City Media - Page 16 of 1839 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 16

तीन मजदूरों की मौत के मामले में ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन पर केस दर्ज

0

बीएसपी के एजीम और डीजीएम किए गए सस्पेंड

दल्लीराजहरा नगर के फुटबॉल ग्राउंड चौक स्थित दास पान ठेला के पास तीन दिन पूर्व सीवरेज खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से हुई तीन मजदूरों की मौत के मामले में राजहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले निर्माणकर्ता ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन राजहरा के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वही घटना के दूसरे दिन ही बीएसपी प्रबंधन ने अपने दो अधिकारी डीजीएम नगर प्रशासक मंगेश सेलकर एवं एजीएम रमेश हेड़उ को कार्य मे लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया है।

12 मई को फुटबॉल ग्राउंड के पास सीवरेज लाइन निर्माण के लिए करीब 10 से 12 फीट गहरी खुदाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और काम कर रहे तीन मजदूर बैसाखीन बाई 50 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 2 , किशुन सोरी 54 वर्ष निवासी वार्ड 7 टीचर कालोनी और राकेश दास मानिकपुरी ग्राम भैसबोड़ दब गए। समय पर रेस्क्यू न होने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगभग 5 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 11 बजे तीनों शवों को बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू के दौरान सांसद भोजराज नाग, एसपी योगेश पटेल, फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस, समाजसेवी जुटे रहे। घटना के बाद परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर अस्पताल के सामने धरना दिया था।

सामने आई घोर लापरवाही

उच्च अधिकारियों के निर्देश की गई जांच में सामने आया कि ठेकेदार ने बिना साइड वॉल सपोर्ट और शोरिंग के गहरी खुदाई कराई थी। मौके पर न तो सेफ्टी ऑफिसर था, न मजदूरों को हेलमेट, जैकेट या सेफ्टी बेल्ट दिए गए थे। बीएसपी प्रबंधन पर आरोप है कि काम शुरू कराने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच नहीं की गई और ठेकेदार को मनमानी करने दी गई। राजहरा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माणकर्ता ठेकेदार और बीएसपी प्रबंधन राजहरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) , धारा 289 एवं 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

परिजनों को मिलेगी मदद

मृतकों के परिजनों द्वारा शवों को लेने से इंकार करने के बाद प्रशासन ने त्रिपक्षीय बैठक आहूत की थी। बैठक में ठेकेदार द्वारा पीड़ितों को साढे पांच पांच लाख रुपए मुआवजा, प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को ठेका श्रमिक रूप में नौकरी तथा बीएसपी द्वारा पचास पचास हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था। तब जाकर उनके द्वारा हड़ताल समाप्त किया गया। मजदूरों से बिजनू राम भारद्वाज द्वारा ठेके पर कार्य कराया जा रहा थ।

वर्सन

बढ़ सकती हैं धाराएं

अभी मममले की जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर धाराएं और बढ़ाई जा सकती हैं।

खबर छपते ही जाग उठा बस्तर का खनिज विभाग

0

खनिज माफिया पर कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जप्त

जगदलपुर हमारे समाचार पत्र ने खबर प्रकाशित की और बस्तर जिले का खनिज महकमा जाग उठा। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के हौसले पस्त करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशों के बाद जिला खनिज जांच दल ने ग्राम बड़े आमाबाल के हल्दीमारी एवं पालबहार क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में शनिवार को की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस छापामार कार्रवाई के दौरान खनिज अमले ने मौके से गौण खनिज रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ ही उत्खनन स्थल से भारी मात्रा में अवैध खनन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्रियां भी बरामद की गईं, जिसमें 15 नग रापा और 13 नग तगाड़ी शामिल हैं। जांच दल द्वारा पकड़े गए वाहनों में दो ट्रैक्टर शामिल हैं, जो बिना किसी वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन कर रहे थे। खनिज अमले ने रेत से लदे इन दोनों वाहनों को सामग्री सहित जब्त कर तुरंत पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है और वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को जिला खनिज जांच दल के प्रभारी व खनिज निरीक्षक अंकित पुरी तथा खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे ने मौके पर रहकर अंजाम दिया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इन पकड़े गए मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खनिज अधिकारी ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जिले के खनिज ठेकेदारों और खनिज परिवहनकर्ताओं को पूर्व में भी सचेत किया गया था कि बिना अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन करना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले अवैध परिवहनकर्ताओं एवं उत्खननकर्ताओं के विरूद्ध पुनः इसी प्रकार का कृत्य करने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री छिकारा के निर्देशानुसार बस्तर जिले में प्राकृतिक संपदा की चोरी रोकने और अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए खनिज अमले द्वारा विशेष अभियान चलाकर आगे भी इसी तरह निरंतर जांच की जाती रहेगी।

पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

0

दंतेवाड़ा चितालूर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री पर्व

जगदलपुर बस्तर संभाग में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पति की दीर्घायु, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर सुहागिनों ने निर्जला उपवास रखा और सुबह से ही बरगद के पेड़ की पूजा-अर्चना की।दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में महिलाओं ने सुबह स्नान कर पारंपरिक वेशभूषा में वट वृक्ष के नीचे इकट्ठा होकर विधि-विधान से पूजा की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ज्येष्ठ मास की अमावस्या के दिन माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प और तर्क से यमराज को प्रसन्न कर पति सत्यवान के प्राण वापस पाए थे। उसी परंपरा को निभाते हुए महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी।पूजा के दौरान महिलाओं ने बरगद की जड़ में जल, सिंदूर, अक्षत और फल-फूल अर्पित किए। मान्यता है कि बरगद के पेड़ में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवों का वास होता है। इसकी लंबी उम्र और गहरी जड़ें पति-पत्नी के अटूट रिश्ते का प्रतीक मानी जाती हैं।स्थानीय मंदिरों और घरों में भी सावित्री-सत्यवान की कथा का आयोजन हुआ। शाम को पूजा संपन्न होने के बाद महिलाओं ने जल ग्रहण कर व्रत खोला। दंतेवाड़ा के चितालूर में हर साल की तरह इस बार भी वट सावित्री व्रत को लेकर सुहागिनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

घोटालों से ध्यान भटकाने समय -समय पर करते रहते हैं प्रोपोगेंडा: जहीरुद्दीन

0

तथाकथित पैरोकारों की बातें मनगढ़ंत, बेबुनियाद

जगदलपुर अंजुमन ईस्लामिया एडहॉक कमेटी के सदर व अध्यक्ष डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा है कि हाल ही में कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को आम मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि बताते हुए आयोजित प्रेस वार्ता एवं विभिन्न माध्यमों से प्रसारित बयानों में अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी, जगदलपुर तथा छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के संबंध में अनेक भ्रामक, तथ्यहीन एवं विधिक रूप से असत्य आरोप लगाए गए हैं। उक्त परिस्थितियों में वास्तविक तथ्यों को समाज एवं जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत करना आवश्यक हो गया है। डॉ. जहीरूद्दीन ने कहा कि पत्रकार वार्ता हेतु समाज की ओर से प्रतिनिधित्व करने हेतु समाज द्वारा तथाकथित आम मुस्लिम जमात के पैरोकारों को अधिकृत नहीं किया गया था। इनमें से एक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अनुषांगिक संगठन भारतीय युवा कांग्रेस का तत्कालीन राष्ट्रीय प्रवक्ता है और दुसरा आप पार्टी के सदस्य हैं और तीसरा एनएसयूआई के तत्कालीन सदस्य हैं। एक किरदार और हैं, जो तीन दुकानें किराये पर लिए हुए हैं। इन लोगों ने अपने निजी स्वार्थ वश प्रेस वार्ता की है। ऐसा प्रतीत होता है कि ये लोग राजनीतिक मंशा से यह कार्य कर रहें हैं। डॉ. जहीरुद्दीन के मुताबिक उक्त पैरोकारों के एक -एक दावे दिग्भ्रमित करने वाले हैं अतः वास्तविक बातों को सामने रखना अंजुमन इस्लामिया कमेटी की जिम्मेदारी व जवाबदेही है। जहीरूद्दीन ने आगे कहा कि तथाकथित पैरोकारों की बातों के दावे तर्कसंगत नहीं हैं। कमेटी पैरोकारों की बातों का खंडन करती है। एडहॉक कमेटी का गठन पूर्णतः वैधानिक एवं विधिसम्मत है। कमेटी का गठन राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा अपने वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए विधि सम्मत ढंग से किया गया है। अतः कमेटी द्वारा किया जा रहा समस्त प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्य पूर्णतः वैध एवं अधिकृत है। किसी वैधानिक रूप से गठित समिति को बंधक समिति कहना न केवल भ्रामक एवं गैर-जिम्मेदाराना वक्तव्य है, बल्कि यह वक्फ बोर्ड जैसी संवैधानिक संस्था की गरिमा एवं अधिकार क्षेत्र पर भी अनावश्यक प्रश्नचिन्ह लगाने का प्रयास है। डॉ जहीरूद्दीन ने आगे बताया कि एडहॉक कमेटी को प्रारंभिक रूप से सीमित अवधि हेतु दायित्व सौंपा गया था, किंतु कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत यह पाया गया कि पूर्व कमेटियों द्वारा आवश्यक अभिलेख एवं वित्तीय दस्तावेज विधिवत हस्तांतरित नहीं किए गए। विशेष रूप से कैश बुक, बिल-वाउचर रसीद बुक लेखा विवरण, बैंकिंग अभिलेख, वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

ऐसी स्थिति में बिना अभिलेखों के किसी भी चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संस्था के हित, विधिक प्रक्रिया एवं पारदर्शिता तीनों के प्रतिकूल होता। इसी कारण जांच एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। आज भी दस्तावेज नहीं दिये गये जिससे कमेटी का कार्य प्रभावित हो रहा है। राज्य वक्फ बार्ड द्वारा दस्तावेज प्राप्त करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर द्वारा पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच लंबित रहते हुए एवं अभिलेख अधूरे होने की स्थिति में चुनाव प्रक्रिया को तत्काल संपन्न करना विधिक दृष्टि से उचित नहीं माना गया। दस्तावेज जांच में नहीं देने पर अभी जांच प्रभावित है। तत्कालीन जांच कमेटी द्वारा 3 साल 8 महीने में करोड़ों का लेन-देन नगद में किया गया है जो कि वितिय अनियमितता की श्रेणी में आता है। पूर्व कमेटी के सदर सलीम रजा द्वारा अंजुमन कमेटी की राशि 3 करोड़ 58 लाख गबन करने के फलस्वरूप एफआईआर दर्ज हुई थी और प्रकरण न्यायालय में लंबित है। यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व कमेटियों से संबंधित कुछ गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक शिकायतें वर्तमान में न्यायालयीन एवं जांच स्तर पर विचाराधीन हैं। ऐसे समय केवल चुनाव का मुद्दा उठाकर मूल शिकायतों एवं जवाबदेही के प्रश्नों से ध्यान हटाने का प्रयास किया जाना संदेह उत्पन्न करता है। यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि पूर्व कमेटियों से जुड़े कुछ मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया प्रचलित है तथा संबंधित विषयों पर जांच एवं कानूनी कार्यवाही जारी है। ऐसी स्थिति में लगातार प्रेसवार्ता, जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले बयान एवं अपूर्ण तथ्यों का सार्वजनिक प्रसारण न्यायिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास माना जा सकता है। डॉ. जहीरुद्दीन ने कहा है कि छग राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज से संबंधित जो वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित किया जा रहा है, उसके संबंध में यह जानकारी प्राप्त हुई है कि उक्त वीडियो को कथित रूप से कांट-छांट कर अधूरा एवं भ्रामक रूप में प्रस्तुत किया गया। यदि किसी व्यक्ति के बयान को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत कर समाज में तनाव, भ्रम अथवा वैमनस्य उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है तो यह गंभीर विधिक विषय है।उन्होंने कहा कि वर्तमान एडहॉक कमेटी का उद्देश्य किसी पद पर बने रहना नहीं है बल्कि संस्था की प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना, वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करना, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा करना, लंबित अभिलेख प्राप्त करना, संस्थागत जवाबदेही स्थापित करना तथा विधिसम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत चुनाव सुनिश्चित करना है। वर्तमान परिस्थितियों में जबकि वित्तीय अभिलेखों का सत्यापन लंबित है, जांच समिति कार्यरत है, पूर्व वित्तीय मामलों की समीक्षा जारी है, तथा वक्फ संपत्तियों से जुड़े विषय परीक्षणाधीन हैं, ऐसे समय संस्था में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी उ‌द्देश्य से एडहॉक कमेटी वर्तमान में व्यवस्था संचालन कर रही है, ताकि संस्था की संपत्तियों, दस्तावेजों एवं प्रशासनिक संरचना को सुरक्षित रखा जा सके। संस्था की संपत्तियों एवं अभिलेखों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, तथा समाजहित एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।

समाज से कमेटी की अपील

अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी ने मुस्लिम समाज से अपील की है कि वे अपुष्ट आरोपों, भ्रामक बयानों एवं अफवाहों पर विश्वास न करें तथा सामाजिक सौहार्द, भाईचारा, शांति एवं संस्थागत मर्यादा बनाए रखें। समाज एवं संस्था दोनों के हित में यह आवश्यक है कि जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूर्ण होने दिया जाए तथा विधिसम्मत प्रक्रिया का सम्मान किया जाए। डॉ. सलीम राज ने भी अंजुमन एडहॉक कमेटी कि तारीफ की है कि इनके द्वारा खाता खुलवा कर केशलेस अंजुमन बनाया गया जो कि छत्तीसगढ़ का पहला अंजुमन है। मुस्लिम समाज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डॉ. सलीम राज एवं विधायक किरण देव सिंह का आभार प्रकट करता है और सहयोग की अपेक्षा करता है।

बस्तर के बकावंड ब्लॉक ग्राम पंचायत बनिया गाँव आश्रित ग्राम बेलगाँव धड़ले हो रही हैं अवैध रेत खनन जारी, रेत माफिया दे रहे प्रशासन को खुली चुनौती

0

जगदलपुर बकावंड ब्लॉक के ग्राम पंचायत बानिया गांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में रेत माफिया द्वारा अवैध रेत खनन,का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के नदी-नालों से रेत का उत्खन कर ट्रैक्टरों बड़ी मात्रा से परिवहन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास भारी भरकम रेत माफिया ले रहें राशि बिना फिट पास रायल्टी 700 रूपये, लेवरो को दिया जा रहा हैं रेत भरने के लिए 300 रूपये स्थानीय लोगों के अनुसार, रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर चालकों और ग्रामीणों से ₹1000 प्रति ट्रैक्टर की दर से जबरन वसूली की जा रही है।

प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रैक्टर अवैध तरीके से रेत ले जाते हैं, जिससे शासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर द्वारा अवैध खनन वाले स्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर अवैध खन पर रोक लगाए जाऐ दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करें,

बकावंड में फिर सक्रिय हो गए रेत माफिया, रोज सौ ट्रिप रेत की निकासी

0

प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं रेत तस्कर, लाखों के राजस्व की क्षति

अर्जुन झा

बकावंड बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनियागांव आश्रित ग्राम बेलगांव में फिर धड़ल्ले से रेत खनन और परिवहन का खेल खुलेआम शुरू हो गया है। प्रशासन को रेत माफिया खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बानियागांव के आश्रित ग्राम बेलगांव में रेत माफिया द्वारा अवैध रेत खनन का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के नदी-नालों से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए बड़ी मात्रा से परिवहन किया जा रहा है।प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से ये रेत माफिया भारी भरकम राशि लेकर रेत उपलब्ध करा रहे हैं। बिना पिट पास और रायल्टी अदा किए 700 रूपए में एक ट्रॉली रेत बेच रहे हैं। वहीं मजदूरों को एक ट्रॉली रेत भराई की मजदूरी 300 रूपए ये लोग देते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेत माफियाओं द्वारा ट्रैक्टर चालकों और ग्रामीणों से 1 हजार रुपए प्रति ट्रिप की दर से जबरन वसूली की जा रही है। प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली रेत की अवैध निकासी इन दोनों गांवों की नदियों से की जा रही है। इससे शासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपयों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर द्वारा अवैध खनन वाले स्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा ने कसी कमर

0

बैठकें कर भाजपा बना रही है ठोस रणनीति

प्रत्याशी चयन व चुनाव की रुपरेखा पर चर्चा

नगर निगम में 1 पार्षद पद और ग्रामीण क्षेत्रों में 25 पंच पदों हेतु उप चुनाव

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी जिले के नगर निगम क्षेत्र व पंचायत क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव में प्रत्याशी चयन सहित चुनावी तैयारियों को लेकर जुटी हुई है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घोषित उप चुनाव की रुपरेखा व प्रत्याशियों के चेहरे तय करने को लेकर पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद हेतु और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 25 पंच पद हेतु उपचुनाव होना है।

ग्रामीण क्षेत्र बकावणड में 11, बस्तर में 6, जगदलपुर में 2, लोहंडीगुड़ा में 2, तोकापाल में 2 व दरभा में 02 रिक्त पंच पदों के लिए उपचुनाव होने हैं। भाजपा जिला कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्याशी चयन पर विचार विमर्श किया गया और भाजपा के पक्ष में चुनाव परिणाम लाने के लिए रणनीति बनाकर परिश्रम करने कहा गया। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से उपचुनाव को बड़ी गंभीरता से लेने कहा व भाजपा की विजय सुनिश्चित करने समवेत प्रयास करने कहा। बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, परिस बेसरा, सफीरा साहू, ललिता बघेल, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, संतोष बघेल, सोनबारी भद्रे, बसंत कश्यप, मनीराम कश्यप, अतुल सिम्हा आदि मौजूद रहे।

गृहमंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत अभिनंदन की तैयारियों में जुटी भाजपा

0

18 व 19 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का होगा बस्तर प्रवास

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और मंत्री केदार कश्यप ने ली अहम बैठक

जगदलपुर घोषित समय में बस्तर सहित समूचे देश से नक्सलवाद के आतंक को समाप्त करने के संकल्प को सिद्ध करने के बाद पहली बार बस्तर प्रवास पर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भव्यतम स्वागत और अभिनंदन करने की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी जोर-शोर से जुट गई है। 18 व 19 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बस्तर प्रवास प्रस्तावित है। अमित शाह के प्रवास को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भाजपा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और बस्तर प्रवास पर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत सहित तमाम तैयारियों की रूपरेखा पर चर्चा की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर को नक्सलवाद के मुक्त कराने के बाद पहली बार बस्तर पहुंच रहे हैं। इस महत्वपूर्ण प्रवास में चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहेंगे। गृहमंत्री शाह के आगमन पर सभी तैयारियां गंभीरता से पूरी करनी है। केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर आगमन बेहद महत्वपूर्ण है। बस्तर से लाल आतंक को समूल समाप्त करने का दृढ़ संकल्प पूर्ण हुआ है। अब बस्तर को विकास की नई धारा से जोड़ने सुनहरा समय आरंभ हो गया है।

गृहमंत्री शाह के बस्तर आगमन पर उनके स्वागत सहित सभी तैयारियों को योजनाबद्ध रूप से पूर्ण करेंगे। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गो में साज सज्जा, ध्वज व होर्डिंग्स आदि लगाने पर चर्चा कर दायित्व भी सौंपे गए व गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने निर्देशित किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, रामाश्रय सिंह, रजनीश पाणिग्रही, परिस बेसरा, योगेंद्र पाण्डेय, ललिता बघेल, सफीरा साहू, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, सुरेश गुप्ता, माहेश्वरी ठाकुर, अभिलाष यादव, संतोष बघेल, नीलांबर सेठिया, विनय सोना, रितेश जोशी, सोनबारी भद्रे, रामबती भंडारी,पूनम सिन्हा, पद्मा कश्यप, बसंत कश्यप, तरूण पाण्डेय, मंगतू कश्यप सहित पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिव संस्कार धाम में आज शाम होगा भव्य सुंदरकांड पाठ

0

शनि जयंती, अमावस्या और वट सावित्री के पावन संयोग पर धार्मिक आयोजन

दल्लीराजहरा। शनि जयंती, अमावस्या एवं वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर वार्ड क्रमांक 8 स्थित शिव संस्कार धाम परिसर में शनिवार 16 मई को संध्या 6:00 बजे से भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।जानकारी के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन में राजनांदगांव के प्रसिद्ध पाठकर्ता गणेश मिश्रा द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण भी किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।शिव संस्कार धाम सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि लगभग 500 वर्षों बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है, जब शनि जयंती, अमावस्या और वट सावित्री व्रत एक ही दिन पड़ रहे हैं।

इसी पावन अवसर को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाने हेतु सुंदरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है।समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं, शिव भक्तों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा भगवान हनुमान एवं शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

बालोद में भाई बना बहन का हत्यारा, कैंची से हमला कर उतारा मौत के घाट

0

बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपनी ही बहन पर धारदार कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान तनीषा सोनकर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी भाई पोषण सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद तनीषा सोनकर ने अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत लेकर देवरी थाने पहुंची थी। युवती ने पुलिस को आवेदन देकर भाई पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस घर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। इसके बाद तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया था।बताया जा रहा है कि रात में पुलिस के लौटने के बाद तनीषा घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई पोषण सोनकर ने धारदार कैंची से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों द्वारा तत्काल उसे देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग भाई द्वारा बहन की हत्या की घटना से स्तब्ध हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS