City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

जगदलपुर केंद्रीय जेल में 10 दिन के भीतर तीसरे कैदी की मौत, जेल प्रशासन की लापरवाही उजागर: सुशील मौर्य

0

हाई कोर्ट के जज से कराई जाए मामले की जांच: सुशील

जगदलपुर केंद्रीय जेल जगदलपुर में कैदियों की लगातार हो रही मौतों पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस का कहना है कि 10 दिनों के भीतर तीसरी मौत का सामने आना जेल प्रशासन की आपराधिक लापरवाही और संवेदनहीनता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि लगातार मौतें चिंताजनक है।जगदलपुर केंद्रीय जेल अब मौत का केंद्र बनती जा रही है। 10 दिन में 3 कैदियों की मौत ने जेल की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। मौर्य ने कहा कि जानकारी के अनुसार कैदी या तो फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहे हैं या इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो रही है। दोनों ही स्थितियां जेल प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाती हैं। सवाल उठता है कि जेल के अंदर फांसी लगाने के लिए सामग्री कैसे पहुंच रही है? बीमार कैदियों को समय पर समुचित इलाज क्यों नहीं मिल रहा? जेल में बंद कैदी भी इंसान हैं और उनके जीवन की रक्षा करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। लगातार हो रही मौतें मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है।

कांग्रेस ने मांग की है कि 10 दिनों में हुई तीनों मौतों की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। दोषी जेल अधिकारियों और कर्मचारियों पर तत्काल आपराधिक मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित किया जाए। मृत कैदियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।जेल में स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। पूरे मामले की रिपोर्ट 7 दिन में सार्वजनिक की जाए।सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जेल तक में लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा? यदि सरकार ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

0

जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में की गई विस्तृत चर्चा

बालोद, 08 जून 2026 जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में एडीशनल पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने नशापान एवं तेज गति से ड्राइविंग को सड़क दुर्घटना का प्रमुख कारण मानते हुए पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती ठाकुर ने पुलिस, यातायात एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से जाँच अभियान चलाकर शराब पीकर एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने वाहन चालकों के लायसेंस जांचकर बिना लायसेंस के वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में बैठक में उपस्थित अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने सड़कों एवं चैक-चैराहों में विचरण करने वाले मवेशियों की रोकथाम के अलावा गुड सेमेरिटन के कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने हेतु सुझाव भी लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना के रोकथाम के उपायों के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए। बैठक में कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

बिलासपुर के आरोपी से 10 लाख का 18 किलो गांजा जप्त

0

जगदलपुर बस्तर जिले की नगरनार थाना पुलिस ने बिलासपुर के एक आरोपी को 18 किलो गांजा की तस्करी करते हुए पकड़ा है। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। यह गांजा उड़ीसा से लाया गया था और जगदलपुर के रास्ते बिलासपुर ले जाया जा रहा था।

बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगरनार साथ थाना पुलिस ने मंगला चौक बिलासपुर निवासी 28 वर्षीय गांजा तस्कर राहुल पांडे पिता राजेश्वर पांडे को 18.085 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। इस गांजे की कीमत 9 लाख 4 हजार 250 रूपए बताई गई है। आरोपी को ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका एनएच 63 के पास पकड़ा गया। वह वहां पर जगदलपुर की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। आरोपी को 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है।आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक संतोष सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक द्वय जदुराम बघेल व सतीश तिवारी, आरक्षक राधाकृष्ण राय, दशरू नाग, नेल्सन टोप्पो सैनिक जगन्नाथ का विशेष योगदान रहा।

दल्ली राजहरा में सामाजिक विद्वेष का जहर घोल रहा है पालिका का कर्मचारी

0

वर्षों से काबिज व्यक्ति की जमीन पर दूसरे से करा दिया अवैध कब्जा

अपर कलेक्टर स्टे आर्डर को भी ठेंगा दिखा रहा है यह कर्मचारी

दली राजहरा नगर में बेशकीमती नजूल एवं सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऎसी गतिविधियों को बढ़ावा देने में नगर पालिका के राजस्व विभाग के तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी की भूमिका पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब तक यह कर्मचारी नगर में सामाजिक विद्वेष का जहर घोलने पर भी आमादा हो गया है।

शासकीय अधिकारी पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने स्थगन आदेश जारी करते हैं, मगर नगर पालिका के राजस्व विभाग के बुद्धिमान कर्मचारी सरकारी आदेश की परवाह नहीं करते हुए नगर पालिका सीएमओ के साथ मिलकर रोज नया अवैध कब्जे को प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी बुद्धिमान कर्मचारी की वजह से एक और कब्जे को लेकर बवाल मचने की संभावना बन गई है। नगर के आशा टॉकीज की जगह पर शुरू से काबिज व्यक्ति को मुगालते में रख कर दूसरे के नाम से वर्षों से काबिज दर्शाते हुए नगर पालिका के राजस्व विभाग ने रसीद काट दी है। पूर्व से काबिज व्यक्ति ने शासन से स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया है।

लेकिन उक्त बुद्धिमान कर्मचारी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर जबरदस्ती उक्त जगह को कब्जाने का ऐलान कर दिया है। नगर पालिका का यह कर्मचारी अब नगर में सामाजिक विद्वेष फैलाने पर भी आमादा हो गया है। बता दें कि इससे पहले भी नगर के वार्ड 22 में महिला पुष्पा प्रसाद की जमीन पर इसी कर्मचारी ने एक अन्य महिला से अवैध कब्जा करा दिया है। इस जमीन पर पक्का मकान निर्माण कराया जा रहा।. इस मामले में एसडीएम और तहसील न्यायालय से स्थगन आदेश जारी होने के बाद भी नगर पालिका के ये बुद्धिमान कर्मचारी इस अवैध कब्जे और बेजा निर्माण में खुलकर सहयोग करते रहे हैं।

करपावंड थाना पुलिस ने पकड़ी मध्यप्रदेश की अवैध अंग्रेजी शराब

0

जगदलपुर बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत करपावंड थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश में निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।बस्तर जिले में अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही करने निर्देशित किया गया था जिसके अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं एसडीओपी प्रवीण भारती के मार्गदर्शन में करपावंड थाने की टीम ने ग्राम मंगनार में 22 वर्षीय आरोपी मनसा भारती पिता कमलोचन भारती निवासी मंगनार के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब गोवा व्हिस्की के 88 नग पौव्वे बरामद किए हैं। जप्त शराब की कीमत 11 हजार 880 रुपए बताई गई है। आरोपी मनसा भारती के खिलाफ थाना करपावंड में आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस मामले के खुलासे में निरीक्षक शिवानंद सिंह, उप निरीक्षक हरिश्चंद्र निषाद, प्रधान आरक्षक रामनाथ भारती, आरक्षक निरंजन महानदी, कैलाश भास्कर, धर्मेंद्र नेताम एवं डीएसएफ बोहितलाल नाइक का योगदान रहा।

श्री गैंद सिंह नायक जी की प्रतिमा का हुआ अनावरण

0

कुसुमकसा (बालोद), 7 जून 2026।अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज एवं हल्बा कर्मचारी प्रकोष्ठ ग्राम चिपरा (कुसुमकसा) द्वारा समाज के प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक जी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः पूजा-अर्चना एवं शोभायात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया तथा मुख्य समारोह में श्री गैंद सिंह नायक जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान, नेतृत्व क्षमता एवं समाज उत्थान के लिए किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय देवलाल ठाकुर जी (प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा छत्तीसगढ़) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय निजाम सिंह कोसमा जी (ग्राम प्रमुख, चिपरा), विशिष्ट अथिति संजय बैस (पूर्व जनपद सदस्य डौडी), राजा राम तारम, छत्तर कोमा, सुखित राणा, अंजोर अलेन्द्र, माखन कोठारी, बंसी राम रावटे, रामहू चुरेंद्र, कौशल राम गांवरे, रेखा बाई कोठारी, श्रीमति ननकी बाई पिस्दा,श्रीमती अंजू कोसमा, श्रीमती वेद बाई पिस्दा एवं ग्राम चिपरा के समस्त कर्मचारी एवं सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहें ।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को एकता, शिक्षा एवं विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।समारोह में सामाजिक परिचर्चा, उद्बोधन एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। अंत में सामाजिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय श्री गैंद सिंह नायक जी का जीवन समाज सेवा, समर्पण और नेतृत्व का प्रतीक रहा है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करती रहेगी।कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज तथा हल्बा कर्मचारी प्रकोष्ठ, ग्राम चिपरा (कुसुमकसा), जिला बालोद द्वारा किया गया।

उप मुख्यमंत्री के सामने खुली विकास कार्यों की पोल: जावेद खान

0

डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर खोली भाजपाई जनप्रतिनिधियों की पोल

जगदलपुर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव बस्तर प्रवास पर पहुंचे हुए हैं और उनके द्वारा जगदलपुर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को देख उनके हाथ सिर्फ निराशा ही लग रही है जिससे हताश और निराश होकर उप मुख्यमंत्री निर्माण कार्यों की लेटलतीफी, खराब गुणवत्ता और अनियमितता को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और ठेकेदारों पर नाराजगी दिखा रहे हैं। और तो और वे अपनी नाराजगी को सोशल मीडिया पर भी प्रदर्शित कर रहे हैं। इसे लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर के जनप्रतिनिधियों और सरकार को आड़े हाथों लिया है। जावेद खान ने कहा है कि अरुण साव ने जगदलपुर के भाजपाई जनप्रतिनिधियों की सोशल मीडिया पर पोल खोल कर रख दी है अरुण साव की प्रतिक्रिया बता रही है कि भाजपाई जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं।

इसका खामियाजा बस्तर की जनता भुगत रही है। यदि स्थानीय जनप्रतिनिधि निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर होते तो आज अरुण साव को निराश नहीं होना पड़ता। जावेद खान ने कहा है कि इंद्रावती नदी पर पुराने पुल की जगह पर निर्माणाधीन नए पुल की स्वीकृति कांग्रेस सरकार के दौरान दी गई थी और जिसे 2024 तक बनाकर जनता को समर्पित किया जाना था परंतु आज 2026 अपने आधे वर्ष पर पहुंच गया और साय सरकार ने भी अपना आधा कार्यकाल समाप्त कर लिया परंतु निर्माण कार्य आज आधा से ज्यादा नहीं हो पाया है। क्योंकि ना तो सांसद ने निर्माण कार्य में तेजी लाने कोई पहल करी ना ही विधायक ने इसे जल्द बनाने अधिकारियों और ठेकेदारों पर दबाव बनाया। 100 करोड़ खर्च करने के बावजूद अमृत मिशन से अब तक पानी नहीं आ पाया है। ठेकेदार बदले जा चुके हैं, समय-सीमा बढ़ाई गई पर आज भी योजना अधूरी पड़ी हुई है। वहीं अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक 5 करोड़ की लागत से बन रहे फोर लेन सड़क के आजू-बाजू के पेड़ों को काटने में जो उत्सुकता दिखाई गई, यदि ऐसा ही उत्साह सड़क निर्माण पर दिखाया गया होता,

तो आज बारिश से पहले ड्रेनेज सिस्टम बन कर तैयार हो गया होता और उप मुख्यमंत्री की नाराजगी का सामना ना करना पड़ता। साथ ही विशाखापट्टनम किरंदुल रेल मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज भी लेट लतीफी का शिकार बन चुका है जो दर्शाता है कि बस्तर के भाजपाई जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। जो जनप्रतिनिधि अपनी ही सरकार में विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं हैं उनकी पोल सोशल मीडिया पर खोलकर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने खोलकर रख दी है। जावेद ने कहा है कि अरुण साव आज जिले के अधिकारियों ठेकेदारों की नहीं बल्की अपनी ही सरकार के जनप्रतिनिधियों की बखिया उधेड़ रहे हैं वे एक तरह से उन्हें आईना दिखा रहे हैं और जनता को भविष्य के लिए ऐसे अवसरवादी नेताओं से आगाह भी कर रहे हैं।

एसडीएम न्यायालय के आदेश को रद्दी कागज कहकर फाड़ा, अवैध निर्माण बेधड़क जारी

0

अब सुशासन शिविर में पहुंच गया है मामला

नगर पालिका के जमीन दलाल कर्मचारी की भूमिका की भी जांच जरूरी

दल्ली राजहरा पहले तहसील न्यायालय ने रोक लगाई थी, फिर एसडीएम न्यायालय ने भी स्थगन आदेश जारी कर दिया। मगर जमीन पर अवैध कब्जा कर अवैध निर्माण कराने वालों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एसडीएम के आदेश की प्रति को भी रद्दी कागज का टुकड़ा बताते हुए फाड़ दिया। ऐसा दुस्साहस अतिक्रमण करने वाले ये तत्व नगर पालिका दल्ली राजहरा के राजस्व विभाग के एक कर्मचारी की सह पर कर रहे हैं। बताते हैं कि यह कर्मचारी बातों में और नगर की सरकारी, निजी जमीन पर अवैध कब्जे कराने में माहिर है।

दल्ली राजहरा नगर के वार्ड 22 में प्रार्थिया पुष्पा प्रसाद पति मनोज प्रसाद के मकान के पीछे स्थित रिक्त जमीन और निजी निकासी नाली पर अवैध कब्जा कर अवैध रूप से पक्का मकान निर्माण कराया जा रहा है। जब यह अवैध कब्जा शुरू हुआ था, तभी पुष्पा प्रसाद ने पहले नगर पालिका सीएमओ से शिकायत की थी। सीएमओ ने पालिका के राजस्व विभाग को अवैध कब्जा और अवैध निर्माण पर रोक लगाने निर्देशित किया था। विभाग के एक तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी ने अवैध कब्जाधारी से लेनदेन कर अवैध निर्माण की खुली छूट दे दी। इसके बाद पुष्पा प्रसाद ने तहसील न्यायालय में अपील की, जहां से अवैध कब्जे और निर्माण पर रोक लगा दी गई, मगर पालिका के कथित बुद्धिमान कर्मचारी ने तहसील न्यायालय के आदेश को भी ठेंगा दिखाते हुए अवैध निर्माण बदस्तूर होने दिया। इसके बाद पुष्पा प्रसाद ने एसडीएम न्यायालय में अपील की, जहां से भी अवैध कब्जे और निर्माण पर स्टे लगा दिया गया। बताते हैं हैं कि एसडीएम न्यायालय के स्टे आर्डर की प्रति को अवैध निर्माणकर्ता ने रद्दी कागज का टुकड़ा बताते हुए फाड़कर फेंक दिया।

पीड़िता पुष्पा प्रसाद ने कलेक्टर जनसुनवाई और सुशासन तिहार शिविर में भी मामले शिकायत की है, लेकिन न्यायालयीन आदेश की अवहेलना लगातार जारी है। आरोप है कि नगर पालिका के कथित बुद्धिमान कर्मचारी द्वारा अवैध मकान निर्माण पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है। जानकारी के अनुसान पुष्पा प्रसाद द्वारा सुशासन शिविर में की गई शिकायत के बाद तहसील कार्यालय से एक पटवारी को जांच हेतु भेजा गया था सूत्र यह भी कहते हैं कि नगर पालिका के राजस्व विभाग के बुद्धिमान कर्मचारी ने और वसूली कर लगातार निर्माण कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। यह कथित बुद्धिमान कर्मचारी शहर के कुछ भूमाफियाओं के सहयोग से जमीन की हेराफेरी लगातार करते आ रहा है। उसकी जांच कर उसे भी दंडित करने की मांग की गई है।

संसदीय संकुल विकास परियोजना से बदलेगी बस्तर की तस्वीर: सांसद महेश कश्यप

0

स्थानीय संसाधनों से आत्मनिर्भर बनेगा बस्तर

बस्तर के दूरस्थ ग्राम मोहलई में आयोजित हुआ युवा चेतना कार्यक्रम

बकावंड बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप की पहल पर संसदीय संकुल विकास परियोजना के अंतर्गत विकासखंड बकावंड के दूरस्थ ग्राम मोहलई में युवा चेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बस्तर के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक है, जब वह पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से 29 विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर दी गई, ताकि जागरूकता के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। सांसद श्री कश्यप ने बस्तर की समृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के प्राकृतिक संसाधन और वन उपज जैसे इमली, महुआ और टोरा इत्यादि स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इमली प्रोसेसिंग यूनिट, टोरा तेल घानी और लघु उद्योगों की स्थापना से व्यापक स्तर पर सकारात्मक बदलाव होगा। इन उद्योगों के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं का पलायन रुकेगा।

सांसद महेश कश्यप ने आगे कहा कि छोटे छोटे समूह स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। जिससे बस्तर के दूरस्थ गांवों में विकास, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का नया संकल्प बनकर उभरेगा।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आजादी के दशकों बाद पहली बार किसी जनप्रतिनिधि उनके गांव आकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पाण्डे, भाजपा जिला महामंत्री परिसराम बेसरा, मंडल महामंत्री अमरदेव भारती, विषम ठाकुर, फूलकेश्वर पांडेय, नवरत्न कर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी तथा क्रेडा विभाग के अधिकारी, महिला समूह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।

हिंदू सेना संगठन में बड़ी जिम्मेदारी: श्रीमती नंदा पसीने बनीं जिला अध्यक्ष, निलेश श्रीवास्तव को प्रदेश महामंत्री का दायित्वगायत्री मंदिर राजहरा में आयोजित समारोह में सौंपे गए नियुक्ति पत्र

0

दल्लीराजहरा। गायत्री मंदिर राजहरा में आयोजित हिंदू सेना संगठन के नियुक्ति समारोह में संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के तहत श्रीमती नंदा पसीने को जिला अध्यक्ष तथा निलेश श्रीवास्तव को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वर्मा ने दोनों पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विमल चंद जैन (महासचिव, आईरा ऑल इंडिया रिपोर्टर एसोसिएशन), बोधन भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष, आईरा), उत्तम साहू (ब्यूरो चीफ, अमन पथ), दीपक यादव (प्रधान संपादक, दर्शन बालोद), पुरोबी वर्मा (पूर्व नगर पालिका सदस्य, दल्लीराजहरा), गायत्री जैन, संगीता रजक, माधुरी रथ , रेणुका साहू, देवंतिन पारकर,सुनीता भांडेकर, मीना साहू, महेश्वरी साहू, पुष्पा शांडिल्य, वर्मा मैडम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नियुक्ति के बाद जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने ने कहा कि वे संगठन की विचारधारा और हिंदुत्व के मूल्यों को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।वहीं प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को जोड़ने की बात कही।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में हिंदू सेना संगठन समाज सेवा एवं जनजागरण के कार्यों को नई गति प्रदान करेगा।

MOST POPULAR

HOT NEWS