दल्लीराजहरा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी विद्यालय परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीएसपी आईओसी के सीजीएम एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन आर.बी. गहरवार ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए।विद्यालय के प्राचार्य जी.वी. राजशेखर राव ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। विद्यालय परिसर के लॉन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योगाभ्यास के दौरान वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, पश्चिमोत्तानासन, पादहस्तासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशांकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, अर्ध हलासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन के साथ अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति का अभ्यास कराया गया।कार्यक्रम में बीएसपी के अधिकारियों में सीएस प्लांट राजहरा के महाप्रबंधक एस. बास्के, उप महाप्रबंधक व्ही.के. सिंह, जियोलॉजी विभाग के उप महाप्रबंधक सौरभ कुमार, मानव संसाधन विभाग के सहायक प्रबंधक शैलेष पटनायक, सुश्री शेख सिरिन तथा अतिरिक्त सहायक श्रम कल्याण अधिकारी मुरलीधर चंद्राकर सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों में सीटू के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिमैया, बीएमएस के संतोष देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा तथा इंटक के अध्यक्ष तिलक मानकर ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया।योग का प्रदर्शन शिक्षक निमाई आर्या एवं अजय चौबे ने किया। कार्यक्रम का संचालन पीटीआई पूर्णिमा दुबे ने किया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में प्राचार्य जी.वी. राजशेखर राव द्वारा आभार व्यक्त करने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



