प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, उप मुख्यमंत्री शर्मा, वनमंत्री केदार कश्यप पहुंचे दंतेवाड़ा
मां दंतेश्वरी की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की जगदलपुर प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, वनमंत्री केदार कश्यप संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शामिल होने के पूर्व हेलीकाप्टर से दंतेवाड़ा पहुंचे और माई दंतेश्वरी की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। भाजपा की सरकार बनने के बाद आज पहली बार प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, उप मुख्यमंत्री और वनमंत्री पहली बार दंतेवाड़ा पहुंचे थे। उनका भाजपाइयों ने जोशीला स्वागत किया।दंतेवाड़ा पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी माथुर का स्वागत वनमंत्री केदार कश्यप ने किया।
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस के तहत काम कर रही है। हमारी सरकार की मंशा है कि छत्तीसगढ़ पूरी तरह हिंसामुक्त राज्य बने, समाज के सभी तबके के लोग छत्तीसगढ़ के विकास में भागीदार बनें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्येय वाक्य सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास की अवधारणा पर चलते हुए हमारी सरकार सभी तबकों के उत्थान और कल्याण की दिशा में कदम आगे बढ़ा रही है। गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद से जुड़े लोग भी हमारे भाई बंधु हैं, मगर उनकी विचारधारा गलत है। नक्सली विकास विरोधी हैं, निर्दोष आदिवासियों मासूम विद्यार्थियों की हत्या करते हैं। शिक्षा के मंदिर, सड़क, पुल पुलिया को तोड़ते हैं। यह गलत है। विजय शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार बार बार नक्सलियों से आग्रह कर रही है कि वे समाज की मुख्यधारा की ओर लौट आएं, अन्यथा उनके किए कर्मों का हिसाब बराबर किया जाएगा। गृहमंत्री ने बस्तर के आदिवासियों, युवाओं और ग्रामीणों से आह्वान किया कि नक्सलियों के बहकावे में न आएं।
जगदलपुर सीजी पीएससी परीक्षा में घोटाला करके आदिवासी युवाओं का हक मारने वालों को हरगिज बख्शा नहीं जाएगी। उन्हें उनकी करनी की सजा भोगनी ही पड़ेगी।
शनिवार को जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने भाषण की शुरुआत नक्सलियों द्वारा मारे गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नमन कर की। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। अपने दिवंगत साथियों को नमन करते आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को कभी आंच नहीं आने दी जाएगी। हमारी पार्टी में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी उतना ही सम्मान मिलता है, जितना कि बड़े नेताओं को। श्री साय ने कहा कि एक आदिवासी होने के नाते आदिवासियों की धरती बस्तर में आकर मैं अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आदिवासियों, अनुसूचित जाति के लोगों, दलितों और पिछड़ों का बहुत सम्मान करते हैं। पिछली कांग्रेस की सरकार में सीजी पीएससी परीक्षा में घोटाला कर आदिवासी युवाओं का हक मारा गया। कांग्रेस नेताओं और अफसरों के रिश्तेदारों को उपकृत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने विधानसभा चुनावों के दौरान घोषणा की थी कि पीएससी परीक्षा घोटाले की जांच कराई जाएगी। हमारी प्रदेश सरकार इस घोटाले की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश कर दी है। अब पात्र परीक्षार्थियों को इंसाफ मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलियों ने बस्तर के हमारे कई नेताओं की हत्या की है। मैं अपने दिवंगत नेताओं को नमन करते हुए आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि नेताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और ऐसी घटनाओं से आप लोगों को विचलित नहीं होना है। साय ने कहा कि अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाते हुए बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रू. किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है। बाकी वादे और प्रधानमंत्री श्री मोदी की हर गारंटी को भी जल्द पूरा किया जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत मातृशक्ति को 12 हजार रू. सालाना, 5500 रू मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदी, तेंदूपत्ता श्रमिकों को 4500 रू बोनस का भुगतान किया जाएगा। सभी विभागों में रिक्त पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्य में सरकार गठन में अहम योगदान के लिए कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया।
जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को : किरणदेव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरणदेव सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा किभाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जहां मैदानी कार्यकर्ताओं को भी पूरा सम्मान दिया जाता है। पार्टी को जब भी और जहां भी जीत मिलती है, उसका श्रेय वहां के कार्यकर्ताओं को दिया जाता है। बिना कार्यकर्ताओं की मेहनत के कोई भी राजनैतिक दल सफलता प्राप्त नहीं कर सकता। किरणदेव सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग की बारह में से आठ सीटों पर विजय आप मेहनती और लगनशील कार्यकर्ताओं, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा व अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर मिली है। इसके लिए आप सभी साथियों का मैं आभार प्रकट करता हूं। किरण देव सिंह ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान भी किया। सम्मान समारोह में बस्तर संभाग के सातों जिलों बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर के हजारों पार्टी कार्यकर्ता, प्रदेश, जिला व मंडल पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। मंच पर उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, वन एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर के सांसद मोहन मंडावी, विधायक लता उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल, चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप डॉ. सुभाऊ कश्यप, श्रीनिवास मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, महेश गागड़ा, संतोष बाफना, बेदूराम कश्यप, राजाराम तोड़ेम, संजय पाण्डेय, लच्छू कश्यप, सुरेश गुप्ता, गीता मिश्रा व अन्य नेता मौजूद थे।
पुलिस अधीक्षक जिला बालोद डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के द्वारा महिला संबंधी अपराध का त्वरित निराकरण करने का निर्देश प्राप्त हुआ है जिसके तहत थाना डौण्डी के अपराध कमांक 02/2024 धारा 376(2)(एन) भादवि के पीड़िता द्वारा वर्ष 2022 में महेश राव निवासी सिकोला भाटा दुर्ग से जरिये मोबाईल फोन के माध्यम से जान पहचान हुई थी, दोनो बातचीत करते थे, महेश राव बालोद सत्या माइको कैपिटल लिमिटेड ब्रांच बालोद में काम करता था, और पीड़िता के घर आना जाना करने लगा, फरवरी 2023 में महेश राव पीड़िता को प्यार करता हुं शादी करूंगा बोलने पर दोनों के बीच प्रेमसंबंध हो गया। पीड़िता शादी कब करोगे बोलती थी महेश राव तब कभी भी कर लेंगे बोलकर बात को टालता रहा आरोपी महेश राव पीड़िता के घर आकर अकेली पाकर शादी करूंगा कहकर पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक सम्बन्ध बनाया, मना करने पर भी नहीं माना, उसके बाद कई बार पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाया है की रिपोर्ट पर थाना डौण्डी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला बालोद सुशील कुमार नायक एवं श्रीमान नगर पुलिस अधीक्षक दल्लीराजहरा राजेश बांगड़े के मार्गदर्शन में आरोपी महेश राव पिता श्रीनिवास राव उम्र 27 साल साकिन कैलाश नगर दुर्ग थाना मोहन नगर जिला दुर्ग का सायबर सेल बालोद की तकनीकी सहायता से लगातार पता साजी की जा रही थी जिसे दिनांक 04.01.2024 को उसके निवास स्थल से अभिरक्षा में लिया गया एवं आरोपी महेश राव पिता श्रीनिवास राव उम्र 27 साल साकिन कैलाश नगर दुर्ग थाना मोहन नगर जिला दुर्ग को पुछताछ किया गया आरोपी के अपना जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी को दिनांक 05.01.2024 के 13:05 बजे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है। प्रकरण को सुलझाने में निरीक्षक सुनील तिर्की, उपनिरीक्षक धनेश्वर साहू, आर. 318 खिलावन, आर. 362 ईश्वर भण्डारी का विशेष योगदान रहा है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा दिनांक 4 जनवरी 2024 को ग्राम पंचायत धोबनी ब में पूर्वान्ह 10 बजे से एवं ग्राम पंचायत सिंगनवाही में अपरान्ह 2 बजे प्रारंभ हुआ विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ की पूजा अर्चना सरपंच हरिशंकर उईके ग्राम पंचायत धोबनी ब, भगतराम औसरा जी ,मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी डी मंडले तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया उसी कड़ी मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा आम नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों को स्वच्छता शपथ दिलाया गया ओ डी एफ प्लस ग्राम पंचायत सिंगनवाही को अभिनंदन पत्र तथा 100% डिजिलिटेशन के लिए ग्राम पंचायत सिंगनवाही के सरपंच भगतराम राम ओसरा को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत विभिन्न योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ,उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन ,किसान क्रेडिट कार्ड ,आयुष्मान कार्ड ,प्रधानमंत्री बीमा योजना, प्रधान मंत्री सुपोषण योजना आदि के लाभांवित हितग्राहियों द्वारा स्वयं उद्बोधन कर अपनी कहानी बताया गया उक्त कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी डी मंडले, एवं समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी पंच एवं ग्रामीण जनों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के महिलाओं एवं स्कूल के छात्राओं द्वारा धरती कहे पुकार के कार्यक्रम के तहत धरती माता को प्रदूषण मुक्त एवं साफ़ स्वच्छ रखने हेतु संकल्पित किया गया, विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम स्थल पर तीन पेंशन हितग्राहियों द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी डी मंडले से कार्यक्रम स्थल पर ही निराश्रित पेंशन हेतु बैंक जाने में असहाय है नगद दिलाने हेतु निवेदन किया मति बिसरी बाई, दुली बाई, सुंदरियां बाई ग्राम पंचायत धोबनी ब के द्वारा मांग किया उक्त बुजुर्ग,75 वर्ष की वृद्धा पेंशन हितग्राहियों की मांग को को सीईओ सर द्वारा कार्यक्रम स्थल में ही बैंक सखी श्रीमति अनिता सिंहा को निर्देशित कर स्पॉट में ही आधार बेस पर नगद पेंशन राशि तत्काल हितग्रही के बैंक खाता से निकाल कर 500/ रुपया भुगतान कराया गया एवं हर माह ग्राम पंचायत मे आकार बैंक सखी के द्वारा भुगतान करने हेतु निर्देशित किया गया उज्ज्वला गैस कनेक्शन के 7 हितग्राहियों को गैस सिलेण्डर , 18 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड 6हितग्राहियों को, स्वच्छता कीट 7हितग्राहियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रदान किया गया एवं कार्यक्रम प्रदान करने वाले बच्चों एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन के महिलाओं को मुख्य अतिथि के कर कमलों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया
दिनांक 05.01.2024 को नगर पंचायत चिखलाकसा क्षेत्रान्तर्गत वार्ड क 04 में जयस्तंभ चौक, दुर्गा मंच में आयोजित किया गया। जिसमें भारत सरकार का विकसित भारत का रथ पहुंच कर डिजिटलस्कीन के द्वारा भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। संकल्प शिविर में शासन की विभिन्न विभाग स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, महिला बाल विकास विभाग, आयुष विभाग, कृषि विभाग, छ.ग.रा. ग्रामीण बैंक एवं नगर पंचायत सम्मिलित हुए। जिसमें शासन की योजना आयुष्मानकार्ड, आधारकार्ड, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रालोन, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी गई एवं योजना से लाभांवित हितग्राहियो को प्रशस्ति का मुख्य अतिथि द्वारा प्रदाय किया गया।
संकल्प शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुषविभाग द्वारा नागरिकों को निःशुल्क जांच एवं औषधि वितरण किया गया। उज्जवला योजना के तहत लाभांवित महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किया गया एवं आयुष्मान योजना के तहत लांभांवित हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं नन्हे बच्चो को पौष्टिक व्यंजन बनाकर खिलाया गया तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहतर भोजन ग्रहण किये जाने की जानकारी दी गई। संकल्प शिविर में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यकम धरती कहे पुकार एवं कला जत्था के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदाय किया गया। विकसित भारत संकल्प शिविर में मुख्य अतिथि सुदेश सिंह भाजपा जिला कोषाध्यक्ष, मनीष झा डौण्डीमंडल अध्यक्ष, राकेश द्विवेदी दल्लीराजहरा मंडल अध्यक्ष, भरतभाई पटेल सांसद प्रतिनिधि एंव देवेन्द्र माहला प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा, उपस्थित हुए। कार्यकम की अध्यक्षता श्री भिखी मसिया अध्यक्ष नगर पंचायत चिखलाकसा, अरविंदनाथ योगी मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत चिखलाकसा द्वारा किया गया। कार्यकम का मंच संचालन जी.आर. सोरी व्याख्याता एवं पुसन कुमार साहू व्याख्याता तथा संकल्प शिविर कार्यकग का आभार प्रकट अब्दुल इब्राहिम सैयय्द उपाध्यक्ष नगर पंचायत चिखलाकसा द्वारा किया गया। संकल्प शिविर मे पार्षद गणों में श्रीमती संगीता साहू, ताराचंद पाथोडे, श्रीमती शांति रावटे, तिहारू आर्य, श्रीमती कुन्ती देवागंन, वेंकटराव, श्रीमती नूतनदारा, श्रीमती सुनिता गुप्ता, श्रीमती लीला डड़सेना, श्रीमती विमला जैन साथ ही राजू रावते. बृजमणि यादव, सुभाषचंद्र शर्मा, श्रीमती आसोबाई, विजय डड़सेना एवं उप अभियंता राकेश कुमार पाठक सहित नगर पंचायत के समस्त कर्मचारी उपस्थित हुए।
जगदलपुर आज मुख्यमंत्री के रूप में माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रथम बस्तर आगमन हुआ। इस दौरान जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल ने तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर अथितियों का स्वागत किया। इसके साथ ही सभी अथितियों का माडिया मुकुट पहनाकर भी सम्मानित किया गया। इस दौरान पुष्प वर्षा लगातार चलता रहा। वहीं भक्तिमय माहौल में 51 पंडितों ने स्वास्तिक वाचन और शंखनाद के साथ अतिथियों का बस्तर की धरती में स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के पार्षद, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद थे।
आरोपी से 15 किलो 310 ग्राम गांजा हुआ बरामद नगरनार बस्तर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के मार्गदर्शन में पड़ोसी राज्यों से गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नगरनार पुलिस को एकबार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए से भी ज्यादा कीमत के 15.310 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को पकड़ा है। राजस्थान का यह युवक एक यात्री बस के जरिए ओड़िशा से गांजे की खेप लेकर आ रहा था।
पकड़े गए आरोपी का नाम 30 वर्षीय देवकरण कुमार पिता लखीराम जाट निवासी ग्राम ददरेवा, थाना राजगढ़ जिला चुरु राजस्थान बताया गया है। 6 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति नरेश ट्रेवल्स की यात्री बस सीजी 07 ई 7720 से बैग में गांजा लेकर ओड़िशा से जगदलपुर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर फॉरेस्ट नाका धनपूंजी में नाकाबंदी कर आरोपी देवकरण कुमार को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 15.310 किलोग्राम गांजा कीमती 1लाख 53हजार 100 रुपए एवं नकद 1हजार रुपए एक नग मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपी को धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उसे जगदलपुर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उप निरीक्षक रेनूराम मौर्य, आरक्षक चेतन बघेल, राधाकृष्ण राय, डीएसएफ आरक्षक जोगेश्वर कश्यप व सैनिक सत्यनारायण का योगदान रहा।
महापौर निधि के फाइल गायब होने पर इंजीनियर को नोटिस
दिनांक 4/1/24 को आयुक्त हरेश मंडावी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रगतिरत कार्यों के संबंध में एक एक कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर निधि के कार्यों की समीक्षा के दौरान इंजीनियर्स द्वारा बताया गया कि कई सारे फाइल अभी तक पुराने इंजिनियर द्वारा प्रदाय नही किया गया है। इस पर फटकार लगाते हुए महापौर निधि के एक एक कार्यों के संबंध में अमन नेताम से जानकारी लेने पर यह संज्ञान में आया कि कुछ फाइल उनके पास है कुछ फाइल नहीं मिल रही है इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अमन नेताम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तथा एक हफ्ते के भीतर महापौर निधि के समस्त फाइल को कार्यो की वर्तमान स्थिति के आधार पर प्रस्तुत करने तथा फाइल गुम होने के संबंध में जवाब देने निर्देश दिए।
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में पिछले दिनों पुलिस और नक्सालियों के बीच चली मुठभेड़ के दौरान एक बच्ची की मौत हो जाने तथा उसकी मां के घायल होने की घटना की जांच के लिए कांग्रेस ने एक कमेटी का गठन किया है। बीजापुर के गंगालूर थाना अंतर्गत मुदवेंडी गांव की एक बच्ची की मुठभेड़ के दौरान क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। बच्ची की मां के हाथ में भी गोली लगी थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रभारी संगठन एवं प्रशासन मलकीत सिंह गैदू ने बताया कि पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। कमेटी के संयोजक बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी, सदस्य प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री नीना रावतिया, जिला पंचायत सदस्यद्वय शंकर कुड़ियाम व बसंत ताती तथा जनपद उपाध्यक्ष मिच्चा मुतैया को बनाया गया है। गैदू के मुताबिक समिति को जल्द मौके पर जाकर सच्चाई का पता लगाने व रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को जल्द भेजने के लिए कहा गया है।
बहस – मुबाहिस से लबरेज सुहानी सुबह की दास्तान -अर्जुन झा-
जगदलपुर ठंड के इस मौसम में चाय कॉफी की चुस्कियों के बीच शहर के एक कोने में बहस मुबाहिस से लबरेज शानदार महफिल सजती है। जब सूरज की किरण भी बस्तर की पवित्र धरा का वंदन नहीं कर पाई होती तब कुछ बुद्धिजीवी लोग बस्तर संभाग, छत्तीसगढ़ राज्य और देश की दशा दिशा पर मंथन में व्यस्त नजर आते हैं। उनकी बातों में कभी नाउम्मीदी की झलक मिलती है, तो कभी सुनहरे कल की उम्मीद भी नजर आती है। जगदलपुर के बहुत से लोगों को शायद यह मालूम नहीं है कि उनके शहर में एक टी- कॉफी ग्रुप भी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद अल सुबह टी ग्रुप के सदस्य सुबह की सैर के साथ शहर के हृदय स्थल सिरासार चौक पर अलाव तापते हुए बस्तर संभाग, छत्तीसगढ़ और देश के सियासी हालात, देश दुनिया के हर बड़े घटनाक्रम पर चर्चा में मशगूल नजर आते हैं। मुख्यतः बस्तर के हालातों को लेकर ग्रुप के सदस्य चिंतन मनन करते हैं। टी ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य राजकुमार झा, भूपेंद्र कश्यप, कुमार दीपक, श्रीनिवास रथ, प्रशांत लाला, के साथ नए सदस्य अर्जुन झा रोजाना इस चौक पर चाय, कॉफी की चुस्की लेते हुए विभिन्न विषयों पर वैचारिक विभिन्नता के बावजूद मुलाकात कर अपनी बात रखते हैं। कुछ मुद्दों पर मत भिन्नता होने के कारण कभी कभी सदस्यों के बीच वाक युद्ध का नजारा भी देखने को मिल जाता है। यह जुबानी लड़ाई ज्यादा देर तक नहीं टिकती। कुछ ही पल में कोई सदस्य ऐसी टॉपिक छेड़ देता है कि महफिल में फिर से जान लौट आती है और ठहाके गूंजने लग जाते हैं। मतलब इस ग्रुप का अलग ही तमाशा चलता है। कभी ऐसी किचकिच मच जाती है, गोया जानी दुश्मन बैठे हों। कुछ ही देर में ठहाके गूंजने लगते हैं। तब फिर इनकी यारी देखते ही बनती है।
बड़े लोगों की भी पसंदीदा जगह
विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी जतिन जायसवाल और किरण देव सिंह भी इस टी कॉफी ग्रुप के साथ चाय कॉफी की चुस्कियां लेने अक्सर पहुंचा करते थे। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक रेखचंद जैन का इस ग्रुप से विशेष लगाव रहा है। वे अक्सर ग्रुप के साथ एंजॉय करने आते रहते थे। उन्हें पार्टी द्वारा टिकट नही दिए जाने के फैसले को लेकर ग्रुप के सदस्यों के बीच कई दिनों तक चर्चा चलती रही। ग्रुप के सभी सदस्य जैन को टिकिट मिलने को लेकर पूरी तरह आशान्वित थे। टिकट कट जाने से सदस्यों को बड़ी निराशा हुई। चर्चा में सदस्य अक्सर कहा करते थे कि रेखचंद जैन को टिकट मिला होता, तो कांग्रेस के हाथ से जगदलपुर सीट हरगिज नहीं फिसलती।