City Media - Page 17 of 1804 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 17

बालोद पुलिस की बड़ी सफलता: ग्राम झलमला में चोरी के दो मामलों के आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

0

पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल (भा0पु0से0) के मार्गदर्शन मेे बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता ग्राम झलमला में चोरी हुए दो प्रकरण के आरोपी को 24 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार।

आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने चांदी के जेवरात, नगदी रकम 4,000 रू सहित घटना प्रयुक्त मोटर सायकल क्रमांक सीजी 07 एलडब्लू 3989 एवं घटना में प्रयुक्त एक लोहे की हथौडी, जुमला कीमती 8,52,450 रू को किया गया जप्त।

साइबर सेल बालोद व थाना बालोद टीम की रही विशेष भूमिका

मामला क्रमांक- 01 प्रार्थी राकेश कुमार ठाकुर पिता हरिराम ठाकुर उम्र 42 वर्ष पता शांतिनगर घोटिया चौक झलमला थाना व जिला बालोद से पुछताछ कर कथन लिया जो अपने कथन मे बताया कि घटना स्थल मकान मे अपने पत्नि व दो बच्चों के साथ रहते है दोनो पति पत्नि शिक्षा विभाग मे नौकरी करते है प्रातः 09.30 बजे दोनो बच्चे स्कूल जाने के पश्चात घर मे ताला लगाकर दोनो पति पत्नि अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर चले जाते है शाम 04.30 बजे वापस आते है यह स्कूल से वापस आ रहा था उसी समय इसकी पत्नि इसे फोन कर बतायी कि घर का दरवाजा खुला है, कमरा अंदर आलमारी एवं दीवान पलंग खुला है सामान अस्त व्यस्त बिखरा पड़ा है बताने पर घर पहुंचकर देखा तो इसके घर का ताला टुटा हुआ था घर में चोरी होने की अंदेशा पर घटना की सूचना पुलिस को दिया गया, पुलिस स्टॉप व डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट इसके घर पहुंचकर सर्च किया गया सर्च के पश्चात यह अपने घर के दीवान पलंग व आलमारी मे रखे सोने चांदी के जेवरात को देखा तो रखे स्थान पर नही था, सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था अज्ञात चोर द्वारा इसके घर अंदर प्रवेश कर दरवाजा का लॉक तोड़कर दीवान पलंग एवं आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात कीमती 7,91,000/-रूपये की संम्पति को चोरी कर ले जाने के रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 30/2025 धारा 331(3), 305, बीएनएस अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

मामला क्रमांक- 02 मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि थाना बालोद के अपराध क्रमांक 32/26 धारा 331(3),305 बीएनएस में प्रार्थिया श्रीमती नम्रता देवी पति स्व.निर्भय लाल तारम उम्र 55 वर्ष पता शांतिनगर घोटिया चौक झलमला थाना व जिला बालोद (छ.ग.) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 19.01.2026 के 09.30 बजे से 16.30 बजे के मध्य कोई अज्ञात चोर द्वारा मकान के सामने की दिवाल को फांदकर सामने चैनल गेट एवं दरवाजा मे लगे ताला को तोड़करअंदर घुसकर कमरे के दरवाजा में लगे ताला को तोड़कर कमरा अंदर रखे लकड़ी की दराज से नकदी 4000/-रूपये चोरी करने कि रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया है। लगातार क्षेत्र में हो रही चोरी को रोकने व आरोपियों को पकड़ने हेतु श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री रामगोपाल गर्ग, श्रीमान पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, एवं अनुविभागीय अधिकारी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में हो रही छोटी बड़ी चोरी को गंभीरता पूर्वक लेते हुऐ आरोपी को पकड़ने हेतु निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा व साइबर सेल से एक विषेष टीम गठित किया गया था। गठित टीम द्वारा लगातार अज्ञात आरोपी का पता तलाश करने पर संदेही लक्ष्मण सिंग ठाकुर को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पुछताछ करने पर दिनांक 19.01.2026 को चोरी करने के नियत से अपने मोटर सायकल क्रमांक सीजी 07 एलडब्लू 3989 में एक लोहे की हथौड़ी लेकर ग्राम झलमला में पहुंचकर राईस मिल के पास अपनी मोटर सायकल खड़ी कर सुनसान मकान की तलाश करते झलमला के धमतरी रोड किनारे दो मकान जिसमें ताला लगा हुआ होने से पहले मकान की दिवाल को फंाद कर मकान के चैनल गेट एवं दरवाजा में लगे ताला को हथौडी को तोड़कर अंदर कमरे के दरवाजा में लगे ताला को तोड़कर अंदर लकड़ी के दराज में रखे नगदी 4,000 रू को चोरी करने के बाद उसी मकान से लगे दूसरे मकान के दिवाल को फांद कर दरवाजे के ताला को तोड़कर अंदर घुसकर दिवान पलंग एवं आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात को चोरी कर अपने किराये के घर डौण्डी लोहारा में ले जाकर रखना बताने पर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर डौण्डी लोहारा आरोपी के किराये के मकान में पहुंचने पर आरोपी द्वारा अपने मकान के अंदर से चोरी गई मशरूका सोने चांदी की जेवरात एवं नगदी 4000 रू, घटना करने गये मोटर सायकल क्रमांक सीजी 07 एलडब्लू 3989 एवं घटना में प्रयुक्त एक लोहे की हथौडी को पेश करने पर गवाहों के समक्ष जप्त कर चोरी गई मशरूका कीमती 8,52,450 रू का बजाप्ता शुमार किया गया। व आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 21.01.2026 के न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि सूरज साहू, प्र.आर. 1732 योगेश सिन्हा, प्र.आर. 1603 दुर्याेधन सिंह, आर. 514 मनीष राजपुत, आर. 18 धनेश्वर साहू, एवं सायबर सेल बालोद प्रभारी सउनि धरम भूआर्य , आरक्षक, भोप सिंह साहू, राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश दुबे ,पूरन देंवागन , आकाश सोनी, योगेश गेडाम, गुलझारी साहू का विषेष सराहनीय योगदान रहा। नामः- आरोपी लक्ष्मण सिंग ठाकुर पिता गंगुराम ठाकुर उम्र 30 वर्ष सा. खैरतराई बीचपारा थाना व जिला बालोद (छ.ग.) हाल डौण्डीलोहारा वार्ड नं. 11 नरबदिया साहू के मकान थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोदआरोपी का पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड1. अपराध क्रमांक 136/2010 धारा 457 , भादवि।2. अपराध क्रमांक 530/2023 धारा 454,380 भादवि।

बालोद में वन अधिकारियों पर सागौन की अवैध कटाई का गंभीर आरोप, सरकारी लकड़ी से बनवाया गया फर्नीचर

0

बालोद जिले में वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जंगलों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों पर ही सागौन की अवैध कटाई और सरकारी लकड़ी के निजी उपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि संरक्षित वन क्षेत्र से काटी गई सागौन लकड़ी से महंगे फर्नीचर तैयार कराए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से काटी गई सागौन लकड़ी को पहले वन विभाग के काष्ठागार में रखा गया। इसके बाद उसी लकड़ी को आरा-मिल भेजकर चिरान कराया गया और कारपेंटर के माध्यम से टी-टेबल, ड्रेसिंग टेबल सहित अन्य फर्नीचर तैयार किए गए।सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में तत्कालीन वनमंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है।

लकड़ी के परिवहन की जिम्मेदारी डिप्टी रेंजर जीवनलाल भांडेकर को दी गई थी। इसके बाद डोंडी परिक्षेत्र के बीट गार्ड ईश्वर साहू के माध्यम से वाहन द्वारा लकड़ी को संबंधित स्थानों तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि यह पूरी प्रक्रिया कथित तौर पर अधिकारियों को खुश करने और उनके निजी उपयोग के उद्देश्य से की गई।मामले की शिकायत मिलने के बाद रायपुर से पहुंची विशेष जांच टीम ने काष्ठागार और संबंधित कारपेंटर के ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान लकड़ी की चिराई से जुड़े अवशेष और तैयार फर्नीचर जब्त किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ स्तरों पर अधिकारियों द्वारा जानकारी देने से बचने की कोशिश की गई, जिससे संदेह और गहरा गया है।प्रकरण में एसडीओ जीवनलाल सिन्हा द्वारा भी जांच टीम को अपेक्षित सहयोग नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी बालोद पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाएगा।*डिप्टी रेंजर जीवनलाल भांडेकर से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में उनका पक्ष इस मामले में समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।*

भादूगुड़ा में क्रिकेट टूर्नामेंट, खिताब पर इच्छापुर का कब्जा

0

जगदलपुर ग्राम पंचायत भादूगुड़ा में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इच्छापुर की बी टीम ने रोमांचक मुकाबले में खिताब पर कब्जा कर लिया। ग्राम पंचायत भादूगुड़ा में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बड़े ही उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचते ही विधायक श्री बघेल ने फाइनल मैच में आमने-सामने उतरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों से वन टू वन परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

फाइनल मुकाबला कुमड़ाकोट एवं इच्छापुर बी टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इच्छापुर- बी टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 95 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुमड़ाकोट टीम ने शुरुआत में धीमी गति से रन बनाए, लेकिन जैसे-जैसे ओवर कम होते गए, मुकाबला रोमांचक होता चला गया एक ओर कुमड़ाकोट टीम रन बनाने की होड़ में लगी थी, वहीं दूसरी ओर इच्छापुर- बी की टीम विकेट गिराने के लिए लगातार प्रयासरत रही। मैच का रोमांच अंतिम ओवर तक बना रहा। निर्णायक क्षणों में इच्छापुर- बी टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी ओवर में 2 महत्वपूर्ण विकेट झटक लिए और मुकाबला 4 रनों से जीतकर फाइनल पर कब्जा जमा लिया। मैच के पश्चात बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा निखारने, आपसी भाईचारे और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। बघेल ने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही। इस दौरान मानसिंह कवासी, रूपसाय कोर्राम, टिंगाली कश्यप, धरम गोयल, राजेश कुमार, तुलसी राम ठाकुर, पंचराम कश्यप, जानकी, फूलसिंह, रतिराम, कुलेश्वर, बुदरू ,चतुर, मुन्ना, नेहरू संपत, लछु, मोहन, सामो, भागरती, जगोराम, भागरती, गंगाराम, एवं समस्त ग्रामवासी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

पेंशनरों ने उठाई एरियर और डीआर जारी कर मोदी की गारंटी पूरी करने की मांग

0

कसीमुद्दीन बने पेंशनर्स महासंघ के जिला अध्यक्ष

सुकमा भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के तत्वावधान में सुकमा जिले के पेंशनरों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सुकमा जिले की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कसीमुद्दीन को जिला अध्यक्ष, अल्फ्रेड सूना को सचिव, रामकुमारी नेताम को उपाध्यक्ष तथा प्रभाकर दास को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों से वादा किया था कि केंद्र सरकार द्वारा जब भी कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ता, महंगाई राहत दिया जाएगा, उसी तिथि एवं दर से राज्य में भी इसका लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बावजूद यह वादा अब तक पूरा नहीं किया गया है, जिससे प्रदेश के सवा लाख से अधिक पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों में असंतोष हैं। उन्होंने राज्य सरकार से एरियर सहित 3 प्रतिशत डीआर का तत्काल आदेश जारी करने की मांग की। प्रांताध्यक्ष ने कहा कि पेंशनरों के वाजिब अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ अखिल भारतीय स्तर का एकमात्र राष्ट्रवादी संगठन है, जो पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनरों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49(6) को विलोपित कराने के लिए महासंघ लगातार प्रयासरत है। इस संबंध में प्रदेश के सभी विधायकों एवं मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा में शासकीय संकल्प पारित करने की मांग की जा चुकी है, किंतु राज्य गठन के बाद से यह समस्या यथावत बनी हुई है, जिससे पेंशनरों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

उन्होंने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि महासंघ के प्रयासों से राज्य में सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेल की स्थापना, पृथक पेंशन संचालनालय का गठन तथा 80 वर्ष पूर्ण करने पर उसी माह अतिरिक्त पेंशन वृद्धि का आदेश जारी हुआ, जो पेंशनरों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। बैठक को संबोधित करते हुए बस्तर संभाग अध्यक्ष आरएन ताटी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने पांच वर्षों तक डीए, डीआर के मामले में कर्मचारियों और पेंशनरों को निराश किया और एरियर का समुचित भुगतान नहीं किया। सरकार बदलने के बाद भी डीए, डीआर की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। केंद्र के समान डीए डीआर देने की मोदी की गारंटी के बावजूद पेंशनरों को अब भी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, जो न्यायसंगत नहीं है।प्रदेश संगठन मंत्री टीपी सिंह ने कहा कि प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव के नेतृत्व में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में संगठन का विस्तार करने वाला एकमात्र संगठन है, जो तहसील एवं विकासखंड स्तर तक अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत संगठन गीत “जय हो हिंदुस्तान की” का सामूहिक गायन कराकर पेंशनरों में उत्साह और जोश का संचार किया। इस अवसर पर उपस्थित पेंशनर ई. नरसिंह स्वामी, कुंभकर्ण सिंह ध्रुव, गोकुल राम साहू, तुलसीराम वर्मा, जेठूराम साहू, अल्फ्रेड सूना, ई. रामचंद्र राव, रेजिना दर्रो, राधा नेताम, दीपिका सिंह, राजकुमारी नेताम, जेमा कनौजिया, हेमंती कालोनी, प्रभाकर दास, कमल साय भद्रे, कसीमुद्दीन, भवेश चंद्र मंडल सहित अन्य ने पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में सुकमा जिले के दिवंगत पूर्व अध्यक्ष जगदीश कनौजिया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

धान खरीदी में बड़ी लापरवाही: गुंडरदेही से निकला ट्रक जंगल में मिला, GPS सिस्टम रहा निष्क्रिय

0

बालोद जिले में धान खरीदी व्यवस्था की कथित पारदर्शिता की परतें एक बार फिर उधड़ती नजर आ रही हैं। गुंडरदेही विकासखंड के कोड़वा धान खरीदी केंद्र से 13 जनवरी को लगभग 900 बोरी धान लादकर निकला एक ट्रक न तो तय समय में संग्रहण केंद्र पहुंचा और न ही इसकी अनुपस्थिति को लेकर संबंधित विभागों ने कोई तत्परता दिखाई।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शासन द्वारा अनिवार्य किए गए GPS ट्रैकिंग सिस्टम के बावजूद ट्रक चार दिनों तक लापता रहा। न तो परिवहन ठेकेदार ने किसी प्रकार की सूचना दी और न ही प्रशासनिक स्तर पर कोई अलर्ट जारी किया गया। यदि पूरी व्यवस्था सचमुच डिजिटल निगरानी में थी, तो फिर धान से भरा ट्रक आंखों से ओझल कैसे हो गया—यह सवाल अब आमजन पूछ रहे हैं।चार दिन बाद वही ट्रक बालोद–कांकेर जिले की सीमा से सटे गांव बड़हूम दमकसा के पास घने जंगल में सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि इस दौरान GPS सिस्टम निष्क्रिय था, जिससे निगरानी व्यवस्था पूरी तरह ठप नजर आई। महज 40 किलोमीटर की दूरी तय करने वाला ट्रक चार दिन तक गायब रहना प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता के कारण मामला उजागर हो सका। सूचना मिलने के बाद जब प्रशासनिक टीम देर रात मौके पर पहुंची, तो क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि यदि वे जंगल में खड़े ट्रक को न देखते, तो शायद यह पूरा मामला दबा ही रह जाता। लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब धान जैसी महत्वपूर्ण उपज सुरक्षित नहीं है, तो धान खरीदी व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए।मामले को लेकर जिला विपणन अधिकारी टिकेंद्र राठौर ने जांच के बाद स्थिति स्पष्ट करने की बात कही, लेकिन ट्रक के चार दिन तक लापता रहने और GPS सिस्टम के निष्क्रिय होने जैसे अहम सवालों पर अब तक कोई ठोस जवाब सामने नहीं आया है।यह घटना केवल एक ट्रक के इधर-उधर होने की नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम की विफलता को उजागर करती है, जिसे पारदर्शी और सुरक्षित बताया जाता रहा है। GPS निगरानी के दावों के बावजूद धान से भरा ट्रक जंगल में खड़ा रहना, प्रशासनिक निगरानी और परिवहन व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और परिवहन ठेकेदार पर कार्रवाई होगी या फिर यह प्रकरण भी जांच की आड़ में फाइलों में दबा दिया जाएगा।

वार्ड पंच आदर्श ठाकुर का शिक्षा के प्रति समर्पण, एक प्रेरक पहल

0

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत बोरपदर के पंचायत प्रतिनिधि खासकर वार्ड पंच आदर्श ठाकुर ग्राम विकास और बच्चों की शिक्षा के प्रति बेहद सजग हैं। वे निरंतर गांव और शालाओं का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहते हैं तथा ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते रहते हैं। इसी क्रम में पंच आदर्श ठाकुर ने पंचायत बोरपदर की पूर्व माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण किया, जो उनकी शिक्षा के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस निरीक्षण के दौरान आदर्श ठाकुर ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई की स्थिति जानी और शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आदर्श ठाकुर ने मध्याह्न भोजन योजना की भी समीक्षा की और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की और सुनिश्चित किया कि बच्चों को स्वस्थ और पौष्टिक भोजन मिल रहा है। आदर्श ठाकुर ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी हम सभी की है। यदि आज हम विद्यालयों पर ध्यान देंगे, तो कल समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने आदर्श ठाकुर की इस पहल की सराहना की और कहा कि यह निरीक्षण निस्संदेह जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनसेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

दोरला समाज के 47 धर्मांतरित परिवारों की हुई घर वापसी

0

कोंटा के गोल्लापल्ली जोन में पटेल- पुजारी चर्चा परिचर्चा सम्मेलन

समाज की परंपराओं और पूजा पद्धति की रक्षा का लिया गया संकल्प

सुकमा सुकमा जिले के अंतिम छोर पर स्थित कोंटा विकासखंड अंतर्गत जोन गोलापल्ली में दोरला समाज का पटेल- पुजारी चर्चा परिचर्चा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में 9 पंचायतों के 40 गांवों से लगभग 3000 परिवारों ने भाग लेकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का परिचय दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाज के प्रवक्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चिंता व्यक्त की कि दोरला समाज धीरे-धीरे अन्य समाजों की संस्कृति पर निर्भर होता जा रहा है, जिससे समाज की मूल परंपराएं, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक पहचान विलुप्त होने के कगार पर पहुंच रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि जब समाज की अपनी समृद्ध संस्कृति, रहन-सहन और सामाजिक व्यवस्था सशक्त है, तो फिर अन्य धर्मों और संस्कृतियों की ओर आकर्षण क्यों बढ़ रहा है। इस पर आत्ममंथन की जरूरत है। सम्मेलन के दौरान समाज से अलग होकर ईसाई धर्म अपनाने वाले 47 परिवारों की समाज में पुनः वापसी कराई गई। इन परिवारों को मंच पर सम्मानित कर समाज की मुख्यधारा में शामिल किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

शादी में डीजे अंग्रेजी शराब बैन

दोरला समाज द्वारा सामाजिक मर्यादा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 16 प्रमुख सामाजिक नियमों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। निर्णय के अनुसार भागकर विवाह की स्थिति में 15 दिनों के भीतर लड़की के माता-पिता को सूचना देना अनिवार्य होगा, विलंब होने पर अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही एक माह के भीतर समाज को सूचना देकर गांव में सामाजिक बैठक आयोजित करना तथा छह माह से एक वर्ष के भीतर सामाजिक विवाह संपन्न करना आवश्यक होगा। समाज ने विवाह समारोहों में डीजे और अंग्रेजी शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है, जिनके उल्लंघन पर कड़ा आर्थिक दंड निर्धारित किया गया है। नियमों के तहत गैर-आदिवासी से विवाह, विवाहित महिला को बहला-फुसलाकर विवाह, मंदिर में विवाह तथा पत्नी के जीवित रहते दूसरी महिला अपनाने जैसे मामलों में भारी सामाजिक अर्थदंड और सामाजिक बैठक के माध्यम से निर्णय लेने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए समाज स्तर पर चर्चा कर विवाह तय करने, मृत्यु संस्कार में सीमित दान व्यवस्था तथा सामाजिक सहयोग की व्यवस्था को भी नियमों में शामिल किया गया है।

बैठक में इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में दोरला समाज के संभागीय अध्यक्ष अनिल बुर्का, विशेष अतिथि अर्जुन कारम, प्रवक्ता वीरैया ध्रुवा, संभागीय सचिव सोढ़ी भीमा, संभागीय संरक्षक तेल्लम बोरैक्षय्या, नरेंद्र बुर्का, सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष वेको हुंगा, उइका रवि, तुर्रम वीरभद्रा, सोढ़ी मुरली, उड़ीसा आदिवासी समाज के युवा दोरला समाज अध्यक्ष उइका भीमा, दोरला समाज संभागीय उपाध्यक्ष सुन्नम नागेश, ब्लॉक अध्यक्ष कोंटा आस मुकेश, ब्लॉक उपाध्यक्ष मड़कम मुदराज, मीडियम कामा, कुंजाम हुर्रा, मुर्रम गोपाल, सुन्नम धर्मा, मीडियम भाई, कोरसा सपना, जोन के पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

साहित्य उत्सव में शामिल होंगे बस्तर के साहित्यकार

0

जगदलपुर रायपुर में आयोजित होने जा रहे साहित्य उत्सव में बस्तर के साहित्यकार भी सम्मिलित होंगे। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को नई ऊर्जा देने तथा देशभर के साहित्यकारों, चिंतकों, कलाकारों और पाठकों को एक मंच देने के उद्देश्य से 23, 24,और 25 जनवरी को रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में बस्तर जिले के लगभग 27 साहित्यकारों ने भाग लेने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। नगर के वरिष्ठ साहित्यकार रुद्र नारायण पाणिग्रही ने जानकारी दी है कि रायपुर साहित्य उत्सव का केंद्रीय विचार आदि से अनादि तक है जो भारत की साहित्यिक परंपरा की निरंतरता और विकास को रेखांकित करता है। यह आयोजन अटल नगर नया रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में होगा जहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और समकालीन साहित्यिक अभिव्यक्तियों का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। यह उत्सव छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय साहित्यिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रायपुर सहित उत्सव का शुभारंभ 23 जनवरी को भव्य समारोह के साथ होगा।

बस्तर पंडुम संस्कृति, परंपरा और विरासत को सहेजने का महाकुंभ: किरण देव

0

विकासखंड जगदलपुर में बिखरी लोक-संस्कृति की छटा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव हुए शामिल

जगदलपुर बस्तर अंचल की आदिम संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और रीति-रिवाजों को वैश्विक पटल पर लाने के उद्देश्य से जिले के अलग-अलग विकासखंडों में ‘बस्तर पंडुम’ का भव्य आयोजन किया गया। जगदलपुर विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आसना के बादल अकादमी में हुआ। इस उत्सव में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बस्तर की विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने भावुक अपील की। उन्होंने कहा- बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को बनाने में हमारे पूर्वजों की कई पीढ़ियां लगी हैं। उन्होंने न केवल रीतियों को, बल्कि यहां के प्राकृतिक संसाधनों को भी संरक्षित किया।

देव ने कहा हमारी संस्कृति हमारी पहचान है हमें हमारी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। किरण देव ने कहा कि आज बस्तर पंडुम के माध्यम से हमारे खान-पान और रीति-रिवाज दुनिया के सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने हमें एक ऐसा मंच दिया है, जिससे हमारी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल रहा है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम अपनी नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति और विरासत से अवगत कराएं। हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी को बस्तर पंडुम के आयोजन के लिए बधाई एवं साधुवाद। विधायक देव ने बस्तर की विविधता को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां हर 10 किलोमीटर पर बोली, भाषा, रहन-सहन, सभ्यता, पहनावा और संस्कृति बदल जाती है। उन्होंने कहा- पूरे विश्व की नजर आज बस्तर पर है देव ने नक्सलवाद के खात्मे और विकास कार्यों में तेजी की बात करते हुए कहा, अब बस्तर का आदिवासी जंगल में जाने से नहीं डरता। हम तेजी से देवगुड़ियों का निर्माण कर रहे हैं। हमें हिंदी और अंग्रेजी जरूर सीखनी चाहिए, लेकिन अपनी स्थानीय बोली और भाषा को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। बस्तर की हर वनस्पति औषधीय गुणों से भरपूर है, जिस पर हमें गर्व होना चाहिए।अतिथियों का स्वागत परंपरागत रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी-देवताओं के आह्वान के साथ किया गया। पारंपरिक बाजा मोहरी की धुन पर देवी देवताओं का आह्वान किया गया।

आदिवासी संस्कृति और परंपरा का एक ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने छत्तीसगढ़ के बस्तर की सोंधी मिट्टी की महक से रूबरू करा दिया। कार्यक्रम की शुरुआत आस्था और विश्वास के प्रतीक माई दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना से हुई। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। *बॉक्स**था स्वाद का खजाना भी*आयोजन का आकर्षण केवल नृत्य और संगीत तक सीमित नहीं था, बल्कि बस्तर के जंगलों का दुर्लभ स्वाद भी यहां प्रमुखता से छाया रहा। खान-पान के शौकीनों के लिए यह आयोजन किसी दावत से कम नहीं था। यहां बस्तर के वनों में पाए जाने वाले दुर्लभ कंद-मूलों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई, जिसमें कोचई, तरगारिया, डेंस, कलमल, पीता, सोरेंदा, जिमी और नागर कांदा शामिल थे। इन कंदों ने जहां लोगों को प्रकृति के उपहारों से परिचित कराया, वहीं पारंपरिक व्यंजनों ने भी खूब वाहवाही बटोरी। जोंधरी लाई के लड्डू की मिठास और जोंधरा, मंडिया व पान बोबो जैसे पारंपरिक पकवानों का स्वाद चखकर लोग अभिभूत हो गए। गुड़ बोबो की मिठास के साथ तीखुर बर्फी और भेंडा चटनी ने भोजन प्रेमियों को एक अविस्मरणीय जायका प्रदान किया। इस दौरान राजाराम तोडे़म एवं अरविंद नेताम ने बस्तर पंडुम के संबंध में अपनी बात रखी। इस दौरान बेवरेज अध्यक्ष श्रीनिवास राव, जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, पूर्व विधायक राजाराम तोडे़म, दशरथ कश्यप, पुरुषोत्तम कश्यप, जनपद पंचायत सदस्य, संरपंच एवं समाज प्रमुखों के अलावा एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ अमित भाटिया व काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

आखिर मारा गया 20 लोगों को घायल करने वाला सुकमा का दहशतगर्द

0

पागल कुत्ते के मारे जाने के बाद भी खौफ कायम

अब कटखनी के शिकार हुए मवेशियों और आवारा कुत्तों से डर का माहौल

अर्जुन झा-

जगदलपुर दो दिन तक पूरे शहर को दहशत में डाले रखने वाला दहशतगर्द आखिरकार मारा गया, मगर वह अपने पीछे डर का माहौल छोड़ गया है। शहरवासियों में डर इस बात को लेकर है कि इस दहशतगर्द ने जिन मवेशियों और आवारा कुत्तों को निशाना बनाया होगा, वे यहां के लोगों के लिए और भी बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। यह दहशतगर्द कोई स्थानीय बदमाश, गुंडा तत्व या पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी नहीं, बल्कि एक पागल हो चुका कुत्ता था। इस पागल कुत्ते ने दो दिनों तक बस्तर संभाग के जिला मुख्यालय सुकमा नगर में आतंक का राज कायम कर रखा था। पागल कुत्ते ने करीब 20 लोगो को काट खाया, कुछ लोगों को गंभीर चोट पहुंचाई।

सभी का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। वहीं दुसरे दिन नगर पालिका की टीम ने इस दहशतगर्द कुत्ते को राजवाड़ा में पकड़ लिया और पशुधन विभाग की टीम के साथ उचित कार्रवाई की गई। सुकमा नगर के माहेश्वरी पारा में सबसे पहले पागल कुत्ते ने शुक्रवार को टयूशन पढ़ने जा रही एक बच्ची को पीछे से काट लिया, हालांकि जींस पहने रहने के कारण और आसपास लोगों के आ जाने से बच्ची को यह कुत्ता ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा पाया। उसके बाद उस कुत्ते ने नगर के अलग-अलग इलाकों में करीब 17 लोगों को काट लिया। उधर सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम कुत्ते की खोजबीन में जुट गई, लेकिन रात तक कुत्ते का कोई सुराग नहीं मिल पाया। वही दूसरे दिन फिर से कुत्ते ने 3 लोगों को काट लिया। इनमें से एक बच्ची को कुत्ते ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। उसके बाद नगर पालिका की टीम ने राजवाड़ा में उस कुत्ते को पकड़ लिया। पशुधन विभाग की टीम के साथ् मिलकर उस कुत्ते को मार दिया गया। वहीं सभी घायलों का जिला अस्पताल में ईलाज चल रहा है। डाक्टरों ने बताया कि सभी को एंटी रेबीज के टीके लगाए गए है और सभी ठीक हैं।

अभी दूर नहीं हुआ है खौफ

दो दिनों से पागल कुत्ते ने घूम घूम कर 20 लोगों पर हमला किया है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि और भी नगर में ऐसे मवेशी और अवारा कुत्ते होंगे, जिन्हे इस पागल कुत्ते ने काटा होगा। जिसके बाद यह चिंता सता रही है कि कही वो कुत्ते भी पागल ना हो जाएं। ऐसे में नगर पालिका की टीम लगातार इलाके की सर्चिग कर रही है।

MOST POPULAR

HOT NEWS