दल्लीराजहरा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा के तत्वावधान में स्थानीय श्रमवीर चौक के समीप वार्ड क्र.22 स्थित ब्राह्मण समाज भवन में आगामी 30 अप्रैल 2025 दिन बुधवार को वैशाख शुक्ल पक्ष (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी का प्रकाट्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर प्रातः 9.00 बजे से भगवान परशुरामजी की वैदिक विधि विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ एवं सुंदरकांड पाठ व श्री हनुमान चालीसा का पाठ के पश्चात हवन,आरती व प्रसाद वितरण होगा तथा दोपहर 1:00 बजे से शाम 4.00 बजे तक महाप्रसाद व भोजन का कार्यक्रम रखा गया है। ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों से निवेदन है कि भगवान परशुराम जी के प्रकाट्योत्सव पर आयोजित सभी कार्यक्रम में सहपरिवार गरिमामय उपस्थिति प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। ब्राह्मण समाज के प्रवक्ता कमल शर्मा ने ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी व पदाधिकारियों की ओर से उपरोक्त जानकारी दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दिखाई संवेदनशीलता, स्थगित कर दी हक की लड़ाई
- पहलगाम की घटना को देखते हुए लिया फैसला
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जहां सत्तारुढ़ भाजपा के खिलाफ अक्सर आक्रामक नजर आते हैं, वहीं जब बात राष्ट्र से जुड़ी हो तो उनकी संवेदनशीलता भी नजर आती है। इसी संवेदना के चलते उन्होंने बस्तर के हक की लड़ाई स्थगित कर दी है।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम की घटना ने पूरी दुनिया को उद्वेलित कर रखा है। इस घटना के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में 26 अप्रैल से निकाली जाने वाली इंद्रावती नदी बचाओ किसान अधिकार यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन और पदयात्रा प्रस्तावित थी, जिसे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने स्थगित किया है। उनका कहना है कि सर्वप्रथम देश हित है।
बघेल ने दी प्रशासन को सूचना
इस बीच इंद्रावती बचाओ किसान अधिकार संघर्ष समिति के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने प्रदर्शन और यात्रा के स्थगन की सूचना प्रशासन को दे दी है है। एसडीएम लोहंडीगुड़ा के माध्यम से कलेक्टर एसपी को भेजे गए पत्र में लिखा है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आंतकी घटना के कारण देश में शोक लहर बनी है, जिसे देखते हुए 26 से 28 अप्रैल तक प्रस्तावित इंद्रावती नदी बचाओं किसान अधिकार यात्रा को आगामी तिथि तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।लखेश्वर बघेल ने जिले के किसानों, आदिवासियों, मजदूरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि प्रदर्शन की नई तिथि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा जल्द घोषित की जाएगी।
रिश्तेदार को वार्ड बॉय में फर्जी ढंग से भर्ती कराकर दो वर्षों में कराया प्रमोशन
- स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती की फाईल गायब होने की खबर
- बाबू के कई काले कारनसमों में विभाग के अधिकारी का संरक्षण
जगदलपुर/नारायणपुर नारायणपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग में भर्ती में एक बड़ा खेला किया गया है। अधिकारी के संरक्षण में वहां पदस्त बाबू के द्वारा अपने करीबी दो रिश्तेदारों को फर्जी ढंग से वार्ड बॉय के पद पर भर्ती कराये जाने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों रिश्तेदार को पहली पोस्टिंग ओरछा ब्लॉक में स्वास्थ्य केन्द्र में नियुक्ति दिलाकर दोनों को दो वर्ष के समयावधि में प्रमोशन दिलाने का भी बड़ा खेला किया गया है। खबर है कि जिला बनने के बाद वर्ष 2008 में स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती की फाईल भी गायब हो चुकी है और दोनों सगे रिश्तेदार का तबादला प्रदेश से बाहर कराये जाने की खबर है। उक्त बाबू वर्तमान में लिपिक के पद पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नारायणपुर मुख्यालय
स्वास्थ्य विभाग में पदस्त लिपिक की मनमानी के आगे अधिकारी भी मौन
में पदस्त है। भर्ती के अलावा विभाग में कई बड़े कारनामे हैं जिनके दबंगई के आगे अधिकारी भी चुप्पी साधे बैठे हैं।
कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर जिला बनने के बाद वर्ष 2008 में स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर कई भर्तियां शासन के निमयों के अनुसार कराई गई है। वर्षों से पदस्त एक बाबू लंबे समय से भर्ती से लेकर जीवन दीप समिति मद में बड़ा खेला कर शासन को करोड़ो का चपत लगाया गया है। जिसमें भर्ती प्रक्रिया का एक मामले की जानकारी हाथ लगी है। कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 में नारायणपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कई पदों पर भर्ती कराई गई थी। जिसमें वार्ड बॉय के पद पर भर्ती किया जाना था। जानकारी के अनुसार बाबू अपने दो रिश्तेदारों को नियमों को दरकिनार कर वार्ड बॉय के पद पर ओरछा ब्लॉक में भर्ती कराया था जिसमें रोस्टर निमयों
का भी पालन नहीं कर फर्जी ढंग से भर्ती कराकर पात्र लोगों को भर्ती कराने से वंचित किय गया था।
दो वर्ष में हुआ प्रमोशनः
स्वास्थ्य विभाग के बाबू का खेला यही नहीं रूका जिन दो रिश्तेदारों को भर्ती फर्जी ढंगसे कराकर ओरछा में पदस्त कराया गया वह अपने कार्यालय में उपस्थित तक नहीं हुए खबर है कि अनुपस्थित अवधि में बकायदा समय पर वेतन का आहरण कर शासन को लाखों का चपत लगाने की खबर है। दो वर्ष के समयावधि पूर्ण होने के पहले ही दोनों का प्रमोशन करा दिया गया है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि वर्ष 2008 की हुई भर्ती मामले की फाईल भी गायब हो चुकी है। दफ्तर से ऐसी फाईल गायब होना कई शंकाओं को जन्म देता है। उक्त बाबू द्वारा भर्ती ही नहीं जीवन दीप समिति मद में भी बड़ा खेला किया गया है जिसमें विभाग के अधिकारी का भी संरक्षण होने की खबर है। उक्त बाबू की भर्ती दंतेवाड़ा जिले के
गीदम में मलेरिया वर्ककर के रूप में हुई थी। जो वहां से जुगाड़ जमाकर प्रमोशन पाकर वर्षों से एक ही स्थान पर बाबूगिरी कर मालामाल होकर शासन के खजाने में सेंधमारी करने में जुटा है।
आईएएस अफसर के दबाव में जांच टली:-
विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के तेज तर्रार आईएएस अफसर को मामला संज्ञान में आने पर काले कारनामों की फाईल ओपन करने की साहस तो जुटाई थी मामले की पड़ताल भी शुरू हो चुकी थी। इनके एक करीबी आईएएस अफसर के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच में रूकावट आने की खबर है । देखना होगा कि बाबू काला चिट्टा का फाईल कब सार्वजनिक होगा।
फाईल तलाशने में जुटा विभाग
कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि ओरछा में पदस्त दो वार्ड बॉय की भर्ती फर्जी ढंग से नियमों के विरूद्ध हुआ था जिसका फाईल गायब हो चुकी है। खबर है कि वर्तमान में दोनों सरगुजा संभाग में सहायक ग्रेड 3 के रूप में कार्य कर रहे हैं। फिलहाल मामले में की जांच संयुक्त कलेक्टर द्वारा किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा
- आम जनता के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के दिए निर्देश
बालोद, 26 अप्रैल 2025 प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरूण साव ने शुक्रवार 25 अपै्रल को बालोद जिले के प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में नगरीय प्रशासन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर संबंधित विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौजूदा ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या से जुझना न पडे़, इसके लिए सभी को समुचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को इस कार्य को विशष्ेा प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साव ने अधिकारियों को पेयजल समस्या के निराकरण हेतु पूर्वानुमान लगाकर समय पूर्व समस्या के निराकरण हेतु प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के नगरीय निकायों तथा लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए स्वीकृत एवं प्रगतिरत् निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहित नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक के अलावा संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में उपमुख्यमंत्री साव ने जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल की व्यवस्था, 15वें वित्त के कार्य, नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, अटल परिसर के निर्माण कार्य आदि के प्रगति के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने नगर पालिका बालोद के व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बालोद शहर में जिला मुख्यालय के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सीटी डेव्हलपमेंट प्लान के कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शहरवासियों के अपेक्षाओं के अनुरूप सीटी डेव्हलमेंट प्लान बनाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। श्री साव ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उपमुख्यमंत्री ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सुबह नगर भ्रमण कर नगर के व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्री साव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए अपने आप को निरंतर अपडेट करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में पेयजल के व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए समय पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। साव ने जिन ग्रामों में हैण्डपंप आदि खराब है उन स्थानों पर पानी की आपूर्ति हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री साव ने जिले में पेयजल आपूर्ति हेतु वर्तमान में 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति प्रदान करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन से 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति मिलने के उपरांत इसका निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। श्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पानी टंकी आदि के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर इसकी जाँच कर तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में समुचित मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दूरगामी योजना बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। जिससे संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग से विभाग के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्य के प्रति निष्ठा एवं समर्पण के साथ पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए आम जनता में शासन प्रशासन के प्रति बेहतर छवि निर्माण तथा विश्वास का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
साहू समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली एवं गौरवपूर्ण: अरूण साव
- उपमुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय बालोद में नवनिर्मित साहू सदन का किया लोकार्पण
- नवनिर्मित भवन में छात्रावास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की
बालोद, 25 अपै्रल 2025 प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने कहा कि साहू समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली एवं गौरवपूर्ण है। साव आज जिला मुख्यालय बालोद के जुर्री पारा में नवनिर्मित साहू सदन के लोकार्पण एवं कर्मा महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद भोजराज नाग, कसडोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक संदीप साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, पूर्व विधायक श्री बिरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख और पवन साहू सहित साहू समाज के जिला अध्यक्ष श्री सोमन साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा समाज प्रमुखगण उपस्थित थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने इस नवनिर्मित साहू सदन में छात्रावास निर्माण एवं भवन के विस्तार हेतु 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने इस भवन के विस्तार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए समय-समय पर हर्ष संभव मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री साव एवं अतिथियों के द्वारा फीता काटकर नवनिर्मित साहू सदन का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने साहू समाज को एक मेहनतकश, ईमानदार एवं देशभक्त समाज बताते हुए साहू समाज के विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री साव ने कहा कि जब महाराणा प्रताप हल्दी घाटी के युद्ध में मुगल सम्राट अकबर के साथ युद्ध करते हुए अपना सब कुछ खो गए थे। ऐसे विषम परिरिस्थतियों में हमारे समाज के गौरव दानवीर भामाशाह ने महाराणा प्रताप को अपार धन-संपदा देकर उन्हें पुनः सबल एवं सक्षम बनाया था। उन्होंने कहा कि इसके फलस्वरूप महाराणा प्रताप सम्राट अकबर के खिलाफ पुनः युद्ध कर उन्हें कठिन चुनौती दे पाए थे। साव ने कहा कि हमारे समाज के गौरव भक्त माता कर्मा कोे भगवान जगन्नाथ को खिचड़ी खिलाने का सौभाग्य एवं गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का योगदान एवं उनके गौरवगाथा साहू समाज सहित सभी समाजों के लिए अत्यंत अनुकरणीय है। साव ने साहू समाज के विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहू समाज आज अपने मेहनत एवं त्याग और तपस्या के बलबूते से अग्रणी है। उन्होंने कहा कि साहू समाज आज राज्य की सबसे बड़ी समाज है लेकिन अब साहू समाज को राज्य के सबसे बड़े समाज होने के साथ-साथ बेहतर एवं श्रेष्ठ समाज भी बनाना है। इस अवसर पर श्री साव ने जिला मुख्यालय बालोद में बेहतर एवं विशाल जिला साहू सदन के निर्माण हो जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके लिए उन्होंने साहू समाज के सभी लोगों के योगदानों को प्रसंशा करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने जिला मुख्यालय बालोद में इस विशाल साहू सदन के निर्माण में उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं समाज के प्रत्येक लोगों के योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने साहू समाज के विशेषताओं एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साहू समाज के मेहनत एवं ईमानदारी के बलबूते पर साहू समाज के बेटा नरेन्द्र मोदी को आज तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के उन्नति हेतु 10 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र कसडोल के विधायक श्री संदीप साहू ने बालोद जिले के साहू समाज के संगठन एवं समाज के नवनिर्माण में जिले के साहू समाज के लोगों के योगदान एवं भूमिका की भूरी-भूरी सराहना की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण करते हुए साहू समाज के जिला अध्यक्ष श्री सोमन साहू ने समाज के मांगों एवं आवश्यकताओं की ओर अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को भाजपा ने दी श्रद्धाजंलि
- भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, दो मिनट का मौन धारण कर कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धाजंलि
जगदलपुर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमले में धर्म पूछ कर किये गये नरसंहार में 28 पर्यटकों की हृदय विदारक मृत्यु पर आज गुरूवार को भाजपा जिला कार्यालय में नगर मण्डल द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया व दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय,छग भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, छग राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी,नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन,योगेन्द्र पाण्डेय,रजनीश पाणिग्रही,नरसिंह राव, नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा, आर्येन्द्र आर्य,सफीरा साहू आदि सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एयर फोर्स अधिकारियों ने बस्तर में अग्निवीर वायु सेवा भर्ती प्रक्रिया की दी जानकारी, युवाओं में जागरूकता और जोश का हुआ संचार
जगदलपुर, 26 अप्रैल 2025/भारतीय वायुसेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत बस्तर जिले में अग्निवीर वायु भर्ती को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 21 से 25 अप्रैल तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में एयर फोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों श्री सुशांत सिंह और श्री आनंद कुमार ने जिले के विभिन्न उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से लेकर सैन्य जीवन के अनुभवों तक की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर से हुई, जिसके बाद 22 अप्रैल को सेजेस लेहंडीगुड़ा, 23 अप्रैल को सेजेस बकावंड, 24 अप्रैल को सेजेस बस्तर, और 25 अप्रैल को सेजेस तोकापाल में कैंप आयोजित किए गए। प्रत्येक स्थान पर 100 से 200 विद्यार्थियों के समूहों को प्रशिक्षित किया गया।
भर्ती प्रक्रिया की विशेष जानकारी
एयर फोर्स अधिकारियों ने युवाओं को अग्निवीर वायु बनने की पात्रता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वेतन-भत्ते, करियर ग्रोथ और अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। 17 से 21 वर्ष की आयु वर्ग के विद्यार्थियों को अग्निपथ योजना के तहत भारतीय वायुसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशासनिक सहयोग और विशेष पहल
इस अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर श्री हरिस एस और जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के नेतृत्व में और रोजगार अधिकारी के सहयोग से जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस अभियान में नोडल अधिकारी के रूप में श्री जयनारायण पानीग्राही सक्रिय रहे।
युवाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार
कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और एयर फोर्स अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपने सवालों के उत्तर प्राप्त किए। इस पहल से विद्यार्थियों में न केवल देश सेवा की भावना जागृत हुई, बल्कि उन्हें एक उज्ज्वल करियर की दिशा भी दिखाई दी। बस्तर जैसे सुदूरवर्ती आदिवासी अंचल में चलाए गए इस जागरूकता अभियान ने साबित किया कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो यहां के युवा भी देश की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं को रक्षा क्षेत्र में करियर के नए आयाम प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। गत दिवस समापन कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने बस्तर प्रतीक चिन्ह से एयर फोर्स अधिकारियों को सम्मानित किया एवं भविष्य में भी इस तरह के कार्य क्रम आयोजित करने का आग्रह किया, साथ ही प्राचार्य विधु शेखर झा ने आभार प्रदर्शन किया।
आसमान पर एयरफोर्स के हेलीकाप्टरों की दहाड़ और धरती पर बम, गोलियों के धमाके, नक्सली थर थर कांपे
- बीजापुर तेलंगाना बॉर्डर में पांचवे दिन भी जारी रही नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई
- बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने की संभावना
अर्जुन झा-
जगदलपुर लगता है सुरक्षा बलों ने बस्तर संभाग से नक्सलियों के खात्मे की जिद पाल ली है। तभी तो आसमान पर वायुसेना के हेलीकाप्टर दहाड़ रहे हैं और धरती पर बम, गोलों और गोलियों के धमाके गूंज रहे हैं जंगल के परिंदे बेचैन होकर बदहवासी के आलम में इधर उधर उड़ रहे हैं। यह दृश्य है बस्तर संभाग के बीजापुर जिले और पड़ोसी राज्य तेलंगाना के बॉर्डर का। नक्सलियों की मौजूदगी वाली दो तीन पहाड़ियों को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश की फोर्स ने चारों ओर से घेर लिया है। नक्सलियों के बचकर निकलने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया है।
इलाके में बीते पांच दिनों से नक्सलियों और उनके ठिकानों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। वायुसेना के 4- 5 हेलीकाप्टर लगातार आसमान में उड़ान भर रहे हैं। इन हेलीकाप्टरों से नक्सलियों पर बम गोले गिराए जा रहे हैं और अत्याधुनिक हथियारों से गोलियों की बौछार भी की जा रही है। हेलीकाप्टरों की दहाड़ से आसमान कांप रहा है और बमों के धमाकों तथा गोलियों की तड़तड़ाहट से धरती डोलती सी प्रतीत हो रही है। जंगल के परिंदे बेचैनी और बदहवासीके आलम में जहां तहां उड़ते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय और राज्यों के सुरक्षा बलों का यह जॉइंट ऑपरेशन बीते पांच दिनों से लगातार जारी है। आज पांचवे दिन आज सुबह 7 बजे से अब तक वायुसेना के चार हेलीकॉप्टर सीमावर्ती इलाके के आसमान में उड़ते देखे गए। ये हेलीकाप्टर इस अंतिम लड़ाई में जमीन पर मोर्चा सम्हाल कर नक्सलियों पर प्रहार कर रहे जवानों के लिए रसद और गोला बारूद एवं हथियार भी पहुंचा रहे हैं।आसमान में लगातार हेलीकॉप्टरों की गूंजती दहाड़ बता रही है कि फोर्स की बड़ी कामयाबी की खबर जल्द ही आने वाली है। कल रात 10 बजे तक भी भारी फायरिंग और बम धमाकों की आवाज गूंजती रही। ग्रामीणों के मुताबिक फोर्स ने किसी भी प्रकार की जानकारी या वीडियो साझा न करने के लिए कह रखा है। ऑपरेशन संवेदनशील मोड़ पर आ चुका है और इस बड़ी कार्रवाई में दर्जनों नक्सलियों के मारे जाने, पचासों के घायल होने और नक्सली ठिकानों व भंडारों के तबाह होने की पूरी संभावना है। सूत्र बताते हैं कि जिस जगह पर यह ऑपरेशन चलाया जा रहा है, वहां डेढ़ से दो हजार नक्सली मौजूद हैं और उनमें हिड़मा और देवा जैसे दर्जनों टॉप नक्सली लीडर भी शामिल हैं। कल खबर आई थी कि हिड़मा और देवा बचकर भाग निकलने में सफल हो गए हैं, मगर यह खबर महज कयास ही निकली। सूत्रों के मुताबिक ये दोनों बड़े नक्सली नेता अभी भी वहीं पर मौजूद हैं और या तो वे मारे जा चुके हैं, या फिर घायल हो गए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अंचल के ग्रामीणों को ऑपरेशन वाली जगह की ओर न जाने के लिए कहा गया है।
आईईडी ब्लास्ट में जवान घायल
इधर बीजापुर जिले में जारी ऑपरेशन में सपोर्टिंग के लिए जा रही फोर्स की टुकड़ी में शामिल डीआरजी का एक जवान आईईडी ब्लास्ट में घायल हो गया है। यह टुकड़ी गलगम से कर्रेगुट्टा पहाड़ी की तरफ़ जा रही थी। इसी दौरान जवान आईईडी की जद में आ गया। आईईडी ब्लास्ट से जवान के पैरों में चोट आई है। घायल जवान का गलगम स्थित सीआरपीएफ कैंप में इलाज चल रहा है। खबर है कि घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से बीजापुर लाने की तैयारी चल रही है।
दल्ली-राजहरा के समग्र विकास को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद से भेंट कर सौंपा ज्ञापन
दल्लीराजहरा नगर के समग्र एवं बहुआयामी विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं क्षेत्र के सांसद भोजराम नाग से बालोद में शिष्टाचार भेंट कर नगर की वर्षों पुरानी समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनता की आकांक्षाओं से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख एवं वरिष्ठ नेता यशवंत जैन ने संयुक्त रूप से किया। प्रतिनिधिमंडल में राजहरा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए उपमुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा, “यह गौरव का विषय है कि दल्ली-राजहरा नगर पालिका में 25 वर्षों में पहली बार भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है। यह सिर्फ राजनीतिक विजय नहीं बल्कि जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का परिणाम है। हम इस ऐतिहासिक अवसर को नगर के चहुँमुखी विकास में परिवर्तित करने हेतु कृतसंकल्पित हैं।” उन्होंने कहा कि नगर की कई आधारभूत समस्याएं लंबे समय से अनदेखी रही हैं, जिन पर अब निर्णायक कार्यवाही की आवश्यकता है।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
दल्ली-राजहरा में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा मिल सके, और नगर शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हो सके। नगर को ‘एजुकेशन हब’ के रूप में विकसित किया जाए जिसमें उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सुविधाएं शामिल हों। 100 बिस्तरों वाले सर्वसुविधायुक्त सरकारी अस्पताल का निर्माण जिससे नगरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। 20 एकड़ भूमि उद्योग स्थापना के लिए आवंटित की जाए जिससे क्षेत्र में रोजगार सृजन हो और आर्थिक गतिविधियों को बल मिले। वार्ड क्रमांक 13 में नहावन घाट का निर्माण करना जिससे आसपास के 4 वार्डो को इसका लाभ प्राप्त होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु ‘नालंदा परिसर’ की स्थापना ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के विद्यार्थी सशक्त शैक्षणिक माहौल में तैयारी कर सकें। जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए ताकि आम नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों में परेशानी न हो। विषय की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिनिधिमंडल की सराहना करते हुए कहा, “दल्ली-राजहरा को शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी बनाना भाजपा की प्राथमिकता है। भाजपा सरकार जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करने में विश्वास रखती है। मैं स्वयं इन मांगों को केंद्र व राज्य स्तर पर उठाने हेतु प्रतिबद्ध हूँ।”
जिला नेतृत्व ने रखा विकास का विजन
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख , वरिष्ठ नेता यशवंत जैन एवं पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने संयुक्त रूप से कहा, “भाजपा सिर्फ चुनावी जीत की राजनीति नहीं करती, हम सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ जनता के साथ हैं। दल्ली-राजहरा को एक विकसित और आत्मनिर्भर नगर बनाने का जो सपना हम सबने देखा है, उसकी नींव आज के संवाद और मांगों से और मजबूत होगी।” इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष मुस्ताक अहमद,ललित जैन,सोमेश जायसवाल,मनोज सिंग एवं भाजपा के विभिन्न वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर मांगों का समर्थन किया और उनके शीघ्र क्रियान्वयन की अपेक्षा जताई। उपमुख्यमंत्री ने भी प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता से विचार कर यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
राजहरा क्वारी केंटीन का हाल बेहाल
- अफसर ए सी में मस्त, श्रमिक तपती गर्मी से त्रस्त।
भिलाई इस्पात संयंत्र अधीनस्थ राजहरा यंत्रीकृत खदान में संचालित क्वारी केंटीन में इस तपती गर्मी में कर्मचारी, बिना एयर कूलर, पंखे की तपती गर्म हवा के नीचे बैठकर नाश्ता करने को मजबूर है।
इस केंटीन का एयर कूलर, वाटर कूलर, व किचेन का एग्जास्ट फैन महीनों से खराब पडा है।इस संबंध में संबंधित अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति मे कोई सुधार नहीं किया गया।
पिछले कुछ वर्षों से खदानों में कर्मचारी कल्याण से संबधित मामलों मे खदान प्रबंधन का रवैया बेहद उदासीन व नकारात्मक हो चुका है।शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान तभी लिया जाता है, जब कर्मचारी कामबंद हडताल पर उतर जाते हैं। दरअसल खदानों में होने वाली कामबंदी व हडताल प्रबंधन द्वारा ही आमंत्रित की जाती है।
आश्चर्य की बात है कि श्रमिक कल्याण के लिए नियुक्त श्रम कल्याण अधिकारी, जिन्हें कार्य क्षेत्र में जाकर श्रमिकों की समस्याओं का निदान करवानें का प्रयास करना चाहिए, उन श्रम कल्याण अधिकारियों को उच्च अधिकारियों ने अपना सहायक बनाकर आफिस कार्यों में संलग्न करके रख लिया गया है।इन्हे कार्य क्षेत्र में जाने, समस्याओं को जानने व कर्मचारियों से संवाद का समय ही नहीं मिल पाता है।जिसके परिणामस्वरूप कार्य क्षेत्र में गंभीर समस्याओं का अंबार लगता जा रहा है, लेकिन ए सी कमरों में बैठे अधिकारियों को इससे कोई फर्क नहीं पडता है। शायद प्रबंधन श्रमिकों के आक्रोश व कामबंदी को झेलने का आदी हो चुका है।
जहां एक ओर केन्द्र सरकार के श्रम मंत्रालय ने हाल ही में सभी कारखानों व खदानों के कर्मचारियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व अतिरिक्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया है, वहीं दूसरी ओर खदान प्रबंधन की पुरानी व्यवस्था बनाए रखने भी कोई रूचि नहीं है। इस प्रकार हमारा खदान प्रबंधन अपने आप को केंद्र सरकार से ऊपर समझ बैठा है।यदि जल्द समस्याओं का निरकरण नहीं हुआ तो फिर राजहरा क्वारी के समस्त कर्मचारी कामबंदी के लिये बाध्य होंगे ।
खदानों में श्रमिक कल्याण की बदतर स्थिति पर जल्द ही हमारी यूनियन द्वारा केंद्र सरकार व संबंधित विभागों को विस्तृत प्रतिवेदन प्रेषित किया जायेगा।


