फर्जी मामले में गिरफ्तार पत्रकारों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, किया राज्य सरकारों के खिलाफ प्रदर्शन

0
8
  •  बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने खोला मोर्चा 

जगदलपुर बस्तर के चार वरिष्ठ पत्रकारों को आंध्रप्रदेश पुलिस द्वारा फर्ज़ी मामला बनाकर चिंतूर में गिरफ्तार कर तीन दिनों से बंधक बनाकर रखे जाने के विरोध में आज जगदलपुर में राजीव भवन के समीप कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया एवं छत्तीसगढ़ तथा आंध्रप्रदेश सरकार की आलोचना की और गिरफ्तार पत्रकारों को तत्काल रिहा करने की मांग की।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाया था। विष्णु देव साय सरकार में पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं। पत्रकार सुरक्षा कानून की धज्जियां सरकार उड़ा रही है। सुशील मौर्य ने कहा हम छत्तीसगढ़ सरकार से गृहमंत्री से मांग करते हैं इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर बस्तर के चारों पत्रकारों को सकुशल वापस लाएं और प्रदेश के पत्रकारों के प्रति जो व्यवहार सरकार बनाए बैठी है उसे तत्काल बदले। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि कोंटा के छत्तीसगढ़ आंध्रप्रदेश सीमा में अंतर्राज्यीय रेत माफियाओं की भ्रष्टाचार को उजागर करने गए बस्तर के चार पत्रकारों बाप्पी राय, निशू त्रिवेदी, महेंद्र सिंह और धर्मेंद्र सिंह को इस तरह गिरफ्तार करना बहुत ही निंदनीय है।मुख्यमंत्री साय की सरकार में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी सुरक्षित नहीं है। फर्ज़ी मामला बनाकर आंध्रप्रदेश की पुलिस द्वारा यह कृत्य अति निंदनीय है। श्री जैन ने कहा कि सरकार के गृहमंत्री को तत्काल संज्ञान लेते हुए पत्रकारों की रिहाई कर घर वापसी करवानी चाहिए। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने कहा पत्रकारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन्हें दी गई वही पत्रकारों के भक्षक बनते दिख रहे हैं। छत्तीसगढ़ आंध्रप्रदेश सीमा में कोंटा इलाके से अंतर्राज्यीय रेत माफियाओं की कारगुजारियों को उजागर करने गए बस्तर के चार पत्रकारों की गाड़ी में 40 किलो गांजा रखकर जिस प्रकार से दुर्भावनापूर्ण रवैया दिखाते हुए आंध्रप्रदेश की पुलिस के द्वारा फर्ज़ी मामला बनाकर आंध्रप्रदेश के चिंतुर थाने में गिरफ्तार कर तीन दिनों से पकड़ कर रखा है। एवं बात यह भी निकल कर सामने आ रही है कि कोन्टा पुलिस के साथ इन पत्रकारों की तू-तू-मैं-मैं भी हुई थी जिसके बाद षड़यंत्रपूर्वक यह कार्यवाही की गई है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल शर्मा, असीम सूता, जाहिद हुसैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय बिसाई, शादाब अहमद, तरणजीत सिंह, उस्मान रज़ा, पार्षद ललिता राव, पार्षद सुनीता सिंह, नीला नाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।