छग टीचर्स एसोसिएशन का शासन से आग्रह
जगदलपुर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने के छत्तीसगढ़ शासन के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघर्ष मोर्चा एवं छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले लगातार विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की जा रही थी, जिस पर शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों ने चर्चा पश्चात सकारात्मक आश्वासन दिया था।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार सेवारत गैर-टीईटी शिक्षकों के लिए निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) द्वारा टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया गया है। छग टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने शासन से मांग की है कि कंप्यूटर बेस्ड (सीबीटी) परीक्षा के स्थान पर पारंपरिक ओएमआर शीट के माध्यम से ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में कार्यरत कई सेवारत शिक्षकों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा में तकनीकी कठिनाइयां और असुविधा हो सकती है, इसलिए ओएमआर पद्धति ही अधिक उपयुक्त और व्यावहारिक होगी।
निर्णय का स्वागत- शिक्षक संघों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विभागीय परीक्षा कराने का निर्णय का स्वागत किया गया है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेंद्र यदु, संजय उपाध्याय, मुकेश मुदलियार, डॉक्टर कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक ने शासन से आग्रह किया है कि शिक्षकों के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीबीटी के स्थान पर ओएमआर आधारित ऑफलाइन मोड में ही विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया जाए।





