- मुरकुची, बोड़नपाल और करंदोला में लहराया परचम
बस्तर जनपद पंचायत बस्तर के क्षेत्र क्रमांक 4 मुरकुची, बोड़नपाल एवं करंदोला से जनपद सदस्य पद पर जमुना ठाकुर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 826 मतों के बड़े अंतर से हराया। जमुना ठाकुर को 1659, रिंकी राजेश सागर को 833, आशा गुप्ता को 832, आसनी जायसवाल 169, जयमनी ठाकुर को 139 मत प्राप्त हुए।
चुनाव परिणामों के अनुसार जमुना ठाकुर को मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिला है।जिससे वे जनपद पंचायत की नई सदस्य बनीं। इस जीत के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है, और गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई है। जमुना ठाकुर ने जीत के बाद कहा कि यह जीत जनता की जीत है, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। उन्होंने आगे कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
समर्थकों में उत्साह
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी रैली निकाली गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
जमुना ठाकुर ने बताया कि वे क्षेत्र में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए विशेष ध्यान देंगी। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य ग्रामीण विकास को गति देना और जनता की समस्याओं का समाधान निकालना रहेगा।
सियासी पंडितों की राय
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस जीत के पीछे जमुना ठाकुर की जमीनी पकड़ और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता महत्वपूर्ण रही। क्षेत्र के लोगों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं, और आने वाले समय में उनके कार्यों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। यह जीत जनपद पंचायत बस्तर की राजनीति में एक नया संदेश लेकर आई है और यह देखना दिलचस्प होगा कि जमुना ठाकुर अपने वादों को किस तरह पूरा करती हैं।