दल्ली राजहरा। बीएसपी अस्पताल के सामने स्थित वार्ड क्रमांक 8 के गार्डन में असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि गार्डन में लगाए गए पुतले में अज्ञात व्यक्तियों ने आग लगा दी। घटना की जानकारी मोहल्लेवासियों द्वारा दिए जाने के बाद बीएसपी की दमकल गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।


उल्लेखनीय है कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस गार्डन का नगर पालिका द्वारा सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा था, ताकि वार्डवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। ऐसे में गार्डन में आगजनी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल आग लगाने वाले व्यक्तियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।










