जगदलपुर। शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की कक्षा 6वीं में सीधे प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 18 मई को किया जा रहा है। बस्तर जिले के 6 विकासखंडों के 8 परीक्षा केन्द्रों पर 18 मई को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी। इस परीक्षा हेतु विकासखंड जगदलपुर के निर्मल हायर सेकंडरी स्कूल जगदलपुर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। निर्धारित परीक्षा केंद्र में 2125 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। पात्र विद्यार्थी एकलव्य विद्यालय की वेबसाईट के माध्यम से आवेदन क्रमांक एवं मोबाईल नंबर की सहायता से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। डाउनलोड करने में किसी तरह की कठिनाई होने पर पात्र विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र हेतु अपने विकासखंड के मंडल संयोजक एवं एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य से सम्पर्क कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
जावेद खान लगातार तीसरी बार भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त
- अभा युवा कांग्रेस ने जावेद पर जताया फिर भरोसा
जगदलपुर। अभा युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित यंग इंडिया के बोल के पहले सीजन में ही बस्तर का नाम रौशन करने एवं अपना लोहा मनवाने वाले कांग्रेस के युवा एवं तेज तर्रार नेता जावेद खान को तीसरी बार फिर से युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
जावेद खान को 2021 में युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रवक्ता युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन बीवी द्वारा नियुक्त किया गया था।बस्तर के युवा नेता जावेद खान राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने के बाद से लगातार प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया में कांग्रेस पार्टी एवं संगठन का मजबूत चेहरा बनकर उभरने में कामयाब रहे हैं। जिसे देखते हुए युवा कांग्रेस ने जावेद को लगातार चौथे वर्ष के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। जावेद भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ साथ यंग इंडिया के बोल सीजन 2 में ओडिशा के सह प्रभारी तथा यंग इंडिया के बोल सीजन 3 में बिहार के प्रभारी के रूप में भी संगठन से मिले दायित्व को निभाने में कामयाबी हासिल कर चुके हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के मैनिफेस्टो न्याय पत्र के कैंपेनर भी हैं।जावेद को पुनः राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने पर जावेद ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे,पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रिनिवासन बीवी, राष्ट्रीय महासचिव पूर्णचंद कोको पाढ़ी, वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव बिश्नोई, यंग इंडिया के बोल की राष्ट्रीय प्रभारी राष्ट्रीय सचिव रौशनी जैसवाल का आभार व्यक्त किया है और दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं दुगनी ऊर्जा के साथ करने की बात कही है। विदित हो कि जावेद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के बस्तर संभागीय प्रभारी प्रवक्ता के रूप में भी छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
काम आ रही है ‘घर वापस आइए’ की पुकार, अब तक 801 नक्सलियों की हो चुकी है घर वापसी
- लोन वर्राटू अभियान के आ रहे हैं सार्थक परिणाम
- मुहिम से प्रभावित होकर फिर दो नक्सली लौटे घर
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिलों में शासन की नीति और जिला पुलिस द्वारा चलाई जा रही मुहिम रंग ला रही है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिलों में सैकड़ों नक्सली इन अभियानों के चलते खून खराबा त्याग कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। अकेले दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू मुहिम ने ऐसी छाप छोड़ी है कि अब तक 801 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। लोन वर्राटू यानि घर वापस आइए अभियान से प्रभावित होकर आज 13 मई को फिर दो नक्सलियों ने आत्मसर्पण कर दिया।
बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस व सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत विगत कुछ माह में जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ द्वारा भटके हुए नलसलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार संपर्क एवं संवाद किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रशासन की नक्सल पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार- प्रसार भी गांव-गांव में किया जा रहा है। इसके परिणाम स्वरूप व्यापक बदलाव माओवादी कैडर में दिखाई दे रहा है और बड़ी संख्या में माओवादी कैडर का आत्मसमर्पण होने लगा है।नक्सलियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा एवं उनके शोषण, अत्याचार तथा स्थानीय आदिवासियों के साथ की जाने वाली हिंसा से तंग आकर नक्सलवाद की ओर भटके युवा अब समाज की मुख्यधारा में जुड़ने का संकल्प लेकर आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में भैरमगढ़ एरिया कमेटी प्रतिबंधित संगठन के दो माओवादियों बेचापाल पंचायत डीएकेएमएस सदस्य मोतीराम कुंजाम पिता स्व. बोदा कुंजाम, और बेचापाल पंचायत सीएनएम सदस्य राजेश ओयाम पिता सुक्कू ओयाम ने 13 मई को डीआरजी कार्यालय दंतेवाड़ा में आत्मसमर्पण किया। इन दोनों माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने में 231वीं वाहिनी सीआरपीएफ का विशेष योगदान रहा।पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा ने आत्मसमर्पित माओवादियों को छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास योजना के तहत 25- 25 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि दी। उन्हें पुनर्वास योजना के तहत मिलने वाले सभी प्रकार के लाभ प्रदान कराए जाएंगे।
लोन वर्राटू अभियान के तहत दंतेवाड़ा जिले में अब तक 180 ईनामी नक्सलियों सहित कुल 801 नक्सली आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।
डीएमएफ की जनसूचना अधिकारी खुलेआम उड़ा रही आरटीआई कानून की धज्जियां: जायसवाल
- वरिष्ठ भाजपा ने श्याम जायसवाल ने खोला मोर्चा
दल्ली राजहरा भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा है कि सन 2019 से 2023 के बीच बालोद जिला खनिज न्यास निधि में लगभग 400 करोड़ से ज्यादा की राशि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई है। इसमें 200 करोड़ रुपयों पर दल्लीराजहरा का अधिकार है।
भाजपा के युवा नेता श्याम जायसवाल ने बालोद जिला खनिज संस्थान न्यास डीएमएफटी के जन सूचना अधिकारी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि जन सूचना अधिकारी लगातार भ्रामक जानकारी देकर लोगो को सूचना के अधिकार अधिनियम से वंचित कर रही हैं। और बेखौफ आरटीआई कानून की धज्जियां उडा रही है। श्याम जायसवाल ने कहा कि उनके द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत बालोद जिला में 4 अलग अलग आवेदन लगाए गए थे। जनवरी 2019 से दिसम्बर 2023 तक बालोद जिला खनिज संस्थान न्यास से क्या क्या कार्य कराए गए हैं इसकी वर्ष वार सूची मांगी गई थी, जनवरी 2019 से दिसम्बर 2023 तक बालोद जिला खनिज संस्थान न्यास में कब कब कितनी राशि प्राप्त हुई है इसकी वर्षवार जानकारी मांगी गई थी, जनवरी 2019 से दिसम्बर 2023 तक बालोद जिला खनिज संस्थान न्यास के लेखा कैशबुक की सत्यापित छायाप्रति मांगी गई और जनवरी 2019 से दिसम्बर 2023 तक बालोद जिला खनिज संस्थान न्यास की बैठक पंजी मांगी गई थी। इन सभी जानकारी के बदले जन सूचना अधिकारी द्वारा उनके पास कोई सूची या जानकारी उपलब्ध नही होने के कारण जानकारी नही दिया जा सकती इस प्रकार का गैर जिम्मेदाराना पत्र लिख कर भ्रामक जानकारी दी गई है। जन सूचना अधिकारी के खिलाफ श्याम जायसवाल ने प्रथम अपील दायर की है। जिसमे चाही गई जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही जनसूचना अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है। अब देखना होगा प्रथम अपीलीय अधिकारी के यहां इस मामले का निराकरण होता है या नहीं और श्याम जायसवाल को चाही गई जानकारी मिल पाती है या नहीं? अन्यथा उन्हें जिला खनिज से सम्बंधित जानकारी के लिए द्वितीय अपील दायर कर राज्य सूचना आयोग जाना पड़ेगा। श्याम जायसवाल ने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि जनसूचना अधिकारी खनिज न्यास निधि से सम्बंधित कोई भी जानकारी देना नही चाहती। वर्तमान में कई सरकारी अधिकारी अब भी कांग्रेस की पूर्व सरकार के नमक का हक अदा कर रहे हैं।उनके शासन काल मे हुवे भ्रष्टाचार को छुपाना चाहते हैं। इसलिए जिमेदार पद पर बैठने के बाद भी इस प्रकार का गैर जिम्मेदाराना पत्र लिखकर आरटीआई कानून की धज्जियां उडा रहे हैं। श्याम जायसवाल ने ऐसे अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि जो भी अधिकारी कांग्रेस के भ्रष्टाचार को छुपाने की कोशिश कर रहा, उन्हें ध्यान रखना चाहिए कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में विष्णदेव साय की सरकार है। और अब कोई भी भ्रष्टाचारी अधिकारी व नेता बच नही पाएगा। बालोद जिला खनिज न्यास निधि के भ्रष्टाचार में जो जो लोग शामिल हैं, उन्हें जल्द ही पूर्व कलेक्टर रानू साहू के पास भेजा जाएगा। साथ ही श्याम जायसवाल ने कहा कि बालोद जिला की वर्तमान परिस्थितियों व खनिज न्यास से संबंधित समस्त दस्तावेज शीघ्र ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा तक पहुंचाया जाएगा।
मुखबधिर स्कूल की परीक्षा परिणाम घोषित
बालोद- बालोद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम उमरदाह में सुल्तानमल सजनादेवी चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत बालोद के बाफना परिवार द्वारा दिव्यांग बच्चो के लिए निःशुल्क पार्श्वनाथ दिव्यांग मुखबधिर स्कूल का संचालन विगत एक वर्षो से कर रहा है जहाँ पर अभी वर्तमान में 13 बच्चें वहां हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे है जिन्होंने परीक्षा दिलाई जिसका वार्षिक रिजल्ट आ चुका है जिसमे सभी बच्चों ने परीक्षा उत्तीर्ण की प्रथम स्थान आर्यन कुमार व डामेश पटेल रहे द्वितीय कैलाश कुमार और तृतीय स्थान पर ईशान भरद्वाज रहे । स्कूल के संचालक गौतम बाफना ने बताया कि पिछले वर्ष ही यहां पढ़ाई शुरू हो गयी है यहां पर जो बच्चे बोल नही सकते सुन नही सकते पूर्ण रूप से मुखबधिर है ऐसे बच्चों के लिए हमने यहां निःशुल्क रहने खाने की एवं पूरी पढ़ाई की सुविधा दी जा रही है और इस वर्ष में नए सत्र के लिए भी यहाँ पर एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है प्रवेश प्रारम्भ हो चुका 30 जुलाई तक प्रवेश लिया जाएगा फॉर्म उमरदाह स्कूल में समय 10 बजे से 4 बजे तक उपलब्ध है मेरा सभी लोगो से निवेदन है कि यदि आपके जानकारी में ऐसा कोई बच्चा है जो मुखबधिर है तो उनका यहाँ एडमिशन करवाएं ।
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम में कक्षा 10 वी के छा़त्र देवकुमार ने सर्वाधिक 96.16ः अंक प्राप्त
दल्लीराजहरा , छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के घोषित परीक्षा परिणाम में श्री साई शिशु मंदिर उ. मा. वि. दल्ली राजहरा का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रह। कक्षा- 10वी के छात्र देव कुमार ने सर्वाधिक 96.16% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय – वेद प्रकाश निर्मलकर ने 91.5% एवं तृतीय-निकिता साहू ने 86.83% अंक प्राप्त किया कुल 50 विद्यार्थियों में 23 प्रथम श्रेणी, 14 द्वितीय, 01 तृतीय श्रेणी एवं 06 को पूरक की पात्रता मिली।
इसी तरह कक्षा-12 वी में जीव विज्ञान संकाय को कु. अर्चना चक्रधारी ने 86.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त की, कु. योगिता सेन 81.8% अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं कु.अनिशा शाह ने 81.47% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त की। कुल 36 विद्यार्थियों में 27 प्रथम, ०6 द्वितीय, , 01 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्न एवं 02 को पूरक की पात्रता मिली।
सभी सफल विद्यार्थियों को संस्था अध्यक्ष श्री आर. के. माने, सचिव श्री आर. के. ठाकरे श्री एन.के. वर्मा, प्राचार्य श्री पी. निर्मलकर, समस्त विद्यालय स्टाफ एवं पालक शिक्षक समिति के समस्त पदाधिकारियों में हार्दिक बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ की है।
मधोता -2 के खैरगुड़ा में मकान पर गिरा पेड़, मकान हुआ क्षतिग्रस्त
जगदलपुर बस्तर ब्लाक के ग्राम पंचायत मधोता -2 खैरगुड़ा में रविवार को आंधी-तूफान व बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ और उनकी शाखाएं टूटकर गिर गईं। शिवनाथ ठाकुर पिता लक्ष्मीनाथ के घर पर एक भारी भरकम पेड़ जड़ सहित उखड़ कर गिर गया। जिससे उसका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही घर मे रखे कुछ सामान भी टूट फूट गए हैं। हालांकि घटना में पीड़ित परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के वक्त सभी सदस्य घर में ही मौजूद थे।
बीएसबीके कंपनी के अधिकारी राजहरा माइंस में कर रहे हैं भ्रष्टाचार: द्विवेदी
- श्रमिकों का शोषण, भर्ती के नाम पर बेजा वसूली
दल्लीराजहरा राजहरा माइंस में कार्यरत बीएसबीके कम्पनी द्वारा श्रम कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है व कंपनी के अधिकारियों द्वारा नियुक्ति के नाम पर स्थानीय बेरोजगार युवकों का उन्हें रोजगार देने के नाम आर्थिक शोषण किया जा रहा है। यह गंभीर आरोप मंडल भाजपा अध्यक्ष राकेश द्विवेदी ने लगाए हैं। द्विवेदी ने कहा है कि दल्ली राजहरा माइंस में कार्य करने वाली बीएसबीके कंपनी द्वारा श्रम कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है। बेरोजगार युवकों को रोजगार देने के नाम पर अवैध वसूली कर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उक्त कम्पनी के अधिकारी पी. बिज्जू (एजीएम परियोजना) द्वारा कार्य करने वाले स्थानीय ठेका श्रमिकों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया जाता है। उनके साथ अभद्रता एवं दुर्व्यवहार एवं गाली -गलौज की जाती है। कम्पनी के अधिकारी द्वारा माइंस में ठेका श्रमिक के रूप में रोजगार देने के नाम पर रूपये 50 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक की वसूली स्थानीय बेरोजगार युवकों से की जा रही है। बीएसबीके कंपनी के अधिकरियों एवं बीएसपी प्रबधन के अधिकारियों की साठगांठ के कारण इनकी हर गलती पर पर्दा डाल दिया जाता है। माईस में कार्यरत कम्पनी के कर्मचारी कुशल, अर्ध कुशल, अकुशल कर्मचारियों को कम वेतन का भुगतान किया जाता है। मांग करने पर कार्य से निकालने की धमकी दी जाती है।अकुशल कर्मचारी को 7 हजार से 9 हजार रुपए, अर्ध कुशल कर्मचारी को 11 हजार से 13 हजार रुपए एवं कुशल कर्मचारी 14 हजार से 17 हजार की राशि का मासिक भुगतान किया जाता है। जो कि शासन के द्वारा निर्धारित राशि से बहुत कम है। उक्त कम्पनी द्वारा माइंस में ठेका श्रमिकों को दासा एवं अन्य माइंस एलाउंस नहीं दिया जाता। उन ठेका श्रमिकों व कर्मचारी का वेतन भी समय पर नहीं दिया जाता है। कंपनी में दल्ली राजहरा एवं आसपास के ग्रामीणेां को रोजगाार उपलब्ध न कराकर, बाहर से श्रमिकों को लाकर फर्जी तरीके से गेट के अंदर भेजकर काम कराया जाता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीजीएम माइंस को पत्र लिखकर अवगत कराया है एवं श्रमिकों की समस्याओं का निराकरण कराने और विषय की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष रूप से जांच समिति बनाकर जांच कराने का आग्रह किया है। माइंस के अंतर्गत कार्यरत निजी ठेका कंपनियों की जांच की रिपोर्ट साझा करने पर पर भी द्विवेदी ने जोर दिया है। दल्ली राजहरा के स्थानीय बेरोजगार नौजवानों को कार्य में वरीयता प्रदान करने की मांग करते हुए भाजपा नेता राकेश द्विवेदी ने शोषण एवं भष्ट्राचार के खिलाफ व रोजगार देने की मांग को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
देवी-देवताओं की पूजा के साथ शुरू हुआ छोटे देवड़ा का बाली मेला
बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के आगमन पर क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल रहा स्थानीय लोगों ने मुख्य चौक से लेकर मंदिर प्रांगण तक पैदल गये ततपश्चात् लखेश्वर बघेल ने बाली मेला भी देवी-देवताओं की पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हुए क्षेत्रवासियों हेतु मंगलकामना की…

♦️तीन माह से चलने वाले इस बाली जात्रा की शुरूआत स्थानीय देवी देवताओं की पूजा-अर्चना कर किया गया प्रत्येक वर्ष के भांति इस वर्ष भी मेला का आयोजन भव्यरुप से रखा गया था बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल ने भीमा देव की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की..

♦️बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा की हमारे यहां आदिवासी परंपराओं के पीछे जो भाव, दर्शन और कथाएं हैं, उसे जाने-समझे बिना छत्तीसगढ़ की संस्कृति को नही पहचान सकते है बस्तर में एक अनूठी परंपराओं और तीज-त्यौहारों को सहेजने का काम किया जा रहा था गांव-गांव में स्थित देवगुडि़यों के संरक्षण का काम भी इसी उद्देश्य से शुरू किया गया था लेकिन अभी वर्तमान में भाजपा की सरकार ज़ब से बनी हैं छत्तीसगढ़ की संस्कृति को ओर पीछे की ले जा रहे हैं|

♦️ बघेल ने कहा की आदिवासी परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले पुजारी, बैगा, गुनिया, मांझी, हाट पहरिया, बजा मोहरिया को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में शामिल करते हुए उनके लिए 7 हजार रुपए की वार्षिक सहायता की व्यवस्था हमारे सरकार द्वारा किया जा रहा था वर्तमान सरकार हमारे देवी देवताओं और आने वाली पीढ़ियों को अंधेरा की ओर ढकेलने का कार्य कर रही हैं
एक लाख रुपए के गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
- 20 किलो गांजा, बाईक और 4 मोबइल फोन जप्त
जगदलपुर सिटी कोतवाली पुलिस जगदलपुर ने गांजा तस्करी करते पांच युवकों को पकड़ा है। उनके पास से एक लाख रुपए से भी ज्यादा क़ीमत का बीस किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी 27 वर्षीय घंटेश्वर माहरा उर्फ टिमुथी बेल पिता स्व. सामू माहरा निवासी सनसिटी अटल आवास जगदलपुर, 20 वर्षीय राजेश बघेल पिता पदम बघेल निवासी सनसिटी अटल आवास जगदलपुर, 26 वर्षीय मोनू यादव पिता मंगल यादव निवासी फ्रेजरपुर सोमाबाड़ा जगदलपुर, 26 वर्षीय किशनलाल उर्फ कन्हैया सालेवी पिता देवीलाल निवासी चेटाबेटी थाना रासमी जिला चितौड़गढ़ राजस्थान और 19 वर्षीय शिवलाल गाडरी पिता मेरूलाल माडरी निवासी चेटाबेटी थाना रासमी जिला चितौड़गढ़ राजस्थान को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया गया है।पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में गांजा तस्करी करते 5 आरोपियों को पकड़ने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है। ज्ञात हो कि थाना सिटी कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति आमागुडा चौक के पास गांजा लेकर आने वाले लोगों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सुरेश जांगड़े के नेतृत्व में कार्रवाई हेतु टीम रवाना की गई। टीम द्वारा नया पुलिया के पास दो संदिग्ध लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ मे उन्होंने अपना नाम किशन लाल उर्फ कन्हैया सालेवी एवं शिवलाल गाडरी निवासी राजस्थान बताया। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि जगदलपुर के घंटेश्वर माहरा, राजेश बघेल एवं मोनू यादव से हमारी बातचीत हुई है कि वे हमे 20 किलोग्राम गांजा ओड़िशा से लाकर देने वाले हैं। पूर्व में भी उनसे गांजा खरीदकर ले गये थे। इसी बीच तीन व्यक्ति सुजुकी मोटर सायकल से आए, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे। उन्हे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उनके वाहन में दो सफेद रंग की बोरी में रखा गांजा मिला। आरोपी यह गांजा राजस्थान निवासी किशनलाल और शिवलाल को देने के लिए ला रहे थे। उनके पास से 20 किलो 390 ग्राम अवैध गांजा मिला है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जप्त गांजे की कीमत 1 लाख 1 हजार 950 रू है। बाईक, 4 नग मोबाईल समेत कुल 2 लाख 6 हजार 950 रुपए का माल को बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रवाना किया गया। इस मामले को पकड़ने मे निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उप निरीक्षक प्रमोद सिंह ठाकुर, लोकेश्वर नाग
सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार, अशोक मिंज एवं जिला क्राईम टीम का विशेष योगदान रहा।


