अबूझमाड़ में मुठभेड़ में मारे गए 14 नक्सली

0
194
  • मौके से एके-47 और एसएलआर हुई बरामद
  •  मारे गए नक्सलियों के शव भी पुलिस ने किए बरामद 
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को 14 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ देर शाम तक जारी रही।

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के दक्षिणी इलाके में नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिलने पर 3 को अक्टूबर को बस्तर संभाग के नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों से डीआरजी व एसटीएफ की संयुक्त पार्टी ओरछा और बारसूर थाना क्षेत्र के ग्राम गोवेल, नेंदूर, व थुलथुली की ओर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान आज 4 अक्टूबर को दोपहर को 12.30 से 1 बजे के मध्य नेंदूर एवं थुलथुली के जंगल में पुलिस बल एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी थी। फोर्स ने मुठभेड़ में 14 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। फोर्स ने मौके से एके 47, एसएलआर सहित कई अन्य घातक हथियार बरामद किए हैं।सर्च अभियान जारी है। इस साल पुलिस और सुरक्षा बलों को मिली यह दूसरी सबसे बड़ी कामयाबी है। इससे पहले कांकेर जिले में एकसाथ 29 नक्सली मारे गए थे। इस बात में कोई दो राय नहीं है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आने और विजय शर्मा के गृहमंत्री बनने के बाद पुलिस और सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। मोर्चे पर नक्सलियों को करारी शिकस्त मिल रही है। बहरहाल नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार ने मुठभेड़ में 14 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। इधर बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. पल पल की जानकारी ले रहे हैं।