महापौर ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियो के साथ किया भवन का निरीक्षण
जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय ने आज आयुक्त एवं एमआईसी सदस्यों व पार्षदों, नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के वीर सावरकर भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान वीर सावरकार भवन में पूर्व में किसी भी प्रकार का मेंटेनेंस नहीं किए जाने के कारण कई खामियां नजर आईं। जिनका आंकलन कर इस भवन को ठीक करने की बात संजय पाण्डे ने कही है।
महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि 10 साल के कांग्रेस सरकार में वीर सावरकर भवन सहित जितने भी बड़े परिसर व अन्य निर्माण कार्य जो पूर्व महापौर किरण सिंह देव के कार्यकाल में हुए थे उन सभी का सही संरक्षण कांग्रेस के कार्यकाल में नहीं हुआ। उनका सिर्फ दोहन ही हुआ है लेकिन अब नगर प्रशासन में भाजपा सत्ता में आ गई है इसलिए इन भवनों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। वीर सावरकर भवन के बारे में महापौर संजय पाण्डे ने बताया कि अभी 25 लाख खर्च कर रंग रोगन, सीलिंग, टॉयलेट, मंच और सामने की नालियों को दुरुस्त किया जाएगा।
कूलिंग डक्ट, फैन ठीक किया जा सकेगा तो उसे भी ठीक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह भवन शहरवासी विवाह व अन्य सामाजिक, धार्मिक कार्य के लिए उपयोग में लाते हैं इसलिए इसे हाईटेक करने की जरूरत है।ताकि लोगों को सुविधाजनक स्थिति यहां प्राप्त हो। महापौर ने इस भवन में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का भी निर्देश दिया।भविष्य में इस भवन के अंदर एयर कंडीशनर भी लगाने की योजना है। इतना ही नहीं बल्कि इस भवन में कई ऐसे सामान जो खंडहर में तब्दील है उसे भी सही स्थान पर व्यवस्थित करने के लिए महापौर ने कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पाण्डेय के साथ नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा एवं निगमकर्मी मौजूद रहे।
वन नेशन वन इलेक्शन को देशभर में मिल रहा विशाल जन समर्थन-अभिषेक सिंह
बालोद एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर राष्ट्रीय विचार मंच के तत्वाधान में सिटीमॉल बालोद के पांची सिनेमा हाल में जिले भर से भारी संख्या मे प्रबुद्ध वर्ग समाज सेवी , डाक्टर, वकील, व्यवसायी, समाज प्रमुख,शिक्षक,मानस परिवार,पेंशनर समाज प्रमुख,सेवा निर्वित अधिकारी कर्मचारी सहीत अन्य वर्गो की उपस्थिति में विचार गोष्ठी का आयोजन रखा गया जिसमें मुख्य वक्ता राजनांदगांव लोकसभा के पुर्व सांसद अभिषेक सिंह अध्यक्षता सेवानिवृत्त आई ए एस अधिकारी जी आर चुरेन्द्र, विष्टि अतिथि डा प्रदीप जैन, समाज सेवी चेमन देशमुख, राकेश द्विवेदी सहित अतिविशिष्ट एवं सभ्रांत नागरिकगण उपस्थित रहेl
मुख्य वक्ता अभिषेक सिंह ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत एक सकारात्मक बदलाव को लेकर बुद्धिजीवियों एवं सामान्य वर्ग से समर्थन प्राप्त करने यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है भारत के इतिहास में दुनिया की पूरी अर्थव्यवस्था में 30% अर्थव्यवस्था भारत से पूर्ति होती थी भारत पुर्व में सोने की चिड़िया कहलाती थी गणित में हमने 0 दुनिया को दिया, आयुर्वेद अर्थशास्त्र, उच्च स्तर का ज्ञान हमने विश्व को दिया है ज्ञान योग हमारे संतो महर्षि ऋषि मुनियों के ताप ज्ञान से हमारे देश सोने की चिड़िया मानी जाती थी आक्रमण क्रांताओ, वर्ण, वर्ग भेद, जाती पाती आपसी लड़ाई सहित अन्य कारणों से हम गुलामी की जंजीरों में जकडे गए हम अपने पुराने वैभव को प्राप्ती एवं विकसित भारत के संकल्प को लेकर एक देश एक चुनाव को राष्ट्रहित में करना चाहते हैं यह कोई नई बात नहीं है आजादी के बाद 1952 से 1967 तक सभी चुनाव एक साथ हुए 1960 में पाकिस्तान के साथ युद्ध एवं तीन-चार वर्षो तक अकाल से अनाज की कमी हुई हमें अमेरिका से अनाज आयात करने पड़े 1967 के चुनाव आते-आते देश में केंद्र एवं अधिकतम राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी कुछ राज्यों में गठबंधन की सरकारे बनी मूल रूप से कांग्रेस का विरोध होता रहा कई राज्यों में राज्यपाल ने अल्पमत में मध्यावधि चुनाव कराए 1991 से 2025 तक केंद्र और कई राज्यों के चुनाव एक साथ हुए कई बार केंद्र में भाजपा की सरकार और राज्य में कांग्रेस की सरकार को एक साथ मतदाता चुनते आए हैं ऐसे कई उदाहरण हैं जनता 5 वर्षों के लिए सरकार चुनती है किंतु पंच पार्षद से लेकर विधानसभा लोकसभा तक के सभी चुनाव में 2 साल का कार्यकाल जो किसी सरकार के 40% समय का दुरुपयोग होता है आज लगभग देश का 50 लाख करोड़ का सालाना बजट है सभी इलेक्शन एक साथ होते हैं तो साढे चार से आठ लाख करोड़ तक की बचत हो सकती है जो कुल बजट का 10 से 15% बचत होगी जिससे छोटे-छोटे निर्माण विकास कार्य पूरे देश में हो सकते हैं साथ ही सभी चुनाव में लगने वाले आचार संहिता के कारण आम जनता गरीब जनता जिनका छोटा-छोटा काम खेत का नामांतरण, बिजली ,पानी सहित कई ऐसे आवश्यक कार्य आचार संहिता के कारण रुक जाते हैं मीडिया जो सरकार को आईना दिखाने का काम करती है महीने दो महीने तक चुनावी कवरेज समीकरण को लेकर अपने मूल कार्यों से विचलित हो जाते हैं चुनावी ड्यूटी में अधिकारी कर्मचारी एवं शिक्षकों के पीड़ा देखी जा सकती है विशेष कर शिक्षा मे बाधा उत्पन्न होने से इसका दुष्परिणाम 15 वर्षों बाद समाज को सहना पड़ता है शिक्षक वोटर लिस्ट चुनाव की ड्यूटी में अपने मूल कर्तव्यों को नहीं कर पाते राजनेताओं की दृष्टि से दिन प्रतिदिन होते महंगे चुनाव से कोई जमीन जायदाद बेचता है कोई कर्ज में डूब जाता है इस पर भी अंकुश लगेगाl
देश आज एक बड़े बदलाव के लिए आगे बढ़ रहा है इस विचार को क्रांति लाने की जिम्मेदारी हम सबकी है
अध्यक्षी उद्बोधन में जी आर चुरेंद्र ने कहा कि बार-बार चुनाव से राजनीतिक अस्थिरता आती है मोदी जी ने मुख्यमंत्री रहते हुए एक देश एक चुनाव का प्रस्ताव रखा था जो आज मूर्त रूप ले रहा है 2024 के लोकसभा चुनाव में साधन संसाधन में चुनावी खर्च 1 लाख 35 हजार करोड़ था जो 2019 के चुनाव से दुगना हुआ यह राशि देश के विकास में लगनी चाहिए जो देश की कुल जीडीपी का 1.5% के बराबर है
समाजसेवी चेमन देशमुख ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से सरकारी संसाधनों की बर्बादी रुकेगी सुरक्षा बलों का दबाव कम होगा नागरिक एक साथ मतदान कर पाएंगे जिससे भागीदारी बढ़ेगी और लोकतंत्र सशक्त बनेगा भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के लिए दीर्घकालिक समाधान हो सकता है
विष्टि जनों ने अपने विचार रखें
समाजसेवी डॉक्टर प्रदीप जैन ने कहा कि यह जन-जन के दिल से निकली आवाज है आज देश का हर व्यक्ति इस बिल के साथ है यह देश के विकास और समृद्धि का रास्ता प्रशस्त करेगा चिकित्सा जगत आई एन आई एवं बालोद के एक-एक जनता की ओर से इस बिल का समर्थन करता हूं
अभिषेक सिंह जी बालोद जिले की ओर से अस्वस्त होकर जाएं कि हम इस बिल के साथ हैं
डॉक्टर चावड़ा ने कहा कि पेंशनर समाज एक देश एक चुनाव का समर्थन करता है हम जन-जन तक जाकर इसके लाभ आम मतदाताओं तक पहुंचाने का कार्य करेंगे इसके पीछे देश का विकास समाहित है
सेवा निर्वित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डी आर गजेंद्र ने भी इस बिल का समर्थन करते हुए कहा कि बार-बार चुनाव से सबसे अधिक पीड़ा शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को होती है मतदाता सूची से लेकर मतदान संपन्न करने तक बच्चों के भविष्य को ताक में रखकर कर्तव्य निर्वहन करना पड़ता है अधिवक्ता शारदा ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन का लाभ हम अपने घर में ही देख सकते हैं हम छठी का कार्यक्रम बर्थडे के साथ मनाते हैं जिससे धन एवं समय की बचत होती है
व्यवसायी मोहन नाहटा ने कहा कि देश के जवान अधिकारी कर्मचारी का समय बहुमूल्य होता है परिवहन व्यवस्था में वाहनों का अधिग्रहण से ट्रान्सपोर्ट व आम जनता को भी अनेक परेशानियां होती हैं इन सब की बचत एक चुनाव से संभव है
शिक्षक जितेंद्र सोनी ने केंद्र सरकार द्वारा लिए इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि मोदी जी की संकल्पना राष्ट्रहित में समाहित है भारत में हर साल किसी न किसी राज्य में चुनाव होते हैं इससे न केवल सरकारी खर्च बढ़ता है बल्कि सुरक्षा प्रशासन और संसाधनों पर भी बोझ पड़ता है एक साथ चुनाव में होने वाले खर्च को बचाकर संसाधनों को देश के विकास में लगाया जा सकता है
मानस परिवार की ओर से प्रतिमा यादव ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव निर्णय व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा
युवाओं की ओर से आशुतोष कौशिक ने कहा कि एक देश में एक चुनाव कराने से होने वाली आर्थिक बचत आने वाली पीढियो के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेगी एक राष्ट्र एक चुनाव सिर्फ चुनावी मैनेजमेंट से आगे बढ़कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास को तेज गति देने का सशक्त माध्यम भी बनेगी
श्रद्धांजलि
सभा में उपस्थित जन समूह ने पुलवामा में 27 पर्यटकों,सौलानियो पर आतंकी हमले से हुए मृतकों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित किए
कार्यक्रम का आरंभ राष्ट्रगीत एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जनों एवं विशिष्ट जनों का आभार आयोजन समिति के संयोजक राकेश द्विवेदी ने किया मंच संचालन मौसमी साहू ने किया
सरगीपाल के धर्मांतरित युवक की अंत्येष्टि रोकी ग्रामीणों ने
बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम सरगीपाल में एक धर्मांतरित युवक के अंतिम संस्कार को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। ग्रामीण अपने गांव में शव न दफनाने देने पर अड़ गए हैं। वहीं इसके विरोध में मृतक के परिजन और ईसाई समुदाय के लोग शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने चक्कजाम भी कर दिया।
ग्राम पंचायत सरगीपाल निवासी 35 वर्षीय अजय बघेल बीते 21 अप्रैल को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उसकी मृत्यु हो गई। परिजन अजय के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सरगीपाल और दशापाल के ग्रामीण एकजुट होकर शव को गांव में दफनाने का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना था मृतक व उसके परिजन क्रिश्चियन धर्म अपना चुके हैं। मृतक के परिवार पहले हिंदू थे इसलिए हिंदू रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाए। वहीं
मृतक के परिजन ईसाई धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार पर अड़ गए। काफी गहमा गहमी के बाद मृतक के परिजन और क्रिश्चियन समुदाय के लोगों ने रोड पर बैठ कर चक्काजाम कर दिया। वे नारे लगाते रहे कि हमें संविधान चाहिए, कब्रिस्तान चाहिए। खबर मिलने पर एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े, थाना प्रभारी डोमेंद्र सिन्हा तुरंत मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं है। समाचार लिखे जाने तक चक्कजाम और विवाद की स्थिति बनी हुई है।
साय सरकार ने युवाओं के कौशल विकास के लिए किए अहम एमओयू
बस्तर सहित पूरे प्रदेश को मिलेगा लाभ: कश्यप
स्वालंबन और स्वरोजगार से दूर करेंगे बेरोजगारी
जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नीति- राज्य कार्यशाला श्रृंखला के राज्य समर्थन मिशन के तहत छत्तीसगढ़ में युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदायों के लिए कौशल विकास, रोजगार और आजीविका के अवसरों को विस्तार देने विषय पर आधारित कार्यशाला का शुभारंभ कर चार महत्वपूर्ण एमओयू किए हैं। जिसे लेकर छत्तीसगढ़ के कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप ने बयान जारी करते हुए कहा कि हमारी विष्णुदेव साय सरकार युवाओं को रोजगार करने के ध्येय से हर संभव प्रयास कर रही है।
मंत्री कश्यप ने कहा कि हमारा प्रदेश नव युवा राज्य है। यहां रोजगार और स्वालंबन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में हमारी साय सरकार ने यहां के युवाओं को कौशल में महारत बनाने जो पहल की है वह भविष्य के विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। वनमंत्री एवं कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर खनिज संपदा के साथ वन और प्रकृतिक संपदा से भी परिपूर्ण क्षेत्र है। बस्तर के युवाओं ने आज शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अविश्वनीय सफलता प्राप्त कर ली है। वैसे ही अब कौशल विकास के माध्यम से स्वालंबन के दिशा में सफलता को प्राप्त करेंगे। हमारी सरकार इस एमओयू के माध्यम से युवाओं के कौशल को संवारने का काम करेगी।
वन आधारित आजीविका पर जोर
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में हमारी आर्थिक व सामाजिक विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि वनवासी क्षेत्रों में वन-आधारित आजीविका कार्यक्रमों पर कार्य किया जाएगा इससे हमारे आदिवासी समुदाय के लोगों की आय में वृद्धि होगी। राज्य स्तरीय योजनाओं में जनजातीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने एवं उन्हें नई तकनीक और कौशल से जोड़ने की दिशा में भी हमारी सरकार अभियान पूर्वक कार्य करेगी।
महत्वपूर्ण चार एमओयू
कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप ने एमओयू के बारे में भी बताया। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण एवं नंदी फाउंडेशन आर्थिक रूप से वंचित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एवं आवश्यक कौशल प्रदान कर उनके आजीविका के साधनों में सुधार लाने का काम करेंगे। दूसरे एमओयू के तहत छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण एवं महेंद्रा एंड महेंद्रा कंपनी
द्वारा दंतेवाड़ा कोंडागांव और बलरामपुर जिलों के लाइवलीहुड कॉलेजों में ट्रैक्टर मैकेनिक पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। तीसरे एमओयू के तहत उच्च शिक्षा विभाग एवं नैसकॉम द्वार कॉलेज विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की जानकारी देकर उन्हें जॉब प्रोवाइडर के रूप में विकसित करेंगे। वहीं चौथे एमओयू के तहत उच्च शिक्षा विभाग एवं नंदी फाउंडेशन द्वारा महाविद्यालयीन छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर उन्हें कुशल और आत्मनिर्भर युवा बनाएंगे।
सामाजिक,धार्मिक,राजनीतिक, खेलकूद,जन्मदिन के होर्डिंग लगाने से पहले दुकानदार लेगा पहले निगम से परमिशन
फ्लेक्स मे प्रशासक मुद्रक का नाम अंकित होना जरूरी, नहीं तो फ्लेक्स होंगे अवैध
जगदलपुर — जगदलपुर महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन एवं आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा के निर्देश एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के नेतृत्व मे जगदलपुर नगर पालिका निगम द्वारा विज्ञापन बोर्ड (ग्राउंड होर्डिंग) के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर जारी करने का उद्देश्य होर्डिंग लगाने के लिए इच्छुक कंपनियों को आमंत्रित करना है। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से नगर निगम की सर्वोत्तम शर्तो पर होर्डिंग के अधिकार मिल सकेंगे। टेंडर मे होर्डिंग की जगह अवधि शुल्क आदि से संबंधित जानकारी नगर निगम के वेबसाइट से जानकारी दी जाएगी।
विज्ञापन बोर्ड को पुनः 03 जोन में विभाजित कर नवीन सिरे से निर्धारित दर नियम शर्तों की अनुशंसा एवं बंद लिफाफा पद्धति द्वारा निविदा आमंत्रित की जाएगी। जगदलपुर शहर में 60 विज्ञापन बोर्ड को नगर पालिका निगम जगदलपुर क्षेत्रअंतर्गत विज्ञापन बोर्ड लगाने वाले क्षेत्रो को तीन विज्ञापन जोन में बांटा गया है। विज्ञापन बोर्ड लगाने हेतु स्थल निविदा के माध्यम से अधिकतम दरदाता को सक्षम स्वीकृति उपरांत अनुमति दिया जाएगा।
जोन क्रमांक 01– जिस स्थान में विज्ञापन होल्डिंग्स लगाने की अनुमति दिया जाना है उसमे आमागुड़ा चौक से जयपुर रोड नगर निगम के सीमा तक 20 बाई 10 के 06 होर्डिंग, फिरंता मार्केट के पास से शहीद पार्क होते हुए झंकार टॉकीज तक 20 बाई 10 के 06 होर्डिंग एवं वायरलेस ऑफिस लालबाग होते हुए आसना तिराहा चौक तक 20 बाई 10 के 10 होर्डिंग लगाने की अनुमति दी गई है। निविदा हेतु सरकारी न्यूनतम दर 06 लाख 60 हजार रूपये रखी गई है।
जोन क्रमांक 02 – जिस स्थान में विज्ञापन होडिंग लगाने की अनुमति दिया जाना है उसमे गुरु गोविंद सिंह चौक से परपा नाका तक 20 बाई 10 के 06 होर्डिंग, गुरु गोविंद सिंह चौक से कमिश्नर ऑफिस मोड तक 20 बाई 10 के चार होर्डिंग एवं भाजपा कार्यालय के सामने से बोधघाट चौक तक 20 बाय 10 के 06 होर्डिंग लगाने की अनुमति रहेगी। निविदा हेतु सरकारी न्यूनतम दर 04 लाख 80 हजार रुपए रखी गई है।
जोन क्रमांक 03- जिस स्थान में विज्ञापन होर्डिंग लगाने की अनुमति दिया जाना है उसमे कांग्रेस भवन से अनुपमा चौक होते हुए धरमपूरा मार्ग पल्ली नाका तक एवं समुद्र चौक से धरमपूरा मार्ग मे 20 बाई 10 के 15 होर्डिंग एवं सिरहासार चौक टाउन क्लब से मिताली चौक तक 20 बाय 10 के पांच होर्डिंग एवं गोल बाजार चौक मे 20 बाय 10 के दो होर्डिंग लगाने की अनुमति दिया जाएगा। निविदा हेतु सरकारी न्यूनतम दर 06 लाख 60 हजार रखी गई है…
जगदलपुर नगर में विज्ञापन होर्डिंग इन जगहों पर प्रतिबंध रहेगा जिसमें समस्त डिवाईडर, विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर,पेड़, चांदनी चौक, एयरपोर्ट चौक, जिला ग्रंथालय लाइब्रेरी के पास एवं संजय मार्केट पार्किंग स्थल है।
महापौर संजय पांडेय एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा विगत 07 सालों से ग्राउंड होर्डिंग से कोई भी राजस्व नगर निगम को प्राप्त नहीं हो रहा था, जिस पर ग्राउंड होर्डिंग प्रतिपोल की नीलामी का निर्णय लिया गया है। सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, खेलकूद, जन्मदिन के होर्डिंग लगाने से पहले दुकानदार द्वारा नगर निगम से परमिशन लेना अनिवार्य है। प्रत्येक फ्लेक्स में प्रशासक मुद्रक का नाम अंकित होना भी जरूरी है नहीं तो फ्लेक्स अवैध माना जाएगा और उसे पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
1 मई मजदूर दिवस के अवसर पर हिन्दुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन सीटू राजहरा के तत्वावधान में खदान श्रमिकों ने पूरे जोश खरोश से मजदूर दिवस मनाया ।
यूनियन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 5.30 बजे माइंस आफिस के सामने, तथा 6.00 बजे यूनियन कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया ।
शाम 5.00 बजे जैन भवन चौक से एक विशाल मोटरसाइकल रैली का आगाज हुआ, जो बाजार एवं टाउनशिप से गुजरते हुए सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी के साथ यूनियन कार्यालय आकर एक आमसभा में तब्दील हो गई।
आमसभा के मुख्य वक्ता छग सीटू राज्य समिति के महासचिव कामरेड एमके नंदी ने मजदूर दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1 मई 1886 को दुनिया में पहली बार मजदूर आन्दोलन की शुरुआत हुई।सत्ता और पूंजी के गठजोड़ ने जब इस आन्दोलन को कुचलने के मजदूरों पर गोलियां बरसाईं तब मजदूरों के खून से रंगे कपडों से लाल झंडे का जन्म हुआ। तब से आज तक इस लाल झंडे को अपने हाथों में थामें पूरी दुनिया का मजदूर वर्ग अपने हक व हितों की लडाई लड़ रहा है । आन्दोलन के इस सफर में मजदूरों ने बडी कुर्बानी दी है और बहुत सारे अधिकार भी हासिल किए हैं।अब इन अधिकारों को बचाना हमारे लिए अहम चुनौती है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की वर्तमान केंद्र सरकार हमें प्राप्त श्रम कानूनों में मालिकपरस्त संशोधन कर हमारे ऊपर थोपना चाहती है। जो हमें कतई मंजूर नहीं है। इसके विरोध में देश के सभी श्रम संगठनों ने 20 मई को राष्ट्रीय आम हडताल की घोषणा की है।
छग सीटू राज्य समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कामरेड एस पी डे ने कहा कि श्रम कानूनों में संशोधन के खिलाफ 20 मई को होने वाली हड़ताल देश की अब तक की सबसे बड़ी हड़ताल होगी। जिसमें मजदूर वर्ग केंद्र सरकार को आईना दिखाने में सफल रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रम कानून में जो संशोधन किए गए हैं वह पूरी तरह से मालिकों के पक्ष में है और श्रमिकों को गुलाम बनाने की साजिश की जा रही है। इस विषय पर कामरेड एस पी डे द्वारा विस्तार रूप में एक पावर प्रजेंटेशन का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया जिसे उपस्थित लोगों ने बहुत ही पसंद किया । सीटू राजहरा के अध्यक्ष कामरेड पुरषोत्तम सिमैया ने कहा कि 139 सालों से मजदूर दिवस मनाते हुए श्रमिक प्रबंधन एवं मालिकों के बर्ताव के खिलाफ संघर्षरत है, फिर भी एक इंसान होने का संपूर्ण दर्जा भी मजदूर वर्ग ने अब तक हासिल नहीं किया है। यह लड़ाई लंबी चलेगी। सीटू राजहरा के कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि दल्ली राजहरा आंदोलनों की नगरी है, यहां मजदूर जितने हर्षोल्लास के साथ मजदूर दिवस मनाते हैं, उतने ही हर्षोल्लास और जोश खरोश के साथ आंदोलन में भी हिस्सेदारी करते हैं। दल्ली राजहरा की सभी यूनियनें मजदूर हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग व प्रतिबद्ध हैं। सीटू सचिव प्रकाश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि मजदूरों ने जो भी हासिल किया है वो संघर्षों से ही पाया है इसलिए दल्लीराजहरा की सभी यूनियन एवं श्रमिक साथी 20 मई की हड़ताल को एतिहासिक रूप से सफल बनायेंगें ।इस मजदूर दिवस का यही संकल्प है।
मजदूर दिवस के इस विशाल कार्यक्रम को सफल बनाने में कामरेड विनोद मिश्रा, कामरेड चार्ली वर्गिस, कामरेड जे गुरूवुलू , कामरेड सुजीत मुखर्जी, कामरेड मुकेश मानस,कामरेड आलोक श्रीवास्तव,कामरेड अशोक गुलबाके, कामरेड रामाधीन, कामरेड प्रशांत त्रिवेदी, कामरेड संजीत टेमरे, कामरेड इन्द्रदमन सिंह, कामरेड शशि, कामरेड नकुल, कामरेड सुनील, कामरेड आशा साहू, कामरेड रिपु,कामरेड गिरीश, कामरेड मनीष बाग, कामरेड यशवंत सिंह, कामरेड फिरत, कामरेड गंगाधर साहू, कामरेड सुभाष, कामरेड मंगेश, कामरेड अजय,कामरेड ओमप्रकाश साहू, कामरेड दीपक सोना, सहित सैकडों साथियों ने सक्रिय भूमिका अदा की।
मोहला अक्षय तृतीया के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार में बच्चों ने गुड्डे-गुड़िया की शादी रचाई। शादी की पूरी रस्म निभाई गई। तेलमाटी, चुलमाटी, हल्दी, मेहंदी, मायन व बरात आदि की रसमे निभाते बच्चों में भारी उत्साह देखा गया।
धरम टीकावन के साथ लोगों को सामूहिक भोज भी कराया गया। ग्राम पंचायत शेरपार की सरपंच जया मंडावी और शिक्षक शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा पुतरा पुतरी के बिहाव के बहाने प्लेकार्ड के माध्यम से बाल विवाह रोकने और उसके दुष्परिणामों के बारे में संदेश दिया गया, जिसकी जमकर प्रशंसा की गई। सरपंच जया मंडावी ने ग्रामवासियों से आह्वान किया कि अपने नाबालिग बच्चों की शादी न करें, दहेज प्रथा से दूर रहें। गुड्डे-गुड़िया की शादी में पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार के प्रधान पाठक रमेश कुमार सलामे, शिक्षक शंकर साहू, आधार सिंह कुमेटी, प्राथमिक शाला डालकसा की प्रधानपाठिका रोशनी रामटेके व शिक्षक महेशचंद्र भट्ट, भृत्य संतोष कुमार महोबिया, दीपक कुमार सहित शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रिशेश्वर लाल गुनेंद्र व सदस्यगण तथा महिला स्व सहायता समूह की सदस्याएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी व बच्चे शामिल हुए।
जनपद सदस्य मंजू बैंस ने जिलाधीश से मिलकर किए सौजन्य मुलाकात आज क्षेत्र क्रमांक 4 के जनपद सदस्य मंजू बैंस बालोद जिलाधीश दिव्या उमेश मिश्रा जी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या और विकास कार्यों के लिए चर्चा किए और विकास कार्य का मांग पत्र प्रेषित किए जनपद सदस्य मंजू बैंस ने जिलाधीश महोदय को बताया कि किसानों की सिंचाई के लिए राज्य शासन से बजट में प्रावधान है जिसे शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति के लिए चर्चा हुवा इस योजना के क्रियान्वयन से किसानों को बहुत लाभ होगा और किसानों के स्थिति के साथ चिंतामुक्त किसानी कर पाएंगे l
यहां योजना हमारे कुसुमकसा में लघु सिंचाई योजना अनुसूचित जनजाति उप योजना के तहत बजट में स्वीकृति है जिसमें जिलाधीश ने शासन के साथ किसानों के मंशानुरूप कार्य को प्रगति देने की बात कही कुसुमकसा में पुलिस चौकी निर्माण के लिए भी जिलाधीश से चर्चा हुवा जिसमें बालोद पुलिस अधीक्षक से सार्थक बात हुवा पत्र के माध्यम से मंजू बैंस ने कलेक्टर महोदया जी विकास कार्यों के लिए चर्चा करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत कुसुमकसा के ग्राम पंचायत के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए दस लाख रुपए और वार्ड 1 में कला मंच निर्माण के लिए पांच लाख रुपए वार्ड 2 में सीसी रोड निर्माण के लिए पांच लाख रुपए वार्ड 3 के सीसी रोड के लिए पांच लाख रुपए वार्ड 4 में सीसी रोड के लिए पांच लाख रुपए वार्ड 20 के सीसी रोड के लिए पांच लाख रुपए और अपने जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत अरमुरकसा के लिए दस लाख रुपए की सीसी सड़क बनाने के लिए मांग पत्र जिलाधीश महोदय जी को सौफा l
कांग्रेस में संघर्ष की नई संस्कृति विकसित कर दी है प्रदेश कांग्रेस प्रमुख बैज ने
अर्जुन झा
जगदलपुर शांत और स्थिर चित्त रहकर भी संघर्ष करने की कला आज के सियासतदानों को सीखनी चाहिए। दीपक बैज ने प्रदेश में कांग्रेस में जनता के हक के लिए संघर्ष की जो संस्कृति विकसित की है, उस पर अमल कांग्रेस अगर वह पूरे प्रदेश में जिला स्तर करे, तो उसे उसका खोया हुआ जनाधार आसानी से वापस मिल सकता है। दीपक बैज की “संघर्ष संस्कृति” का यह नया पैटर्न हमें कल यानि गुरुवार को जगदलपुर में देखने को मिला। हालांकि इस दौरान कुछ अति उत्साही युवाओं की उग्र भीड़ जरा बेकाबू हो गई और बेरिकेट्स तोड़कर ये युवा कलेक्ट्रेट की ओर दौड़ पड़े थे, मगर दीपक बैज ने उन्हें भी खामोशी के साथ हैंडल कर लिया।
दरअसल इंद्रावती नदी के समय से पहले सूख जाने तथा किसानों के सामने आए संकट को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षदीपक बैज के नेतृत्व में 28 अप्रैल से बस्तर जिले के चित्रकोट से इंद्रावती बचाओ किसान आदिवासी संघर्ष यात्रा निकाली गई थी। दर्जन भर से अधिक गांवों से गुजरने के बाद तीसरेदिन यह यात्रा 30 अप्रैल को जगदलपुर पहुंची। यात्रा में हर दिन सैकड़ों नए लोग स्व स्फूर्त जुड़ते चले गए और जगदलपुर आते तक यात्रा हजारों की भीड़ में तब्दील हो चुकी थी। महिला, बच्चे, युवा, किसान, आदिवासी हर वर्ग के लोग इस ऐतिहासिक आंदोलन के सहचर बने। जगदलपुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड से कारवां कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने लगी। कलेक्ट्रेट के पहले पुलिस ने बेरिकेटिंग कर रखी थी। यहां तक सब कुछ शांति से चलता रहा, मगर कुछ अति उत्साही युवक बेरिकेट्स को लांघ कर कलेक्ट्रेट की ओर दौड़ पड़े, वहीं कुछ महिलाएं महिला पुलिस कर्मियों से उलझ पड़ी। धक्का मुक्की भी हुई। दीपक बैज ने तुरंत मोर्चा सम्हालते हुए महिलाओं और युवकों को शांत करते हुए अपने मिशन को जारी रखा।
एक रहेंगे, तो सेफ रहेंगे कांग्रेसी
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया पूरी हुई। इस बीच कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा कि यह हमारे बस्तर और जीवनदायिनी इंद्रावती नदी को बचाने के संघर्ष की शुरुआत मात्र है, जरूरत पड़ी तो आगे हम पूरे शांतिप्रिय ढंग से और भी बड़ा आंदोलन करेंगे। इस बेहद सफल आंदोलन से साबित होता है कि कैसे छोटे छोटे मुद्दे को भी लोकपयोगी बनाकर संघर्ष किया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस शांतिप्रिय आंदोलन के जरिए सरकार को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आम लोगों की जो भीड़ जुटी उसने सरकार के माथे पर बल पैदा कर दिए हैं। साथ ही खेमों में बंटे कांग्रेस नेताओं के लिए भी एक बड़ा सबक यह आंदोलन दे गया है कि एक रहोगे तो सेफ रहोगे, बटेंगे, तो कटेंगे। कांग्रेस के कर्णधारों को चाहिए कि अब वे मिल जुलकर पूरे राज्य में ब्लॉक और जिला स्तर पर संघर्ष का दीपक बैज वाला पैटर्न अपनाएं।
मेयर संजय पांडे ने पहले किया “राम राम, जय श्रीराम” का घोष फिर दिया बजट भाषण
बजट अभिभाषण में गूंजा आस्था का स्वर, चार बार माई दंतेश्वरी, दो-दो बार बूढ़ादेव, मावली माता और श्रीराम का जयघोष
मां दंतेश्वरी की गोद में बसा हमारी साझा संस्कृति, विरासत और एकता का प्रतीक है जगदलपुर: महापौर संजय पाण्डे
मुझे शक्ति और प्रेरणा देता है मां दंतेश्वरी और मावली माता का आशीर्वाद: संजय पाण्डे
जनता के सपनों का पंख यह बजट: संजय पाण्डे
अर्जुन झा-
जगदलपुर माई दंतेश्वरी की नगरी जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने एकबार फिर शहरवासियों का दिल जीत लिया। सनातन संस्कृति के झंडाबरदार के रूप में सुविख्यात मेयर संजय पाण्डेय ने आज नगर निगम का अपना पहला बजट पेश करते हुए सनातन संस्कृति की ऎसी झलक दिखाई कि हर कोई गदगद हो उठा।बजट बैठक सनातन धर्म और संस्कृति की धूम संजय पांडे ने मचा दी।
जगदलपुर नगर निगम की सामान्य सभा बैठक में महापौर संजय पांडे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 239 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया। यह पहला अवसर था जब वे बतौर नवनिर्वाचित महापौर इस गरिमामयी मंच से बजट लेकर जनता के समक्ष उपस्थित हुए। सभा की शुरुआत में उन्होंने “राम राम, जय राम” के उद्घोष से सभी को संबोधित किया।महापौर संजय पांडे ने अपने उद्बोधन में नगर निगम के अध्यक्ष, मेयर-इन-कौंसिल के सदस्यों, पार्षदों, मीडिया कर्मियों, अधिकारी- कर्मचारियों तथा जगदलपुर की जनता को हृदय से नमन किया। उन्होंने कहा कि जगदलपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि यह मां दंतेश्वरी की गोद में बसी हमारी साझा संस्कृति, विरासत और एकता का प्रतीक है। बजट पेश करते हुए महापौर ने इसे अपने लिए केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि एक स्वप्न का साकार होना बताया। उन्होंने कहा कि शहर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वही विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी और मावली माता का आशीर्वाद मुझे इस पवित्र दायित्व को निभाने की शक्ति और प्रेरणा देता है। महापौर ने जगदलपुर को एक समृद्ध, स्वच्छ और समावेशी शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प भी दोहराया। मेयर संजय पांडे ने बजट को जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि मैं बस्तर की आराध्य मां दंतेश्वरी, बूढ़ादेव, मावली माता के चरणों में प्रणाम करते हुए, जनता जनार्दन को नमन कर यह संकल्प लेता हूं कि यह बजट जगदलपुर को प्रगति, समृद्धि और सम्मान के नए शिखर तक ले जाएगा।महापौर ने कहा कि यह बजट सिर्फ एक प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि पूरे शहर की जनता की आशाओं, सुझावों और सपनों का आईना है। इस वर्ष एक अभिनव पहल करते हुए, सोशल मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से सुझाव लिए गए। हमें 4700 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए जिनमें स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता, सड़क सुधार, तालाबों के जीर्णोद्धार, हरियाली बढ़ाने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने जैसी प्राथमिकताओं को शामिल किया गया है। महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि हमने इन सभी सुझावों का गंभीरता से अध्ययन किया और इस बजट में यथासंभव उन्हें समाहित करने का प्रयास किया है। यह बजट जगदलपुर के महान जनता के विचारों, आशाओं, और उनके सपनों का प्रतिबिंब है।
प्राथमिकता में जलप्रदाय
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नगर निगम द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए रु. 2 अरब 39 करोड़ 22 लाख 99 हजार की आय अनुमानित की गई है, जबकि रु. 2 अरब 39 करोड़ 39 लाख 83 हजार का व्यय प्रस्तावित है। इस प्रकार 16 लाख 84 हजार का घाटा दर्शाते हुए बजट प्रस्तुत किया गया है। इस बजट का मुख्य फोकस शहर की मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर है।विशेषकर जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर। जल ही जीवन है इस संकल्प को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घर, मोहल्ला और बस्ती में स्वच्छ व निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रु. 3000 लाख का विशेष प्रावधान किया गया है। बजट में अमृत मिशन के तहत घर-घर जल प्रदाय, पुरानी पाइप लाइनों के नवीनीकरण तथा जल संरक्षण से जुड़े उपायों को प्राथमिकता दी गई है। महापौर संजय पांडे ने स्पष्ट किया कि उनका संकल्प है- शहर का कोई भी परिवार पेयजल की कमी से न जूझे।
बजट की प्राथमिकताएं
महापौर संजय पाण्डेय ने स्वच्छता, विद्युत, अधोसंरचना, बस स्टैंड कायाकल्प, बैराज योजना और तालाबों के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी है। बजट में केवल मूलभूत आवश्यकताओं तक सीमित न रहते हुए, शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और सुगठित बनाने की दिशा में ठोस योजनाएं बनाई हैं। स्वच्छता के लिए 1000 लाख का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत कचरा प्रबंधन, सफाई अभियान, अपशिष्ट निपटान और जनजागरूकता जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। विद्युत व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए रु. 500 लाख आवंटित किए गए हैं। स्ट्रीट लाइटिंग के विस्तार से जगदलपुर की गलियों को रोशन और सुरक्षित बनाया जाएगा।अधोसंरचनात्मक विकास के अंतर्गत शहर के हर गली- मोहल्ले में सीसी रोड, नाली, पुलिया, ड्रेनेज सिस्टम, डिवाइडर और सड़क डामरीकरण जैसे कार्यों के लिए रु. 5000 लाख की बड़ी राशि प्रस्तावित की गई है। कुशाभाऊ ठाकरे अंर्तराज्यीय बस स्टैंड के आधुनिकीकरण हेतु रु. 500 लाख का बजट प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत प्रतीक्षालय, स्वच्छता केंद्र, यात्री सुविधा, पार्किंग और सूचना केंद्र की व्यवस्था की जाएगी।
बनेगा जगदलपुर बैराज
जगदलपुर बैराज योजना को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित यह बैराज शहर को पेयजल और निस्तारी जल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। साथ ही इससे सिंचाई और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ और ओड़िसा राज्यों के बीच जल बंटवारे की समस्या को ध्यान में रखते हुए बैराज के लिए 8000 लाख का प्रावधान किया गया है। इसके लिए जल संसाधन विभाग के सहयोग से कार्य किया जाएगा। महापौर ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए राज्य के जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप का आभार प्रकट किया।
लौटाएंगे शहर का वैभव: संजय
महापौर संजय पांडे ने कहा कि वे शहर के पुराने वैभव को लौटाने कटिबद्ध हैं। शहर की ऐतिहासिक पहचान को संजोए रखने हेतु दलपत सागर, गंगामुंडा और पंडरी तरई तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण हेतु 2000 लाख का प्रावधान किया गया है। जलकुंभी सफाई, गाद निकासी, जल संरक्षण, वॉक वे, बोटिंग, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था को शामिल किया गया है। तालाबों की सफाई के लिए स्वदेशी तकनीकों के साथ-साथ पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध रामवीर तंवर का मार्गदर्शन लिया जा रहा है, जिससे इन जलस्रोतों का पुनर्जीवन और संरक्षण सुनिश्चित हो सकेगा।
शहरी जीवन गुणवत्ता सुधार
शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में नगर निगम ने इस बजट में नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने वाले अनेक पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया है।पार्कों और मैदानों का सौंदर्यीकरण शहर की सांसें हैं। सिटी ग्राउंड, हाता ग्राउंड, लालबाग मैदान, शहीद पार्क समेत अन्य पार्कों के जिर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 500 लाख का प्रावधान किया गया है। लोकमान्य तिलक वार्ड में एक सर्वसुविधायुक्त पार्क की योजना तैयार की गई है, जिसमें बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बाजारों के सुव्यवस्थापन के तहत संजय बाजार और अन्य प्रमुख बाजारों की पार्किंग, साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय, कचरा प्रबंधन, पेयजल, सुरक्षा और सूचना केंद्र जैसी सुविधाओं को दुरुस्त करने हेतु 500 लाख का प्रावधान किया गया है।मुक्तिधाम एवं कब्रिस्तानों की दशा सुधारने और उन्हें शांति तथा गरिमा से युक्त स्थान बनाने के लिए 300 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें बाउंड्री वॉल, पक्के रास्ते, प्रकाश, शौचालय, जल व्यवस्था, वृक्षारोपण और बैठने की सुविधा शामिल है।
मल्टीलेवल पार्किंग
मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 500 लाख की राशि का प्रावधान किया गया है। इसके निर्माण से शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सकेगा और पार्किंग की समस्या का समाधान संभव होगा।महापौर श्री पाण्डे ने कहा कि एमआर रोड निर्माण को लेकर भी महत्त्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के प्रस्ताव अनुसार वीर सावरकर भवन से खपरा भट्टी तक तथा अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण के लिए 5000 लाख का बड़ा प्रावधान रखा गया है।
सबका साथ, सबका विकास
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नगर की जनता जनार्दन के बहुमूल्य सुझावों को इस बजट में यथासंभव शामिल किया गया है, जो कि शहर के समग्र और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है। यद्यपि समय की कमी के कारण प्रत्येक सुझाव का विस्तार से उल्लेख करना संभव नहीं, फिर भी मैं इस अभिभाषण के माध्यम से बजट के प्रमुख बिंदुओं पर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहूंगा।उन्होंने कहा कि इस बजट में अधोसंरचना विकास, बस स्टैंड आधुनिकीकरण, सरोवर धरोहर योजना, पर्यावरण सुधार, बाजार, मुक्तिधाम और पार्क विकास, ट्रांसपोर्ट नगर और गोकुल नगर जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए समुचित राशि का प्रावधान किया गया है। साथ ही बरसाती जल निकासी, मुख्यमंत्री घोषणाओं, विकलांगजन सुविधा, स्वास्थ्य एवं आवास योजनाएं, ई-गवर्नेंस, सड़क-नाली मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, डंपिंग यार्ड सौंदर्यीकरण, महिला एवं युवाओं के लिए रोजगार मूलक योजनाएं, प्रेस क्लब, और ट्रैफिक सिग्नल शेड जैसे विविध जनोपयोगी कार्यों हेतु वित्तीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कृतज्ञता, संकल्प और समर्पण
मेयर संजय पाण्डेय ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जन भागीदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्वपूर्ण शासन की दिशा में हमारा सामूहिक संकल्प है। इसमें समावेशी दृष्टिकोण के साथ प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं का ध्यान रखा गया है, ताकि हम एक आधुनिक, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर जगदलपुर का निर्माण कर सकें।महापौर संजय पाण्डे ने नगर के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों के प्रति सहृदय कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा, वन, जलवायु एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि इन सभी के सहयोग और स्वीकृति से नगर को विकास के लिए अनुदान प्राप्त होता है। संजय पांडे ने विशेष रूप से मैं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव का आभार प्रकट किया, जिनके प्रयासों से नगर निगम को उनकी विधायक निधि से अब तक की सर्वाधिक राशि प्राप्त हुई है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नगर विकास को नई दिशा मिली है। श्री पाण्डे ने कहा कि मैं मेयर इन कौन्सिल के सभी सदस्यों, पार्षदों, जिला एवं पुलिस प्रशासन, इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया, नगर निगम के कर्मठ अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति भी आभार प्रकट किया। उन्होंने बस्तर चैम्बर ऑफ कॉमर्स, रोटरी क्लब, जेसीआई, आर्ट ऑफ लिविंग, दलपत सागर बचाओ समिति, पर्यावरण समिति, सामाजिक संगठनों और शहर के सभी समाजों बंगीय, आंध्र, मिथिला, आदिवासी, ब्राह्मण, जैन, सिंधी, सिक्ख, पिछड़ा वर्ग, सर्वधर्म समाज आदि का आभार प्रकट किया, जिनका सतत सहयोग एवं सुझाव नगर विकास की दिशा में प्रेरणा बनकर हमारे साथ रहा।
महापौर ने कहा मैं उन जागरूक नागरिकों को भी धन्यवाद देता हूँ, जिनके सुझावों, मार्गदर्शन और सामाजिक सहभागिता से विकास की राह प्रशस्त हुई। आप सभी के साथ से हम एक समृद्ध, स्वच्छ, और आत्मनिर्भर जगदलपुर का निर्माण करेंगे।
महापौर संजय पाण्डे ने अपने अभिभाषण के समापन पर अपनी भावनाओं को दो पंक्तियों में समर्पित किया। उन्होंने कहा-
“हमारे शहर की उन्नति, सपनों का आसमान हो,
हर गली, हर चौराहा, विकास का परचम हो। जन-जन के सुझावों से, बुनें नया इतिहास, संकल्प अटल है, बढ़ाएंगे शहर का गौरव प्रकाश।” श्री पाण्डे ने जय मां दंतेश्वरी, जय बूढ़ादेव, जय मावली माता, जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अभिभाषण समाप्त किया।
एक राष्ट्र- एक चुनाव पर प्रस्ताव पारित
नगर निगम जगदलपुर की सामान्य सभा की बैठक में “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के ऐतिहासिक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर के पत्र के आधार पर यह विषय अध्यक्ष द्वारा सभा में प्रस्तुत किया गया था। प्रस्ताव पारित कर इसे कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल छत्तीसगढ़, राज्य शासन एवं भारत सरकार को भेजने की अनुशंसा की गई। इसे लोकतंत्र की मजबूती और संसाधनों की बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।सभा में अतिरिक्त विषयों पर भी निर्णय लिए गए, जिनमें विज्ञापन बोर्ड (ग्राउंड होर्डिंग्स) को पांच वर्षों के लिए ठेके पर दिए जाने हेतु तीन जोनों में विभाजन कर निविदा प्रक्रिया को स्वीकृति दी गई। साथ ही संजय मार्केट की थोक सब्जी मंडी की दो दुकानों को क्रमशः 5.61 लाख व 5.51 लाख की उच्चतम दर पर शिक्षित बेरोजगार व महिला वर्ग को स्वीकृति दी गई। गंगामुंडा, दिवान तालाब एवं अन्य जलाशयों को मछली पालन हेतु दस वर्षों के लिए मछवारा समूह, फर्म को ठेके पर देने के लिए निविदा प्रक्रिया को भी हरी झंडी दी गई।
बैठक के मुख्य एजेंडे
नगर निगम की सामान्य सभा में विकास, पर्यावरण, जलप्रदाय और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लिए गए निर्णय।
नगर निगम जगदलपुर की सामान्य सभा की बैठक में नगर विकास, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और राजस्व सुदृढ़ीकरण से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार और निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वप्रथम वर्ष 2024-25 के पुनरीक्षित बजट एवं वर्ष 2025-26 के अनुमानित बजट को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही बलीराम कश्यप वार्ड में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के निर्माण के लिए 271.86 लाख की प्रावधिक स्वीकृति के अनुरूप प्रस्ताव भेजे जाने पर भी निर्णय लिया गया। नगरोत्थान योजना के अंतर्गत दलपत सागर का सौंदर्यीकरण, प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण व अन्य निर्माण कार्यों के लिए 3500 लाख की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भी शामिल किया गया। नगरोत्थान योजना के एजेंडा में दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए 1001.34 लाख रूपये की राशि, मुक्तिधाम से समुन्द चौक से पावर हाऊस चौक से पंचपथ चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के लिये 1017.79 लाख रूपये की राशि एवं अन्य अतिरिक्त निर्माण कार्य क़े लिये 1480.87 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई है।
वृक्षारोपण, वाटर हार्वेस्टिंग जरूरी
वातावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए भवन निर्माण क्षेत्रफल के अनुसार वृक्षारोपण अनिवार्य किया गया। मल्टीस्टोरी भवनों में प्रत्येक फ्लैट हेतु एक वृक्ष लगाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, भवन अनुमति के साथ रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की शर्त अनिवार्य की गई, जिसका उल्लंघन करने पर 50 हजार रुपए से डेढ़ लाख तक जुर्माना लगाया जाएगा। जलप्रदाय प्रणाली के दुरुपयोग पर कार्रवाई करते हुए टुल्लू पंप जप्त करने के एक हजार का जुर्माना तय किया गया। संजय मार्केट के प्रथम तल के हॉल को शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना हेतु न्यूनतम 4000 रुपए के किराए पर देने का प्रस्ताव पारित किया गया। एलईडी और टेरिस विज्ञापन हेतु वार्षिक दर में 10 प्रतिशत वृद्धि तथा नगर निगम कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन हेतु परियोजना प्रबंधन इकाई की स्थापना का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।जल प्रदाय दरों में संशोधन करते हुए निर्माण कार्य, विवाह, धार्मिक कार्यक्रमों व बीपीएल विवाह के लिए टैंकरों की नई दरें तय की गईं। अंत में, शहीद पार्क में संचालित मिनी ट्रेन का किराया 3-15 वर्ष के बच्चों के लिए 5 रुपए और 15 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए 10 रुपए निर्धारित किया गया। यह बैठक विकास और जनहित से जुड़ी बहुआयामी योजनाओं की दिशा में एक ठोस पहल के रूप में संपन्न हुई। बता दें कि सभा में बजट से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई और आगामी वर्ष की विकास योजनाओं की रूपरेखा भी रखी गई।
नगर निगम जगदलपुर के इस बजट सत्र को शहर के भविष्य के लिए एक सकारात्मक और दूरदर्शी पहल माना जा रहा है।