पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल, नगरीय निकायों और पंचायतों में चुनकर आएगी कांग्रेस: दीपक बैज

0
15
  •  जगदलपुर नगर निगम की सत्ता कांग्रेस ही सम्हालेगी 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा विरोधी माहौल है। साय सरकार के कामकाज से जनता नाखुश और दुखी है। नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कांग्रेस 95 फीसदी सीटें जीतने जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज आज शनिवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में जो नकारात्मक राजनीति की है, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाने का काम किया है, तुष्टिकरण की नीति अपनाई है, विष्णु देव साय सरकार का अब तक का परफॉरमेंस अच्छा नहीं रहा है, उसके चलते पूरे प्रदेश में भाजपा विरोधी माहौल तैयार हो चुका है।. जनता भाजपा के हाथों में राज्य की सत्ता सौंपकर अब पछता रही है। श्री बैज ने कहा – मैं पूरे राज्य का दौरा कर रहा हूं, कल ही नारायणपुर, सुकमा गया था, हर जगह की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए आतुर नजर आई है। इसकी शुरुआत नगरीय निकायों तथा ग्राम, जनपद और जिला पंचायतों के चुनावों से होने जा रही है। कांग्रेस के प्रति हर जगह अनुकूल परिस्थितियां हैं। अधिकतर नगरीय निकायों और ग्राम, जनपद एवं जिला पंचायतों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रचंड वोटों से जीतने जा रहे हैं। दीपक बैज ने जगदलपुर नगर निगम का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां हमारे प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू और 90 प्रतिशत से ज्यादा वार्डों में पार्षद प्रत्याशी जीतकर आएंगे, यह मेरा दावा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के आरक्षण का अधिकार छीनकर उनके साथ अन्याय किया है। भाजपा और उसकी सरकार हार के डर से कांग्रेस प्रत्याशियों को डराने धमकाने का काम कर रही है। हार के डर से भाजपा हमारे लोगों को डराने धमकाने का काम कर रही है। प्रदेश में किसकी सरकार है ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, हमें लगता है कि रिमोट कंट्रोल से छत्तीसगढ़ की सरकार चल रही है। यहां न तो पीएम आवास बनाए जा रहे हैं और ना ही भाजपा की चुनावी घोषणा के अनुरूप दर पर धान खरीदी की गईं है। जनता में सरकार और भाजपा के खिलाफ असंतोष है, जिसका फायदा कांग्रेस को इन चुनावों में मिल रहा है।