दल्लीराजहरा। महामाया मार्ग पर आयरन ओर परिवहन करने वाले भारी वाहनों की मनमानी और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। बीएसपी माइंस से आयरन ओर लेकर आने-जाने वाले वाहनों के कारण हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आयरन ओर से भरे वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई।बताया जा रहा है कि बीएसपी माइंस में आयरन ओर परिवहन करने वाले एक हाईवा ट्रक क्रमांक CG 24 U 3201 ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने परिवहन कंपनी एवं संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रभावित व्यक्ति के इलाज का पूरा खर्च उठाने तथा क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के बदले नई मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग रखी।ग्रामीणों का कहना है कि माइंस से लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण महामाया मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने और वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आयरन ओर परिवहन करने वाले कई वाहनों में नंबर प्लेट और डाला बंद रखने के नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है। खुले डाले से परिवहन किए जाने के कारण रास्ते में जगह-जगह आयरन ओर गिरता रहता है, जिससे सड़क पर धूल और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भारी वाहनों द्वारा यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों की मांग है कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल का उचित मुआवजा एवं नई मोटरसाइकिल दी जाए, घायल व्यक्ति के उपचार की व्यवस्था की जाए तथा महामाया मार्ग की मरम्मत, धूल से निजात और आयरन ओर परिवहन करने वाले वाहनों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।




















