सुशासन तिहार 2026 के तहत दल्ली राजहरा में आयुष स्वास्थ्य शिविर, 56 लोगों का निःशुल्क परीक्षण

0
310

दल्ली राजहरा। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत क्लस्टर नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा (बालोद), एसडीएम सुरेश साहू, सीएमओ बक्शी मैडम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार ठाकुर (आयुष विभाग, जिला बालोद) द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा आयुष विभाग की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि जिले में 45 आयुर्वेद औषधालय, 4 होम्योपैथी औषधालय, 1 स्पा थैरेपी सेंटर तथा चिखलाकसा में 30 शैय्या युक्त आयुर्वेद चिकित्सालय संचालित हैं, जहां मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं औषधि वितरण की सुविधा उपलब्ध है। राष्ट्रीय आयुष कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्विद्या, वयोमित्र, कारुण्य, एनसीडी क्लीनिक, एनपीसीडीएस, ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल रोग, एमएमयू तथा सियान जतन क्लीनिक जैसे विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिले के 23 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिनमें नियमित योग अभ्यास भी शामिल है।इसी क्रम में सुशासन तिहार के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 56 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में दी गई समस्त जानकारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. निकिता ध्रुव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में प्रस्तुत की गई।