City Media - Page 247 of 1845 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 247

शहिद पार्क व आसपास सफाई के दिए निर्देश

0
  • महापौर ने चलाया विशेष सफाई अभियान

जगदलपुर शहर के महापौर संजय पाण्डे शहर की सफाई व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने लगातार अभियान चला रहे हैं।सोमवार को शहिद पार्क की अव्यवस्था देख महापौर ने कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिया था, आज सुबह दोबारा संजय पाण्डे वस्तु स्थिति का जायजा लेने पार्क पहुंचे। सफाई उनकी चुनावी एजेंडे का मुख्य हिस्सा रहा है और इस दिशा में उन्होंने काम भी शुरू कर दिया है। महापौर संजय पाण्डे ने आज सुबह इस विषय को लेकर निगम कर्मचारियों के साथ काफी देर तक मंथन किया। मालूम हो कि विपक्ष में रहते हुए संजय पाण्डे शहर की सफाई व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर हमेशा मुखर रहते थे।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर चलते हुए वे स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते आए हैं। गंदगी ही बीमारियों की मुख्य जड़ होती है, इसे ध्यान में रखते हुए संजय पाण्डे अपने वार्ड के साथ ही अन्य वार्डों की साफ सफाई के लिए काफी गंभीर रहे हैं। अब महापौर बनने के बाद उन्होंने पहला कदम साफ सफाई की ओर ही बढ़ाया है। महापौर संजय पाण्डे ने शहीद पार्क में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के 48 वार्डो में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश भी उन्होंने कर्मचारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी स्थानों से गंदगी पूरी तरह हट जानी चाहिए। जल्द ही सफाई व्यवस्था को लेकर सभी समाजों की बैठक भी निगम कार्यालय में होनी है।

महापौर के साथ निरीक्षण में निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, पार्षद निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, हरीश पारख, उर्मिला यादव सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।

पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड; एसआईटी ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट

0
  •  एक हजार से भी अधिक पन्नों का है यह चार्जशीट 

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिला मुख्यालय में घटित पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड मामले में एसआईटी की टीम ने मंगलवार दोपहर को एक हजार से भी ज्यादा पन्नों वाली चार्जशीट बीजापुर व्यवहार न्ययालय में दाखिल की। चार्जशीट में 70 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज हैं और हत्या के सभी आरोपी अभी जगदलपुर जेल में बंद हैं।

बताया गया है कि हत्याकांड के चारों आरोपियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात होगी। मिली जानकारी अनुसार इन सभी आरोपियों की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायालय दंतेवाड़ा में होने बात कही जा रही है। बीजापुर में चार्जशीट पेश करते वक्त आरोपी पक्ष की ओर से हाईकोर्ट से एक वकील पहुंचे हैं। न्यायालय द्वारा आगे की क्या कदम उठाया जाता है यह देखने वाली बात है। विदित हो कि 1 जनवरी 2025 की रात षड्यंत्र पूर्वक युवा पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में चुनवा दिया गया था। 2 जनवरी को मुकेश के भाई युकेश ने बीजापुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने मुकेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। 3 जनवरी की देर शाम मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी सुरेश चंद्रकार के चट्टान पारा स्थित बाड़ा से पुलिस ने शव को सेप्टिक टैंक से बरामद किया था। इस मामले में राज्य सरकार ने एसआईटी जांच के आदेश दिए थे। सुरेश चंद्रकार के भाई रितेश, दिनेश और सुपरवाइजर महेंद्र रामटेके को गिरफ्त में लेने के बाद तीन दिन बाद हैदराबाद से सुरेश को गिरफ्तार किया गया था। विदित हो कि पत्रकार हत्याकांड का मामला गंगालूर से मिरतुर तक 100 करोड़ की लागत वाली सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार से जुड़ी एक खबर से जुड़ा हुआ है। मुकेश चंद्रकार द्वारा खबर प्रकाशित की जाने के बाद से खफा सुरेश चंद्रकार ने हत्या की साजिश रची थी और अपने भाई व सुपरवाइजर के जरिए प्लानिंग के तरत मुकेश चंद्रकार की हत्या कर दी गई।

चार अफसरों पर गिरी गाज

इस मामले में पत्रकारों ने सरकार से उचित कार्रवाई की मांग के साथ ही आरोपियों को सख्त सजा देने की आवाज बुलंद की थी। इसके बाद पुलिस ने सभी 4 आरोपियों को दबोचा और जेल भेज दिया। अभी भी चारों आरोपी जेल में बंद हैं। जिस बाड़े से मुकेश का शव बरामद हुआ था, उसे एसआईटी ने सील कर रखा है। पत्रकार मुकेश की हत्या के बाद से सुरेश की प्रापर्टी कुर्की की लगातार उठ रही मांग। राज्य सरकार हत्या मामले पर सुरेश के अवैध अतिक्रमण क्रशर प्लांट को हटाया साथ ही सड़क निर्माण में घटिया स्तर का कार्य होने पर सभी कार्य निरस्त करने के अलावा इन्हें ब्लेक लिस्टेड कर दिया गया है। मामले में भ्रष्टाचार के संलिप्तता को लेकर पीडब्ल्यूडी के पूर्व ईई, एसडीओ समेत चार लोगों के विरुद्ध भी मामला दर्ज हुआ है। इन्हें दंतेवाड़ा कोर्ट से जमानत मिली है। सरकार ने चारों संलिप्त अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

अब ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों पर लग गया हड़ताल का ग्रहण

0
  • पंचायत सचिवों की हड़ताल का कामकाज पर पड़ेगा व्यापक असर

बकावंड: ग्राम पंचायतों में नए पंच सरपंचों को कामकाज सम्हाले अभी जुम्मा जुम्मा आठ दिन भी नहीं बीते हैं कि गांवों के विकास एवं निर्माण कार्यों पर ग्रहण लगता दिख रहा है।

ब्लॉक मुख्यालय बकावंड में सचिवों की हड़ताल शुरू हो गई है। इससे अब पंचायतों के विकास कार्यों पर ग्रहण लगने की आशंका बढ़ गई है। ज्ञात हो कि हाल में ही हुए पंचायत चुनाव के बाद सभी पंचायतों में नए सरपंचों सहित पंचों ने पदभार ग्रहण कर लिया है। अब पदभार ग्रहण करने के बाद पंचायतों में कई महीनों से अटके निर्माण कार्य सहित अन्य योजनाओं के कार्यों पर क्रियान्वयन शुरू होना है

 

पर अब पंचायत सचिवों की अनिश्चिकालीन हड़ताल का इस पर व्यापक असर पड़ेगा और पंचायतों में विकास कार्य सुचारु रूप से तय समय में होने में दिक्कत आएगी। सभी पंचायतों में नये सरपंचों की ताजपोशी होने के बाद पुराने सरपंच सहित पंचायत बॉडी से हिसाब किताब भी पूरा करना बाकी है पर सचिवों के हड़ताल पर चले जाने से सभी कार्य प्रभावित होंगे।भाजपा की विष्णु देव साय सरकार पर वादाखिलाफ़ी का आरोप सचिव संघ ने लगाया है। सचिवों ने कहा है कि भाजपा के घोषणा पत्र पर अब तक अमल नहीं होने से सचिवों में नाराजगी है।प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र 2023 में सचिवों से उनका शासकीयकरण करने का वादा किया था पर अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है। जिसकी वजह से आक्रोशित पंचायत सचिवों ने मंगलवार 18 मार्च से शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी है। गौरतलब है कि भाजपा सरकार की वादाखिलाफी से पूरे प्रदेश के पंचायत सचिव नाराज हैं। और अब उनके हड़ताल पर चले जाने से ग्राम पंचायतों के कामकाज में भी बाधा उत्पन्न होगी। जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनाव में दी गई गारंटी प्रदेश सरकार के बजट में पंचायत सचिवों के शासकीय करण की मांग को पूरा नहीं किये जाने को लेकर पंचायत सचिव 18 मार्च मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। आज हड़ताल पर सुंदर चंद्राकर, गोवर्धन सिंह, हेमंत सेठिया, संतोष सेठिया, ओमकार, गंगाधर, राजेश कुमार नाग, उमेश कुमार सेठिया, रमेश ठाकुर, पदम सिंह मौर्य, हेमलता, प्रभुनाथ, लिंगोराम विश्वकर्मा, जयदेव ठाकुर, जलन बघेल, शुक्र कश्यप समेत ब्लॉक के सभी सचिव बैठे थे।

बीईओ चंद्रशेखर यादव ने टीम के साथ दी परीक्षा केंद्रों में दबिश

0
  • कई परीक्षा केंद्रों में पहुंची बीईओ यादव की टीम

जगदलपुर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के साथ ही बस्तर विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव भी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर संजीदा हो गए हैं। श्री यादव बस्तर विकासखंड में संचालित 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्था परनजर बनाए हुए हैं।

बीईओ चंद्रशेखर यादव बस्तर ब्लॉक में स्थापित पांचवी और आठवीं के परीक्षा केंद्रों में अपनी उड़नदस्ता टीम के साथ लगातार दबिश दे रहे हैं। 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की निगरानी हेतु उड़न दस्ता दल प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव अपने दल सहयोगी चंद्रभान मिश्रा एवं संजय पांडे के साथ लगातार विजिट कर रहे हैं। टीम यादव ने आज माध्यमिक शाला बालेंगा तथा उच्चतर माध्यमिक शाला बालेंगा अंतर्गत संचालित माध्यमिक परीक्षा का जायजा लिया।बीईओ चंद्रशेखर यादव ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर पर्यवेक्षकों को परीक्षा के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। केंद्र में परीक्षा का नियम अनुसार संचालित होना पाया गया। बीईओ चंद्रशेखर यादव अपने सीनियर अफसर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल के मार्गदर्शन के अनुसार समूचे बस्तर विकासखंड में शिक्षा व्यवस्थाको मजबूत बनाने मे निरंतर लगे रहे हैं। अब परीक्षाओं के दौर में भी उनकी सक्रियता लगातार नजर आ रही है।

राज्य को केंद्रीय मद से मिली अरबों की राशि लेप्स कराने के चक्कर में हैं लोक निर्माण विभाग के ईएनसी

0
  • अरबों की देनदारी लटका दी इंजीनियर इन चीफ ने
  • बार बार ठेकेदारों का भुगतान रोकने के पीछे मंशा आखिर क्या है इएनसी की

अर्जुन झा

जगदलपुर मार्च का महीना यानि फाइनेंसियल ईयर समाप्ति का माह। इस दौरान सरकारी महकमे अपने सारे वित्तीय लेनदेन निपटाने में व्यस्त नजर आते हैं। वहीं दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ श्री भतपहरी केंद्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की साय सरकार के बीच गहरी खाई खोदने में लगे हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की योजना रूरल रोड प्रोजेक्ट की ठेकेदारों की अरबों की देनदारियां अटका दी हैं। ईएनसी भतपहरी ने केंद्रीय मद की राशि के लेप्स होने का खतरा भी पैदा कर दिया है।

केंद्र सरकार की रूरल रोड प्रोजेक्ट-3 योजना के तहत छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग है। इस विभाग की संपूर्ण निर्माण संबंधी प्रगति और वित्तीय की जिम्मेदारी ईएनसी की होती है। रूरल रोड प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के समस्त भुगतान भी सीधे ईएनसी के माध्यम सेही होता है, ताकि इस प्रोजेक्ट में कार्य कर रहे ठेकेदारों को किसी भी प्रकार स्थानीय अधिकारी की लापरवाही का शिकार नहीं होना पड़े। केंद्र के इस महति प्रोजेक्ट को कैसे पलीता लगाते हैं, वह उनके कारनामों से उजागर हो रहा है। राज्य के बस्तर संभाग सहित सभी आदिवासी बाहुल्य इलाकों में विकास और आवागमन हेतु बनाई जा रही इस सड़कों के भुगतान को छोटे छोटे कारणों से रोक दिया जाता है। अकेले बस्तर संभाग में ही रूरल रोड प्रोजेक्ट-3 के तहत सड़क निर्माण में लगे दर्जनों ठेकेदारों के करीब 400 करोड़ रुपयों का भुगतान लटका दिया गया है। ठेकेदारों को सिर्फ आश्वासन दिया जाता है पोर्टल दुरुस्त होते ही भुगतान शुरू हो जाएगा। बरसात और दीपावली निपटने के बाद जब सड़क निर्माण कार्यों में तेजी आती है तब ही भुगतान अटका कर ठेकेदारों के कार्य में अवरोध पैदा कर दिया जाता है। जानकारों का कहना है कि बड़े अधिकारी जानबूझ कर कार्यों में देरी बड़े कराते हैं। क्योंकि कार्य में देरी का हवाला देकर ठेकेदारों से वसूली की जाती है। आरआरपी- 3 योजना में लगे कई दर्जन ठेकेदारों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की इस योजना को जानबूझ कर ये अधिकारी बदनाम करने पर तुले हुए हैं ताकि निर्माण की गति प्रभावित होने से सरकार की बदनामी हो। 31 मार्च तक अगर भुगतान नहीं होता है तो केंद्रीय मद की राशि लेप्स हो जाएगी, जिससे बदनामी सरकार की होगी और ठेकेदारों तथा उनसे जुड़े हजारों मजदूरों को नुकसान होगा। उनकी नजर में भी सरकार की ही छवि धूमिल होगी। ठेकेदारों का भुगतान अटका कर ईएनसी ने न सिर्फ केंद्र और राज्य की सरकारों के बीच टकराव के हालात पैदा कर दिए हैं, बल्कि केंद्रीय मद से प्रोजेक्ट के नाम पर मिले अरबों रुपयों के लेप्स हो जाने का खतरा भी पैदा कर दिया है। आखिर ईएनसी ऐसा क्यों कर रहे हैं, इस पर विष्णु देव साय सरकार को ध्यान देना होगा।

कैंप से चंद फासले पर प्रेशर आईईडी बरामद

0

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिलेे में सुरक्षा बलों के कैंप से कुछ ही फासले पर आज 17 मार्च को तीन किलो वजनी प्रेशर आईईडी बरामद किया गया।आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।

बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीड़िया स्थित सुरक्षा बलों के कैंप से सीआरपीएफ 199वीं वाहिनी की टीम पीड़िया – मुतवेंडी की ओर डिमाईनिंग ड्यूटी पर निकली थी।पीड़िया मुतवेंडी मार्ग पर सीआरपीएफ 199वीं वाहिनी की बम डिस्पोजल टीम द्वारा कैंप से लगभग 800 मीटर की दूरी पर नक्सलियों द्वारा लगाए गए 03 किग्रा के प्रेशर आईईडी को डिटेक्ट किया गया। बम डिस्पोजल टीम ने बरामद आईईडी को सुरक्षित तरीके से मौके पर नष्ट कर दिया। माओवादियों द्वारा सुरक्षा बल की टीम को निशाना बनाने के लिए प्रेशर आईईडी प्लांट किया गया था। सुरक्षा बलो की सूझबूझ एवं सतर्कता से माओवादियों के नापाक मंसूबों को विफल किया गया।

चोरी की वारदात में शातिर चोर सहित 01 अपचारी बालक गिरफ्तार

0
  • पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन में बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता चोरी के मशरूका सोने चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम बरामद ।
  • आरोपी के कब्जे से नगदी, सोने, चांदी के जेवरात सहित कुल जुमला 8 लाख 84 हजार रूपये बरामद घटना में प्रयुक्त लोहे का राड व गैती जप्त।
  • 03 सूने मकान में चोरो ने होली त्यौहार के रात्रि बनाये थे निशाना।
  • आरोपी द्वारा पूर्व में बूढा पारा के एक सूने मकान मे किया था चोरी ।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि होली त्यौहार के दूसरे दिन दिनांक 15.03.2025 को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 02 शिक्षक नगर बालोद में रात्रि को अज्ञात चोर द्वारा 03 मकानो में घुस कर घर में रखे आलमारी से सोने चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम चोरी कर ले गया है कि सूचना पर एसडीओपी बालोद श्री देवांश सिंह राठौर व थाना प्रभारी बालोद  रविशकर पाण्डेय के द्वारा घटना स्थल पहुचकर घटना का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियो को अवगत कराकर उक्त चोरी के अज्ञात आरोपी के पतासाजी हेतु थाना बालोद व साइबर सेल से विशेष टीम बनाकर लगाया गया। साथ हि घटना स्थल में डाग स्क्वाड को बुलाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बालोद में 1.अपराध क्रमांक 124/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस 2.अपराध क्रमांक 125/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस 3.अपराध क्रमांक 126/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक,  एस आर भगत के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अशोक कुमार जोशी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण में एसडीओपी बालोद  देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना प्रभारी  रवि शंकर पाण्डेय के नेतृत्व में चोरी के प्रकरण में आरोपियों के पतासाजी हेतु सायबर सेल बालोद व थाना बालोद से विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संबध्ं में घटना स्थल पर लगे व आपपास के सीसीटीवी कैमरा की जानकारी त्रिनयन एप के माध्यम से फुटेज को बारीकी से एनालिसिस करने दो संदिग्ध लोगो की जानकारी प्राप्त हुई जिसे टीम द्वारा चिन्हांकित किया गया जो नीरज धु्रवे के रूप में हुआ। आरोपी नीरज अपने कथन में बताया कि दिनांक 14/15.03.2025 की दरम्यिानी रात्री वह अपने नाबालिक मित्र के साथ शिक्षक नगर बालोद में गया और 03 सूने मकान में बाहर से गेट पर ताला लगा हुआ देख दोनो चोरी करने गैती, लोहे का राड से ताले को तोड कर घर में रखे सामान सोने चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम चोरी कर ले गये। आरोपी नीरज धु्रवे पूर्व में बुढापारा के एक सूने मकान में भी चोरी करना कबूल किया है बालोद शहर में और भी कई चोरी की घटना में शामिल है इसकी जांच की जा रही है आरोपी की पुलिस रिमांड लिया गया है। आरोपी का नामः- 1. नीरज धु्रवे उर्फ टू पिता का नाम चतुर सिंह धु्रवे उम्र 26 वर्ष पता रोशन नगर वार्ड क्र 20 बालोद थाना बालोद जिला बालोद (छ.ग.) 2. विधि से संघर्षरत बालक।

जप्त मशरूका-

1. अपराध क्रमांक 124/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस में चोर का प्रयास जप्ती गैती,लोहे का राड।

2. अपराध क्रमांक 125/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस में 01 तोला सोने का गुलबंद,चांदी का पायल,बिछिया,नगदी रकम कुल जुमला 1 लाख 72 हजार।

3. अपराध क्रमांक 126/2025 धारा 305, 331(4),62 बीएनएस में 01 नग सोने का चैन, 01 सोना का गुलबंद,01 सोना का मांग टिका ,01 नग सोने का टाप्स, एक नग कान का, चांदी का करधन ,पायल चैन, कुल जुमला 8 लाख 84 हजार।

उक्त प्रकरण में आरोपियों के पतासाजी व गिरफ्तारी में विशेष भूमिकाः-

थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, स0उ0नि धरम भूआर्य,सउनि पुनित वर्मा, बिहारी धु्रव, प्रधान आरक्षक दूर्योधन यादव,आरक्षक संजय सोनी, मोहन कोकिला, बनवाली साहू।

सायबर सेल -प्रभारी उपनिरीक्षक  जोगेन्द्र साहू, आरक्षक भोप सिंह साहू, विपिन गुप्ता ,राहुल मनहरे, आकाश सोनी,पूरन देवांगन की सराहनीय भूमिका रही।

अल सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लेने ग्राउंड पर उतरे महापौर संजय पांडे, पार्क की दुर्दशा देख जताई नाखुशी

0
  •  टीम के साथ कई क्षेत्रों का किया भ्रमण, देखी जमीनी हकीकत

जगदलपुर महापौर संजय पाण्डे सफाई के प्रति अव्यवस्था देख भड़क उठे। सुबह नगर निगम अमले के साथ वे सड़क पर स्वयं निकल पड़े। उन्होंने शहीद पार्क से लेकर कुम्हारपारा चौक तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

महापौर ने पूरे एक घंटे तक शहीद पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क में पहुंचे लोगों ने भी महापौर के समक्ष अपनी समस्याएं रखी। अव्यवस्था देख वे कर्मचारियों पर भड़क गए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कह दिया की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह कर्मचारियों को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। दरअसल औचक निरीक्षण पर संजय पाण्डे अपने पार्षदों के साथ सबसे पहले शहीद पार्क पहुंचे। मेयर पांडे को शिकायत मिली थी कि पार्क की नियमित सफाई नहीं होती है। साथ ही टूटे-फूटे झूले से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पार्क के अंदर शौचालय में पानी की समस्या भी बनी हुई है। शिकायतकर्ताओं की शिकायत सही पाए जाने पर महापौर कर्मचारियों के पर भड़क गए। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों से पूछा कि आखिर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है? महापौर ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी काम पर लगे हैं लेकिन जिस तरीके से कम होना चाहिए उस पर लापरवाही बरती जा रही है। इसी बात को लेकर पार्क का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई। महापौर संजय पांडे ने कहा कि नियमित सफाई की जाए तो बहुत ही कम समय में हम शहर को विकसित करने में बेहतर नतीजा दे पाएंगे। मेयर इन काउंसिल का गठन होने के बाद कामों में कसावट आएगी। पार्षद निर्मल पाणिग्रही, दिलीप दास साथ में मौजूद रहे।

कोई कर्मचारी आठ साल से नदारद है, तो कोई सालभर से

0
  •  बस्तर में स्वास्थ्य विभाग की अजब गजब कहानी
  • अब जाकर ड्यूटी पर हाजिर होने के लिए भेजे नोटिस =

अर्जुन झा

जगदलपुर अपना बस्तर भी अजब गजब मुख्य है। यहां के सरकारी महकमों के मुलाजिम अपनी मर्जी के मालिक हैं। ज्यादातर सरकार कर्मचारी ग्राउंड पर जाकर सेवा देने से बचते नजर आते हैं। यहां कागजों पर ही सारा खेल हो जाता है। शिक्षा विभाग को छोड़ दें, तो अमूमन सभी विभागों में कागजी घोड़े दौड़ते नजर आते हैं। अब बस्तर के स्वास्थ्य विभाग को ही देख लीजिए, जहां के एक कर्मचारी सालभर से और दो कर्मचारी आठ साल से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे हैं। इन कर्मचारियों के हिस्से की तनख्वाह कौन हजम कर रहा है, यह जांच का विषय है।

अलगअलग जगहों पर पदस्थ स्वास्थ्य विभाग के तीन कर्मचारी इतने लंबे अरसे से नदारद हैं और विभाग के आला अधिकारियों को भनक तक नहीं लग पाई, यह बड़ी हैरानी वाली बात है। अब जाकर विभाग के अफसर जागे हैं और उन्होंने तीनों नदारद कर्मचारियों को फौरन ड्यूटी ज्वाइन करने का फरमान जारी किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जगदलपुर द्वारा विभाग के अधीनस्थ स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारियों शिव कुमार देहारी, पुरूषोत्तम साहू एवं मोहन कश्यप को पांच दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर तीनों कर्मचारियों के विरूद्ध नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने की वार्निंग दी गई है। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार बस्तर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल का वार्ड ब्वाॅय शिव कुमार देहारी 18 जनवरी 2024 से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्र सिलकझोड़ी बास्तानार का आरएचओ पुरूषोत्तम साहू 4 मार्च 2017 से और उप स्वास्थ्य केन्द्र बेड़ा उमरगांव बकावंड का आरएचओ मोहन कश्यप 17 मई 2017 से ड्यूटी से गायब हैं। उन्होंने ड्यूटी पर न आने के बारे में अपने अधिकारियों को कोई सूचना भी नहीं दी है। आखिर एक साल और आठ साल बीतने के बाद आला अधिकारी अचानक कैसे जाग उठे? यह सवाल तो बनता ही है।

कादंबरी की महिलाओं ने होली मिलन में मचाया धमाल

0
  •  दिखाए डांस के जलवे, व्यंजनों का उठाया लुत्फ 

जगदलपुर नगर के तक्षशिला लॉन में कादंबरी संस्था द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने डांस में खूब धमाल मचाया, गीतों और खेलों से जमकर एंजॉय किया।

कार्यक्रम में कादंबरी की सभी सदस्याएं शामिल हुईं। सभी को गुलाल का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उसके पश्चात होली गीत, लोकगीत, हास्य कविताएं और मजेदार खेल भी कराए गए। कादंबरी की महिलाओं ने बस्तर के खास व्यंजनों का आनंद लिया। यह व्यंजन सभी महिलाएं अपने अपने घर से बना कर लाई थीं। खेल में से अरुणा आचार्य प्रथम रहीं। उन्हें पुरस्कृत किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रभारी कविता बिजोलिया ने किया। कार्यक्रम का प्रारंभ संस्था गीत से हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन करमजीत कौर ने दिया और धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष सरिता पांडे ने किया। अंत में होली के गीत पर सभी महिलाओं ने नृत्य किया। हंसी ठहाकों के साथ होली मिलन का यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

MOST POPULAR

HOT NEWS