दल्लीराजहरा। बीएसपी राजहरा के टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय और खदान क्षेत्र में बिजली खंभों से एलईडी फ्लड लाइट चोरी करने वाले गिरोह का राजहरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण, एसी, एलईडी फ्लड लाइट सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ व्यवसायियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, बीएसपी राजहरा के असिस्टेंट जनरल मैनेजर समीर कुमार चौबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26-27 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय में घुसकर विंडो एसी, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, हार्ड डिस्क, रैम, प्रोसेसर, मॉनिटर, मदरबोर्ड सहित अन्य कंप्यूटर सामग्री चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70,350 रुपये बताई गई।इसी प्रकार असिस्टेंट जनरल मैनेजर शैलेन्द्र पाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27-28 अगस्त की दरम्यानी रात डम्पर रोड राजहरा खदान क्षेत्र में बिजली के खंभों पर लगी 12 नग 150 वाट की सूर्य कंपनी की एलईडी फ्लड लाइट, जिसकी कीमत करीब 36 हजार रुपये है, चोरी कर ली गई।दोनों मामलों में थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 210/2026 में धारा 331(4), 305(E), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 211/2026 में धारा 305(E) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिसमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में थाना राजहरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ले के कुछ युवक चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने दिव्यांशु सिंह (19), लुजीत साहू (18), शर्मा नेताम उर्फ लकवा (35), सन्नी थापा (20), सुनील महानंद (35) तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपियों ने चोरी से इनकार किया, लेकिन अलग-अलग कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार कर लिया।चोरी का सामान बरामदपुलिस ने दिव्यांशु सिंह, लुजीत साहू, शर्मा नेताम उर्फ लकवा और नाबालिग के कब्जे से एक विंडो एसी, छह की-बोर्ड, एक माउस, तीन लेन पीसीआई, दो हार्ड डिस्क, दो आई-5 प्रोसेसर, तीन मॉनिटर, दो 500 जीबी हार्ड डिस्क, तीन एसर कंपनी के मदरबोर्ड और एक स्क्रूड्राइवर टूल बॉक्स बरामद किया। चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 Y 0622 भी जब्त की गई।वहीं सन्नी थापा और सुनील महानंद के कब्जे से सूर्य कंपनी की 12 नग 150 वाट एलईडी फ्लड लाइट बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने चोरी की एलईडी लाइट खरीदने में संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया है, जबकि नाबालिग के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिकापूरी कार्रवाई में थाना राजहरा के निरीक्षक सुनील तिर्की, उप निरीक्षक प्रदीप कंवर, प्रधान आरक्षक राकेश साहू, आरक्षक सुरेन्द्र देशमुख, पवन आनंद धीर, संतोष वानखेड़े एवं खिलावन निषाद की सराहनीय भूमिका रही।पुलिस की नागरिकों से अपीलराजहरा पुलिस ने नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि बिना बिल या रसीद के कोई सामान न खरीदें। सस्ते दाम के लालच में बिना दस्तावेज सामान खरीदना भारी पड़ सकता है, क्योंकि ऐसा सामान चोरी का हो सकता है। चोरी का सामान खरीदने या उसे खपाने में सहयोग करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और उसे जेल जाना पड़ सकता है।






