प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, रेलवे ट्रैक पर मिले दोनों के शव

0
4545

बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरहापड़ाव रेलवे ट्रैक पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कथित रूप से प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान जितेश्वर तारम (20 वर्ष) निवासी कुम्हालोरी, थाना लोहारा एवं लीलेश्वरी उइके उर्फ लिलिसा (16 वर्ष) निवासी साल्हे, थाना डौंडी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। बुधवार सुबह लगभग 4 बजे दल्लीराजहरा से भानुप्रतापपुर की ओर जा रही ट्रेन के सामने दोनों ने छलांग लगा दी। घटना इतनी भयावह थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।सुबह रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर डौंडी पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की गई है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों उसी वाहन से वहां पहुंचे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर प्रेम प्रसंग को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ कर हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।