City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

संजय बैस के हाथों जुनवानी में 20 लाख रुपये के सीसी रोड का भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिली विकास की सौगात

0

आशा आर्य ने संजय बैस के प्रयासों की सराहना की, कहा– क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका

जुनवानी। ग्राम पंचायत भर्रीटोला के आश्रित ग्राम जुनवानी में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस के मुख्य आतिथ्य में विधिवत संपन्न हुआ। सड़क निर्माण की सौगात मिलने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती राजकुमारी देहरी ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर गांव में विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत की।आशा आर्य ने की संजय बैस के प्रयासों की सराहनाकार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य ने कहा कि हमारे क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने वाले संजय बैस जी का हम स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जिस भी समस्या को लेकर हम उनके पास जाते हैं, उसके समाधान के लिए वे पूरी तत्परता से प्रयास करते हैं।

उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही हम अपने क्षेत्र के बहुमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आम नागरिकों एवं किसानों के हित में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की भी जानकारी दी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास को मिली नई गति – संजय बैसकार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनहितैषी सरकार कार्य कर रही है। एक समय था जब यह क्षेत्र विकास की बुनियादी सुविधाओं के लिए मोहताज था, लेकिन आज मुख्यमंत्री जी के आशीर्वाद और सहयोग से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।

उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जुनवानी से चिखली तक लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार जुनवानी गांव में राशन दुकान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लगभग 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी होती थी। अब गांव में ही राशन दुकान का शुभारंभ हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।उन्होंने आगे बताया कि भर्रीटोला से राजही तक सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य के क्षेत्र अंतर्गत करियाटोला से शिकारीटोला तक सड़क निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी कड़ी में आज जुनवानी गांव को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड का भूमिपूजन किया जा रहा है।श्री बैस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। हमारा संकल्प है कि हम सभी जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मिलकर विकास के इन कार्यों को आगे बढ़ाएं तथा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने इस विकास कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, गौरीशंकर साहू एवं योगी साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत के पंचगण, ग्राम पटेल एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड निर्माण की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। यह सड़क निर्माण कार्य गांव की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

महतारी वंदन योजना में 86 लाख की वसूली पर पूर्व मंत्री अनिला भेंडिया ने उठाए सवाल, कहा– सरकार अपनी गलती की सजा महिलाओं को देना बंद करे

0

पहले बिना जांच बांटी राशि, अब महिलाओं से वसूली क्यों? जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

बालोद/दल्ली राजहरा। महतारी वंदन योजना के तहत अपात्र पाए गए हितग्राहियों से लाखों रुपये की वसूली के मामले को लेकर प्रदेश की पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डौंडी-लोहारा विधायक अनिला भेंडिया ने राज्य सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे विभाग की प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि सरकार और विभाग की लापरवाही का खामियाजा गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। पहले बिना समुचित जांच के महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई और अब उन्हीं महिलाओं से वसूली की जा रही है। आखिर सरकारी नाकामी की सजा महिलाओं को क्यों दी जा रही है?पूर्व मंत्री अनिला भेंडिया ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 5,745 हितग्राहियों से 86 लाख 21 हजार 900 रुपये की वसूली की जानी है। इनमें से 496 महिलाओं से 13 लाख 2 हजार 150 रुपये की राशि वापस ली जा चुकी है, जबकि शेष 73 लाख 19 हजार 750 रुपये की वसूली की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा महिलाओं को नोटिस जारी करने के साथ बैंक खाते सीज करने, आरआरसी जारी करने और संपत्ति कुर्क करने जैसी कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है, जिससे महिलाओं में भय का माहौल है।

अनिला भेंडिया ने महिला एवं बाल विकास मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि योजना लागू करते समय हितग्राहियों की पात्रता का सत्यापन करना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी थी। जब महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा रही थी, तब उनकी पात्रता की जांच क्यों नहीं की गई? बिना उचित सत्यापन के भुगतान कैसे किया गया? यदि विभागीय स्तर पर लापरवाही हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने कहा कि मंत्री की जिम्मेदारी केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना और राजनीतिक श्रेय लेना नहीं, बल्कि विभाग की जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है।पूर्व मंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाओं ने अपने परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की पढ़ाई, राशन और घरेलू खर्चों में किया है। ऐसे में अब उनसे राशि वापस मांगना और वसूली के नाम पर दबाव बनाना अन्यायपूर्ण है। गरीब महिलाओं को बैंक खाते सीज करने और संपत्ति कुर्क करने जैसी कार्रवाई का भय दिखाना किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि सरकार को सबसे पहले अपनी प्रशासनिक विफलता स्वीकार करनी चाहिए और पात्रता सत्यापन में हुई लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए। जिन निर्दोष महिलाओं को विभागीय गलतियों के कारण वसूली नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल राहत प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध दबावपूर्वक वसूली की कार्रवाई तत्काल बंद करने की मांग की।अनिला भेंडिया ने स्पष्ट किया कि वे प्रभावित महिलाओं के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उनके सम्मान एवं अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, न कि उन्हें सरकारी नोटिस, वसूली और कुर्की के भय में जीने के लिए मजबूर करना। सरकार अपनी गलती की सजा महिलाओं को देना बंद करे तथा विभागीय लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे।

दूसरे की जमीन बेचने की कोशिश, शून्य माना जाएगा सौदा

0


बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम नेगानार में एक व्यक्ति के स्वामित्व की जमीन पर दूसरे व्यक्ति द्वारा कब्जा कर बेचने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। यह प्रकरण अभी न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में असल भूमि स्वामी पक्षकार के अधिवक्ता का कहना है कि अगर किसी ने यह भूमि खरीदी तो यह सौदा शून्य माना जाएगा।
अधिवक्ता ने बताया है कि उनके पक्षकार हनु पिता लखमू के नाम पर ग्राम नेगानार पटवारी हल्का नंबर 13 राजस्व निरीक्षक मंडल मूली तहसील बकावंड जिला बस्तर में खसरा नं. 156/2 रकबा 0.18 हे. भूमि सहस्वामित्व में दर्ज है। उक्त भूमि से लगी हुई खसरा नं. 158 की भूमि गीतेश मल्ल पति बी.एन. मल्ल निवासी जगदलपुर के नाम पर दर्ज है। उक्त दोनों भूमि पर बंदोबस्त के पूर्व एवं बंदोबस्त पश्चात के नक्शे में त्रुटि है।

जिसके लिए पक्षकार ने न्यायालय आयुक्त बस्तर संभाग के समक्ष अपील प्रस्तुत की है। जो कि, निराकरण हेतु लंबित है। वर्तमान अभिलेख एवं नक्शे में त्रुटि है, मगर उक्त भूमि पर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज होने का आधार लेकर विक्रय करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि नक्शे में त्रुटि होने से स्वत्व एवं अधित्य को लेकर विवाद है। उक्त भूमि को राजस्व अभिलेखों मे अपने नाम का लाभ लेकर अवैधानिक रुप से क्रय विक्रय किया जाता है तो वह शून्य माना जाएगा।


अधिवक्ता ने आम जनता को सूचित किया है कि उपरोक्त भूमि के संबंध में कोई भी संविदा, विकय पत्र का निष्पादन न करें। यदि संविदा या विक्रय पत्र का निष्पादन किया जाता है तो उसका समस्त उत्तरदायित्व क्रेता का होगा तथा उसकी स्थिति स‌द्भाविक क्रेता की नहीं होगी।

सड़क से उड़ती धूल, जनता ने इस लिए खिलाया था कमल का फूल?

0

सुशासन की तस्वीर एनएच 30 सुकमा से जगदलपुर रोड पर

सुकमा नक्सलवाद खत्म हो गया, अब बस्तर में अमन और तरक्की की बयार बह रही है। अमन तो ठीक है, मगर तरक्की के बयार को ये धूल के ये गुबार हवा में उड़ा रहे हैं। अगर यही हाल रहा तो, आने वाले चुनाव में सुकमा में कमल की पंखुड़ियां यूं ही धूल के इस गुबार में दफन होती दिखेंगीं।

जनाब हम बात कर रहे हैं नेशनल हाईवे- 30 के सुकमा से जगदलपुर तक के हिस्से की। हाईवे के इस हिस्से की हालत देखकर कतई यह नहीं लगता कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग है। नेशनल हाईवे के इस हिस्से की गत ऎसी हो गई है कि बसों, ट्रकों, कारों और बाइक्स के परखच्चे उड़ रहे हैं। वाहन मालिकों को रोज हजारों का नुकसान हो रहा है। कुछ बादशाह किस्म के लोग यह कह रहे हैं कि इस रोड का टेंडर पास हो गया है

और यह भी बता रहे हैं 100 का माल 50 में बिक गया है, इससे तो फायदा सरकार का होगा, 40 करोड़ का काम 30 करोड़ 10 करोड़ का! किसका फायदा हुआ? ऐसा लगता है बिजनेस चल रहा है। जब बड़े-बड़े इंजीनियर स्पेस टेक्नोलॉजी से जिस रोड का इंस्ट्रूमेंट बना रहे हैं तो क्या वैसे ही बना रहे हैं, चलो ठीक है यह भी एक टेंडर की प्रक्रिया है, मगर सवाल यह है कि क्या जिस ठेकेदार को यह काम मिला है वह ठेकेदार 100 प्रतिशत इस काम पर खरा उतरेगा? सड़क बन भी जाएगी फिर से उड़ती रहेगी धूल? जनाब ऐसे में तो मुश्किल है सुकमा में खिलना कमल का फूल।

हिंदू सेना के अल्टीमेटम का असर, वार्ड क्रमांक 13 में बनेगी गौशाला

0

डीएम फंड से निर्माण कराने की नगर पालिका अध्यक्ष ने कही बात, 49 दिन बाद पहल की उम्मीद

दल्ली राजहरा। नगर में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर हिंदू सेना द्वारा नगर पालिका परिषद को दिए गए ज्ञापन और 15 दिनों के अल्टीमेटम के करीब 49 दिन बाद अब इसका असर दिखाई देने लगा है। नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड क्रमांक 13 में गौशाला निर्माण कराने की बात कही है। इसके लिए डीएम फंड से राशि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एस्टीमेट तैयार कर कलेक्टर को भेजने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि दल्ली राजहरा के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं आवासीय इलाकों में बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों के विचरण से नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। गौवंश के संरक्षण और इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर हिंदू सेना ने नगर पालिका को ज्ञापन सौंपते हुए 15 दिनों के भीतर व्यवस्था करने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी भी दी गई थी।

इसी मांग और पूर्व में मिले आश्वासन की याद दिलाने के लिए 25 नवंबर को हिंदू सेना के पदाधिकारी नगर पालिका पहुंचे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ ने बताया कि कलेक्टर से इस संबंध में चर्चा हुई है। कलेक्टर द्वारा गौशाला निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर भेजने को कहा गया है, जिसके आधार पर डीएम फंड से निर्माण कराने की पहल की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड क्रमांक 13 में गौशाला के लिए आवश्यक संरचना तैयार कराने की बात कही।

वहीं, गौशाला में रखे जाने वाले मवेशियों के चारे की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान व्यापारी संघ की ओर से चारे की व्यवस्था में सहयोग का आश्वासन दिया गया।

फिलहाल गौशाला का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा डीएम फंड से निर्माण कराने की बात सामने आने के बाद नगरवासियों को आवारा मवेशियों की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर हिंदू सेना जिला अध्यक्ष नंदा पसीने, प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष शंकर साहू, मातृशक्ति नगर अध्यक्ष संगीता रजक, जिला महामंत्री दामिनी साहू, नगर महामंत्री पुष्पा साडिलय नगर उपाध्यक्ष ज्योति राजा भोज, एवं साक्षी खटवानी नगर कोषाध्यक्ष पूजा तेजवानी
वहीं संगठन संरक्षक किरण सिंन्हा
सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

चिखलाकसा रेलवे पुल के पास ट्रेन से टकराई 16 वर्षीय किशोरी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

0

डौंडी / चिखलाकसा : चिखलाकसा रेलवे पुल के पास मंगलवार दोपहर करीब 4 से 5 बजे के बीच ट्रेन से टकराने की घटना में 16 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए चिखलाकसा अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल किशोरी की पहचान कु. रितु कौडो, पिता पुनीत राम कौडो, उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम बम्हनी, थाना डौंडी के रूप में हुई है।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी घर से आधार कार्ड बनवाने के लिए निकली थी। वह चिखलाकसा रेलवे पुल के पास किन परिस्थितियों में पहुंची और ट्रेन से कैसे टकराई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घटना का कारण अज्ञात है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की मांग ने पकड़ा जोर, संजय बैस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को सौंपा मांग पत्र

0

डौंडी। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर पूर्व जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता संजय बैस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज डौंडी-लोहारा आगमन पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने भी मंत्री के समक्ष इस महत्वपूर्ण मांग को प्रमुखता से रखते हुए कुसुमकसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अस्पताल की आवश्यकता से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि कुसुमकसा एवं आसपास के लगभग 25 से 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित एवं अत्यंत आवश्यक मांग है।

18 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, अब अस्पताल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की स्वीकृति की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने अपने मांग पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया कि कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल के संचालन की दिशा में पूर्व में ही 18 पदों पर चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की भर्ती के लिए निविदा प्रक्रिया जारी की जा चुकी है। वहीं मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा पूर्व में कंगलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अस्पताल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की गई थी।

इसी घोषणा के अनुरूप प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी से कुसुमकसा में अस्पताल भवन निर्माण हेतु 75 लाख रुपये की राशि शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने तथा अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत कराने की दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संजय बैस ने कहा कि कुसुमकसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। अस्पताल की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की अपेक्षा रही है। पूर्व में 18 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होना एक महत्वपूर्ण कदम है। अब अस्पताल भवन निर्माण के लिए राशि की स्वीकृति एवं शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराना हमारा प्रयास है। उन्होंने मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चेमन देशमुख के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके सकारात्मक प्रयासों से क्षेत्र को जल्द ही 20 बिस्तरीय अस्पताल की सौगात मिलेगी।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा उपसरपंच नितिन जैन, पूर्व सरपंच शिवराम सिद्धारमे, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, कमलकांत साहू, देवराज जैन, मोती कुचेरिया, गौरीशंकर साहू, हितेश गुप्ता, योगी साहू, डॉ. नसीम खान, समीम खान, अहमद बेग सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना से न केवल कुसुमकसा, बल्कि आसपास के 25 से 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

करूटोला में जीप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

0

बालोद/चिखलाकसा। करूटोला में सवारी जीप और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और 112 एवं 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए चिखलाकसा अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान सिद्धार्थ पिता प्यारे लाल (28 वर्ष) एवं दिकेश पिता हनुमंता (30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पथराटोला के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी करूटोला के पास सामने से आ रही सवारी जीप से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने जीप चालक को उचित कार्रवाई के लिए थाने लाया है। फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने की मारपीट और 10 हजार रुपये की लूट, चारों आरोपी गिरफ्तार

0

दल्लीराजहरा बीड़ी मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने के मामले में राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से शेष बची 950 रुपये की नगद राशि भी बरामद कर जप्त की है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 21 निवासी दिनेश कौशिक (22 वर्ष) ने 17 नवंबर 2026 को थाना राजहरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 9:30 बजे अपने दोस्त सुल्तान के साथ टेबलर सेड, राजहरा नाला के पास से जा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद आकाश मंडावी उर्फ गोदू ने उससे बीड़ी मांगी। बीड़ी नहीं होने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आकाश ने अपने अन्य साथियों गंगाराम निषाद उर्फ राम, युसुफ पठान और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी को मौके पर बुला लिया। चारों आरोपियों ने एक राय होकर प्रार्थी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसके पास रखे 10 हजार रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर राजहरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चारों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से शेष बची 950 रुपये की राशि बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शेष रकम खाने-पीने में खर्च कर दी गई है।पुलिस ने इस मामले में युसुफ पठान (30 वर्ष), गंगाराम निषाद उर्फ राम (22 वर्ष), आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25 वर्ष) एवं अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22 वर्ष), सभी निवासी वार्ड क्रमांक 04, टेबलर सेड, दल्लीराजहरा को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को 21 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री साय को उनकी ही कर्मभूमि पर ललकारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने

0

वोट चोरी कर सरकार बनाई है भाजपा ने: बैज

विकास और किसानों के मुद्दे पर घेरा सरकार को

अंबिकापुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कर्मभूमि पर खड़े होकर सीएम पर जमकर बरसे। उन्होंने आरोप लगाया कि जो मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र में सड़कें नहीं बनवा सकता, चना नहीं बिकवा सकता, जो मुख्यमंत्री अपने ही क्षेत्र की जनता को संतुष्ट नहीं कर सकता, वह वोट चोरी करके ही सत्ता तक पहुंचा है।

दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर में कांग्रेस की एक बड़ी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बैज ने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में बेहतर सड़कें नहीं बनवा सकता, किसानों की चना उपज नहीं बिकवा सकता, ग्रामीणों को गुड़ नहीं दिलवा सकता और संतुष्ट नहीं कर सकता उसने वोट चोरी करके ही सत्ता हथियाई है। बैज ने तंज कसते हुए कहा- भाजपा के बड़े-बड़े नेता कहते थे कि हमारी सरकार बनी तो बिजली दरें कम करवा देंगे, चकाचक सड़कें बनवा देंगे, महंगाई कर देंगे। अब सब कुछ उल्टा हो गया है। सड़कों का बेड़ागर्क हो गया है। कुनकुरी से यहां आते तक सड़क की दुर्दशा की त्रासदी मैने स्वयं भोगी है। मुख्यमंत्री न तो किसानों को राहत दिलवा पा रहे हैं, न ग्रामीणों की भलाई कर पा रहे हैं। पेट्रोल, डीजल, बिजली की दरें सांय सांय बढ़ गईं। दीपक बैज ने कहा कि हमारा पानी, हमारा कोयला, तमाम संसाधन हमारे, फिर भी हमें ही बड़ी महंगी बिजली दी जा रही है। छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली वाला राज्य है, हमारी बिजली से कई राज्य रौशन होते रहे हैं, मगर दुख की बात यह है कि अब हमारा छत्तीसगढ़ ही दूसरे राज्यों से बिजली खरीदने मजबूर हो गया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बड़े ही चुटीले अंदाज में उपस्थित जनसमुदाय से सवाल जवाब भी किए। उन्होंने किसी उपभोक्ता का 43 हजार का बिजली बिल लहराते हुए पूछा कि साय सरकार आने के बाद बिजली सस्ती हुई क्या? जनता ने जवाब दिया नहीं। फिर उन्होंने पूछा कि अच्छे दिन के सपने दिखाने वाले मोदी सरकार के आने के बाद शक्कर, पेट्रोल डीजल और अन्य वस्तुओं के दाम घटे क्या?जनता का जवाब था- बिल्कुल नहीं। श्री बैज ने कहा कि जो सरकारें बेईमानी और वोट चोरी के दम पर बनती हैं, वे जनता के साथ ऐसा ही छल करती हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सीधे चुनौती देते आरोप लगाया कि एक मुख्यमंत्री के ही विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पाना इस बात का बड़ा सबूत है कि भाजपा को प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों और आदिवासियों के विकास से कोई वास्ता ही नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की केंद्र में बैठी सरकार आदिवासी मुख्यमंत्री की अनदेखी कर रही है। केवल आदिवासियों को खुश करने के लिए एक आदिवासी को मुख्यमंत्री बना दिया गया है, उन्हें काम करने का कोई अधिकार नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि वास्तव में भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता आदिवासी समाज को लेकर चलने की नहीं है।

MOST POPULAR

HOT NEWS