दल्ली राजहरा में पार्षद वीरेंद्र साहू पर प्राणघातक हमला, अवैध कारोबारियों पर संदेह — आरोपियों की गिरफ्तारी की मांगभाजपा जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

0
722

दल्लीराजहरा। नगर के वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद वीरेंद्र साहू पर मंगलवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा प्राणघातक हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल बन गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्षद वीरेंद्र साहू एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके नाक और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। अचानक हुए हमले से घबराए पार्षद किसी तरह अपनी जान बचाकर पास के एक घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया।इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की शिकायत राजहरा थाना में दर्ज कराई गई है।सूत्रों के अनुसार पार्षद वीरेंद्र साहू नगर में चल रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुखर होकर शिकायत कर रहे थे। साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भी उन्होंने कई बार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि इसी कारण अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों द्वारा उनके प्रति द्वेष की भावना रखी जा रही थी।घटना के बाद नगर में जनप्रतिनिधि पर हुए इस हमले को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं पार्षदों ने नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और थाना प्रभारी के समक्ष ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं नगर में चल रहे अवैध कारोबारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि अवैध कारोबारियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वे जनप्रतिनिधियों पर भी घात लगाकर हमला करने से नहीं चूक रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।वहीं नगर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि नगर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाएगी और सर्चिंग अभियान भी तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here