भाजपा बन गई इवेंट आर्गेनाइजर कंपनी: जावेद खान

0
21
  • पहले दें रोजगार फिर निकालें यात्रा: अजय 
    जगदलपुर स्थानीय राजीव भवन में युवा कांग्रेस ने प्रेस वार्ता की और भाजपा तथा भारतीय युवा मोर्चा को आड़े हाथों लिया। प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान और युवा कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष अजय बिसाई ने संबोधित किया।
    जावेद ने भारतीय जनता पार्टी को इवेंट आर्गनाइज कंपनी करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा इवेंट आर्गेनाइजर करार दिया।जावेद ने कहा जब कोरोना वायरस की चपेट में पूरा देश था और पीड़ितों को आक्सीजन सिलेंडर, अस्पतालों में बेड और एम्बुलेंस की अति आवश्यकता थी तब नरेंद्र मोदी देश में ताली थाली बजाने का इवेंट चला रहे थे। देश के अस्पतालों में आक्सीजन और अस्पताल प्रबंधन को सुरक्षा किट मुहैया कराने की बजाय अस्पताल स्टाफ पर पुष्प वर्षा करा रहे थे। आज प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी प्रधानमंत्री के पदचिन्हों पर चल रहे हैं वे प्रदेश कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा का इवेंट जरूर करते हैं, परंतु जब वही बेरोजगार कांवड़िये रोजगार देने की मांग मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से करते हैं तो मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सभी को रोजगार नहीं दे सकते, तन्खवाह देने बजट नहीं है कहकर अपनी चौखट से भगा देते हैं। जावेद ने कहा आज भारतीय जनता पार्टी फिर से एक बार घर-घर तिरंगा यात्रा के नाम पर देश में इवेंट कर रही है और देश तथा प्रदेश की मूल समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने का कार्य करने जा रही है। जावेद ने कहा भारतीय युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत आज स्वयं विष्णु देव साय की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं और प्रदेश की सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं तथा सरकार केवल खानापूर्ति कर रही है।तिरंगा यात्रा नौटंकी: बिसाई
    युवा कांग्रेस के बस्तर शहर जिला अध्यक्ष अजय बिसाई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तिरंगा यात्रा के नाम पर केवल दिखावा और नौटंकी कर रही है। भाजपा को न तिरंगे से प्रेम है और न ही देशवासियों से। ये तो केवल नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव के मद्देनजर यह नौटंकी कर रही है। अजय ने कहा यह सर्वविदित है भाजपा आरएसएस मुख्यालय से संचालित होती है। जिस आरएसएस मुख्यालय में आजादी के 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, जब किसी ने आरएसएस मुख्यालय में तिरंगा फहराने की कोशिश की तो यही आरएसएस उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तक का कार्य कर चुकी है। भाजपा उसी आरएसएस के अधीन कार्य करती है जो राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को देश के लिए अशुभ बताने से भी पीछे नहीं हटी और एक रंग के केसरिया ध्वज को राष्ट्रीय ध्वज घोषित कराने का सपना आज भी आरएसएस देखती है। ऐसे में भाजपा और भाजपा सरकार का तिरंगा प्रेम केवल दिखावा है। यदि भाजपा और युवा मोर्चा सच में तिरंगे से प्रेम करते हैं तो उन्हें सबसे पहले अपने आप को संघ से पृथक कर देश की जनता के सामने असली राष्ट्रवादी होने का सबूत देना चाहिए। अन्यथा उनका इस तरह का हर एक आयोजन सिर्फ़ और सिर्फ़ दिखावा और देश प्रदेश की जनता का ध्यान मूल विषयों से भटकाने जैसा ही रहेगा। अजय ने कहा नोटबंदी और धारा 370 से आतंकवाद की कमर टूटने का दावा भी भाजपा का जुमला ही निकला क्योंकि पिछले 5 सालों में 1070 आतंकी हमले हो चुके हैं और जम्मू-कश्मीर में 308 से ज्यादा जवान शहीद हो चुके हैं। ऐसे में भाजपा तिरंगा यात्रा के नाम पर केवल नौटंकी कर रही है। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान,प्रदेश महासचिव सूरज कश्यप,युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह, युवा कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष अजय बिसाई, युवा कांग्रेस के शहर जिला उपाध्यक्ष संदीप दास, एनएसयूआई के ग्रामीण जिला अध्यक्ष नीलम कश्यप, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता उस्मान रजा उपस्थित थे।