City Media - Page 270 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 270

महाशिवरात्रि पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया त्रिवेणी संगम में शाही स्नान

0
  • भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के लिए की मंगल कामना

रायपुर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजिम कुंभ कल्प में त्रिवेणी संगम में पूज्य संतों के साथ शाही स्नान किया। इस शुभ अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।

शाही स्नान के बाद उप मुख्यमंत्री शर्मा ने भगवान राजीव लोचन और भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की समृद्धि और उन्नति के लिए आशीर्वाद मांगा।उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति और सनातन संस्कृति का महोत्सव है, जो हमें जीवन में संयम, त्याग और साधना का मार्ग दिखाता है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने श्रद्धालुओं और संत समाज का अभिवादन करते हुए कहा कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन चुका है, जहां संत-महात्माओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण शिवमय हो जाता है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया और कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती संत परंपरा की धरोहर रही है, जिसे सशक्त बनाए रखना हमारा कर्तव्य है।

सामूहिक लिंगार्चन में शामिल हुए महापौर पांडे

0

जगदलपुर महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर जगदलपुर महापौर संजय पांडे  भूतेश्वर महादेव मंदिर में सामूहिक पार्थिव लिंगार्चन अभिषेक में शामिल हुए। उन्होंने भगवानभूतेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर बस्तर अंचल की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में आम लोगों के साथ बैठकर महापौर संजय पांडे ने लिंगार्चन एवं अभिषेक किया।

महाशिवरात्रि पर महापौर संजय पांडे डटे व्यवस्था सम्हालने में

0

जगदलपुर महाशिवरात्रि के अवसर पर महापौर संजय पांडे ने आज सुबह दलपत सागर स्थित शिव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की साथ ही भक्तों से मिलकर उन्हें महाशिवरात्रि की बधाई दी। मेयर संजय पांडे मंदिर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाने में लग गए। वे माइक थामकर श्रद्धालुओं से बारी बारी से और कम समय में पूजा अर्चना कर बाहर निकलने की अपील करते रहे। संजय पांडे भक्तों को प्रसाद वितरित करने में भी जुट गए थे।

डॉ. श्रेयांश वर्धन जैन को हटाने की मांग उठाई मौर्य ने

0

जगदलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा है कि डॉ. श्रेयांश वर्धन जैन को महारानी अस्पताल जगदलपुर में संविदा चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्ति दी गई है। महारानी अस्पताल में पूर्व से ही चिकित्सकों की कमी है ऐसे में डॉ. जैन से महारानी अस्पताल में कार्य न लेकर उन्हें नोडल अधिकारी बनाकर उनसे अन्य कार्य लिया जा रहा है जो उचित नहीं है। महारानी अस्पताल में ऐसे ही चिकित्सक की कमी है और डॉ जैन से मूल कार्य न लेकर नोडल अधिकारी का कार्य लिया जा रहा है। जनहित में जिसका बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर जगदलपुर विरोध करती है। डॉ. जैन निजी प्रेक्टिस भी करते हैं। जबकि संविदा सेवा शर्तों के अनुसार वे प्राईवेट प्रेक्टिस नहीं कर सकते। अतः ऐसे चिकित्सक को तत्काल नोडल अधिकारी के पद से हटाकर महारानी अस्पताल जगदलपुर में चिकित्सकीय कार्य लिया जाए।

समय से पहले सूख गई इंद्रावती नदी, झुलसने लगी फसलें, मुरझाने लगे किसानों के चेहरे

0
  •  नदी सूखने से किसानों को भारी नुकसान, सैकड़ों एकड़ की फसल प्रभावित 

अर्जुन झा

जगदलपुर इंद्रावती नदी तेजी से सूखती जा रही है, पानी के बिना फसलें झुलसने लगी हैं और किसानों के चेहरे मुरझाने लगे हैं। सैकड़ों एकड़ रकबे में ली गई मक्का, गेहूं, सब्जियों और रबी धान की फसलों को बचाने की चिंता में किसान घुले जा रहे हैं।

इंद्रावती के जलस्तर में भारी गिरावट आ जाने के कारण बस्तर विकासखंड के कई गांवों में सिंचाई संकट गहरा गया है। लामकेर, भोंड, नदीसागर सहित नदी तट के समीप बसे अनेक गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए जरूरी पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे सैकड़ों एकड़ की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। इन गांवों के किसान सिंचाई के लिए इंद्रावती नदी पर ही निर्भर हैं। लेकिन इस बार पानी की भारी कमी के कारण धान, गेहूं, मक्का,सब्जियों और अन्य फसलों पर संकट गहरा गया है। किसानो ने बताया कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और उन्हें आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

जनपद सदस्य एव सरपंच ने उठाई आवाज

नव निर्वाचित जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 22 हेमराज बघेल और ग्राम पंचायत लामकेर के सरपंच लक्ष्मण कश्यप ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए वे जल्द ही किसानों के साथ मिलकर कलेक्टर बस्तर एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाता, तो किसानों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो जाएगी।

जल्द उठाएं कदम: विधायक

क्षेत्र के विधायक लखेश्वर बघेल ने इस संबंध में किसानों की परेशानियों को दूर करने उचित पहल करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर और जल संचयन की कमी एनीकट में पानी का रुकाव न होने के कारण सिंचाई संकट बढ़ता जा रहा है। सरकार और प्रशासन को जल संरक्षण एवं प्रबंधन की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।

किसानों की मांग

किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित करने, नहरों और तालाबों का गहरीकरण कराने तथा वैकल्पिक सिंचाई साधन विकसित करने की मांग की है। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में बस्तर के किसानों को और गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।

बस्तर की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित करने में लगी है हमारी सरकार: सांसद महेश कश्यप

0
  •  मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चित्रकोट महोत्सव काआगाज

जगदलपुर सांसद बस्तर महेश कश्यप ने कहा कि चित्रकोट महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। यह आयोजन न केवल बस्तर की पहचान को नए आयाम दे रहा है, बल्कि प्रदेश के कलाकारों सहित स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला प्रस्तुत करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। साथ ही यहां के युवाओं को खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता निभाने के लिए सुअवसर मिल रहा है। बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और उसे विश्व पटल पर स्थापित करने की यह पहल निस्संदेह एक प्रेरणादायक कदम है, जो आने वाले वर्षों में और भी व्यापक स्वरूप लेगी।

उक्त बातें सांसद महेश कश्यप सोमवार को विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर 24 से 25 फरवरी तक आयोजित दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही।सांसद श्री कश्यप ने कहा कि जनता के विश्वास, शांति और सुरक्षा सहित विकास की जवाबदेही सरकार की है। साथ ही कला-संस्कृति, परम्परा और रीति-रिवाज के संरक्षण की जिम्मेदारी भी है। इसी अनुक्रम में आयोजित यह चित्रकोट महोत्सव बस्तर की पहचान को एक नए आयाम प्रदान कर रहा है। बस्तर को संवारने के लिए सरकार हर सम्भव पहल कर रही है और जल्द ही समूचे बस्तर में अमन-चैन एवं शांति स्थापित हो जाएगी और बस्तर के चंहुमुखी विकास में हम सभी सहभागिता निभाएंगे।

ज्ञात हो कि विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर 24 से 25 फरवरी तक आयोजित चित्रकोट महोत्सव में न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हो रही है, बल्कि स्थानीय युवाओं द्वारा खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी अदभुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही आम नागरिक और पर्यटक पैरामोटर राईड एवं नौकायन जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेकर रोमांच का अनुभव कर रहे हैं।

संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम

चित्रकोट महोत्सव का उद्देश्य बस्तर की अनमोल सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही पर्यटकों को बस्तर की खूबसूरती की ओर आकर्षित करना भी है। चित्रकोट महोत्सव के दौरान लोक नृत्य, पारंपरिक संगीत और लोक कलाओं का प्रदर्शन कर दर्शकों को बस्तर की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया जा रहा है। महोत्सव में प्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज़ से समां बांध दिया। इनके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोकगीतों के माध्यम से बस्तर की सांस्कृतिक धड़कन को मंच पर उतारा। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

व्यंजनों और हस्तशिल्प का प्रदर्शन

महोत्सव के दौरान बस्तरिहा व्यंजन, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक परिधान प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिससे आगंतुकों को बस्तर की सांस्कृतिक विविधता और समृद्धि का अनुभव मिल रहा है। इससे न केवल स्थानीय ग्रामीणों एवं कारीगरों को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि उनकी हुनर एवं कला को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलने का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।चित्रकोट महोत्सव के माध्यम से बस्तर को सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन पर्यटकों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर सहित स्थानीय व्यंजनों के प्रति आकर्षित कर रही है। जिससे स्थानीय ग्रामीणों की आमदनी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और इसे वार्षिक आयोजन के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया गया है, जिससे बस्तर की लोक संस्कृति को और भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जा सके।

भाजपा के सपने को तार तार कर दिया सुकमा की जनता ने: दुर्गेश राय

0
  •  प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने माना मतदाताओं का आभार
  • भाजपा के धनबल और बाहुबल की हुई हार: राय 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सुकमा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने कहा है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा को जेल में डालकर चुनाव जीतने के भाजपा के सपने को सुकमा की जनता ने तार तार कर दिया है।

दुर्गेश राय ने कहा- भाजपा यह मुगालता पाले बैठी कि वह हमारे सीनियर लीडर कवासी लखमा को झूठे केस में फंसा कर और जेल भेजकर कांग्रेस के अभेद्य गढ़ सुकमा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जीत जाएगी, मगर जिले के समझदार मतदाताओं ने भाजपा के इस मुगालते को ध्वस्त कर दिया है। श्री राय ने इसके लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है और कांग्रेस के समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया है। दुर्गेश राय ने कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी मुस्किल घड़ी में कम संसाधन एवं धन बल,दबंगई का डट कर सामना किया। कुछ कार्यकर्ता हारे, लेकिन उनकी हार में भी हमारी जीत है। कुछ आस्तीन के सांपों के कारण हमारी कम मार्जिन से हार जीत हुई है, लेकिन

सांप की तरह ही हमारा निष्ठावान हर कार्यकर्ता उनकी इन हरकतों को याद रखेगा। दुनिया गोल है कहीं न कहीं टकराव जरूर होगी।

कुछ लोगों को भ्रम था कि कवासी लखमा को जेल में डालकर चुनाव जीत जाएंगे, लेकिन देवतुल्य जनता ने उनको करारा जवाब दिया है। आज हमारा हर कार्यकर्ता दोगनी ताकत से धन बल बाहुबल वाली भाजपा को चारोंखाने चित्त कर दिया है। सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की एवं हमारे पराजित कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए दुर्गेश राय ने कहा है कि अगली बार आप सभी जनप्रतिनिधि बन अपने क्षेत्र की जनता नेतृत्व करेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को नक्सल प्रभावित क्षेत्र मे शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए बधाई दी है। दुर्गेश राय ने कहा- मैं विश्वास दिलाता हूं सुकमा की जनता को कि हमारा हर जनप्रतिनिधि वार्ड पंच से लेकर सरपंच, जनपद, जिला पंचायत सदस्य तक आपके साथ 24 घंटा आपकी सेवा मे खड़ा रहेगा। आपका प्यार सहयोग कांग्रेस पार्टी को इसी तरह मिलता रहे।

आबकारी घोटाला; अब कांग्रेस भी घेरे में, महामंत्री मलकीत सिंह गैदू से ईडी की पूछताछ

0
  •  जगदलपुर के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी हैं गैदू

अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए शराब घोटाले को लेकर अब कांग्रेस भी ईडी के रडार पर आ गई है। वजह है घोटाले की रकम से बस्तर संभाग के सुकमा जिला मुख्यालय में कांग्रेस भवन का निर्माण। इसे लेकर ही आज रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में ईडी की टीम पहुंची है, जहां प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीt सिंह गैदू से ईडी के अफसर पूछताछ कर रहे हैं। मलकीत सिंह गैदू बस्तर संभाग के जाने माने नेता और समाजसेवी हैं।

शराब घोटाले में फंसे पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बयान के आधार पर ईडी की टीम आज मंगलवार को राजीव भवन पहुंची और सुकमा में कांग्रेस भवन के निर्माण के खर्चों को लेकर पूछताछ कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार ईडी के दो अफसर आज 4 जवानों को साथ लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे और कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू को ईडी ने चर्चा के लिए बुलाया। इस बात की जानकारी मिलने पर कांग्रेस की लीगल सेल के पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक ईडी ने प्रारंभिक जांच में यह पाया है कि आबकारी घोटाले के पैसे का इस्तेमाल सुकमा में कांग्रेस भवन के निर्माण के लिए भी हुआ था। इस पूरे मामले में ईडी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। कवासी लखमा अभी जेल में बंद हैं। समाचार लिखें जाने तक राजीव भवन में ईडी के अफसरों के साथ कांग्रेस के नेताओं की चर्चा चल रही है।

प्रदेश में पहली बार जेलों के अंदर बंदियों ने किया गंगाजल से पुण्य स्नान

0
  •  गुलाब की पंखुड़ियों से सुवासित गंगाजलयुक्त पानी से नहाकर धन्य हुए कैदी
  • उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की थी शानदार पहल

अर्जुन झा-

जगदलपुर अपराध या तो मजबूरी में किए जाते हैं, या फिर इरादतन और निहित उद्देश्य के कारण। अपराधी भी मानव समाज के अंग हैं। धर्म के प्रति उनमें भी आस्था रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा ने राज्य की जेलों में बंद कैदियों को भी गंगाजल से पुण्य स्नान का लाभ दिलाने की पहल की है। आज 25 फरवरी को बंदी गुलाब की पंखुड़ियों की खुशबू से महकते गंगाजल मिश्रित पानी से स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।

हमारे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की रचनात्मक पहल का कोई मुकाबला नहीं है। उनकी ऎसी क्रिएटिविटी के दर्जनों उदाहरण देखने को मिले हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने राज्य की सेंट्रल जेलों, जिला जेलों और उप जेलों में निरुद्ध बंदियों को आज महाशिवरात्रि के मौके पर गंगाजल से स्नान कराकर नया इतिहास रच दिया है। आज दुनिया भर के लोग प्रयागराज महाकुंभ में जाकर त्रिवेणी में पवित्र स्नान कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी महाकुंभ में स्नान करने गए थे। तभी उन्होंने छत्तीसगढ़ की जेलों में बंद कैदियों को भी गंगाजल से स्नान का लाभ दिलाने का संकल्प लिया था। वापस आने के बाद उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व पर जेलों में गंगाजल स्नान की तिथि निर्धारित की थी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर आज राज्य की 5 सेंट्रल जेलों, 20 जिला जेलों और 8 सब जेलों में कैदियों को गंगा जल से स्नान कराया जा रहा है।आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान के लिए कैदियों ने गंगाजल युक्त पानी से स्नान किया। महाकुंभ और महाशिवरात्रि के ऐतिहासिक एवं पावन अवसर पर कैदियों को आध्यात्मिक लाभ देने के लिए साय सरकार ने उत्कृष्ट की पहल की है। कैदियों के गंगा स्नान के लिए जेल प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। कैदियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि सरकार बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम चलाती रहेगी। उप मुख्यमंत्री  शर्मा ने कहा कि संस्कार हमारी संस्कृति से जुड़े हैं और यह हमारी परंपराओं का एक अभिन्न हिस्सा है। समाज में सुधार और पुनर्वास की भावना के तहत यह निर्णय लिया गया है, जिससे कैदियों में आत्मशुद्धि और नैतिकता के भाव उत्पन्न हों। उन्होंने यह भी कहा कि यह महाकुंभ 144 साल बाद हो रहा है और हर व्यक्ति को इसका लाभ उठाने का अधिकार है। इसी सोच के तहत जेलों में बंद कैदियों को भी इस आध्यात्मिक अवसर से जोड़ा जा रहा है।  शर्मा की पहल पर आज जेलों में गंगा स्नान की खास व्यवस्था की गई थी। गंगाजल से भरे पानी टैंकों में गुलाब फूलों की पंखुड़ियां भी डाली गई थीं। महकते गंगाजल से नहाने के लिए कैदियों में होड़ सी मच गई थी। इस साल का महाशिवरात्रि पर्व कैदियों के लिए अविस्मरणीय बन गया। निश्चय ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की यह पहल कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

रिकॉर्ड मतों से जीतकर 22 वर्षीय किरण बनीं दुबे उमरगांव की सरपंच

0
  • किरण ने जीत में तोड़ा अपने चाचा का रिकॉर्ड
  •  किरण को 378 मतों से मिली ऐतिहासिक जीत

जगदलपुर राजनीति में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसका ताजा उदाहरण ग्राम पंचायत दुबे उमरगांव में देखने को मिला। यहां 22 वर्षीय कुमारी किरण मौर्य ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 378 मतों के बड़े अंतर से विजय हासिल की है।

वहीं पिछले सरपंच चुनाव में किरण के चाचा राम्या राम मौर्य ने 321 वोट से जीत दर्ज की थी। अपने चाचा रिकार्ड तोड़ते हुए किरण ने त्रिकोणीय

मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज कराई है। किरण के सरपंच चुने जाने से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। किरण मौर्य पूर्व सरपंच एवं सरपंच संघ अध्यक्ष राम्या राम मौर्य की भतीजी हैं। इससे पहले राम्या राम मौर्य इसी ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके हैं। अब उसी परिवार से किरण मौर्य ने यह उपलब्धि हासिल की है। यह पहली बार है कि एक ही परिवार से लगातार दूसरी बार सरपंच चुना गया है।

सबसे कम उम्र वाली सरपंच

किरण मौर्य न केवल अपने गांव की, बल्कि पूरे ब्लॉक की सबसे युवा सरपंच बनी हैं। 22 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि को प्राप्त करना राजनीति में युवाओं की बढ़ती रुचि और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। किरण मौर्य की जीत के बाद पूरे गांव में जश्न का माहौल है। उनके परिवार और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में गांव के विकास की उम्मीद जताई। यह जीत साबित करती है कि अगर युवा राजनीति में सक्रिय हों और सही नेतृत्व दें, तो वे बदलाव लाने में सक्षम हो सकते हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS