City Media - Page 246 of 1845 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 246

नगरनार से तीन किमी दूर बस्तर विधानसभा क्षेत्र में क्यों नहीं हुआ सीएसआर का काम

0
  • विधानसभा में गरजे विधायक लखेश्वर बघेल
  • स्कूल भवन जर्जर तो जिम साम्रगी की खरीदी क्यों

जगदलपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को विधायक बस्तर लखेश्वर बघेल ने सीएसआर मद से व्यायाम और जिम सामग्री क्रय करने को लेकर सवाल दागा। श्री बघेल ने कहा कि हमारे यहां छात्रावास, आश्रम, स्कूल भवन जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन वर्ष 2024 में मंत्रीजी द्वारा स्कूलों के लिए व्यायाम सामग्री के बारे में जानकारी दी गई है।जब स्कूल का ही ठिकाना नहीं है तो फिर व्यायाम सामग्री के लिए लाखों-करोड़ रूपये क्यों व्यय कर रहे हैं? सरकार द्वारा करोड़ों रूपयों की जिम सामग्री की खरीदी की जा रही है, क्या हमारी प्राथमिकता जिम सामग्री खरीदने की है? विधायक लखेश्वर बघेल के सवाल के जवाब में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि शासी परिषद का कलेक्टर अध्यक्ष होता है और विधायक खुद सदस्य हैं, स्वयं पास करते हैं कि क्या करना है? वह स्वयं बैठक में रहे होंगे, जो निर्णय में प्रस्ताव पारित किये होंगे, उसी सामग्री की खरीदी की गई होगी। यदि उसमें कोई शंका है तो मुझे अवश्य जानकारी दें, हम जांच करा लेंगे।

एसआईटी से करा लें जांच

मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि शासी परिषद की बैठक तो आज तक हुई नहीं है। स्वशासी परिषद की बैठक कब-कब हुई है, यदि इसकी जानकारी है तो बता दीजिएगा। हम लोगों को बैठक में बुलाया गया है कि नहीं बुलाया गया है, बता दीजिएगा? इसकी भी एसआईटी गठन करके जांच करा ली जिए

जगदलपुर और चित्रकोट में ही हुआ

विधायक बस्तर लखेश्वर बघेल ने सदन में कहा कि सीएसआर मद का हो, चाहे डीएमएफ मद हो, सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्रों में ही राशि खर्च हुई है। मंत्री यह जानकारी देंगे कि सीएसआर मद और डीएमएफ मद में कोई दायरा है कि कितने किलोमीटर के अंदर करना है? एक ही विधानसभा क्षेत्र में करना है कि दो विधानसभा में क्षेत्रों करना है? सीएसआर हो या डीएमएफ मद हो, सिर्फ जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र और चित्रकूट विधान सभा क्षेत्र में राशि खर्च हो रही है। इसके अलावा किसी अन्य विधान सभा में खर्च करने का प्रावधान है कि नहीं है?मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि सीएसआर मद की राशि उन क्षेत्रों में भी व्यय की गई है, जहां पर पाइप लाइन एनएमडीसी ग्राम प्रभावित हैं इन ग्रामों में अधिकतर चित्रकूट और जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव आते हैं। इस कारण से सीएसआर का काम वहां हुआ है।

बस्तर विधानसभा में क्यों नहीं

विधायक श्री बघेल ने कहा नगरनार स्टील प्लांट मेरे विधानसभा क्षेत्र से 3 किलोमीटर की दूरी पर है। उससे लगए हुए गांव में एक रूपये खर्च नहीं किया गया है। जबकि 8-8, 10-10 किलोमीटर दूर के गांवों में राशि खर्च कर रहे हैं, लेकिन 3 किलोमीटर में खर्च नहीं कर रहे हैं यह ठीक बात नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा हां यह ठीक बात नहीं है, आगे ध्यान रखा जाए। विधायक के प्रस्ताव को भी मंजूरी दें।

सुकमा के युवा पहली बार पहुंचे राजधानी, विधानसभा की कार्यवाही देख हुए अभिभूत

0
  • डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा- सरकार हर गांव में सुविधाएं उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध 
  • पहली बार देखा रेलवे स्टेशन, विधानसभा और वनवासी कल्याण आश्रम 

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले के दूरस्थ गांवों के युवाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत नियद नेल्लानार योजना में शामिल सिलगेर, पूवर्ती, एलमागुंडा, लखापाल, शालातोंग, साकलेर, छोटेकेडवाल, बगडेगुड़ा और बेदरे जैसे गांवों के 119 युवा पहली बार अपने गांव से बाहर निकले और राजधानी रायपुर पहुंचे। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान युवाओं ने रेलवे स्टेशन, छत्तीसगढ़ विधानसभा और वनवासी कल्याण आश्रम का दौरा किया।

राजधानी प्रवास के दौरान युवाओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया और दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी। युवा बेहद उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से भेंट की।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने युवाओं से चर्चा करते हुए कहा कि युवा चाहें तो अपने गांव में अमन-चैन और विकास की रोशनी फैला सकते हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से उनके गांव की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके गांवों में पक्की सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, राशन, चिकित्सा और आवास जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की और कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में हम सभी मिलकर छत्तीसगढ़ को विकसित और समृद्ध राज्य बनाएंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने नियद नेल्लानार योजना के तहत गांवों के आर्थिक विकास के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन गांवों के निकट नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी तक पहुंचे।उल्लेखनीय है कि आजादी के 75 साल बाद पहली बार अपने गांव से बाहर निकल कर राजधानी पहुंचे अनेक युवाओं ने प्रदेश की प्रगति को नजदीक से देखा और भविष्य में अपने गांवों के विकास में योगदान देने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचे और वहां के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। राज्य सरकार प्रदेश के माओवाद प्रभावित इलाकों में तेजी से बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब इन दूरस्थ गांवों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना और नियद नेल्ला नार योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीण युवाओं को प्रदेश की विकास प्रक्रिया से जोड़ने में मदद मिल रही है। यह पहल न केवल इन गांवों के युवाओं के लिए एक नई आशा की किरण लेकर आई है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के उज्जवल भविष्य की भी झलक देती है।

निगम की एमआईसी घोषित, महापौर संजय पांडे ने दी बधाई

0
  •  वरिष्ठ नेताओं की सहमति से घोषित की गई सूची 

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर की एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) आज घोषित कर दी गई। महापौर संजय पाण्डे ने एमआईसी की घोषणा करते हुए सभी को बधाई व शुभकामनाएं दी है।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर भाजपा के 29 पार्षदों में से 10 को एमआईसी में जगह दी गई है। शहर के विकास में सभी पार्षदों की मदद से कार्य होंगे। सभी एमआईसी मेंबर को अलग अलग विभागों का दायित्व दिया गया है। मालूम हो कि नगर निगम में मेयर इन काउंसिल की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। संजय पाण्डे ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, निगम सभापति खेमसिंह देवांगन एवं वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है। सभी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से एमआईसी का गठन किया गया।

किसे कौन सा विभाग?

महापौर संजय पांडे द्वारा घोषित एमआईसी में निर्मल पाणिग्रही को आवास पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग, सुरेश गुप्ता को जल कार्य विभाग, लक्ष्मण झा को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राणा घोष को बाजार विभाग, कलावती कसेर को शिक्षा विभाग, त्रिवेणी रंधारी को महिला एवं बाल कल्याण विभाग, श्वेता बघेल को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, योगेंद्र पांडे को पुनर्वास एवं नियोजन विभाग, संग्राम सिंह राणा को राजस्व विभाग और संजय विश्वकर्मा को विधि एवं सामान्य प्रशासन विभाग का दायित्व दिया गया है।

चोरी का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 50 हजार का माल बरामद

0
  •  साल भर बाद हुआ चोरी के मामले का खुलासा 

जगदलपुर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस के द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बस स्टैंड के सामने संजय झा किराना स्टोर में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी से लैपटॉप, मोबइल फोन समेत 50 हजार रुपए से अधिक का माल बरामद किया है।

ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में प्रार्थी अभिषेक सिंह पिता राम सुभग सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च 2024 की रात करीब 3 बजे बस स्टैंड के सामने स्थित उसकी किराना दुकान में पीछे के दरवाजा तोड़कर कोई अज्ञात चोर दुकान में रखे एक लेनेवो कम्पनी का लैपटॉप कीमती करीबन 35 हजार रुपए तथा एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल कीमती करीबन 15 हजार तथा नगदी रकम 600 रुपए चोरी कर ले गया है। थाना बोधघाट में अपराध क़ायम कर तत्काल पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम तैयार की गई। उक्त टीम के द्वारा आसपास के सभी संदेहियों के संबंध में पूछताछ की गई। मुखबिर से पता चला कि उसी मोहल्ले का रहने वाला विक्रम सिंग एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बेचना चाह रहा है। सूचना तथा संदेह के आधार पर दुर्गेश दहिया पिता संतोष दाहिया उम्र 21 वर्ष निवासी संतोषी वार्ड खत्री गली जगदलपुर से पूछताछ की गई। संदेही ने चोरी करना कबूल करते हुए चोरी के लैपटॉप, मोबाइल तथा 600 रुपए आरोपी के कब्जे से बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर आज 18 मार्च को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया गया।

चोरी का मामला सुलझान में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रधान आरक्षक प्रकाश मनहर, नितेश मेश्राम आरक्षक होरी लाल आर्मो, विजय तुर्की का योगदान रहा।

जिपं सदस्य संदीप यदु ने ली प्रदेश अध्यक्ष देव के हाथों भाजपा की सदस्यता

0
  •  भाजपा जन सेवा को प्रभु सेवा मानकर करती है काम: किरण सिंह देव 

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति एवं विचारों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का क्रम जारी है। रायपुर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 से जनता कांग्रेस (जोगी) की टिकट पर निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य संदीप यदु ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, विधायकगण मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब व इंद्रकुमार साहू, रायपुर (ग्रामीण) जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम नारंग सहित अन्य नेता, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  देव ने इस मौके पर कहा कि भाजपा की रीति-नीति से लोग प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में सभी वर्ग के कल्याण और विकास के लिए कार्य हो रहे हैं, जिसकी वजह से लोग लगातार भाजपा से जुड़े रहे हैं। श्री देव ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा एक वैचारिक पार्टी है जो जन सेवा को प्रभु सेवा मानकर कार्य करती है। भाजपा ने इससे पहले सदस्यता अभियान चलाकर प्रदेश में 60 लाख से अधिक सदस्य बनाए हैं। श्री देव ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले एवं विधानसभा चुनाव के दौरान एवं लोकसभा चुनाव के समय हजारों की संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। कहीं-कहीं तो कई राजनीतिक दलों के लोगों ने अपनी पार्टी से नाराज होकर एवं भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा का सदस्य बनना उचित समझा।

जहां गति है वहां प्रगति है, सांसद संतोष पांडे ने रेल बजट को जमकर सराहा

0
  •  संसद की बजट चर्चा में मुखर नजर आए सांसद 

जगदलपुर लोकसभा में रेल बजट अनुदान मांग पर चर्चा में भाग लेते हुए राजनांदगांव के ओजस्वी युवा सांसद संतोष पांडे ने रेल बजट की जमकर तारीफ की।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन एवं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में भारतीय रेल उपलब्धियों का नया आयाम गढ़ रहा है। जहां गति है, वहां प्रगति है के ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए भारतीय रेलवे ने कन्या कुमारी से लेकर कश्मीर तक, उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक और कोरोना काल से लेकर कुंभ तक नए प्रतिमान गढ़े हैं। मोदी जी के कार्यकाल में रेल बजट में छह गुना से भी ज्यादा वृद्धि हुई है। देश में रेल नेटवर्क मजबूत हुआ है। नई रेल लाइनों के निर्माण और लाइन दोहरीकरण में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्वनिर्मित वंदे भारत ट्रेनों ने हर रेल यात्री का दिल जीत लिया है। रेल सुविधाओं में विस्तार से आम आदमी तक रेल की पहुंच हो गई है।रेल बजट में प्रावधानों पर चर्चा करते हुए सांसद संतोष पांडे ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थित डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन निर्माण हेतु रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्तावित परियोजना को जल्द से जल्द प्रारंभ करने का आग्रह सदन के समक्ष रखा। यह परियोजना राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत रेल सुविधाओं के विस्तार हेतु बहुप्रतीक्षित मांग है, जिसके लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी है और मैं आश्वस्त हूं कि जनता की सुविधा हेतु यह कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ होगा। उन्होंने बस्तर, धमतरी आदि क्षेत्र से जुड़ी रेलवे की मांगों का भी जिक्र किया।

खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता और नवाचार का नया अध्याय: खनिज प्रबंधन में डिजिटल युग की शुरुआत

0
  • 2024-25 में 11,581 करोड़ रुपए का खनिज राजस्व अर्जित
  • देश में पहली बार खनिज लिथियम ब्लॉक की हुई सफल नीलामी
  •  बैलाडीला क्षेत्र में तीन नए आयरन ओर ब्लॉकों की ई-नीलामी प्रक्रिया जारी
  • राज्य में होगी खनिज अन्वेषण ट्रस्ट की स्थापना 

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पारदर्शी खनन नीति, ई-नीलामी, डिजिटल निगरानी और पर्यावरण संवेदनशील खनन रणनीतियां अपनाकर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नए आयाम दिए हैं।

खनिज संसाधनों के सुव्यवस्थित उत्खनन के चलते बीते वर्षों में छत्तीसगढ़ के खनिज राजस्व में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य के गठन के समय की तुलना में खनिज राजस्व में 30 गुना वृद्धि हुई है, जो 2023-24 में 13,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और 2024-25 में अप्रैल से फरवरी तक ही 11,581 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया जा चुका है।अब तक 44 खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी की जा चुकी है। चूना पत्थर के 14, लौह अयस्क के 9, बॉक्साइट के 11, स्वर्ण के 3, निकल, क्रोमियम के 2, ग्रेफाइट के 2, ग्लूकोनाइट के 2 और लिथियम के 1 खनिज ब्लाक की नीलामी की गई है।

सुकमा में लीथियम का भंडार

भारत सरकार द्वारा देश के आर्थिक एवं सामरिक विकास को ध्यान में रखते हुए क्रिटिकल एवं सामरिक महत्व के खनिजों के लिए राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल मिशन की घोषणा जनवरी, 2025 में की गई है। इस के अनुरूप प्रदेश में विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 से ही क्रिटिकल एवं सामरिक महत्व के खनिजों के अन्वेषण, खोज पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके तहत 56 अन्वेषण परियोजनाओं में से 31 परियोजनाओं में क्रिटिकल एवं डीप सीटेड मिनरल्स पर कार्य जारी हैं। अब तक 10 क्रिटिकल एवं डीप सीटेड मिनरल्स ब्लॉक्स में लिथियम का 1, स्वर्ण के 3, निकल, क्रोमियम के 2, ग्रेफाइट के 2 ग्लूकोनाइट के 2 मिनरल ब्लॉक की नीलामी की गई है। देश में पहली बार खनिज लिथियम ब्लॉक की सफलतापूर्वक नीलामी की कार्यवाही भारत सरकार द्वारा की गई है जिसके तहत कोरबा जिले के कटघोरा लिथियम ब्लॉक को मेसर्स साउथ मायकी माइनिंग कंपनी को 76 प्रतिशत प्रीमियम राशि पर आबंटित किया गया है। राज्य के सुकमा एवं कोरबा जिले में भी लिथियम अन्वेषण कार्य किया जा रहा है जिसमें लिथियम के भंडार मिलने की पूरी संभावना है।

बैलाडीला है मजबूत स्तंभ

बैलाडीला क्षेत्र भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क भंडारों में से एक है। यहां तीन नए लौह अयस्क ब्लॉकों की ई-नीलामी प्रक्रिया जारी है, जिसे इस माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा कांकेर जिले के हाहालद्दी लौह अयस्क खनिज ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए खनन क्षेत्र को अधिक पारदर्शी और वैज्ञानिक रूप से संचालित करने के लिए सरकार ने कई नई पहल की हैं। सेटेलाइट इमेजरी और माइनिंग सर्विलांस सिस्टम से अवैध खनन की निगरानी की जा रही है। गौण खनिज खानों में सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक पद्धति से खनन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। राज्य सरकार बेहतर कार्य करने वाले पट्टेधारियों को ‘स्टार रेटिंग’ प्रणाली के तहत प्रोत्साहित कर रही है।

खनिज राजस्व से विकास की गाथा

खनिज राजस्व का एक बड़ा हिस्सा प्रदेश के सामाजिक विकास में निवेश किया जा रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक 1,673 करोड़ रुपये की निधि प्राप्त हुई है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और कौशल विकास सहित 9,362 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में महत्वपूर्ण सुधार हो रहा है। राज्य सरकार ने चूना पत्थर, बॉक्साइट, लौह अयस्क और ग्रेफाइट सहित कुल 13 खनिज परियोजनाओं में अन्वेषण कार्य शुरू किया है। प्रारंभिक सर्वेक्षणों में चूना पत्थर के 283 मिलियन टन, लौह अयस्क के 67 मिलियन टन और बॉक्साइट के 3 लाख टन भंडार का अनुमान लगाया गया है। स्वर्ण, ग्रेफाइट और ग्लूकोनाइट जैसे खनिजों की खोज भी की जा रही है, जिससे राज्य के खनन क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी। इसके अलावा सूरजपुर जिले के जाजावल क्षेत्र में यूरेनियम ब्लॉक के लिए परमाणु ऊर्जा विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। कोल बेड मिथेन पूर्ववर्ती कोरिया जिले में वेदांता लिमि. एवं ऑईल मैक्स को पेट्रोलियम अन्वेषण लायसेंस स्वीकृत किया गया है। मैंगनीज ओर इंडिया लि. (मोईल) द्वारा सीएमडीसी के साथ प्रदेश में प्रथम बार बलरामपुर क्षेत्र में खनिज मैगनीज का भंडार चिन्हित किया गया है। मुख्य खनिजों के लिए अन्वेषण हेतु केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट की स्थापना की गई है। इसी तर्ज पर खनिज विभाग द्वारा राज्य के गौण खनिजों के व्यवस्थित विकास एवं अन्वेषण के लिए राज्य खनिज अन्वेषण ट्रस्ट की स्थापना की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

प्रदेश में 28 तरह के खनिज

उल्लेखनीय है कि प्राकृतिक संसाधनों की दृष्टि से छत्तीसगढ़ देश के समृद्ध राज्यों में से एक है। कोयला, लौह अयस्क, चूना पत्थर, बॉक्साइट, स्वर्ण, निकल, क्रोमियम और प्लेटिनम समूह के तत्व सहित कुल 28 प्रकार के खनिजों की प्रचुरता ने इस राज्य को देश के खनन क्षेत्र में एक अग्रणी भूमिका में ला खड़ा किया है। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों, सतत विकास की रणनीतियों और कुशल प्रशासनिक प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ भारत के अग्रणी औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। खनिज संपदा के माध्यम से प्रदेश न केवल आर्थिक मजबूती प्राप्त कर रहा है, बल्कि हरित और सतत विकास की दिशा में भी अग्रसर हो रहा है। आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध खनिज संपदा और रणनीतिक पहल के साथ भारत के माइनिंग हब के रूप में अपनी पहचान और अधिक सशक्त करेगा।

बहुउद्देशीय दिव्यांग कल्याण समिति दल्ली राजहरा के द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत कर मांग पत्र सोपा

0

दल्लीराजहरा बहुउद्देशीय दिव्यांग कल्याण समिति के द्वारा आज नगर पालिका परिषद पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे का गुलाब फूल देकर स्वागत किया गया एवं समिति के सदस्यों ने तोरण लाल साहू (अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा) एवं मनोज दुबे नगर पालिका उपाध्यक्ष को नगर पालिका अध्यक्ष निधि से समिति के भवन निर्माण व स्व-रोजगार व अन्य दिव्यांगों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु ज्ञापन सौंपा है जिसमें लिखा है कि हमारी पंजीबद्ध बहुउद्देशीय दिव्यांग कल्याण समिति, दल्ली राजहरा में पांच महिला सदस्यों सहित कुल 20 (बीस) दिव्यांग सदस्य हैं।

हमारी समिति की बैठक हर माह में एक बार या दो बार होती है l हमारी समिति का स्वयं का कोई भवन नहीं है l इस कारण पहले गांधी चौक, वार्ड नंबर 20 के चारों तरफ से खुले दुर्गा मंच में होती थी l मगर वहां कभी भी कोई भी असामाजिक तत्व या नशेडी आकर हमें परेशान करते थे। उसके बाद वार्ड नंबर 19 के पटेल (मरार )समाज सिन्हा समाज भवन या यादव समाज भवन में होती है मगर इनमें प्रसाधन / शौचालय न होने के कारण बरसात में खासकर महिला सदस्यों को बहुत ही ज्यादा तकलीफ का सामना करना पड़ता है । हमारी समिति चाहती है कि समिति में आसपास के दिव्यांगों को भी शामिल किया जाए ।

 

इसके लिए समिति द्वारा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दल्ली राजहरा की सहमती से सिन्हा समाज भवन के बगल में चयनित 25 × 30 की शासकीय भूमि पर उसका स्वयं का भवन हो जाए तो यह यहां शासन के माध्यम से दोना-पतत् कागज की नाश्ता प्लेट, गिलास-चम्मच कटोरी सादी व खंड वाली थाली, किराना सामान्‌ दवाई या नाश्ता रखने हेतु कागज का

लिफाफा / जोगा, अगरबती, आचार- पापड़ , बांस की टोकरी सुपा उन्हें प्रशिक्षण देकर आत्म निर्भर बनाया जाए। अतः आप से सादर करबद्ध विनती है कि हमारी समिति हेतु नगर पालिका अध्यक्ष निधि से भवन निर्माण कराने की कृपा करें । ताकि हमारी समिति व क्षेत्र के बेरोजगार दिव्यांगों हेतु उपरोक्तानुसार रोजगार के साधन उपलब्ध करवा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू व उपाध्यक्ष मनोज दुबे का सम्मान

0
  • पदभार ग्रहण करने पर भाजपा नेताओं ने किया दोनों का अभिनंदन

दल्लीराजहरा भाजपा नेता श्याम जायसवाल व संजय सिंह ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू व उपाध्यक्ष मनोज दुबे का पदभार ग्रहण करने पर सम्मान किया।

श्याम जायसवाल ने कहा कि मैं निजी प्रवास पर बाहर होने के कारण अध्यक्ष तोरण साहू के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो पाया था। इसलिए आज नगर पालिका कार्यालय में हमारे नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू व उपाध्यक्ष मनोज दुबे का सम्मान किया गया है। साथ ही भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने उम्मीद जताई है कि दल्लीराजहरा के विकास हेतु हमारे जनप्रतिनिधि अपनी पूरी क्षमता से काम करेंगे और जहां भी उन्हें हमारी आवश्यकता होगी हम उनके साथ रहेंगे। इस दौरान नगर पालिका कार्यालय में भाजपा की वरिष्ठ नेता व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुरोबी वर्मा, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह, नंदा पसीने, महेश प्रताप सिंह, सुरेंद्र बेहरा, निलेश श्रीवास्त सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।।

पानी की समस्या से निपटने सत्ताइस नलकूप स्वीकृत-संजय पांडे

0

जगदलपुर:- गर्मी में पानी की किल्लत से बचने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। लगभग दो दर्जन से अधिक वार्डों में इस बार बोरिंग किया जाएगा। इसके लिए निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने महापौर के निर्देश पर पुरी तैयारी कर ली है। दो-चार दिन में काम शुरू भी हो जाएगा। हर साल गर्मी में पानी की किल्लत होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार निगम ने पहले से तैयारी कर ली है।

महापौर संजय पांडे ने कहा है कि नगर निगम क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण सिंह देव के अनुशंसा पर जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) मद से 27 बोरिंग स्वीकृत हुआ है। जिसमें शहिद गुंडाधुर वार्ड, अटल बिहारी बाजपेयी वार्ड, सिविल लाइन वार्ड, गुरुगोविंद सिंह वार्ड, अनुकूल देव वार्ड, महेंद्र कर्मा वार्ड, वीरसावरकर वार्ड, सुंदरलाल शर्मा वार्ड, दंतेश्वरी वार्ड, प्रवीर वार्ड, शांति नगर वार्ड, चंद्रशेखर आजाद वार्ड, राजेंद्र नगर वार्ड, रमैया वार्ड, गंगा नगर वार्ड, अब्दुल कलाम वार्ड, छत्रपति शिवाजी वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, विजय वार्ड, सिविल लाइन वार्ड व बलीराम कश्यप वार्ड शामिल है। जिसका कार्यादेश जारी किया जा चुका है ।इन जगहों पर बोरिंग होने से एवं पानी उपलब्ध होने पर हजारों परिवारों को इसका सीधा फायदा मिलेगा । गर्मी में इस बार हालात न बिगड़े इसलिए इसके लिए निगम तैयारी कर ली है। जल स्तर लगातार गिरने से शहर के जनप्रतिनिधि भी चिंतित हैं।इसलिए बोरिंग खोदने के साथ ही टैंकरों का मरम्मत कार्य भी किया जा रहा है।

महापौर संजय पाण्डे ने जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव का धन्यवाद ज्ञापित किया है ,जिन्होंने डीएमएफटी फंड से 27 बोरिंग स्वीकृत कराया है। उन्होने सांसद महेश कश्यप के प्रति भी कृतज्ञता ज़ाहिर की है ।उन्होंने कहा क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद जनता के प्रति एवं क्षेत्रीय विकास के लिए संवेदनशील है। इस बार गर्मी में पेयजल संकट से निपटने निगम ने गंभीर प्रयास शुरू किए हैं।पानी की किल्लत न हो इसके लिए नलकूप खनन कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा। जिससे शहर के वार्डो के लोगों को समय पर पर्याप्त पानी मिले । संजय पाण्डे ने बस्तर कलेक्टर हरिस एस का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है जिन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास से नगर निगम को 27 बोरिंग का स्वीकृत प्रदान किया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS