बालोद: संदिग्ध परिस्थितियों में 38 वर्षीय महिला की लाश मिलने से सनसनी

0
685

बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव में 38 वर्षीय महिला सावित्रीबाई निषाद (पति धर्मेंद्र) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना तांदुल नदी ओवरब्रिज के पास जामबाड़ी किनारे की बताई जा रही है। महिला का घर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर राम मंदिर के पास स्थित है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच ग्रामीणों को घटना की सूचना मिली। बाद में जब कुछ लोग शौच के लिए नदी किनारे गए तो जामबाड़ी में अरहर की फसल के बीच महिला का शव देखा गया, जिसके बाद गांव में खबर फैल गई।

सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को निगरानी में रखा है और फॉरेंसिक टीम व अन्य विशेषज्ञों की टीम मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच करेगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के गले के पास कुछ निशान पाए गए हैं और शरीर अकड़ा हुआ था। ऐसे में मामला आत्महत्या है या हत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।ग्रामीणों के मुताबिक, महिला पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। हालांकि, रविवार को गांव में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में वह शामिल हुई थी और सामान्य व खुश नजर आ रही थी।फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here