City Media - Page 404 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 404

शराब दुकान का सिक्योरिटी गार्ड ही करने लगा शराब तस्करी

0

जगदलपुर नगर की एक सरकारी शराब दुकान का सिक्योरिटी गार्ड शराब तस्करी के मामले में पकड़ा गया है। वह शराब तस्करी करते कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ा है। मगर पुलिसिया कार्रवाई में यह जानकारी छुपाई गई है, जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

नगर के बस स्टैंड रोड़ स्थित शासकीय शराब की दुकान के बाहर निजी सुरक्षाकर्मी मोहन सिंह ठाकुर को बस स्टैंड की शराब दुकान से 24 नग गोवा स्पेशल व्हीस्की ले जाते पकड़ा गया है। जप्त शराब की कीमत 3120 रुपए है। उससे नगदी 260 रुपए भी जप्त किए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने शराब तस्कर को तो पकड़ लिया किंतु ईमानदारी से जांच नहीं की कि उसने शराब किस दुकान से खरीदी और उस शराब का बैच नंबर क्या है? शराब तस्करी करने वाला गांव का है लेकिन शराब दुकान के बाहर चौकीदारी करते -करते वह शराब तस्कर बन गया। ऐसा प्रतीत होता है कि शराब दुकान के कर्मचारियों की सांठगांठ कर वह शराब तस्कर बन गया है।

अब शहर में आवारगी नहीं कर पाएंगे स्ट्रीट डॉग्स, नगर निगम ने शुरू की आवारा कुत्तों की नसबंदी

0
  • जगदलपुर में बढ़ गई है आवारा कुत्तों की आबादी
  • श्वान नसबंदी पर खर्च होंगे लाखों रुपए, कहां है फंड? 

अर्जुन झा

जगदलपुर मेटिंग सीजन में जगदलपुर शहर के स्ट्रीट डॉग्स आवारगी नहीं कर पाएंगे। जिस तरह देश में इमरजेंसी के दौरान लोगों को धर पकड़ कर उनकी जबरिया नसबंदी कराई जा रही थी, वैसा ही आपातकाल अब जगदलपुर के कुत्तों के लिए भी लागू हो गया है। ऐन मेटिंग सीजन में बेचारों की पकड़ पकड़ कर नसबंदी की जाने लगी है। उनके लिए यह इमरजेंसी नगर निगम प्रशासन ने लागू की है।

जगदलपुर में कुत्तों की आबादी में तेजी से इजाफा हुआ है। ज्यादातर कुत्ते मछली मटन और चिकन मार्केट में देखे जाते हैं। इसके अलावा मांसाहारी होटलों के आसपास भी बड़ी संख्या में कुत्ते मंडराते रहते हैं। आवारा कुत्ते हिंसक भी हो चले हैं। नगर में कुत्तों के हमलों और काटने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। आवारा कुत्ते बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा निशाना बनाते हैं। ये कुत्ते मवेशियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। रात के समय ये कुत्ते कुछ ज्यादा ही आक्रामक हो उठते हैं और साईकिल अथवा बाईक से जा रहे लोगों को काफी दूर तक दौड़ाते हैं। इस चक्कर में कई बार वाहन चालक गिरकर बुरी तरह जख्मी हो जाते हैं, हाथ पैर भी तुड़वा बैठते हैं। अब नगर पालिक निगम प्रशासन ने शहर के लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने का बीड़ा उठाया है। नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों के बधियाकरण यानि नसबंदी और टीकाकरण के लिए 9 सितंबर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस कार्य के लिए भिलाई दुर्ग के संस्था एनिमल केयर सर्विस द्वारा कुत्तों को पकड़ कर उनका बधियाकरण एवं टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य की शुरुआत संजय बाजार क्षेत्र से की गई है। इस अभियान के तहत पूरे शहर के सभी वार्डो से आवारा कुत्तों पकड़ कर उनका बधियाकरण एवं टीकाकरण किया जाएगा इसके अतिरिक्त अगर किसी भी शहर वासी को आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायत हो तो नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में सम्पर्क कर सकते हैं।

प्रति कुत्ता 1 हजार का खर्च

कुत्तों की नसबंदी पर बड़ी रकम खर्च होती है। कुत्तों को पकड़ कर नसबंदी वाली जगह पर लाने, उनकी नसबंदी करने, फिर डाइट देने, एंटी रैबिज टीका लगाने, जब वह स्वस्थ महसूस करने लगे तब उसे छोड़ने आदि प्रक्रियाओं पर प्रति कुत्ता लगभग एक हजार रुपए का खर्च आता है। एक अनुमान के मुताबिक पूरे जगदलपुर में लगभग 3 हजार आवारा कुत्ते हैं। इस लिहाज इन सारे कुत्तों की नसबंदी पर तीस लाख रुपए खर्च होंगे। जिस शहर में नागरिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रकम के लाले पड़े हों, उस शहर में कुत्तों पर तीस लाख रुपए फूंकना मायने रखता है। वैसे जन स्वास्थ्य की दृष्टि से यह गलत नहीं है, क्योंकि कुत्ते का काटा पानी भी नहीं मांगता।

छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल, अपराधी हो गए हैं बेखौफ: मलकीत सिंह गैदू

0
  • गुंडाराज, रेत, सीमेंट में लूट के खिलाफ कांग्रेस करेगी 12 को धरना प्रदर्शन 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के संरक्षण में छत्तीसगढ़ मेंगुंडाराज कायम होने, रेत की लूट मचने और सीमेंट दर में वृद्धि कर आम जनता से लूट करने का आरोप ल

गाते हुए 12 सितंबर को प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा है कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को गुंडाराज की आग में झोंक दिया है। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। यहां दुराचार, लूट, हत्याओं के मामले बेतहाशा बढ़ गए हैं। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बहन बेटियों की इज्जत लूटने वाले अपराधी तत्वों को भाजपा नेता खुलकर संरक्षण दे रहे हैं। श्री गैदू ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत माफिया छत्तीसगढ़ की नदियों को छलनी कर रहे हैं। मलकीत सिंह गैदू ने कहा है कि सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र से शबरी नदी से बड़े पैमाने रेत का खनन व भंडारण कर रेत की तस्करी तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में की जा रही है। रेत के काले खेल का भंडाफोड़ करने गए बस्तर के वरिष्ठ पत्रकारों को मोदी सरकार के सहयोगी दल की तेलंगाना सरकार की पुलिस झूठे मामले में फंसाकर जेल में डाल देती है। भाजपा की सदस्यता लेने से इंकार करने पर कॉलेज स्टूडेंट्स को मारा पीटा जाता है। इसका विरोध करने पर हमारे छात्र संगठन एनएसयूआई के युवा नेताओं से मारपीट की जाती है और भाजपा सरकार की पुलिस मार खाने वालों को ही गुनहगार साबित करने पर तुल जाती है। प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि पीड़ित छात्रों को इंसाफ दिलाने के लिए हमारे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जी को पांच घंटे तक थाने पर धरना देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह अराजकता का चरम है। मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि राज्य सरकार ने सीमेंट की प्रति बोरी दर 50 रुपए बढ़ाकर खुद का मकान बनाने की सोच रहे नागरिकों के सपनों को कुचल दिया है।  गैदू ने बताया कि इन सारे मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धरना प्रदर्शन की रुपरेखा तैयार की है। श्री बैज के निर्देशानुसार 11 सितंबर को सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष अपने जिलों के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों व वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को सभी जिला मुख्यलयों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं अनुशासन) मलकीत सिंह गैदू ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को सर्कलर जारी कर दिया है।

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के जमीनी क्रियान्वयन का लिया जायजा

0
  •  डायरेक्टर डॉ. महिमा चौधरी ने किया निरीक्षण

किलेपाल डॉ पीजे भुइंया एनवीबीडीसीपी की एडिशनल डायरेक्टर एवं राष्ट्रीय मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम भारत सरकार की सलाहकार डॉ. महिमा चौधरी ने किया बड़े बोदेनार उप स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र का निरीक्षण किया।

एनवीबीडीसीपी की केंद्रीय टीम, राज्य व जिले की टीम मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत सीधे संपर्क में हैं। मैदानी कर्मचारियों और राज्य की गतिविधियों को बारीकी से देखने बास्तानार ब्लाक के उप स्वास्थ्य केंद्र हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बड़े बोदेंनार पहुंची केंद्र की टीम ने यहां भ्रमण सह निरीक्षण किया।जिसमें मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़, स्रोत नियंत्रण, नियमित पारा भ्रमण, मच्छरदानी की उपयोगिता, स्टॉक रजिस्टर, एम-1 रजिस्टर, मितानिन द्वारा तैयार मलेरिया पॉजिटिव रोगियों की सूची का अवलोकन किया और मितानिनों से मलेरिया सम्बंधी चर्चा की। साथ ही निर्देश दिया कि समस्त संस्था में पाए गए मलेरिया पॉजिटिव रोगियों की निगरानी, खाली पब्लिक रजिस्टर पैकेट संग्रह कर प्रतिदिन एमएमसी ग्रुप बास्तानार में भेजना सुनिश्चित करें। इस दौरान एडिशनल डायरेक्टर डॉ. महिमा चौधरी, एनवीबीडीसीपी के रिजनल डायरेक्टर डॉ. संदीप जगदंनड़े, डॉ जितेंद्र कुमार स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर मलेरिया रायपुर डॉ. जितेंद्र कुमार, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय बसाक, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम कुमार टेकाम, ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर अर्जुन नेताम की संयुक्त टीम ने भ्रमण किया। वही सेंटर के सीएचओ सीमा मौर्य, रोशामा लकरा, लोकेश मौर्य व एमटी मितानिन उपस्थित रहे।

गंगा मुंडा तालाब की स्वछता के लिए जुटे पर्यावरण प्रेमी

0
  •  बीते 10 हफ्ते से हर रविवार कर रहे हैं श्रमदान 
    जगदलपुर गीता-वासुदेव वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी के सदस्यों और वार्डवासियों द्वारा गंगा मुंडा स्वच्छता अभियान के तहत दसवें रविवार 8 सितंबर को प्रातः 7 से 10 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
    स्वच्छता अभियान के तहत घाटों की सफाई वा उसके किनारे उगी हुई गैर जरूरी घास फूस, पौधों, झाड़ियों, खर पतवार को साफ किया गया। प्लास्टिक व शराब की बोतलें, झिल्ली -पन्नी, खराब कपड़े अन्य कचरे आदि निकले गए। मंदिरों की वा धार्मिक तीज त्योहारों के समय की पूजन सामग्री जो तालाबों में विसर्जित की जाती है, तालाब से निकली गई। सबको साफ कर घाट के ऊपर एक कोने पर एकत्रित किया गया। तालाब के चारों तरफ चार-पांच मंदिर हैं। यह ऐतिहासिक बड़ा तालाब होने के कारण अनेक प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान व कार्यक्रमों से बची हुई सामग्री को लोग वहीं पर विसर्जित कर देते हैं। इससे भी तालाब को बहुत ज्यादा पर्यावरणीय नुकसान पहुंच रहा है। समिति के सदस्यों ने लोगों को वहां कचरा न फेंकने की सलाह घर-घर जाकर दी व स्वच्छता जागरण अभियान चलाया।गीता वासुदेव वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना व श्रेष्ठ नागरिक होने की जिम्मेदारी का निर्वाह करने के लिए प्रेरित करना, परिवार समाज आदि को जन जागरण अभियान के तहत सजग कर स्वच्छता के बारे में बताना वा उसके फायदे से अवगत कराना है।

निजी खर्च से मुहिम
वस्तुतः सीमित साधनों वा व्यक्तिगत राशि से संचालित वेलफेयर सोसाइटी का यह प्रयास की लुप्त होते गंगा मुंडा तालाब को सुरक्षित व संवर्धित कर उसके सौंदर्यीकरण के प्रति शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। रविवार के कार्यक्रम में बड़े उत्साहपूर्वक समिति के सदस्यों व समाज के लोगों ने सफाई अभियान में भाग लिया। यह अभियान निरंतर चलता रहेगा, ताकि इस शहर के मात्र बचे हुए दो तालाब में दूसरा सबसे बड़ा ऐतिहासिक तालाब को सुरक्षित किया जा सके। यहां पर यह बात बहुत अहम है कि उस पूरे इलाके का जल भूस्तर इसी तालाब की वजह से बना रहता है, जो अब पूरी तरह गंदगी की वजह से गंगा मुंडा की जगह गंदा बनता जा रहा है।अभियान में गीता-वासुदेव वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डीके पाराशर, उपाध्यक्ष अजय पाल सिंह जसवाल, पूनम शर्मा, दीपक साहू, पांडव भोल, सादिक सिद्धकी, वीरेंद्र बहोते, रजनीश आचार्य, एस.आर साहू, विजय डड़सेना, दीपक सुंदरानी, टीके मिश्रा, दीपक श्रीवास्तव, एसके पॉल, बीटी विश्वास, हरिशंकर झा, आर. मरकाम, एसआर साहू, हीरामन कुकड़े, राहुल उपाध्याय, शेख फारूक आदि ने अपना भरपूर सहयोग दिया।

छत्तीसगढ़ में इमरजेंसी जैसे हालात, राजयपाल को लेनी पड़ रही जिलों में बैठकें: दीपक बैज

0
  •  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर बोला हमला 
  • साय सरकार हो गई है असहाय: दीपक बैज 

अर्जुन झा

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा है कि राज्य में इमरजेंसी जैसे हालात हैं, साय सरकार असहाय हो गई है, सारी व्यवस्थाएं सरकार के हाथों से निकल गई हैं। इसीलिए राजयपाल को जिलों में जाकर समीक्षा बैठकें लेनी पड़ रही हैं।

दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार नहीं चला पा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। अपराधियों का बोलबाला है। आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा इजाफा हुआ है। सत्तारूढ़ दल के विधायक, सांसद भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आपराधिक घटनाओं के प्रति आगाह करते हुए उन पर नियंत्रण और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग कर रहे हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस शुरू से सरकार को चेताते आ रही है, अब भाजपाई जनप्रतिनिधि भी ऐसा कर रहे हैं। दुर्ग के सांसद विजय बघेल के बयान का जिक्र करते हुए दीपक बैज ने कहा कि चुनावी वादों और मोदी की गारंटी को पूरा करने में भी साय सरकार विफल रही है। रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सीमेंट की दर एकमुश्त 50 रुपए प्रति बोरी बढ़ाने का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। दीपक बैज ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल है। इसे देखते हुए ही केंद्र सरकार ने नए राजयपाल की यहां नियुक्ति की है। आलम यह है कि राजयपाल को जिलों में जाकर समीक्षा बैठकें लेनी पड़ रही हैं। दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ गर्त की ओर जा रहा है। राज्य को बचाने के लिए कांग्रेस हर कदम उठाने तैयार है।

संयुक्त पीएमटी छात्रावास धरमपुरा- 3 में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत

0
  •  नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी 

जगदलपुर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संयुक्त बालक बालिका छात्रावास धरमपुरा जगदलपुर में नव प्रवेशी छात्र छात्राओं का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप अति विशिष्ट अतिथि हुंगाराम मरकाम, विशिष्ट अतिथि डॉ सुशील दत्ता थे।अध्यक्षता गणेश शोरी ने की।

इस दौरान दीपक मौर्य, छात्रावास संरक्षक नवीन बेघल, श्री जंगम, आशोमती कश्यप, वेदिका पाटिल, पार्वती मैम, सोनू कश्यप, चैईत कश्यप, माखनलाल मरकाम, राकेश मरकाम भैरम कश्यप, मंगल कश्यप, अमृत मौर्य, समस्त महाविद्यालय प्रोफेसर और छात्रावास संरक्षक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ छात्र उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों द्वारा माई दंतेश्वरी व सरस्वती एवं बाबा साहेब आंबेडकर के छायाचित्रों की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। नव मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण सांसद महेश कश्यप द्वारा करवाया गया।संयुक्त अध्यक्ष महेन्द्र शोरी, संयुक्त उपाध्यक्ष हेमंत कोर्राम संयुक्त सचिव सुरेंद्र मरकाम संयुक्त सह सचिव धनंजय शोरी अध्यक्ष 150 सीटर झरना ठाकुर ,130 सीटर मोनिका हिडको, 50 सीटर नविना गोमस एवं सचिव सहसचिव व अन्य पदाधिकारियों ने ली। साथ ही नव प्रवेशित छात्र छात्राओं के लिए नृत्य, गीत गायन, एवं शायरी व सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। इसमें नव प्रवेशी छात्र बढ़-चढ़कर भाग लिया। अति विशिष्ट अतिथि हुंगाराम मरकाम ने छात्र जीवन के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप द्वारा छात्रावासी छात्रो को शिक्षा स्वास्थ्य एवं समाज निर्माण में युवाओं की भुमिका बताते हुए मार्गदर्शन देकर छात्रावासी छात्रो की मांगे सांस्कृतिक मंच, स्ट्रीट लाइट, सीसी रोड डामरीकरण को पूरा करने का आश्वासन दिया। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाकर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहायक आयुक्त गणेश शोरी द्वारा समारोह का समापन किया गया।

ट्रैकिंग एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

0

जगदलपुर वाईएचएआई जगदलपुर यूनिट सीजी स्टेट ने चित्रकूट में पूर्ण इकाई के रूप में गठन के बाद अपना पहला ट्रैकिंग और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में लगभग 45 सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष अनिल लूंकड़ एवं कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।

प्रतिभागियों ने लगभग 5 किमी की यात्रा की और फिर पारंपरिक तरीके से स्वादिष्ट दोपहर का भोजन किया। कार्यक्रम में कई नए सदस्य भी जुड़े। टीम द्वारा संगीत, नृत्य एवं अन्य लघु कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनिल लूंकड़ ने सभी सदस्यों को वाईएचएआई का परिचय दिया। कार्यक्रम के सफल समापन पर अध्यक्ष, चेयरमैन, सचिव एवं अन्य सदस्यों ने टीम जगदलपुर को बधाई दी।

विष्णु के सुशासन में रामविलास को मिला नया जीवन

0
  • मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत
  • मिली राशि से हार्ट की हुई सफलतापूर्वक सर्जरी
  • उम्मीद खो चुके रामविलास के परिवार ने आर्थिक सहायता के लिए
  • मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय का जताया आभार

बालोद, 09 सितम्बर 2024 मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के सुशासन में बालोद जिले के दल्लीराजरा निवासी श्री रामविलास पाठक को नया जीवन मिला है। श्री पाठक को इस वर्ष जून माह की शुरूआत में अचानक से हार्ट अटैक आया। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया जहाँ डाक्टरों द्वारा उन्हें हार्ट अटैक के बेहतर इलाज हेतु रायपुर स्थित एम्स में रिफर किया गया। एम्स में उनके स्वास्थ्य जाँच के पश्चात् डाॅक्टरों ने उनके हार्ट की सर्जरी कराने तथा सर्जरी में लगभग 05 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई। श्री रामविलास पाठक के पुत्र श्री रजनीश कुमार ने बताया कि हम सभी संयुक्त परिवार में रहते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। हार्ट सर्जरी की लागत लगभग 05 लाख रुपये आने की जानकारी मिलने पर हम पिताजी की सर्जरी का खर्च वहन नही कर सकते थे। हमारे परिवार ने उम्मीद छोड़ दी थी, कि अब कभी हमारे पिताजी स्वस्थ्य हो पाएंगे।  रजनीश कुमार ने बताया कि ऐसे विकट परिस्थिति में हमें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली और पिताजी के हार्ट की सर्जरी संभव होने की उम्मीद की एक किरण नजर आई। हमने रायपुर एम्स के डाॅक्टर द्वारा इलाज में आने वाले खर्च का प्रस्ताव बनवाया और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निवास पहुँचकर उनसे इलाज हेतु मदद के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। हमारे द्वारा दिए गए आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय द्वारा पिताजी की हार्ट की सर्जरी हेतु कुल 05 लाख 29 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई। जिसके पश्चात् हमारे पिता श्री रामविलास पाठक के हार्ट की सफलतापूर्वक सर्जरी की गई। सर्जरी पश्चात् अब हमारे पिताजी अपने घर आ चुके हैं। वे पहले की तरह सामान्य जीवन खुशी-खुशी व्यतीत कर रहे हैं। हमारा परिवार मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करता है, उनके सुशासन मंे यह संभव हो पाया है कि उम्मीद छोड़ चुके हमारे संयुक्त परिवार मंे एक पति, पिता और दादा  रामविलास पाठक को नया जीवन मिला है।

सरकारी धन सरपंच, उप सरपंच व सचिव के घरों में और नाली की गंदगी ग्रामीणों के घरों में*

0
  •  राशि आहरण कर नहीं कराई नाली की सफाई 

अर्जुन झा

बकावंड जनपद पंचायत बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में अव्यवस्था का आलम है। ग्रामीण तरह तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं और सरपंच, उप सरपंच तथा सचिव खूब मजे कर रहे हैं। नालियों का गंदा पानी ग्रामीणों के घरों में घुस रहा है। लोगों का खाना पीना हराम हो गया है।

चर्चा है कि नाली सफाई के नाम से पंचायत फंड से राशि आहरित कर ली गई है, लेकिन सफाई कार्य रत्ती भर भी नहीं कराया गया है। सरपंच, उप सरपंच और सचिव की उदासीनता एवं मनमानी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। विदित हो की ग्राम पंचायत छोटे जीराखाल में नाली सफाई के नाम से लाखों रुपए आहरण करने के बाद भी नाली सफाई नहीं होने से इस बारिश में नाली का पानी घरों में घुस रहा है जिससे ग्रामीण परेशान हो रहे हैं। इस मसले की शिकायत ग्रामीणों द्वारा बस्तर कलेक्टर व जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी बस्तर से भी की जा चुकी है। लेकिन शिकायत के बावजूद न नाली सफाई हुई न जिम्मेदार लोगों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई की गई। प्रशासन की उदासीनता की वजह से ग्रामीण परेशान हो रहे हैं वहीं सरपंच, उप सरपंच और सचिव की मौज हो गई है। वे ग्राम पंचायत के माध्यम से कराए जाने वाले हर कार्य में जमकर चांदी काट रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जीराखाल की नालियों में गंदगी व कचरा भर गया है। इस वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बरसात के इस मौसम में नाली की गंदगी और बदबूदार गंदा पानी घरों में घुस रहा है और गलियों व सड़कों पर फैल रहा है। घरों में गंदगी घुस जाने से लोग चैन से भोजन नहीं कर पा रहे हैं। वहीं सड़कों व गलियों के गंदगी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किल हो रही है। दूसरी ओर चारों तरफ पसरी गंदगी और जल जमाव से मक्खी मच्छर पनप रहे हैं। मक्खियां घरों में भिनभिनाती रहती हैं, हर खाने पीने की चीज पर बैठकर उसे दूषित कर देती हैं। वहीं मच्छर रातभर सोने नहीं देते। मच्छर मक्खियों के बढ़ती संख्या के साथ ही उल्टी दस्त और मलेरिया जैसे रोगों की शिकायत भी छोटे जीराखाल में बढ़ने लगी है। ग्रामीणों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से ग्रामवासियों को इस संकट से मुक्ति दिलाने तथा सरपंच, उप सरपंच और सचिव के कारनामों की जांच कराकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

MOST POPULAR

HOT NEWS