्यक्त की थी। तब से प्रदेश में उनका नाम अध्यक्ष पद के लिए तय होने के कयास लगाए जा रहे थे। एआईसीसी ने पिछले दिनों दीपक बैज को दिल्ली बुलाया था, इस दौरान राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने का आदेश पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जारी कर दिया है। अचानक लिए गए निर्णय के पूर्व एआईसीसी ने अन्य प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्षों को चुनाव में प्रदर्शन के बाद बदले जाने का हवाला दिया है।

बड़े भाई संभालेंगे पीसीसी की कमान-भूपेश 

टीएस को अध्यक्ष बनाए जाने पर भूपेश बघेल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, यह खुशी की बात है कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस का मुखिया बनाया गया है। पूर्व में मैंने जिस पद को संभाला उसे अब मेरे बड़े भाई टीएस सिंहदेव संभालने जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए हमने विधानसभा सभा चुनाव में जीत दर्ज की और पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया। अब टीएस को भी उसी तरह मेहनत कर पार्टी को जिताना है। ऐसा करने से उनके दिल में मुख्यमंत्री बनने की जो हसरत थी वह पूरी होगी।

पार्टी को नई दिशा देने का प्रयास करूंगा-टीएस

टीएस सिंहदेव ने पीसीसी अध्यक्ष की कमान मिलने पर कहा, पार्टी को नई दिशा देने का प्रयास करूंगा। पार्टी में गुटबाजी खत्म कर पार्टी नेताओं को एकजूट कर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जन आंदोलन कर जनता तक कांग्रेस पार्टी की आवाज पहुंचाने का प्रयास होगा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे। पीसीसी अध्यक्ष बनने के बाद अपनी टीम तैयार करने का काम जल्द होगा।

टीएस को शुभकामनाएं-बैज

पूर्व पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने टीएस सिंहदेव को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, पार्टी हाई कमान ने जो निर्णय लिया है उससे वे खुश हैं। आगे पार्टी को संगठन के गतिविधियों में सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद पार्टी को भाजपा सरकार के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़कर कार्यकर्ताओं को एकजूट करने का प्रयास किया।

साय मंत्रिमंडल का पुर्नगठन, तीन नए मंत्री बनाए गए, अमर, पुरंदर और गजेंद्र लेंगे शपथ

0
  •  साय मंत्रीमंडल में होंगे अब 14 मंत्री

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल में पुर्नगठन करते हुए तीन नए मंत्रियों को शामिल किया है। अब उनके मंत्रिमंडल में 14 मंत्री हो जाएंगे। नए मंत्री के रूप में अमर अग्रवाल्र, पुरंदर मिश्रा और गजेंद्र यादव को शामिल किए जाएगा। तीनों नए मंत्रियों को राज्यपाल जल्द शपथ दिलाएंगे।

प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के 15 माह का कार्यकाल पूरा होने के बाद तीन मंत्रियों को शामिल कर कैबिनेट को पूरा किया जा रहा है। मंत्रिमंडल में रिक्त तीन मंत्रियों के पदाें को भरने का निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने लिया है। राज्य संगठन से परामर्श करने के बाद सभी जिलों को प्रतिनिधित्व और जातीय समीकरण के आधार पर तीन विधायकों को इस पद पर नियुक्त किए जाने की सिफारिश की गई है। इनमें बिलासपुर से विधायक अमर अग्रवाल, रायपुर उत्तर से विधायक पुरंदर मिश्रा और दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव को शामिल किए जाने पर पार्टी ने मुहर लगाई है। बताया जाता है कि वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल अपने दोनों कार्यकाल के दौरान मंत्री रहे। पिछली बार वे चुनाव हार गए थे। वहीं गजेंद्र यादव को आरएसएस कोटे से मंत्री बनाया जा रहा है।

अब 14 मंत्री होंगे

छत्तीसगढ़ में राज्य बनने के बाद से मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री कैबिनेट में लिए जाते रहे हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि साय कैबिनेट में 14 मंत्री शामिल किए जा रहे हैं। हरियाणा राज्य के फार्मुले को छत्तीसगढ़ में लागू किए जाने का निर्णय पार्टी ने लिया है।

मंत्रियों के विभागों में भी होगा फेरबदल

नए मंत्री बनाए जाने के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का भी बंटवारा होगा। अब तक कई बड़े विभाग उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप के पास थे। वहीं मुख्यमंत्री के पास पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के विभाग का दायित्व है। ना मंत्रियों को विभाग बंटने के बाद कई मंत्रियों के पास से बड़े विभाग वापस लेकर नए लोगों को दिए जाएंगे।

राजधानी रायपुर को मिला नेतृत्व

प्रदेश की सियासत का केंद्र माने जाने वाले राजधानी रायपुर को पुरंदर मिश्रा के रूप में एक नया मंत्री मिलने से रायपुर का कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलेगा। उल्लेखनीय है कि रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल को मंत्री बनाया गया था। लोकसभा चुनाव में उन्हें रायपुर लोकसभा से सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। तब से रायपुर से एक मंत्री बनाए जाने की चर्चा हो रही थी। रायपुर शहर की चारों सीटों में भाजपा ने परचम लहराया है उसे लिहाज से भी यहां से मंत्री बनाने पार्टी पर दबाव था। विष्णुदेव साय ने इस कमी को पूरा करने का प्रयास किया है।

अजय, कौशिश और मूणत सहित कई चुके

मंत्रिमंडल में स्थान पाने के लिए कई वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्रियों ने जोर लगाया था। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने कैबिनेट में नए लोगों को मौका देकर इन कई वरिष्ठ विधायकों को कैबिनेट में नहीं लिया था। मंत्री बनने के लिए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पुन्नू लाल मोहिले, धरम लाल कौशिक और राजेश मूणत के नामों की चर्चा थी। इन नेताओं ने मंत्री बनने के लिए कई बार दिल्ली जाकर भाजपा के केंद्रीय नेताओं से मिलकर अपनी बात भी रखी थी।

चुनाव जीतते ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य

0
  •  क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में सहभागी बन रहे हैं मौर्य
  • चुनाव जीतने के बाद से लगातार पहुंच रहे हैं गांवों में, हो रहा है भव्य स्वागत

बकावंड जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य चुनाव जीतने के बाद से ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। वे लगातार अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे अपने जिला पंचायत क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर जनसंपर्क अभियान तेज कर चुके हैं। सुख-दुख में शामिल होने से लेकर नामकरण समारोह तक, कोई भी कार्यक्रम छोड़ने से परहेज नहीं कर रहे हैं कर्मठ जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य।

जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य जनसंपर्क के दौरान मिल रही समस्याओं और आवश्यकताओं को डायरी में नोट कर त्वरित समाधान भी करवाने लगे हैं। उनकी इसी कार्यशैली के चलते ग्रामीणों में उनके प्रति जबरदस्त उत्साह और समर्पण की भावना देखी जा रही है। जगह-जगह उनके स्वागत में पुष्प वर्षा की जा रही है, और लोग अपने नेता को देखकर खुशी जाहिर कर रहे हैं। लगभग 40 वर्षों के राजनीतिक अनुभव के साथ बनवासी मौर्य अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं। जनता के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता से स्पष्ट है कि वे अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ बना चुके हैं।

बस्तर ओलंपिक के विजेता खिलाड़ियों का खेल अकादमियों में चयन

0
  • बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों के खिलाड़ी शामिल 

जगदलपुर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यहां दिसंबर माह में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक खेल प्रतियोगिता के हॉकी बालक-बालिका वर्ग, तीरंदाजी बालक बालिका वर्ग,एवं कबड्डी बालिका वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है।

रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी में तीरंदाजी एवं हॉकी तथा बहतराई, बिलासपुर के आवासीय खेल अकादमी में हॉकी, तीरंदाजी एवं कबड्डी बालिका के खिलाड़ियों को प्रवेश देने की अनुमति प्रदान दी जाएगी। उक्त अकादमियों में खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षण (विद्यालय, प्रवेश एवं शिक्षण व्यय), खेल परिधान, आधुनिक खेल प्रशिक्षण, शिष्यवृत्ति इत्यादि सुविधाएं प्रदान की जाएगी। इस में संबंधित जिलों के सहायक संचालक, खेल अधिकारी, खिलाड़ियों से संपर्क कर सहमति एवं खिलाड़ियों से दस्तावेज प्राप्त कर खेल अकादमी में प्रवेश संबंधी जानकारी 31 मार्च तक संचालनालय को उपलब्ध कराएंगे। खिलाड़ियों को 2025-26 में 1 अप्रैल से प्रवेश दिया जाना प्रारंभ किया जाएगा। बस्तर जिले के 36 बालक बालिका हॉकी खिलाड़ियों, कांकेर जिले की 10 बालिका कबड्डी खिलाड़ियों और तीरंदाजी से दंतेवाड़ा जिले के आठ एवं बीजापुर जिले के 4 बालक बालिका खिलाड़ियों का चयन खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए हुआ है।

आजादी के 76 साल बाद भी नहीं मिल पाई नलपावंड के ग्रामीणों को जल संकट से आजादी

0
  •  अधिकारी और नेता पिला रहे हैं आश्वासन की घुट्टी
  • उड़ीसा बॉर्डर से सटे गांव में पानी की किल्लत, नल-जल योजना फेल

अर्जुन झा

बकावंड हमारे भारत देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुए भले ही 76 साल से भी ज्यादा लंबा अरसा गुजर चुका है, मगर आजाद भारत के कई गांव आज भी जल संकट की गुलामी से आजाद नहीं हो पाए हैं। इन्ही बदनसीब गांवों में शुमार है ग्राम नलपावंड। यहां न नल है न जल। ग्रामीण पानी के लिए बड़ी त्रासदी के दौर से गुजर रहे हैं।

बस्तर जिले की बकावंड जनपद पंचायत के अधीन ग्राम पंचायत नलपावंड के कई मोहल्ले आज भी मूलभूत सुविधाओं से पूरी तरह वंचित हैं। खासकर इस पंचायत के नाकापारा, तल सुंडीपारा और पटेल पारा के ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी में पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बलराम बिसाई, लुदर सिंह सेठिया, लिमीबती सेठिया, दयादान सेठिया, गणेश नाग समेत कई लोगों ने ग्राम पंचायत सचिव से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। बड़ी आबादी वाली इन बस्तियों के लोगों को नल जल योजना का लाभ मिलना बंद हो गया है। ग्राम पंचायत नलपावंड की आबादी करीब 1200 है और इसमें चार बड़ी बस्तियां नलपावंड पुजारी पारा, पटेल पारा, आवास प्लाट पारा और नाकापारा शामिल हैं। इनमें से नाकापारा, तल सुंडीपारा और पटेल पारा के लोग हर साल पानी के लिए दर दर भटकने को मजबूर हो जाते हैं। ग्राम पंचायत द्वारा नल जल योजना के तहत निजी भूमि पर बोर करा कर पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन जब पंचायत और ज़मीन मालिक के बीच विवाद हो जाने के बाद से पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। इस कारण ग्रामीणों को पीने और निस्तार के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है

प्रशासन है बेपरवाह

ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में नेताओं द्वारा वादे तो किए जाते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता। अधिकारियों के समक्ष कई बार शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। उड़ीसा राज्य की सीमा से लगे होने के कारण नलपावंड में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और दूसरे विभागों के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों का बहुत ही कम आना-जाना होता है, जिससे समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने कर लिए मजबूर हो जाएंगे।

वर्सन

पीएचई में करें शिकायत

मामला पीएचई विभाग से जुड़ा है, ग्रामीणों को पीएचई के अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए, हम भी अपने स्तर पर समस्या के समाधान के लिए जरूर प्रयास करेंगे।

पारेश्वर कुर्रे,

    सीईओ, जनपद पंचायत बकावंड

एक लाख रूपए के ईनामी डीएकेएमएस अध्यक्ष सहित 5 नक्सली गिरफ्तार

0
  • नक्सल प्रचार सामग्री और पांपलेट किए गए बरामद 

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक लाख का ईनामी डीएकेएमएस अध्यक्ष भी शामिल है।

थाना उसूर से पुलिस बल, सीआरपीएफ 229वीं वाहिनी, कोबरा 201वीं 205वीं एवं 206वीं बटालियन की संयुक्त टीम नेलाकांकेर, मारूड़बाका, कमलापुर की ओर अभियान पर निकली थी। अभियान एवं सर्च के दौरान मारूड़बाका के जंगल से 5 संदिग्धों को प्रतिबंधित नक्सली संगठन की प्रचार प्रसार सामग्री, पाम्पलेट एवं बैटरी के साथ पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों में नारायण भंडारी मारूड़बाका डीएकेएमएस अध्यक्ष ईनाम 1 लाख रूपये, धरमा काका मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य, नीला काका मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य, किस्टा ध्रुवा मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य, रामबाबू पुनेम मारूड़बाका आरपीसी मिलिशिया सदस्य शामिल हैं। पकड़े गये नक्सलियों के कब्जे से नक्सली पाम्पलेट, एवररेडी बैटरी छोटी एवं बड़ी बरामद की गई। पकड़े गए नक्सलियों के खिलाफ थाना उसूर में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया।

जनजातीय छात्र संसद दिल्ली में यंगस्टर्स ने पहुंचाई बस्तर की आवाज

0
  • जनजातीय छात्र संसद में शामिल हुए बस्तर के शैलेष, गौरव और कमला

जगदलपुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केंद्रीय नेतृत्व द्वारा एक दिवसीय जनजातीय छात्र संसद का आयोजन दिल्ली में किया गया। इसमें अभाविप राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य एवं बस्तर विभाग संयोजक शैलेश ध्रुव, बस्तर जिला संयोजक गौरव भवानी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमला मौर्य समेत बस्तर के अन्य विद्यार्थी भी शामिल हुए।

अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं बस्तर विभाग संयोजक शैलेष ध्रुव ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केंद्रीय नेतृत्व द्वारा 1 दिवसीय जनजातीय छात्र संसद का आयोजन 9 मार्च को दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में किया गया था। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर के छात्र प्रतिनिधि, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और समाजसेवी एक मंच पर इकट्ठा हुए। जहां वह शिक्षा, नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस छात्र संसद का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का अहसास दिलाना था। छात्र युवा संसद में देशभर से वनवासी क्षेत्रों के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। यह संसद मुख्य रूप से जनजातीय समाज की शिक्षा, उनके अधिकारों की रक्षा, रोजगार के अवसरों और उनकी सामाजिक तथा आर्थिक स्थिति पर चर्चा की गई। जनजातीय छात्र संसद में 124 से अधिक जनजातियों के छात्र शामिल हुए। जिनमें धुरवा, बैगा, शहरिया, मारिया और मोडिया, मुरिया जैसी अति पिछड़ी जनजातियों के छात्र भी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं पर विचार मंथन किया गया। केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके इस सत्र के मुख्य अतिथि थे और जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु केंद्र की नीतियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इससे पूर्व जनजातीय छात्र संसद वर्ष 2015 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। जिसमें पूरे देश भर से जनजाति छात्र उपस्थित रहे। जिन्होंने पूरे देश भर की जनजातीय क्षेत्रों की समस्यायों पर चर्चा की एवं उनके समाधान के लिए प्रस्ताव पारित किया। छत्तीसगढ़ के बस्तर से शैलेश ध्रुव जनजातीय क्षेत्र में रोजगार की स्थिति एवं संभावनाएं विषय के प्रस्ताव के प्रस्तावक रहे। अभाविप राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी, अखिल भारतीय जनजाति कार्य प्रमुख प्रमोद रावत, अखिल भारतीय जनजाति कार्य सह प्रमुख नीलेश सोलंकी एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी की विशेष उपस्थित थी।

MOST POPULAR

HOT NEWS