City Media - Page 120 of 1805 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 120

विकास खंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए मंत्री केदार कश्यप

0

भानपुरी बस्तर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानपुरी में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया, जिसमें वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि “शिक्षा जीवन की नींव है”। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन को सशक्त और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मंत्री जी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझने और उसे अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं और समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हम अपने समाज को सशक्त और समृद्ध बना सकते हैं।

शिक्षा के महत्व को समझने की आवश्यकता

मंत्री जी ने जोर देकर कहा कि शिक्षा के महत्व को समझना और उसे अपने जीवन में लागू करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास में मदद करती है, बल्कि समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

नव प्रवेशी विद्यार्थियों के लिए शुभकामनाएं

कार्यक्रम में नव प्रवेशी विद्यार्थियों को पुस्तकें, गणवेश और स्कूल बैग प्रदान किए गए। मंत्री जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप जी ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षा ही समाज की सच्ची ताकत है”। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हम अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। कश्यप ने आगे कहा कि स्कूल न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास का भी महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें सही दिशा में प्रोत्साहित करें।
जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की सच्ची ताकत है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक व चंदन लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें पुस्तकें, गणवेश और स्कूल बैग प्रदान किए गए। बच्चों और अभिभावकों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

मंडल अध्यक्ष प्रवीण सांखला पूर्व जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती जयबती कश्यप, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान श्रीमती शकुंतला कश्यप जनपद सदस्य जमुना ठाकुर रायधर दिवान गौरव कश्यप करन्दोला सरपंच संध्या कश्यप शामिल हुए।
अनुविभागीय अधिकारी  ऋषिकेश तिवारी खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी और खंड स्त्रोत समन्वयक श्री अजम्बर कोर्राम, के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
इस अवसर पर बस्तर विकासखंड के समस्त संकुल समन्वयक, शिक्षकगण, शिक्षिकाएं, पालकगण, ग्रामीणजन और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पुलिस पर हमला करने वाले आरोपी तत्काल गिरफ्तार

0

पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन पर थाना देवरी बालोद पुलिस की सख्त कार्यवाही।

➡️ जे०सी०बी० वाहन घर में घुसने को लेकर घर वाले द्वारा जेसीबी चालक के साथ किए थे मारपीट।

➡️ मामले को नियंत्रित करने सहायता मे पहुंची पिनकापार पुलिस पर ही आरोपियों द्वारा किया गया था हमला।

मामला पुलिस चौकी पिनकापार थाना देवरी क्षेत्र का है। दिनांक 25.06.2025 के रात्रि करीबन 09:15 बजे पिनकापार के एक घर में जे०सी०बी० चालक द्वारा गाडी के सामने अचानक मवेशी आ जाने पर मवेशी को बचाने के प्रयास में जितेन्द्र कुमार सतनामी के घर जेसीबी घुस गया। जिससे घर का दीवाल क्षतिग्रस्त होने पर घर वालों के द्वारा जेसीबी चालक के साथ मारपीट शुरू कर दिया, उक्त घटना की सूचना पाकर पुलिस चौकी पिनकापार प्रभारी सउनि अजित महोबिया द्वारा चौकी स्टाफ के साथ मामले को नियंत्रित करने सहायता हेतु तत्काल घटना स्थल में पहुंचे थे जहां लोगों की भीड़ जमा हो गयी थी। घटना स्थल पर जितेन्द्र एवं धनेश सतनामी निवासी पिनकापार द्वारा जेसीबी चालक की पीटाई कर रहे थे, पिंकापार पुलिस द्वारा अपने कर्त्तव्य के अनुरूप दायित्व निभाते हुए मामले को कंट्रोल करने जेसीबी चालक को वाहन में बैठाकर चौकी पिनकापार लाने का प्रयास कर रहे थे। इतने में दोनों आरोपीगण द्वारा जेसीबी चालक को और मारेंगे कहकर पिंकापार पुलिस के साथ ही वाद विवाद पर उतर आए, चौकी प्रभारी द्वारा समझाइश देने पर भी दोनों आरोपी नहीं माने उल्टा पुलिस को ही गाली गलौच करते हुए पुलिस पर ही हमला कर दिए।

उक्त घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जिसपर पुलिस अधीक्षक महोदय बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवरी दिनेश कुमार कुर्रे द्वारा दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर जमा हुए भीड़ को पहले नियंत्रित कर मामला शांत कराया गया तदुपरांत पुलिस अधिकारी पर जानबूझकर आपराधिक बल का प्रयोग करने वाले हमलावर आरोपियों को शासकीय कार्य में बाधा डालकर मारपीट करने के मामले में थाना देवरी में अपराध क्रमांक 89/25 कायम कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

आरोपीगण- 01 जितेन्द्र कुमार सतनामी पिता स्व अकल राम सतनामी उम्र 38 वर्ष

02. धनेश कुमार सतनामी पिता स्व अंकल राम सतनामी उम्र 35 वर्ष दोनों निवासी ग्राम पिनकापार।

जमीन बिक्री में धोखाधड़ी; गृहमंत्री ने के आदेश पर पुलिस ने नहीं किया अमल

0
  • विधानसभा अध्यक्ष ने भी भेजा था गृहमंत्री को पत्र

जगदलपुर भले ही सुशासन की लाख दुहाई दी जाएं, मगर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री जैसे जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के पत्र को पुलिस विभाग में कोई तवज्जो नहीं दिया जा रहा है। यही वजह है कि एक वर्ष बाद भी प्रार्थी को भटकना पड़ रहा है।

बस्तर जिले के जगदलपुर नगरीय निकाय व ग्रामीण सीमा क्षेत्र के हाटकचोरा में रायपुर निवासी विरेंद्र कुमार लाला ने जमीन खरीदी की थी। आरोप है कि नयापारा के मोदी परिवार ने दलालों के साथ मिलकर इसमें धोखाधड़ी की है। भू स्वामी विरेंद्र कुमार लाला ने इसकी उच्च स्तरीय शिकायत की। जिसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने आईजी बस्तर को जांच के आदेश दिए हैं। ज्ञात हो कि प्रार्थी ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी किंतु कोतवाली पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।भू स्वामी विरेन्द्र कुमार लाला ने लिखित शिकायत में कहा था कि जगदलपुर शहर हाटकचोरा लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-06 पटवारी हल्का नम्बर-32 खतरा नम्बर-141/1/1. रकबा 0.8179 हेक्टेयर अर्थात 3690 वर्गफुट भूमि का स्वामी हूं। इस भूमि में से 1000 वर्गफीट का सौदा ज्योति मोदी पति राजेश मोदी निवासी कस्तूरबा रोड़ नयापारा, मोतीलाल नेहरू वार्ड जगदलपुर से हुआ था। इस 1000 वर्गफीट भूमि की पंजीकृत विलेख द्वारा रजिस्ट्री निष्पादित की गई थी। आरोप है कि क्रेता ने 1000 वर्गफीट भूमि के अलावा शेष बची 2690 वर्गफीट भूमि का भी पंजीयन फर्जी हस्ताक्षर कर करवा लिया है। इस कृत्य में ज्योति मोदी पति राजेश मोदी, मोदी राजेश कुमार पिता मोदी शांति कुमार जैन, आदित्य मोदी पिता राजेश मोदी मोतीलाल नेहरू वार्ड नयापारा जगदलपुर के अलावा मोहन ठाकुर महुआ बाजार रायपुर, अरूण बाबू (ठाकुर वाला) व बाबा खान दलाल जगदलपुर एवं उसके कई साझेदार शामिल हैं।

भू स्वामी ने इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह जोकि वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष हैं, उनसे भी शिकायत की है। जिसके परिपेक्ष्य में गृहमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय से आईजी बस्तर को पत्र लिखा गया है, लेकिन इस पर को कार्रवाई हुई है या नहीं इसकी जानकारी नहीं है।

तेंदूपत्ता बोनस राशि डकारनेे वाले 7 समिति प्रबंधक, 4 वनकर्मी को एसीबी ने भेजा जेल

0
  • साय सरकार की भ्रष्टाचारियों पर बस्तर संभाग में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
  • समिति का सरगना किस्टाराम प्रबंधक संजय रेड्डी फरार, एसीबी तलाश में जुटी

जगदलपुर (चैनल इंडिया)। सुकमा वनमण्डल में तेंदूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि की डकार लगाकर गरीबों को शोषण करने वाले 7 समिति प्रबंधक 4 वनकर्मी को एसीबी ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से सभी 11 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं समिति के सरगना के नाम से चर्चित पूर्व आबकारी मंत्री के करीबी किस्टाराम के प्रबंधक संजय रेड्डी एसीबी को चकमा देकर हुआ फरार। टीम अन्य आरोपियों के तलाश में जुटी है। विष्णुदेव साय सरकार में भ्रष्टचारियों के खिलाफ बस्तर संभाग में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई होने होने अन्य विभागों में दहशत का माहौल है। गरीब आदिवासियों को मिलने वली लगभग 5 करोड़ से अधिक के बोनस राशि के गोलमोल मामले में एसीबी के टीम ने मामले की पड़ताल करते हुए प्रबंधक एवं वन कर्मियों पर नकेल कस चुकी है। पूर्व में ही सुकमा के पूर्व डीएफओ अशोक पटेल को दोषी मानते हुए जेल भेजा जा चुका है।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विगत तीन दिनों से सुकमा में डेरा जमाये हुए थे। इस मामले में संलिप्त सभी प्रबध्ंाकों को तलब किया गया था। इन प्रबंधक एव वन कर्मियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 26/2025, धारा 409,120 बी के तहत 8 अपै्रल 2025 को अपराध दर्ज किय गया था। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर 7 समिति प्रबंधक 4 वनकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

समिति का सरगना फरार:- 

एसीबी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में समिति प्रबंधकों का मुख्य सरगना किस्टाराम प्रबंधक संजय रेड्डी को एसीबी आने की भनक लगते ही बुधवार को ही फरार होने की खबर है। ऐसी जानकारी मिली है कि उक्त आरोपी दिगर प्रांतों में सुरक्षित ठिकानों पर अपने आका के ठिकानों पर दुबके होने की खबर है। एसीबी के टीम उक्त आरोपी को गिरफ्तारी के लिये अपना जाल बिछा चुकी है। फुलबगड़ी के प्रबंधक उपचार को लेकर दिगर प्रान्त में होने के कारण गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। सुकमा प्रबंधक भी एसीबी के गिरफ्तारी से बचा है। 11 समिति प्रबंधकों पर 34 हजार गरीब आदिवासियों का 5 करोड़ से अधिक के राशि डकारने का आरोप है।

दोषियों को बक्शा नहीं जायेगा:- केदार कश्यप

प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के विष्णुदेव की सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टोरेंसी के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बोनस राशि में घालमेल मामले में जो भी दोषी है उन्हें बक्शा नहीं जायेगा मामले की फिलहाल जांच जार है, जिनका भी नाम इस मामले में शामिल है सभी को जेल भेजने की कार्रवाई की जायेगी।

भांसी से मासापारा मार्ग बदहाल, ट्रैक्टर चलना भी मुश्किल

0

कृष्णा मंडल-

दंतेवाडा :- यूं तो सड़कों का जाल लगातार ग्रामीण इलाकों को बिछाया रहा है लेकिन फिर भी कुछ स्थान ऐसे भी हैं जहां यह सुविधा अब तक नहीं पहुंच सकी है। बड़ी आबादी वाले इन ग्रामों में निर्माण एजेंसी कि सुस्त कार्यप्रणाली का दंश ग्रामीण भोगते हैं। अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है और हालात ऐसे बन गए हैं कि इस मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल है। अनेक जनदर्शन और हाल के दिनों में चले सुशासन तिहार के समाधान शिविर में इस बाबत आवेदन भी दिया गया है, बावजूद अब तक किसी प्रकार की राहत नहीं मिल सकी है।

उल्लेखनीय है कि निर्माण एजेंसी संवेदनशील क्षेत्र का बहाना बनाकर काम रोक देती है। बहरहाल, आने वाले बरसात मे इस मार्ग को लेकर ग्रामवासी चिंतित हैं और मार्ग को आवगमन के लायक बनाने की राह देख रहें हैं भांसी से मासापरा की 5 किलोमीटर सड़क पुल निर्माण कार्य धीमी गति से होने के कारण ग्रामीणों को एंबुलेंस सेवा मिलने से वंचित रहना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को आने जाने में दिक्कतें हो रही हैं। मासापारा सड़क को देखकर शिक्षक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भारी दिक्कतो का सामना करना पड़ता है

भोपालपटनम में फिर चले हम अभियान शाला प्रवेश उत्सव

0

भोपालपटनम “फिर चले हम अभियान 2025-26” के तहत भोपालपटनम विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बैडमिंटन इंडोर हॉल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता कुड़ेम मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जनपद उपाध्यक्ष नीलम गणपतराव अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। संतोष कुमार बोरे नगर पंचायत उपाध्यक्ष, जया चिंडेम महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, गिरजा शंकर तामडी मंडल महामंत्री, अरुण कुमार भगत, उगेंद्र वासम, साई कुमार चेट्टी, मुरली मनोहर चांडक, शेखर रज्जाक, विजार खान एवं भवानी कोंड्रा विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। राज्य गीत गाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कंडिक नारायण एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एटला श्रीनिवास, मंडल संयोजक अंगद राव चिंतूर सहित अन्य अधिकारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। शिक्षा अधिकारी ने स्वागत भाषण में सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों, पालकों, शिक्षकों व नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं और शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों की जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अध्यक्ष ने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, विद्यालय और गांव का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। भाजपा कार्यकर्ता साईं कुमार चेट्टी ने बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और नियमित स्कूल भेजने की अपील की। गिरजा शंकर तामडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रूप से फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर, मिष्ठान्न खिलाकर, गणवेश व पाठ्यपुस्तक प्रदान कर शाला प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कक्षा 12वीं में डिप्पी चेताल, भव्या ईराबोइना स्वामी आत्मानंद स्कूल भोपालपटनम, कक्षा 10वीं से जाहनवी झाड़ी गुल्लागुड़ा, जाह्नवी ईश्वरोज मद्देड़, कक्षा 8वी से हंसिका मिच्छा, प्रथा पालडुगुला भोपालपटनम, कक्षा 5वीं से रोशनी कावटी मद्देड़, शैलेश कुमार वेलादी बालक आश्रम एडापल्ली का सम्मान हुआ।तरलागुड़ा के विद्यार्थियों द्वारा तेलुगु, गोंडी और छत्तीसगढ़ी गीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल आनंदमय हो गया। तिथियों ने छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार भी वितरित किए।

अंत में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम उपरांत स्वरुचि भोज की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर खंड स्रोत समन्वयक, प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, पालकगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन मकबूल अहमद एवं संजय चिंतूर ने किया।

लोकतंत्र और संविधान की हत्या का पाप कांग्रेस के माथे पर: श्याम जायसवाल

0
  • आपातकाल के काले अध्याय के 50 वर्ष पूर्ण होने पर हुई संगोष्ठी 

डौंडी तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लोकतंत्र को कुचलकर देशवासियों पर थोपे गए आपातकाल विषय पर भाजपा मंडल डौंडी द्वारा गुरुवार को पुलिस ग्राउंड सामुदायिक भवन डौंडी में 26 जून गुरुवार को मंडल स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा नेता श्याम जायसवाल उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख वक्ता श्याम जायसवाल ने कहा कि 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी के द्वारा आपातकाल लागू कर देशभर में डर का माहौल बना दिया गया था। जिसने भी आपातकाल का विरोध किया उसे जेल में डालकर नजर बंद कर दिया गया था। इनमें देश विपक्षी पार्टी के नेता, पत्रकार शामिल थे। लोगों की जबरदस्ती नसबंदी कराई गई। जिसका विरोध विपक्षी नेताओं ने किया। समाचार पत्रों के दफ्तरों के बिजली काट दी गई। कांग्रेस की षड्यंत्र कारी राजनीति के खिलाफ कुछ भी छापने से दबाव बनाकर रोक लगा दी गई। मंडल अध्यक्ष डॉ. रुपेश कुमार नायक ने स्वागत भाषण में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर अपने विचार रखे। जनपद पंचायत अध्यक्ष मुकेश कोड़ों ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष मोहनतीन बाई चोरका, राधिका भारद्वाज, मंडल उपाध्यक्ष जगत राजेंद्र नाहर, मंडल महामंत्री महावीर ठाकुर, संजय सिंह ,कमलेश श्रीवास्तव, निलेश जायसवाल, शिवराम रनघाटी, जनपद सदस्य रत्ना हिरवानी, साधना सोरी एवं नगर पंचायत डौंडी के पार्षद प्रशांत नेताम, यदुनंदन देहारी, अनिल निर्मलकर, अमेरिका ठाकुर, रजनी जयसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने किया स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

0
  • शिक्षकों की उपस्थिति, प्रवेशोत्सव एवं पाठ्य पुस्तक गणवेश वितरण का लिया संज्ञान
  • शत-प्रतिशत रिजल्ट लाने के लिए बेहतर अध्यापन कार्य के दिए निर्देश

जगदलपुर बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार को जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, अप्रवेशी एवं शाला त्यागी बच्चों का स्कूलों में दाखिला, शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन सहित पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश वितरण तथा मध्यान्ह भोजन संचालन का संज्ञान लिया।

संभाग आयुक्त डोमन सिंह ने ग्राम पंचायत और शिक्षकों एवं अन्य मैदानी अमले के सहयोग से न्यौता भोज का आयोजन करने कहा। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने के लिए बेहतर अध्यापन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास हेतु खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित किए जाने कहा।कमिश्नर डोमन सिंह ने जगदलपुर विकासखंड की प्राथमिक शाला आसना, प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला कलचा और माध्यमिक शाला मोरठपाल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने दर्ज संख्या के अनुपात में शिक्षकों की पदस्थापना स्थिति सहित निर्धारित कालखंड की पढ़ाई संबंधी शैक्षणिक कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को निर्धारित पाठ्यक्रम की पढ़ाई करवाने सहित देश एवं प्रदेशों की सामान्य भौगोलिक जानकारी यथा देश की राजधानी, राज्यों की राजधानी, प्रमुख नदियों, प्रमुख ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों इत्यादि के बारे अवगत कराने कहा। साथ ही इस सम्बंध में बच्चों के मध्य चर्चा कर उन्हें एक-दूसरे से जानने-समझने के लिए प्रोत्साहित किए जाने कहा। कमिश्नर ने इन सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन का नियमित तौर पर सुचारू संचालन किए जाने के निर्देश दिए। वहीं न्यौता भोज के लिए गांव के प्रमुख व्यक्तियों तथा पंचायत पदाधिकारियों को भी परिवार के सदस्यों के जन्मदिन या अन्य कोई मौके पर स्वेच्छापूर्वक सहयोग प्रदान करने हेतु अभिप्रेरित करने कहा। कमिश्नर ने इस दौरान कक्षा तीसरी एवं चौथी के बच्चों से बस्तर के प्रमुख नदियों के नाम तथा कक्षा आठवीं के छात्र- छात्राओं से छत्तीसगढ़ की नदियों के नाम पूछे तो बच्चों ने भी त्वरित जवाब दिया। जिससे कमिश्नर ने इन सभी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करने की समझाइश दी। उन्होंने प्राथमिक शाला आसना में प्रगतिरत अतिरिक्त कक्ष को सम्बंधित निर्माण एजेंसी से अतिशीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान सयुंक्त संचालक स्कूल शिक्षा संजीव श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आजाद भारत में लोकतंत्र एवं संविधान की हत्या का काला अध्याय इमरजेंसी: अनिल खोबरागड़े

0
  •  लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान स्वागत योग्य 

दल्लीराजहरा 50 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में लगाए गए आपातकाल को अलोकतांत्रिक एवं तानाशाही पूर्ण निर्णय बताते हुए भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अनिल खोबरागड़े ने कहा है कि आजाद भारत में लोकतंत्र एवं संविधान की हत्या का यह काला अध्याय है। इसलिए प्रतिवर्ष 25 जून को इसे काला दिवस के रूप में याद किया जाता है।

अनिल खोब्रगड़े ने कहा है कि देश में 1974 -75 में कांग्रेस सरकार की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तानाशाही, भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ देश के लोगों में असंतोष एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था। जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए देश के गैर कांग्रेसी दलों, स्वयंसेवकों एवं छात्र युवाओं ने कांग्रेस के खिलाफ धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन प्रारंभ कर दिया जिससे देश में अस्थिरता फैल गई थी। इन घटनाओं से विचलित होकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर स्वयंसेवकों एवं गैर कांग्रेसी नेताओं में लोकनायक जयप्रकाश नारायण , मोरारजी भाई देसाई ,अटल बिहारी वाजपेई ,जॉर्ज फर्नांडीज, अरुण जेटली, नीतीश कुमार, शरद यादव जैसे हजारों लोगों को जेलों में बंद कर दिया था। साथ ही अभिव्यक्ति की आजादी पर पाबंदी लगाते हुए मीडिया को प्रतिबंधित कर अखबार के दफ्तर में ताले लगा दिए गए थे। छत्तीसगढ़ प्रदेश में भी लोकतंत्र समर्थकों की बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां की गई थी। देश में ऐसे लोकतंत्र सेनानियों को मीसाबंदी के रूप में जाना जाता है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में सत्यापित सूची के अनुसार ऐसे लगभग 320 लोकतंत्र सेनानी मीसा बंदियों को पेंशन देकर सम्मानित किया गया था। लेकिन पिछली कांग्रेस सरकार में मीसा बंदीयों की पेंशन बंद कर दी गई। आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र बचाओ प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के पूर्व सदस्य अनिल खोबरागड़े ने छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री द्वारा लोकतंत्र सेनानी परिवारों को 10 हजार रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक की सम्मान निधि दी जा रही है, जो कि स्वागत योग्य है।

अचानक धरती फटी और बहने लगी जलधारा

0
  •  खेतों में भरा पानी, धान फसल को भारी नुकसान
  • कुदरत का ये है कैसा करिश्मा, लोग हैरान

अर्जुन झा-

बकावंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ी ही अजीबो गरीब घटना हुई। एक फार्म हाउसमें अचानक धरती फट गई और विशाल जलधारा फूट पड़ी। आसपास के खेतों में पानी भर गया, जिससे दर्जनों किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इस घटना से ग्रामीण हैरान हो गए हैं और दहशत में आ गए हैं।

यह विस्मयकारी घटना बकावंड विकासखंड के ग्राम राजनगर स्थित महेंद्र चंद्राकर कृषि फार्म में 26 जून को सुबह 8 बजे हुई। फार्म हाउस के एक हिस्से की जमीन अचानक धसक गई। धरती फटने से वहां 15 फीट गहरा और करीब 8 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। गड्ढे से विशाल जलधारा निकल आई। पानी इस विशाल गड्ढे से उपर बहने लगा और फार्म हाउस के आसपास के खेतों में भरने लगा। अभी भी उस गड्ढे से पानी लगातार निकल रहा है। लोग बताते है कि अचानक तेज पानी की फुहार आई और जमीन में करीब 15 फीट गड्ढा हो गया। क्षेत्र में 2 दिन से लगातार बरसात हो रही है। माना जा रहा है कि बारिश की वजह से यह घटना हुई है। अमूमन इस कृषि फॉर्म में मिर्ची केले अमरूद और कुछ स्थानीय सब्जियां उगाई जाती हैं। जलधारा से आसपास के खेतों में लगाई गई धान की फसल को नुकसान हो रहा है। किसान चंदो चंद्राकर के खेत में मलबा जमा हो गया है और वहां लगी धान फसल को भारी नुकसान हुआ है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज आवाज के साथ जमीन धंसी और पानी निकलने लगा। विदित हो कि उक्त जगह से 12 किलोमीटर दूर सेना का कैंप स्थल है, जहां आए दिन कुछ प्रयोग होते रहते हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS