City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

17 महीनों से समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज श्रमिक, महाप्रबंधक विपिन कुमार को दिया ज्ञापन

0

दल्लीराजहरा 14/03/2026 छत्तीसगढ़ राज्य खदान श्रमिक संघ के नेतृत्व में आज दल्ली यंत्रीकृत खदान के श्रमिकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर महाप्रबंधक विपिन कुमार को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मेसर्स अंसारी कंस्ट्रक्शन द्वारा की जा रही लगातार अनियमितताओं और श्रमिकों के आर्थिक शोषण के विरोध में दिया गया है। वेतन और बोनस भुगतान में भारी लापरवाहीसंघ के प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक को बताया कि सेन्ट्रल और फील्ड गैरेज में कार्यरत कर्मचारियों को ठेका कंपनी द्वारा पिछले 17 महीनों से समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। नियमानुसार माह की 7 तारीख तक भुगतान अनिवार्य है, परंतु ठेकेदार द्वारा इसमें लगातार देरी की जा रही है। इसके साथ ही, डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी श्रमिकों को उनके बोनस की पूरी राशि प्राप्त नहीं हुई है और 12 माह का ई.एल. (अर्जित अवकाश) भुगतान भी लंबित है। बुनियादी सुविधाओं का अभाव और प्रबंधन की चुप्पी।

ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया कि ठेकेदार द्वारा न तो कर्मचारियों के गेटपास का समय पर नवीनीकरण कराया जा रहा है और न ही अब तक उनकी मेडिकल बुक तैयार की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य खदान श्रमिक संघ ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थानीय प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे श्रमिकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।महाप्रबंधक को दी गई चेतावनीमहाप्रबंधक विपिन कुमार को ज्ञापन सौंपते समय संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि श्रमिकों की इन जायज मांगों का निराकरण तत्काल नहीं किया गया और ठेकेदार की मनमानी पर रोक नहीं लगी, तो संघ श्रमिकों के हित में उग्र आंदोलन और कार्य बंद करने जैसे कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य खदान श्रमिक संघ के पदाधिकारी अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा महासचिव अनिल कुमार यादव जी और सेन्ट्रल गैरेज और फील्ड गैरेज से पालसिग,देवराम साहु, केशु राम,दिलीप साहू,रामाधर,किर्तन देवागन,सचिन मिश्रा,लव कुमार,सिराज खान,रमेश शर्मा,रूप सिग,हिरा दास,अमर सिग,मनोज,राजेश,नारद,शिव शंकर,राकेश साहु,अकरम खान,दिनेश,धनशाय, कैलाश,बृज मोहन,गोविंद,हितेश,जोहर लाल,संतोष तिवारी,शंकर बोरकर श्रमिक उपस्थित थे।

जगदलपुर के लेखक राहुल कुमार पांडेय ने अपनी पुस्तक “रुकना सीखिए” खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी को भेंट की

0

जगदलपुर, बस्तर।जगदलपुर के युवा लेखक एवं गणित व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय ने अपनी नई पुस्तक “रुकना सीखिए” की एक प्रति खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी को भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच शिक्षा, साहित्य और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी ने पुस्तक प्राप्त करते हुए कहा कि आज के तेज़ी से बदलते दौर में युवाओं और विद्यार्थियों को जीवन की दौड़ में संतुलन बनाए रखना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “रुकना सीखिए” जैसे विषय पर लिखी गई पुस्तक निश्चित रूप से पाठकों को आत्ममंथन करने और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने लेखक राहुल कुमार पांडेय को इस रचनात्मक कार्य के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।इस अवसर पर लेखक राहुल कुमार पांडेय ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग बिना सोचे-समझे लगातार आगे बढ़ते रहते हैं, जबकि कई बार सही समय पर रुककर सोचना और अपने जीवन की दिशा तय करना ही असली सफलता की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि उनकी पुस्तक “रुकना सीखिए” का उद्देश्य पाठकों को जीवन में संतुलन, धैर्य और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है।इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

5 वर्ष दीप जलाकर स्वच्छता का संदेश, अगले वर्ष स्वच्छता में सफलता प्राप्त कर दीप जलाएंगे- संजय पांडेय

0

दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह आयोजित,

प्रतिभागियों व सहयोगियों का हुआ सम्मान

जगदलपुर:- नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शनिवार को दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह का आयोजन शहर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में किया गया। कार्यक्रम में उन लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने दलपत सागर दीपोत्सव के आयोजन में सहयोग प्रदान किया था। साथ ही दीपोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए तथा सफल प्रतिभागियों को कार्यक्रम के माध्यम से पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह में उन प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया है जो विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल हुए हैं।

इसके साथ ही उन लोगों को भी प्रशस्ति पत्र के माध्यम से सम्मानित किया गया जिन्होंने दलपत दीपोत्सव कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दी। उन्होंने कहा कि दलपत दीपोत्सव का आयोजन आगे भी जारी रहना चाहिए और हर वर्ष इसी प्रकार का भव्य आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने जगदलपुर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही दलपत सागर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे लगातार सफाई अभियान की सराहना की।महापौर संजय पांडे ने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि आज उन लोगों को सम्मानित किया जा रहा है जिनके सहयोग से दलपत सागर दीपोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में नगर निगम की टीम ने अथक प्रयास किए, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पहला लक्ष्य जगदलपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना है और यह लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है जब सभी की सहभागिता हो।महापौर ने कहा कि नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल को जनता ने सराहा है। उन्होंने बताया कि शहर के एसएलआरएम सेंटर में पहले की तुलना में तीन गुना अधिक कचरा पहुंच रहा है, जिसका अर्थ है कि शहरवासी अपने घरों का कचरा स्वच्छता दीदियों के माध्यम से कचरा गाड़ियों में दे रहे हैं, जो एसएलआरएम सेंटर तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि जगदलपुर शहर को नंबर वन बनाना हमारा लक्ष्य है और इसमें हम अवश्य सफल होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान पूर्व की तरह लगातार जारी रहेगा और सभी मिलकर परिवार की तरह इस कार्य को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि 5 वर्ष दलपत दीपोत्सव के माध्यम से दीप जलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया है, अगले वर्ष स्वच्छता में अच्छा प्रदर्शन कर दीप जलाना है। उन्होंने जनता से इस संबंध में सुझाव भी मांगे हैं।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि दलपत सागर दीपोत्सव का मुख्य विषय एक दीप स्वच्छता के नाम, एक दीप वंदे मातरम के नाम था। इसी परिकल्पना को लेकर दलपत सागर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया और आगे भी इसी प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए।भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि जगदलपुरवासियों के सहयोग से ही दलपत सागर दीपोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने दृढ़ निश्चय के साथ दलपत सागर को स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया है, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है।

उन्होंने शहर के अन्य तालाबों और सरोवरों के संरक्षण के लिए भी इसी प्रकार के प्रयास करने का आग्रह किया तथा दलपत सागर सफाई अभियान को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।पूर्व महापौर सफीरा साहू ने कहा कि दलपत दीपोत्सव का आयोजन जनसहयोग से संपन्न हुआ है इसके लिए शहरवासियों को बधाई। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा आयोजन शहर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग के बिना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव का मुख्य विषय स्वच्छता था और दलपत सागर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए निरंतर सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए।बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन शहर में सामाजिक सहभागिता और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं और ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दलपत सागर दीपोत्सव का आयोजन प्रारंभ होने के बाद से लगातार सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है और आगामी वर्षों में इसे और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दलपत सागर में चलाया गया सफाई अभियान सभी के सहयोग से सफल हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वार्ड में आने वाली कचरा गाड़ियों में ही कचरा दें तथा घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, कलावती कसेर, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर रामनरेश पांडे, बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाठक सहित दलपत दीपोत्सव से जुड़े लोग, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताकर्मी, समाजसेवी, विभिन्न समाज, संगठन एवं संघों के प्रतिनिधि, युवोदय टीम और वॉलिंटियर उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने किया जबकि मंच संचालन एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह राणा व विधुशेखर झा ने किया।

नेशनल लोक अदालत में 887 प्रकरणों की सुनवाई, 17.85 लाख से अधिक की राशि पर हुआ समझौता

0

दल्लीराजहरा / बालोद (छत्तीसगढ़)।जिला बालोद के व्यवहार न्यायालय दल्लीराजहरा में 13 मार्च 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत खंडपीठ क्रमांक-08 में विभिन्न प्रकरणों का निराकरण किया गया। लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति के आधार पर मामलों का त्वरित समाधान कर न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का बोझ कम करना है।लोक अदालत में बैंक रिकवरी, श्रम विवाद, राजस्व प्रकरण सहित अन्य मामलों की सुनवाई की गई।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 887 प्रकरणों को लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनमें से कई मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया। इस दौरान पक्षकारों के बीच लगभग 17,85,232 रुपये से अधिक की राशि पर समझौता हुआ।इस अवसर पर खंडपीठ में न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिनमें मनीष कुमार दर्रो (प्रस्तुतकार), राजपाल साहू (स्टेनोग्राफर), मणिशंकर देशमुख (सेंट्रल फाइलिंग), विजय कुमार तुरकाने, संजय चंद्राकर, रमेश श्रीवास्तव (सहायक ग्रेड-3), श्रीमती कमलेश्वरी गावरे (भृत्य) तथा प्रीतम मुजार्य (आदेशिका वाहक) शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन पीठासीन अधिकारी, लोक अदालत खंडपीठ-08, व्यवहार न्यायालय दल्लीराजहरा (जिला बालोद) के निर्देशन में संपन्न हुआ।

भास्कली और इंद्रावती के दुश्मनों पर अब होगी कार्रवाई

0

बेतहाशा अवैध रेत खनन की खबर पर तहसीलदार गावड़े का एक्शन

अर्जुन झा-

बकावंड भास्कली नदी और इंद्रावती नदी को छलनी कर खेती की जमीन को नुकसान पहुंचाने वाले रेत माफियाओं पर क्या अब कड़ी कार्रवाई होगी? नदियों का पानी बहा कर महिलाओंऔर ग्रामीणों के आत्मनिर्भरता के प्रयासों पर पानी फेरने वाले दुश्मनों पर क्या शिकंजा कसा जाएगा?दरअसल रेत के अवैध खनन की खबर छपते ही प्रशासन एक्शन मोड में आ गया। बकावंड तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े ने मौके पर पहुंच कर जांच की। रेत के पहाड़ पर घूमते हुए उन्होंने मुआयना किया। इससे पहले भी कुछ अधिकारी अवैध रेत खनन की जांच कर चुके हैं, मगर बेलगाम रेत माफिया अपनी मनमानी करते चले जा रहे हैं, उन्हें खनिज विभाग के कुछ कर्मियों का संरक्षण मिला हुआ है।

उड़ीसा और बस्तर की सीमा से गुजरने वाली भास्कली नदी में रेत के बेतहाशा अवैध खनन से बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत बनियागांव के करीब दर्जन भर किसानों की कृषि भूमि तबाह हो चुकी है। किसान अधिकारियों के समक्ष मामले की कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं खनिज विभाग के अधिकारी दिखावे के लिए क्षेत्र में आते हैं और रहस्यमय ढंग से बिना कोई कार्रवाई किए लौट जाते हैं। बनियागांव पंचायत के पीड़ित किसान हेमराज भारती, नीलधर ध्रुव, टिकन भारती,तोशिक भारती, रूपेंद्र नागेश, जगत राम नागेश, विद्याप्रकाश सेठिया और अन्य किसानों ने मामले की शिकायत बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से की है। भास्कली नदी में बेतहाशा रेत का खनन जेसीबी के जरिए कर रेत का परिवहन टिप्पर, ट्रैक्टर आदि वाहनों से किया जा रहा है। रेत निकालने के लिए नदी में करीब बीस फीट गहरा गड्ढा कर दिया गया है। इसके चलते तट पर स्थित खेतों का तेजी से कटाव हो रहा है। इसके साथ ही नदी में बाढ़ आने पर आसपास के खेतों में रेत भर जाती है। कटाव के चलते पचास एकड़ से भी अधिक कृषि भूमि नदी में समा चुकी है और रेत भरने से कई एकड़ खेती की जमीन नष्ट हो गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि खनिज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के संरक्षण में यह खेल चल रहा है।छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के रेत माफिया मिल कर रेत का खनन कर रहे हैं। जिससे प्रतिदिन सरकार को लाखों लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों एवं मवेशियों के निस्तार जल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए बेलगांव संगम के पास एनीकेट बनाया गया है, जहां पानी भरा रहता है। रेत तस्कर रेत निकालने के लिए एनीकेट को भी खोल देते हैं, जिससे पूरा पानी बह जाता है और किसानों की सब्जी और फल की फसल को पानी नहीं मिल पाता है। रेत माफिया रेत को नगरनार स्टील प्लांट में काम कर रहे बड़ी कंपनी में मनमाने रेट पर बेच कर कमाई कर रहे हैं और सरकार के राजस्व को चूना लगा रहे हैं। आश्चर्य की बात सामने आई है कि कुछ माइनिंग अधिकारियों के मशीन और वाहन भी इस अवैध रेत खनन एवं परिवहन में किराए पर लगे हुए हैं।

आत्मनिर्भरता पर हमला

गर्मी के मौसम में आसपास ग्रामीणों और उनके मवेशियों को निस्तार पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भालूगुड़ा में इंद्रावती नदी एवं भास्कली नदी के बेलगांव संगम के पास एनीकेट बनाया गया है। एनीकेट में भरे पानी से ग्रामीण और महिलाएं सब्जियों तथा तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी व फलों की खेती करते हैं। सब्जियों व फलों को आसपास के बाजार हाट में बेचकर ग्रामीण व महिलाएं आत्मनिर्भर बन रहे हैं, मगर आत्मनिर्भरता की इस कोशिश पर भी रेत माफिया प्रहार करने लगे हैं।. एनीकेट के ऊपरी हिस्से से रेत निकालने के लिए रेत माफिया एनीकेट में भरे पानी को बहा देते हैं। पानी न रहने से सब्जियों और फलों की खेती को भारी नुकसान हो रहा है।

वर्सन

नदी को पहुंचा है नुकसान

मामला गंभीर है। रेत माफियाओं ने नदी में कई जगहों पर से खनन कर काफी नुकसान पहुंचाया है।कलेक्टर और एसडीएम के पास जांच रिपोर्ट जल्द भेजी जाएगी।

गायत्री परिवार ने कराया 14 जोड़ों का आदर्श विवाह

0

पाथरी में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न

बकावंड विकासखंड बकावंड के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पाथरी में गायत्री परिवार के तत्वावधान में नव चेतना गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन पांच कुंडीय यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में क्षेत्र के साथ-साथ सुदूर अंचलों से भी बड़ी संख्या में गायत्री साधकों और ग्रामवासियों ने भाग लिया।

आयोजन के दौरान विभिन्न संस्कार निशुल्क रूप से संपन्न कराए गए। इसी क्रम में 14 जोड़ों का आदर्श विवाह भी पूर्णत: निशुल्क कराया गया। गायत्री परिवार द्वारा वर्षों से खर्चीली शादियों पर विराम लगाने और दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने की परंपरा निभाई जा रही है। इस पहल के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।कार्यक्रम का संचालन दंतेवाड़ा गायत्री शक्तिपीठ से पहुंचे गुरुबंधु सिंह गौरव वट्टी एवं रमेश वट्टी की टोली द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच मंगलूराम, ग्राम पंचायत पखना कोंगरा के सरपंच जदूराम कश्यप, धरमूराम, पूनाराम पटेल, कार्तिक पटेल सहित पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान गायत्री शक्तिपीठ जगदलपुर ट्रस्ट मंडल की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

गैस एजेंसियों में लंबी कतारें, सरकार के दावे खोखले: लखेश्वर बघेल

0

उपनेता प्रतिपक्ष बघेल ने गैस की किल्लत को लेकर सरकार पर बोला हमला

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। यह बात छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कही है। बघेल ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से गैस सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर गैस एजेंसियों के बाहर “स्टॉक समाप्त” के पर्चे लगे हुए हैं, जबकि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है सरकार के इन दावों और जमीनी हकीकत में साफ अंतर दिखाई दे रहा है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि जगदलपुर सहित बस्तर के कई क्षेत्रों में लोग सुबह 5 बजे से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई सौ मीटर लंबी लाइन में घंटों धूप में खड़े रहने के बाद भी लोगों को खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। यह स्थिति केंद्र और प्रदेश सरकारों की लापरवाही और विफलता को दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर की कमी का असर अब आम लोगों के साथ-साथ छोटे व्यवसायों और रेस्टोरेंट संचालकों पर भी पड़ रहा है कई रेस्टोरेंट सिलेंडर की किल्लत का हवाला देकर ग्राहकों से 5 प्रतिशत जीएसटी के अतिरिक्त 10 प्रतिशत तक सरचार्ज वसूल रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित और अवैध है। उपनेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने कहा कि जब जनता रसोई गैस के लिए परेशान हो रही है और सरकार केवल झूठे प्रचार और दिखावे की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि यदि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, तो फिर प्रदेशभर में लोगों को घंटों लाइन में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?उप नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक श्री बघेल ने मांग की है कि राज्य सरकार तत्काल गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखे और रेस्टोरेंटों द्वारा ग्राहकों से की जा रही अतिरिक्त वसूली पर तुरंत रोक लगाए साथ ही गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके।

रायपुर अभनपुर विकासखंड में ‘RAMP’ योजना के तहत मिला सफलता का मंत्र

0

रायपुर अभनपुर विकासखंड में ‘RAMP’ योजना के तहत मिला सफलता का मंत्र कृषि विकास सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (CSIDC) के सहयोग से एक दिवसीय जिला स्तरीय संवेदनशीलता/जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन ग्राम पंचायत डोंगातराई में 28 फरवरी 2026 को किया गया। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विकासखंडों के लगभग 30 उद्यमियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विषय-विशेषज्ञों द्वारा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) की मजबूती के लिए निम्नलिखित विषयों जैसे कि लाइसेंसिंग प्रक्रिया, विपणन संपर्क (मार्केट लिंकेज) तथा विधिक अनुपालन (लीगल कंप्लायंस) से संबंधित विषयों पर क्रमबद्ध एवं विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों की क्षमता में वृद्धि करना और उन्हें बाजार की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

सशक्त होंगे रायपुर के उद्यमी: रायपुर में ‘RAMP’ योजना के तहत उद्यमियों के लिए विशेष कार्यशाला संपन्न

0

रायपुर ,01 मार्च, 2026रायपुर जिले के उद्यमियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कुर्रा में एक दिवसीय जिला स्तरीय संवेदनशीलता एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृषि विकास सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (CSIDC) के सहयोग से ‘Raising and Accelerating MSME Performance’ (RAMP) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस विशेष सत्र का मुख्य ध्येय स्थानीय उद्यमियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। उन्हें यह समझाया गया कि कैसे वे आधुनिक तकनीक और सरकारी नीतियों का लाभ उठाकर बाजार की गलाकाट प्रतिस्पर्धा में न केवल टिक सकते हैं, बल्कि बढ़त भी बना सकते हैं। प्रमुख विशेषताएं और चर्चा के विषय लाइसेंसिंग प्रक्रिया और विपणन संपर्क की सपूर्ण जानकारी दी गई।

उल्लास महापरीक्षा 22 को, हुई केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों की बैठक

0

सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश

जगदलपुर आगामी 22 मार्च को होने वाली उल्लास महापरीक्षा के सफल संचालन को लेकर बस्तर ब्लॉक में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बस्तर ब्लॉक के उल्लास कार्यक्रम के प्रभारी तथा बस्तर के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार तिवारी द्वारा उल्लास परीक्षाके केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई।

बैठक में महापरीक्षा के सुचारु संचालन, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में सर्वे के माध्यम से असाक्षर व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है तथा उन्हें साक्षरता के इस महाअभियान से जोड़ते हुए आगामी उल्लास महापरीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पंचायतों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। केंद्र प्रभारियों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक असाक्षर व्यक्तियों को इस महापरीक्षा में शामिल कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। उल्लास महापरीक्षा का मुख्य उद्देश्य समाज में साक्षरता को बढ़ावा देना तथा असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस महाअभियान के माध्यम से लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को उल्लास साक्षरता की शपथ भी दिलवाई गई

MOST POPULAR

HOT NEWS