लिगेसी वेस्ट मैंनेजमेंट के नाम पर धन की लूट : संजय पाण्डेय

0
32
  • मेयर और अफसर सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय ने कहा है कि नगर निगम के कर्ताधर्ता लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर भारी भ्रष्टाचार कर रहे हैं। भाजपा पार्षद दल ने आज नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे और नगर मंडल के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट डंपिंग यार्ड में हो रही अनियमितता पर महापौर सफीरा साहू के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। भाजपा पार्षद दल को काफी दिनों से लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर किए जा रहे काम में भ्रष्टाचार की सूचना मिल रही थी।

आज भाजपा पार्षद एवं कार्यकर्ता गीदम रोड स्थित डंपिंग यार्ड में कार्य को देखने के बाद प्रदर्शन कर नारेबाज़ी की। डंपिंग यार्ड में नगर निगम द्वारा पूर्व में शहर का कचरा डंप किया जाता था। नए नियम और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की गाईड लाइन के अनुसार इन कचरों को नष्ट किया जाना था। इसी कारण निगम ने टेंडर करके 2.15 लाख का कार्यादेश जारी कर संबंधित ठेकेदार को एकत्रित कचरे बायो डिग्रीडेबल और नान डिग्रीडेबल कचरे को अलग करके वहां से हटाने की जिम्मेदारी दी थी और उक्त स्थल में मिट्टी फिलिंग करके वहां पार्क बनाया जाना था। मौके में पार्षद दल ने भारी अनियमितताएं पाई हैं। नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने कहा है कि शुरू से ही यह पूरी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार किया गया है। निगम ने दो वर्ष पूर्व इसका टेंडर किया था, भिलाई की किसी संस्था को इसका ठेका तो दिया गया, परंतु उसे कार्य नहीं करने दिया गया। बाद में इसका टेंडर पुनः बुलाए गए। तब के कम दर वाले टेंडरों को निरस्त करते हुए चहेते ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिया गया। उस ठेकेदार से मिलीभगत भारी अनियमितता की जा रही है। निविदाकार ने वहां केवल आधा काम ही किया है। मात्र दो इंच मिट्टी फिलींग की गई है। प्लांटेशन या पार्क कहीं पर भी नहीं बनाया गया है। ठेकेदार ने अपना सारी मशीनरी वहां से हटा ली है। पांडेय ने कहा है कि वह महापौर सफीरा साहू, निगम आयुक्त और कलेक्टर से जांच की मांग करेंगे। इस अवसर पर नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि रकम की बंदरबांट की जा रही है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के नियमों की भी परवाह नहीं की गई है। निगम के सत्ताधारी नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। 4 साल सिर्फ भ्रष्टाचार के अलावा जनता के हित में कोई भी कार्य इन्होंने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हम निगम प्रशासन से मांग करेंगे कि इसकी शीघ्र उच्च स्तरीय जांच करवाएं, अन्यथा भाजपा आंदोलन करेगी। डंपिंग यार्ड का निरीक्षण करने गए दल में पार्षद राजपाल कसेर, दयावती देवांगन, दिगंबर राव, निर्मल पाणिग्रही, महेंद्र पटेल ,शंभू नाग, रीना घोष, नीलम यादव, भारती श्रीवास्तव, त्रिवेणी रंधारी, धनसिंह नायक, ममता पोटाई, खेम देवांगन, विक्रम यादव, शशिनाथ पाठक, योगेश शुक्ला रोशन झा,योगेश मिश्रा, प्रेम यादव, प्रेम सेठिया, गजेंद्र पगारे, गीता नाग, अलका सेंगर, मीना विश्वकर्मा, संगीता तोमर व अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।