दल्ली राजहरा। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की राजहरा माइंस में परिवहन कार्य के बकाया भुगतान को लेकर हाइवा परिवहन संघ और कुमार कार्गो कंपनी के बीच विवाद गहरा गया है। कंपनी पर 12 हाइवा गाड़ियों के परिवहन कार्य का लगभग 50 से 60 लाख रुपये भुगतान लंबित रखने का आरोप है। पिछले छह माह से बकाया राशि नहीं मिलने और बीएसपी अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद कंपनी की गाड़ी को माइंस से बाहर ले जाने की घटना से नाराज हाइवा परिवहन संघ के सदस्यों ने माइंस ऑफिस के मुख्य गेट पर गाड़ी खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया है। संघ ने दो टूक कहा है कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक गेट से गाड़ी नहीं हटाई जाएगी।हाइवा परिवहन संघ के अनुसार, दल्ली राजहरा स्थित कुमार कार्गो कंपनी ने परिवहन कार्य के लिए संघ के 12 वाहन लगाए थे।
आरोप है कि कंपनी ने अप्रैल माह में बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक परिवहन कार्य बंद कर दिया। इसके बाद से ही संबंधित वाहनों के परिवहन कार्य का भुगतान लंबित है। लगभग छह माह बीत जाने के बावजूद राशि नहीं मिलने से वाहन मालिक आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।बीएसपी अधिकारियों ने दिया था भुगतान तक गाड़ी नहीं हटाने का आश्वासनबकाया राशि के भुगतान को लेकर हाइवा परिवहन संघ के पदाधिकारियों ने बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मेन मैनेजमेंट के साथ कई बार बैठक की। संघ का कहना है कि इन बैठकों में अधिकारियों ने कुमार कार्गो कंपनी से बकाया राशि का भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। अधिकारियों ने कंपनी के संचालक वैभव कुमार से मोबाइल पर चर्चा कर भुगतान के संबंध में जानकारी भी ली थी। इस दौरान कंपनी की ओर से कुछ दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई थी।संघ के सदस्यों के अनुसार, बीएसपी अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि जब तक बकाया राशि का पूरा भुगतान नहीं हो जाता, तब तक दल्ली माइंस में खड़ी कुमार कार्गो कंपनी की गाड़ियों और मशीनों को बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संघ का आरोप है कि इस आश्वासन के बावजूद 25 अक्टूबर 2026 को कंपनी की एक हाइवा गाड़ी को टोचन के माध्यम से माइंस से बाहर ले जाया जा रहा था। इस संबंध में हाइवा परिवहन संघ को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिससे संघ के सदस्यों में नाराजगी बढ़ गई।माइंस ऑफिस गेट पर गाड़ी खड़ी कर जताया विरोधकंपनी की गाड़ी को बाहर ले जाने की घटना के बाद हाइवा परिवहन संघ के सदस्यों ने माइंस ऑफिस के मुख्य गेट पर गाड़ी खड़ी कर विरोध दर्ज कराया और रास्ता बंद कर दिया।

संघ के सदस्यों का कहना है कि वे पिछले छह माह से अपने मेहनत के भुगतान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक बकाया राशि नहीं मिली है। ऐसे में वाहन मालिकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ ने कहा कि जब भुगतान को लेकर पहले ही अधिकारियों के सामने चर्चा हो चुकी थी और आश्वासन दिया गया था, तो फिर कंपनी की गाड़ी को बाहर ले जाने की स्थिति कैसे बनी।हाइवा परिवहन संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक लगभग 50 से 60 लाख रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक माइंस ऑफिस गेट से गाड़ी नहीं हटाई जाएगी। संघ ने जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की बात भी कही है। अब इस मामले में बीएसपी प्रबंधन और कुमार कार्गो कंपनी की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






