City Media - Page 350 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 350

विश्व पटल पर बस्तर के धुड़मारास ने बनाई जगह: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव

0
  • गदलपुर विधानसभा क्षेत्र के धुड़मारास की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी 

जगदलपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव धुड़मारास ने देश और दुनिया में अपनी अनोखी पहचान बनाने के लिए धुडमारास के ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

देव ने कहा कि बस्तर जिले के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के उन्नयन कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के पर्यटन ग्राम उन्नयन कार्यक्रम के लिए 60 देशों से चयनित 20 गांवों में भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर के जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित धुड़मारास ने भी अपनी जगह बनाई है। देव ने कहा कि धुड़मारास की सफलता का मुख्य श्रेय यहां के स्थानीय निवासियों को जाता है, जिन्होंने अपने पारंपरिक ज्ञान और संसाधनों को संरक्षित रखते हुए इसे आकर्षक पर्यटक स्थल में बदल दिया है। धुड़मारास प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। बस्तर के अदभुत आदिवासी जीवनशैली, पारंपरिक व्यंजन, हरियाली और जैव विविधता से समृद्ध यह गांव पर्यटकों के लिए एक आकर्षक ही नहीं बल्कि रोमांचक स्थल है। धुड़मारास गांव दुनिया के उन 20 गांवों में से एक है जिसे सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव उन्नयन कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चुना गया है। धुड़मारास को इसकी अनूठी सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और सतत पर्यटन विकास की क्षमता के कारण चुना गया है। उन्नयन कार्यक्रम में शामिल होने से गांव को उन संसाधनों तक पहुंच प्राप्त होगी जो इसके पर्यटन बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, सांस्कृतिक संपत्तियों को बढ़ावा देने और ग्रामवासियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार में मदद करेंगे। विश्व स्तर पर पर्यटन गांव के रूप में इस गांव की पहचान स्थापित हुई है। इस गांव के युवा यहां आने वाले पर्यटकों को आसपास के क्षेत्रों की सैर कराते हैं। स्थानीय खानपान के अंतर्गत पर्यटकों को बस्तर के पारम्परिक व्यंजन परोसे जाते हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर में पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए ट्रैकिंग ट्रेल और कैंपिंग साइट विकसित करने सहित होम-स्टे की सुलभता हेतु पहल कर रही है। जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार की उपलब्धता होने के साथ आय संवृद्धि हो सके। राज्य सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने हेतु क्षेत्र में सड़कों और परिवहन सुविधाओं का विकास पर भी ध्यान दे रही है। बस्तर के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में देश के पर्यटकों सहित अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए व्यापक प्रचार- प्रसार किया जा रहा है।गांव के युवाओं की ईको पर्यटन विकास समिति कांगेर नदी में कयाकिंग और बम्बू राफ्टिंग की सुविधाएं पर्यटकों को उपलब्ध करवाती है, जिससे इस समिति को अच्छी आमदनी हो रही है।

वक्फ बोर्ड की कुर्सी पर बैठकर डॉ. सलीम राज कर रहे हैं गलत बयानबाजी: जावेद खान

0
  • ईमामों, मस्जिदों और मुतवल्लियों के नाम पर राजनीति ठीक नहीं

जगदलपुर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मुस्लिम समाज जगदलपुर के सदस्य जावेद खान ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मुस्लिम समाज को प्रदेश ही नहीं पूरे देश में अपने बेतुके बयानों से बदनाम करने का आरोप लगाया है।

जावेद ने कहा है कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मस्जिद मुतवल्ली और ईमामों पर सवाल खड़े कर अपने राजनीतिक आकाओं की नज़र में चढ़ने के लिए ओछी राजनीति कर रहे हैं। डॉ सलीम राज जबसे छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मनोनीत हुए हैं समाज के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बना रहे हैं। चंद लोगों की शिकायतों के आधार पर मुतवल्लियों के खिलाफ जांच आदेश जारी कर रहे हैं तो कहीं ईमामों की जुम्मे की नमाज़ से पहले की तकरीर पर सवाल खड़े कर रहे हैं।एक तरफ तो डाॅ सलीम राज अपने बयानों में मस्जिदों को राजनीति का अड्डा नहीं बनने देने की बात कर रहे हैं तो दूसरी ओर स्वयं जमकर वक्फ बोर्ड की कुर्सी में बैठकर राजनीति कर रहे हैं। जिस पर उनका वह बयान मुहर लगाता है जिसमें उन्होंने पूछे गये सवाल में साफ कह दिया कि वो हर हाल में पार्टी विशेष के साथ खड़े रहेंगे। जावेद ने कहा डाॅ सलीम राज एक जिम्मेदार पद पर बैठकर बार-बार कह रहे हैं कि मुस्लिम जमात के निर्वाचित मुतवल्ली मस्जिदों में राजनीति करते हैं। किसे वोट देना है, कौन सी राजनीतिक पार्टी मुस्लिम विरोधी है यह मुतवल्ली बताते हैं। मस्जिदों से दंगे भड़काए जाते हैं, जुम्मे की नमाज़ के बाद दंगे भड़कते हैं। ये बड़े गंभीर आरोप हैं और जो देशभर में मुस्लिम समाज की छवि को, मुतवल्लियों की कार्यशैली को और ईमामों के किरदारों को कठघरे में खड़ा करने वाली है। डॉ सलीम राज को इस तरह की बयानबाजी करने की बजाय ऐसे मुतवल्लियों के खिलाफ पुख्ता सबूत के साथ कार्यवाही हेतु राज्य सरकार को पत्र लिखना चाहिए। ऐसा न कर डाॅ सलीम राज केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने संपूर्ण मुस्लिम समाज को बदनाम करने में लगे हैं।जावेद ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मामले में हस्तक्षेप करते हुए ऐसे विवादित बोल बोलने वाले डॉ सलीम राज को तत्काल पद से हटाना चाहिए।

शोक कार्यक्रम में दंतेवाड़ा पहुंचे पीसीसी चीफ दीपक बैज

0

जगदलपुर पीसीसी चीफ दीपक बैज दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान स्व. भूरचंद बुरड़ परिवार व अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशिफ रज़ा की माताजी के शोक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। इस दौरान पूर्व विधायक देवती कर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा के अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम, शकील रिजवी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री राजकुमार तामो, प्रवीण राणा, विमल सलाम, रविश सुराना, विधायनंद सेन, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश दुर्गा, नगर अध्यक्ष गायेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव, अरुण सोनानी, सलोचना कर्मा, राजू रेडी सुखराम नाग लखमू बघेल, भीमसेन मंडावी, मनीराम हपका, रवि कर्मा, मनोज मालवीय, एन राजा, संजय विश्वकर्मा, धीरु कुमार नाग मौजूद रहे।

कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह और जिपं सीईओ प्रतिष्ठा ममगाई ने स्कूल में बच्चों को परोसा भोजन

0
  •  करंजी के स्कूल में सरपंच ने कराया न्योता भोज

तोकापाल बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला करंजी के बच्चों को सरपंच लच्छूराम कश्यप द्वारा गुरुवार को न्यौता भोज कराया गया। इस मौके पर कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह और जिला पंचायत सीईओ प्रतिष्ठा ममगाई ने स्कूली बच्चों से रूबरू होकर उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और इन बच्चों को भोजन परोसा। साथ ही सीईओ जिला पंचायत प्रतिष्ठा ममगाई एवं अन्य अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के साथ पंगत में बैठकर भोजन भी किया।

इस दौरान कमिश्नर ने जनसहभागिता से सभी माध्यमिक और प्राथमिक शालाओं में न्यौता भोज का आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा जनसमुदाय को शिक्षा एवं शैक्षिक संस्था से जोड़ने हेतु अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिसमें से एक प्रमुख कार्यक्रम न्योता भोज भी है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी संस्था, आम नागरिक, अधिकारी- कर्मचारी, व्यवसायी या स्थानीय नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत द्वारा विशेष अवसरों पर स्कूलों के बच्चों हेतु एक दिन का निशुल्क भोजन अपनी ओर से करवाया जाता है अथवा बच्चों को अतिरिक्त पोषक आहार उपलब्ध कराया जाता है। इसी परिप्रेक्ष्य में ग्राम पंचायत करंजी के सरपंच लच्छूराम कश्यप द्वारा माध्यमिक शाला करंजी में न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें 98 बच्चे शामिल हुए। इस मौके पर कमिश्नर ने पंचायत पदाधिकारियों और शिक्षकों से भी न्यौता भोज हेतु सहयोग प्रदान कर स्कूली बच्चों को पौष्टिक आहार सुलभ करवाने की समझाईश दी। इस दौरान पंचायत पदाधिकारियों सहित संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा संजीव श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरेंद्र बहादुर तथा अन्य अधिकारी, शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

देखा पीएम आवास निर्माण

कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह और सीईओ जिला पंचायत प्रतिष्ठा ममगाई ने करंजी में प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत पक्का मकान निर्मित कर रहे सामसाय सेठिया और लच्छो सेठिया के आवास निर्माण कार्य का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सामसाय सेठिया एवं लच्छो सेठिया ने शासन की सहायता से हर्षित होकर बताया कि पहले कच्चा घर में निवास कर रहे थे जिससे बारिश के दिनों में बहुत तकलीफ होती थी। अब प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत सहायता से पक्का आवास बना रहे हैं, जिसमें पानी-बिजली और शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी। इन दोनों ने पक्का आवास बनाने में सहायता देने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।

कोलकाता में काली माई के दर पर पहुंचे सांसद महेश कश्यप

0

जगदलपुर बस्तर के सांसद महेश कश्यप शासकीय कार्यक्रम के सिलसिले में कोलकाता प्रवास पर हैं। सांसद कश्यप ने गुरुवार को कोलकाता की प्रसिद्ध शक्तिपीठ काली मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन पूजन किए। इस दौरान मैसूर के सांसद श्यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार भी मौजूद थे।

धर्म बदलने वाले बोंजा की जमीन हथियाने का आरोप

0
  • एएसपी से मामले की शिकायत की कांग्रेस नेता नरेंद्र भवानी ने

जगदलपुर बस्तर जिले के करंजी गांव मे धर्म को आधार बनाकर एक वर्ष पहले जबरन फसल काट ली गई और जमीन पर कब्जा कर लिया गया। न्यालय ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने का आदेश दिया है, मगर आज तक पीड़ित को जमीन वापस नहीं मिल पाई है। इस मसले को लेकर कांग्रेस नेता नरेंद्र भवानी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञापन सौंपा गया।

छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक व कांग्रेस नेता नरेंद्र भवानी नें बताया कि थाना परपा अंतर्गत ग्राम पंचायत करंजी मे दो वर्ष पहले मसीही धर्म मानने वाले बोंजा के खेत से धान की खड़ी फसल को जबरन काटकर रख ली गई। उसके बाद उसे गांव से भगा कर उसकी जमीन पर कब्ज़ा कर लिया गया। जमीन पर दूसरे लोग कृषि करने लगे। बोंजा नें न्यायालय तोकापाल नायाब तहसीलदार केस लगाया। जून 2022 में बोंजा के पक्ष मे फैसला आया।तहसीलदार ने बोंजा के हक की जमीन से कब्जा खाली करवा कर वापस बोंजा को दिलाने का आदेश जारी किया था। मगर बोंजा को जमीन वापस नहीं मिल पाई है। इस मसले पर आज 21 नवंबर को बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर बोंजा को न्याय दिलाने का आग्रह किया गया। एएसपी महेश्वर नाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी परपा से फ़ोन पर बात कर मामले मे तत्काल कार्रवाई करने के दिए आदेश दिए। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा मंच संस्थापक व कांग्रेस नेता नरेंद्र भवानी, मसीही युवा परिषद के संयोजक जॉन नाथ, आदित्य नाग, भोला शंकर, विनोद कुमार, अजय नाग, प्रमोद नाग, रमन राणा, शेकर बघेल, राहुल कश्यप, संजू, तन्नू सोना, रोशन राज आदि मौजूद रहे।

पूर्व विधायक राजमन बेंजाम का आरोप: किसानों के साथ धोखा कर रही है भाजपा सरकार

0
  •  2300 रुपए की दर पर की जा रही धान खरीदी 

जगदलपुर चित्रकोट के पूर्व विधायक राजमन बेंजाम ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने प्रदेश के किसानों के साथ धोखा किया है।

राजमन बेंजाम ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि धान की खरीदी 3100 रुपए की दर से की जाएगी और किसानों को नगद राशि का भुगतान किया जाएगा। लेकिन जब धान खरीदने का समय आया, तो भाजपा सरकार अपने वादे से मुकर कर केवल 2300 रुपए में धान खरीदी कर रही है। राजमन बेंजाम ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी पार्टी है और जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां के किसान परेशान और हताश हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाकी के 800 रुपए देने के लिए भाजपा सरकार के पास कोई योजना नहीं है और ना ही किसानों को बोनस देने का वादा किया है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के किसानों, बेरोजगारों और महिलाओं से कई वादे किए थे, लेकिन धरातल पर डबल इंजन सरकार पूरी तरह से फेल चुकी है। इस मुद्दे पर किसानों में भारी नाराजगी है और वे अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राजमन बेंजाम ने किसानों के समर्थन में खड़े होकर भाजपा सरकार से अपने वादों को पूरा करने की मांग की है।

किसानों की नाराजगी और संघर्ष

राजमन बेंजाम के मुताबिक किसानों की नाराजगी इस बात से भी बढ़ गई है कि भाजपा सरकार ने धान की खरीदी के लिए जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं कर रही है। किसानों का कहना है कि उन्हें अपने धान की उचित कीमत नहीं मिल रही है और इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। राजमन बेंजाम ने कहा कि भाजपा सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और अपने वादों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों को नहीं माना, तो वे अपने हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

बस्तर से प्रतिभावान खिलाड़ी निकलें इसी मंशा से बस्तर ओलंपिक का आयोजन: विनायक गोयल

0
  •  बस्तर ओलंपिक के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता 
  • जिले के सात विकासखंडों से 1900 खिलाड़ी शामिल 

जगदलपुर बस्तर ओलंपिक 2024 के तहत बस्तर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा और पंडरीपानी (हॉकी) में किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल के आतिथ्य में हुआ।

विधायक  गोयल ने खेल प्रतियोगिता क शुभारंभ की घोषणा की और ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक के खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में पंजीयन करवाया और ब्लाॅक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में जीतकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचें हैं, सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं।  गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि बस्तर के सभी क्षेत्रों से प्रतिभावान खिलाडी निकलें इसी उद्देश्य के साथ बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया गया है। खिलाडियों को अपनी खेल प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिला है इसका भरपूर लाभ और खेल का आनंद लें। खेल में हार-जीत लगी रहती है। खिलाड़ी कमजोर नहीं हों, खेल भावना से खेलकर कर उच्च स्तर तक पहुंचें। युवा खेल के साथ पढ़ाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी प्रतिभा दिखाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महापौर सफीरा साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से मुख्यमंत्री की पहल पर प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को आगे लाने का प्रयास के लिए आभार। सभी खिलाड़ी अच्छे से खेलें,अच्छे से मेहनत करें और खेलकर अपने क्षेत्र का नाम रौशन करें। कार्यक्रम में कमिश्नर डोमन सिंह ने ब्लॉक से जिला स्तर पर पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं देते कहा कि खेल गतिविधि में भाग लेकर जीवन में कई अनुभवों को सीखने का अवसर मिलता है। खेल में सुधार, आचरण व्यवहार में सुधार की संभावना से बेहतर व्यक्तित्व के विकास में सहायक होता है। वर्तमान में खिलाडियों के प्रति जो सम्मान, स्नेह मिलता है उसके आप हकदार बनें ऐसी मेहनत करने का प्रयास हमारे बस्तर के खिलाड़ी करें। आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के लिए खेल एक उचित माध्यम है।खिलाडी भावना के साथ खेल का आनंद लें और शांति, सुरक्षा, विकास हेतु क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बस्तर ओलंपिक का सातों जिलों में आयोजन किया जा रहा है।

 26 हजार खिलाड़ी ले चुके भाग

सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि बस्तर ओलंपिक के लिए एक अक्टूबर से पंजीयन प्रारंभ किया गया था जिसमें लगभग 37 हजार लोगों ने पंजीयन करवाया था इनमें से लगभग 26 हजार (71 प्रतिशत) लोगों ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता तीन स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। जिसमें जिले के सातों विकासखंड से लगभग 1900 बालक-बालिका भाग ले रहे है। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत खेल गतिविधि और सामूहिक खेल के विजेताओं को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर पद्मश्री धर्मपाल सैनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, पार्षद योगेंद्र पाणिग्रही, यशवर्धन राव, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, खेल अधिकारी राजेंद्र डेकाटे, सभी जिला स्तरीय अधिकारी, खेलप्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथियों ने फुटबाल को किक मारकर शुभारंभ किया। सातों विकासखंडों के खिलाडियों ने शानदार मार्चपास्ट किया। बस्तर ओलंपिक का एंथम- थीम गीत लांच किया गया। राष्ट्रीय खिलाडी वेदवती कश्यप ने खिलाडियों को खेल भावना के लिए शपथ दिलवाई और अतिथियों के द्वारा सातों ब्लाॅक के खिलाडियों खेल किट प्रदान किया गया। दो स्कूलों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।

एक घंटा राष्ट्र के नाम अभियान का होगा विस्तार, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क की तैयारी

0

जगदलपुर सर्व हिंदू समाज द्वारा राष्ट्र हित को ध्यान में रखते हुए जन-जन में जागरण निमित्त एक घंटा राष्ट्र के नाम अभियान संबंधी चिंतन-मनन की प्रक्रिया सतत जारी है। इसके लिए केंद्रीय बैठक प्रति सप्ताह शनिवार के दिन श्री श्री जगन्नाथ मंदिर जगदलपुर में की जाती है।

इस अभियान को लेकर बैठक वार्ड स्तर पर भी होने लगी है। इसी कड़ी को विस्तार देते हुए अभियान के समन्वयक एल. ईश्वर राव ने बताया कि गुरूवार को गंगानगर वार्ड में अभियान से वार्डवासियों को जोड़ने व वार्डवासी अपने ही स्थानीय क्षेत्र में सप्ताह में एक दिन एक घंटा किसी निर्धारित स्थान पर बैठकर राष्ट्रहित को ध्येय में रखकर चिंतन-मनन करने प्रेरित किया जाएगा। इस संबंध में गुरूवार को गंगानगर वार्ड में सघन संपर्क कर वार्ड स्तर पर अभियान को गति दी जाएगी।

सहकार से समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहा है छत्तीसगढ़: केदार कश्यप

0
  •  अभा सहकारिता सप्ताह के समापन में शामिल हुए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप

जगदलपुर बस्तर जिला सहकारिता संघ मर्यादित जगदलपुर द्वारा अयोजित 71वें अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के समापन समारोह में वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप सम्मिलित हुए। उन्होंने इस अवसर पर किसानों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी समितियों के सशक्तिकरण से किसानों सहित गांव, प्रदेश और देश की समृद्धि जु़ड़ी हुई है। सबकी सहभागिता से सबका विकास ही सहकारिता का मूल उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गांव, गरीब और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ को साकार करने का आव्हान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली हमारी सरकार का ध्येय वाक्य भी ‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास‘‘ है और इसी ध्येय वाक्य को लेकर हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। उन्होंने सहकारी समितियों से जुड़े लोगों से कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में  हमारा काम जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। सबकी सहभागिता और सहयोग से ही हम आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकेंगे। सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि धरती मां को हम वसुंधरा के नाम से भी जानते हैं। इस वसुंधरा की हम पूजा करने वाले लोग हैं। जहां भी हल चलाकर हम बीज बो देते हैं। वसुंधरा हमें जीवकोपार्जन के लिए कई गुना अनाज देती है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति केवल धान, बीज खरीदी और बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि इसे मल्टी एक्टिविटिज तथा कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में हमारी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने प्रदेश के किसानों से एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। हमारी सरकार वादे के मुताबिक 3100 सौ रूपए प्रति क्विंटल के मान से आज प्रदेश के सभी केंद्रों में धान खरीदी करा रही है। वहीं इस धान खरीदी से कांग्रेसियों को पीड़ा भी है जिसके कारण धान खरीदी को लेकर वे तरह – तरह की अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति हमारी प्राथमिकता में है। किसानों की प्रारंभिक जरूरतों को पूरा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक साढ़े 5 हजार करोड़ रूपए ऋण वितरण किए जा चुके हैं।

सहकारिता को बढ़ावा दे रही सरकार

मंत्री केदार कश्यप ने किसानों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि भाजपा सरकार ने ही सहकारिता के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की सफलता में सहकारिता का बड़ा योगदान रहा है। लेकिन सहकारिता कभी भी हमारी नियोजित विकास प्रक्रिया का हिस्सा नहीं रही है और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने नीतिगत योजनाओं में भी इसे कभी विशेष महत्व नहीं दिया। जिसके चलते इसकी संभाव्य क्षमता का भरपूर उपयोग नहीं हो पाया है। लेकिन मोदी सरकार के विकास मॉडल में सहकारिता को ‘सहकार से समृद्धि’ का आधार माना गया है, जिसके चलते हाल के वर्षों में सहकारिता के विकास पर अधिक समग्रता से प्रयास किए गए हैं। भारत सरकार ने 6 जुलाई 2021 को सहकारिता मंत्रालय नाम से एक नए मंत्रालय का गठन किया है। यह एक ऐतिहासिक कदम है। यह मंत्रालय सहकारिता को असली जनांदोलन के रूप में समाज की जड़ों तक ले जाने में सहायक होगा। यह मंत्रालय सही मायनों में सहकारी संघवाद की भावना स्थापित करने के लिहाज से सहकारिता का एक अग्रदूत साबित होगा।

MOST POPULAR

HOT NEWS