डौंडी। नगर पंचायत डौंडी में शनिवार सुबह सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी द्वारा कथित रूप से दो सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है।

सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी ने कथित तौर पर टंगिया से दोनों सफाईकर्मियों पर हमला कर दिया।घटना के बाद घायल रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य को उपचार के लिए डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गिरवर देवहारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।फिलहाल विवाद के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।






