कांग्रेस सदस्यता अभियान, अब तक 7.70 लाख सदस्य बनाए जा चुके

0
54

सदस्यता अभियान की मियाद खत्म होने में चार दिन बाकी

7.70 लाख सदस्य मेनुअल और पांच लाख बनाए डिजिटल

रायपुर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सदस्य दोगुने हो गए हैं। प्रदेश में जब कांग्रेस विपक्ष में थी, तब 6 लाख सदस्य बनाए गए थे, लेकिन अब प्रदेश के 12 लाख लोगों ने सत्ताधारी दल कांग्रेस की सदस्यता ली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दावों की मानें, तो वर्तमान में 12 लाख 70 हजार सदस्य बनाए जा चुके हैं। इनमें 7.70 लाख सदस्य मेनुअल सदस्यता बुक के माध्यम से बनाए गए हैं। जबकि पांच लाख सदस्य डिजिटल माध्यम से बनाए गए हैं। कांग्रेस की सदस्यता अभियान का अभी पांच दिन बाकी है। इस तरह इन पांच दिनों में सदस्यता का आंकड़ा कुछ और बढ़ सकता है। 31 मार्च तक बनाए गए सदस्यों की सूची एआईसीसी को भेजी जानी है। पांच माह पूर्व शुरू हुए सदस्यता अभियान का वर्तमान में अंतिम दौर चल रहा है।

पार्टी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया, एक नवंबर से कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू किया गया था। प्रदेश में एआईसीसी ने 10 लाख नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया था। पार्टी ने सदस्य बनाने के के लिए 55 हजार से अधिक सदस्यता बुक तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी और बूथ कमेटी के माध्यम से अभियान शुरू किया था। अभियान शुरू होने पर सदस्य बनाने में कई जिलों में धीमी शुरुआत को देखते हुए प्रदेश कार्यकारिणी ने कई बार इसकी समीक्षा कर सदस्यता अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया। समीक्षा के बाद बस्तर और सरगुजा पिछड़ने के बाद अभियान तेज किया गया। इसी बीच डिजिटल सदस्य बनाने को भी एआईसीसी ने मंजूरी दी।

अधिकांश जिलों की पहुंची सूची

फरवरी माह के बाद सदस्यता अभियान में सभी जिलों में तेजी आने के बाद अब मार्च खत्म होने के बाद कांग्रेस मुख्यालय के पास अधिकांश जिलों की सूची आ गई है। अब तक कुल 7.70 लाख सदस्यों की सूची मिली है, जो सदस्यता बुक के माध्यम से दी गई है। आने वाले चार दिनों में इसमें और वृद्धि के बाद यह संख्या तय लक्ष्य तक पहुंचने का अनुमान है। इसी के साथ लगभग पांच लाख लाेगों की डिजिटल सदस्यता को एआईसीसी ने एप्रुवल दिया है। इस तरह पीसीसी को अब तक 12 लाख सदस्यता की जानकारी मिली है।

31 मार्च तक हाेगी आंकड़ों में वृद्धि

डिजिटल सदस्यता अभियान के तहत बूथ लेबल पर एनराेलमेंट की नियुक्ति कर डिजिटल सदस्य बनाए जा रहे हैं। सभी जिलों में इस पर काम चल रहा है। शहरों में वार्ड स्तर पर डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर चल रहे अभियान में एक हजार तक सदस्य नियुक्त एनराेलमेंट द्वारा बनाए जा रहे है। इसके तहत अब तक पांच लाख सदस्य बने हैं। आने वाले चार दिनों में डिजिटल माध्यम से नए सदस्यों की संख्या में और वृद्धि होगी। इस तरह कांग्रेस की सदस्यता का आंकड़ा सरप्लस होते हुए 13 लाख तक पहुंच सकता है।