देखें बड़े सपने और करें मेहनत, कदमों पर होगी मंजिल: एसडीएम सिन्हा

0
10

एसडीएम ने किया हायर सेकंडरी स्कूल बड़े मोरठपाल का निरीक्षण

विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और मेहनत करने की दी प्रेरणा

जगदलपुर बस्तर जिले विकासखंड तोकापाल अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बड़े मोरठपाल का तोकापाल एसडीएम शंकर लाल सिन्हा एवं नायब तहसीलदार गजेंद्र सिंह कंवर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में “एक नाम मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण किया और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम शंकर लाल सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक विद्यार्थी को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, अनुशासन का पालन करना चाहिए और जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। यदि आज आप पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से अध्ययन करेंगे, तो भविष्य में आपमें से कोई कलेक्टर बनेगा, कोई आईएएस, आईपीएस, एसडीएम, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक या अन्य महत्वपूर्ण पदों पर पहुँचकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेगा।

सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं करते। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने समय का सदुपयोग करें, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करें तथा अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ें। यही गुण आपको एक जिम्मेदार नागरिक और सफल इंसान बनाएंगे।पौधारोपण के अवसर पर एसडीएम ने कहा कि एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। विद्यालय की प्राचार्य शबाना अली ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, खेल एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार गजेंद्र सिंह कंवर, विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here