मोदी ने 10 साल तक सिर्फ जुमलेबाजी की, एक भी वादा पूरा नही किया : दीपक बैज

0
34
  • देश की आजादी से नव निर्माण तक कांग्रेस की देन
  • 35 हजार रू. किलो का मशरूम खाने और 8 हजार करोड़ के प्लेन पर चलने वाले मोदी खुद को बता रहे संत

जगदलपुर प्रधानमंत्री मोदी का का भाषण यह बताने के लिए पर्याप्त है कि पिछले 10 साल में वे कुछ भी उपलब्धि हासिल नही कर पाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि 10 साल तक उन्होंने सिर्फ जुमलेबाजी की। अब लोकसभा चुनाव करीब हैं तब मोदी के पास अपनी उपलब्धि बताने के लिए कुछ भी नहीं है।

दीपक बैज ने कहा है कि 9 लाख का सूट पहनने वाले, 8 हजार करोड़ के विमान से चलने वाले और 35 हजार रू किलों का मशरूम खाने वाले मोदी अपने आप को संत बता रहे हैं। यह बड़ी हास्यास्पद बात है। जो प्रधानमंत्री पिछले 10 साल में अपने ब्रांडिंग में जनता के हजारों करोड़ रू खर्चा कर देता है? वह खुद को सबसे ईमानदार बता रहा है। प्रधानमंत्री बताएं कि अडानी की संपत्ति इनके राज में कैसे बढ़ रही है? अडानी की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ किसके हैं? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री बताएं कि उनके दो कार्यकाल पूरा होने के बाद भी उनके 2014 के वादों का क्या हुआ? 100 दिन में महंगाई कम करने का वादे का क्या हुआ? किसानों की आय दुगुनी करने के वादे का क्या हुआ? मोदी यह बताएं कि 10 साल के बाद भी समर्थन मूल्य गारंटी के लिए भारत का किसान दिल्ली की ओर कूच क्यों कर रहा है। युवाओं को 2 करोड़ रोजगार क्यों नही मिला, पेट्रोल डीजल के दाम 35 रू क्यो नही हुआ? हर के खाते में 15 लाख क्यो नही आए ? 2022 तक हर आवासहीन के मकान के वादे का क्या हुआ? मोदी बताएं कि देश की महिलाओ को सुरक्षित वातावरण क्यों नही मिल रहा है? प्रधानमंत्री बयानबाजी के बजाय अपने 10 साल के वादों का हिसाब जनता को दें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को अध्यन करना चाहिए कि 70 सालों में कांग्रेस ने क्या किया। देश की आजादी से लेकर भारत का नव निर्माण कांग्रेस की देन है। जब 1947 के बाद देश में पहली बार कांग्रेस की सरकार बनी तब देश की साक्षरता दर 18 फीसदी थी। नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब देश की साक्षरता दर लगभग 80 फीसदी से ऊपर थी। 1947 में देश में एक भी आईआईएम, आईआईटी, एम्स, सिंचाई के बांध नही थे। बोकारो, भिलाई, राउरकेला, दुर्गापुर जैसे संयत्र कांग्रेस की सरकार ने बनाए। देश के नवनिर्माण से औद्योगीकीकरण कांग्रेस सरकार ने ही किया। मोदी ने 10 सालों में सिर्फ कांग्रेस की सरकारों द्वारा बनाए गए सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने का काम किया है।