City Media - Page 354 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 354

अबुझमाड़ में नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़; 5 नक्सलियों के शव बरामद, दो जवान घायल

0

अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में सरकार ने अपने कदम तेज़ी से बढ़ाना शुरू कर दिए हैं।सुरक्षा बल मुठभेड़ों में लगातार नक्सलियों का खात्मा करते जा रहे हैं। आज भी बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच सुबह से जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। इस मुठभेड़ में अब तक पांच नक्सली मारे जा चुके हैं और दो जवान घायल हुए हैं।

दक्षिण बस्तर के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगलों को अब तक नक्सलियों का सबसे मजबूत और सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा है।अब इस ठिकाने तक भी फोर्स की पैठ बन गई है। अबूझमाड़ में दो कैंपों की स्थापना कर सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का काम शुरू कर दिया है। बस्तर के दूसरे छोर पर कांकेर, नारायणपुर के अबुझमाड़ में जवानों का नक्सलियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन जारी है। वहां नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्चिंग के लिए डीआरजी, एस्टीएफ और बीएसएफ के जवान सर्चिंग के लिए रवाना हुए थे। शनिवार को सुबह 8 बजे जंगल में फोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से जबरदस्त फायरिंग होने लगी। अभी भी रुक रुककर फायरिंग हो रही है। फोर्स ने मौके से पांच नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। दो जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है, उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

मूली के बाजार शेड निर्माण में जमकर की जा रही गड़बड़ी

0
  • डीएमएफटी से स्वीकृत हुए हैं 37 लाख रुपए 

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मूली में अधिकारियों की आंखों के सामने भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। अधिकारी मुंह मोड़े बैठे हैं। मूली के सरपंच सचिव कमीशन के पीछे ठेकेदार माध्यम से घटिया स्तर का बाजार शेड निर्माण करवा रहे हैं।

डीएमएफटी मद से मूली ग्राम पंचायत में बाजार शेड निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि की बंदरबांट कर ली गई है। बकावड ब्लॉक मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर ग्राम मूली में बाजार शेड निर्माण के लिए जिला खनिज निधि न्यास से दो बराबर किश्तों में कुल 37 लख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण की गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच और सचिव ने स्थानीय मजदूरों और राजमिस्त्रियों को सीधे काम न देकर पूरे निर्माण की जिम्मेदारी एक ठेकेदार को दे रखी है। ठेकेदार भी स्थानीय मजदूरों को काम पर नहीं रख रहा है।जो मजदूर लगाए भी गए, उन्हें बहुत ही कम मजदूरी दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने से शेड ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगा। शेड के कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त होकर गिर जाने की संभावना है। ऐसे में भविष्य गंभीर घटना भी हो सकती है। ग्रामीण का आरोप है कि मूली के सरपंच सचिव कमीशनखोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। ठेकेदार के माध्यम से घटिया शेड निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार यदु बंधु द्वारा टेंडर लेकर बाजार शेड 1 वर्ष से अधूरा छोड़कर अपने मनमर्जी का काम कराया जा रहा है। घटिया स्तर की सीमेंट ईट का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्लेटफार्म में व नीचे ग्राहकों के चलने के लिए छोड़ी गई जगह पर मुरूम की जगह मिट्टी डाल दी गई है। प्लेटफार्म की क्यूरिंग तक नहीं की गई है। निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आज तक कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा है। इस विषय पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारी का कहना है कि बाजार शेड के प्लेटफार्म में मुरूम की जगह में मिट्टी डाली गई है, तो उसे खाली करा दिया जाएगा आगे का पेमेंट रोक दिया जाएगा।

वर्सन

कराएंगे जांच

बाजार शेड का निर्माण अगर गुणवत्ता पूर्ण ढंग से नहीं कराया जा रहा है, तो जांच कराएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    एसएस मंडावी,

        सीईओ, जनपद पंचायत बकावंड

भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह में आदिवासी एकता और संघर्ष पर बल

0
  • आदिवासियों को अपने हक के लिए जागना होगा: महेश स्वर्ण 

जगदलपुर भगवान बिरसा मुंडा, जिन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है, की जयंती के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन दंतेवाड़ा के आदिवासी भवन में किया गया।

इस अवसर पर एबोरिजिनल ट्राइब्स के अध्यक्ष महेश स्वर्ण ने सर्व समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में भगवान बिरसा मुंडा द्वारा आदिवासी समुदाय और देश के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए विचार प्रकट किए। महेश स्वर्ण ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन को आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनकी सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने हमेशा आदिवासी समाज को एकजुट रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। महेश स्वर्ण ने वर्तमान में आदिवासी समुदाय के सामने आ रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के समय में, भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है। आदिवासी समाज को अपने जल, जंगल और जमीन पर अधिकार की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। बिरसा मुंडा ने सिखाया है कि जब हमारे हक छीन जाते हैं, तब हमें एकजुट होकर अपने हक के लिए संघर्ष करना चाहिए उनके जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि अधिकारों और आत्मसम्मान के लिए कोई भी बलिदान बड़ा नहीं होता।आज जब हम बिरसा मुंडा को याद कर रहे हैं, तो हमें उनके आदर्शों को अपनी जीवन शैली में अपनाने की जरूरत है। उनका संघर्ष केवल उसी समय के लिए नहीं था, बल्कि यह हमारे समाज के भविष्य को सुरक्षित करने की उनकी महान सोच थी।महेश स्वर्ण ने इस अवसर पर सभी आदिवासी और गैर आदिवासी समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता, एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

केशकाल घाट में चल रहे काम का हाल देखने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे कलेक्टर, दिखाए कड़े तेवर

0
  •  घाट के सबसे ऊंची चोटी से नीचे तक पैदल चलकर देखी निर्माण की गुणवत्ता

जगदलपुर रायपुर- जगदलपुर नेशनल हाईवे पर केशकाल घाटी में चल रहे मार्ग मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने कलेक्टर कुणाल दुदावत शुक्रवार की शाम घाटी पंहुचे और घाटी के सबसे उपर की मोड़ से नीचे तक पैदल चलकर चल रहे मरम्मत कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित नेशनल हाईवे के कार्यपालन अभियंता एवं ठेकेदार का काम कराने वाले सुपरवाइजर को चल रहे काम की गति को लेकर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा काम तेज गति से होना चाहिए और गुणवत्ता पूर्ण होना चाहिए।

चल रहे काम को देखते हुए पैदल चलने पर सड़क के दोनों तरफ जमी धूल को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी प्रकट करते सख्त लहजे में कहा कि हर हाल में सड़क की डस्ट साफ हो जानी चाहिए ताकि सड़क से गुजरने वालों को तकलीफ न हो। इसके साथ यह भी निर्देश दिया कि निकलने वाले डस्ट को घाटी में ही आजू बाजू डालने के बजाय बाहर ले जाकर फिकवाएं जिससे पेड़ पौधों को भी क्षति न पंहुचे। श्री दुदावत ने कार्यपालन अभियंता से कहा कि काम आधा अधूरा न हो इसका भी ध्यान रखें।जब काम हो ही रहा है तो ठीक ठाक काम होना चाहिए और पूरा काम होना चाहिए। मोड़ों पर की जा रही कांक्रीट ढलाई और डामरीकरण के बारे में विभागीय योजना एवं आनुमानित समय अवधि के बारे में जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि मरम्मत कार्य के चलते रूट डायवर्ट करने से लोगों को परेशानी हो रही है, जिसका ध्यान रखते मरम्मत कार्य देर रात तक करवाते तय अवधि तक काम जल्दी से जल्दी पूरा कराने की कोशिश करना है। एक मोड़ पर किए गए कांक्रीटीकरण पर तराई न होने पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह से लापरवाही ठीक नहीं है। पूरी व्यवस्था के साथ काम करवाना चाहिए। सड़क पर किए जाने वाले डामरीकरण में और गति लाते हुए जल्दी से जल्दी मरम्मत कार्य को पूरा करने का निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि लेट लतीफी और लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान

कलेक्टर के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित भोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केशकाल अंकित चौहान तथा कार्यपालन अधिकारी आरके गुरू अनुविभागीय अधिकारी श्री साहू राष्ट्रीय राजमार्ग 30 लोक निर्माण विभाग, एसडीएम श्री साहू, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री धनेश्री, थाना प्रभारी विकास बघेल आदि उपस्थित रहे।

देश की आजादी और जनजातीय समाज के उत्थान में स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का योगदान अतुल्य: किरण देव

0
  • जावंगा आडिटोरियम में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस 

जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के गीदम क्षेत्र अंतर्गत जावंगा स्थित ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान में स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श और संघर्ष की गाथा आज भी प्रेरणादायक है। उनकी 150वी जयंती को आज पूरा देश मना रहा है। जनजातीय समाज की विरासत सदैव गौरवशाली रही है। इस समाज ने कभी भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया हैै। आज जनजातीय गौरव दिवस मना रहे है इसका पूरा श्रेय देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। देश के विभिन्न 500 अलग-अलग स्थानों में भव्य समारोह आयोजित किए गए हैं। जनजातीय समाज हमेशा ही देश की स्वतंत्रता के लिए अपनी आहूति दी है फिर वह चाहे वीर शिवाजी हों अथवा महाराणा प्रताप इसके साथ ही उन्होंने बस्तर के सेनानी गुंडाधुर के योगदान और भूमकाल विद्रोह का भी ज्रिक किया। उन्होंने आगे कहा कि देश के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में आज जो सकारात्मक परिवर्तन आया है इसका पूरा श्रेय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री को है।

इसके पूर्व ऑडिटोरियम स्थल में प्रधानमंत्री मोदी के बिहार में के जमुई जिले में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा 66 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्यो का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया। जावंगा के कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज में सुधार कर उसे एक नई दिशा दी है। अंग्रेजों द्वारा आदिवासियों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा सदैव के लिए अमर हो गए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने जनजातीय समाज को शुभकामनाएं दी। शालेय छात्र छात्राओं द्वारा लोकनृत्यों का मनभावन प्रदर्शन भी किया गया।अतिथियों ने छात्र-छात्राओं उनके प्रस्तुतियों के लिए पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह दिए। जिले के सभी विकासखंडों में जनजातीय दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पौधारोपण, धरती आबा, ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रस्तावना पंचायत विस्तार अधिनियम, वन अधिकार अधिनियम, पंचायत विकास सूचकांक, सतत विकास लक्ष्य जैसे कार्यक्रम किए गए। पिरामल फाउंडेशन द्वारा दंतेवाड़ा जिले के समेली, टीकनपाल, मड़से, टेकनार आदि स्थानों से 250 प्रतिभागियों को सम्मिलित किया गया था। इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, नगर पालिका बचेली की अध्यक्ष पूजा साव, नगर पंचायत गीदम की अध्यक्ष साक्षी सुराना, जिला पंचायत सदस्य रामूराम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

गौरवशाली जनजातीय परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आएं युवा: केदार कश्यप

0
  •  जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए वन मंत्री 

जगदलपुर जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जमुई से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्ष समारोह की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का एवं डाक टिकट का अनावरण भी किया और उन्होंने राष्ट्र के नाम अपना संबोधन दिया।

इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था जगदलपुर के टाउन हाल में की गई थी। वन मंत्री केदार कश्यप की मुख्य आतिथ्य में उपस्थित अतिथियों ने प्रसारण को देखा। इस अवसर पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर सफीरा साहू, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतिष्ठा ममगाई, नगर निगम आयुक्त निर्भय साहू, सहायक आयुक्त आदिवासी जीएस शोरी सहित अन्य अधिकारी और जनजातीय समुदाय के सदस्य तथा स्कूली बच्चे उपस्थित थे।जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के अवसर पर टाउन हाल में वन मंत्री केदार कश्यप ने पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए वेशभूषा की खरीदी भी की। कश्यप ने बीएसएनएल के सिम स्टाल में फीता काटकर विक्रय की शुरुआत भी की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने जनजातीय समुदाय के नागरिकों द्वारा प्रतिदिन उपयोग किए जाने वाले औजारों, खानपान, संस्कृति के संबंधित धरोहर के प्रतीकों की प्रदर्शनी लगाई थी। मंत्री कश्यप ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनजातीय खानपान का स्वाद लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टाल में अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। उन्होंने शहीद परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया। साथ ही जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, बस्तरिया वेशभूषा-आभूषण बनाने वाले दल, एफआरए के हितग्राहियों को बीज का मिनी किट प्रदान किए। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज हम सभी बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती मनाते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। हमारे जनजातीय समाज के महापुरूषों ने देश की आजादी, संस्कृति और जल-जंगल जमीन की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। इन जन नायकों के योगदान को सदैव स्मरण रखने सहित जनजातीय परम्परा, संस्कृति, धरोहर को बनाए रखने के लिए हमें संकल्प लेना होगा। हमारे गौरवशाली इतिहास को जानने-समझने सहित संरक्षण-संवर्धन के लिए नई पीढ़ी को आगे आकर सहभागिता निभानी होगी।जिससे इन वीर शहीदों की स्मृति चिरस्थायी बनी रहे। इस मौके पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल ने भी संबोधित करते हुए जनजातीय समाज के वीर योद्धाओं के योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम में कलेक्टर हरिस एस ने स्वागत उदबोधन देते बताया कि जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और बलिदानों को सम्मानित करने तथा आमजन एवं भावी नागरिकों को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने के लिए मनाया जाता है। वर्ष 2021 को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 15 नवंबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में इसे जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था, तभी से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “सामाजिक, आर्थिक विकास, आजीविका एवं उद्यमिता, कला-संस्कृति एवं धरोहर, शिक्षा और कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं जीवन शैली है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासियों के हितों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। कलेक्टर श्री हरिस ने बस्तर संभाग के वीर- वीरांगनाओं को नमन करते हुए उनके नाम का उल्लेखित किया और उनके द्वारा स्वतंत्रता संग्राम, संस्कृति तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को रेखांकित किया।

विधायक किरण देव ने टेका गुरुद्वारे में मत्था

0

जगदलपुर प्रकाश पर्व गुरुनानक देव जी की जयंती पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने वहां मत्था टेका, गुरुग्रंथ साहिब और गुरु नानक देव जी को नमन किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने किया

0

जगदलपुर शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (टाउन हॉल )में आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सफीरा साहू, विधाशरण तिवारी,एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव ,योगेंद्र पांडे ,आलोक अवस्थी, नरसिंह राव, निर्मल पाणिग्रही,वरिष्ठ पार्षद संजय पांडे ,दिगंबर राव, त्रिवेणी रंधारी ,ममता पोटाई, आयुक्त निर्भय कुमार साहू उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 हितग्राही सर्वेक्षण कार्य के शुभारंभ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सभी वर्गों को पक्के मकान देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसी तारतम्य में आज प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का शुभारंभ किया जा रहा है । प्रधानमंत्री आवास योजना बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है, इस योजना का प्रमुख उद्देश्य देश में गरीब वर्ग के लोगों को पक्का व सर्व सुविधायुक्त आवास मिले । यह कल्याणकारी योजना पूरे देश भर के लिए बनाई गई है, जिसमें सभी वर्ग इस योजना का लाभ ले रहे हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए धन्यवाद। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 जिसका आज शुभारंभ किया गया है इसमें नियम में कुछ बदलाव किए गए हैं जिससे आप सभी हितग्राहियों का इसका लाभ मिल सके। आज से हितग्राहियों का पंजीयन का शुभारंभ हुआ है सभी हितग्राहियों को हमारी ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं। इस योजना के लाभ के लिए शहर के सभी वार्डों में शिविर लगाया जाएगा । साथ ही श्री देव ने कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती की भी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। वही महापौर श्रीमती सफीरा साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना का लाभ अधिक से अधिक ले । वही प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 योजना के विषय में आयुक्त निर्भय कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि आज से शहर के 48 वार्डों में 2 दिसंबर 2024 तक का शिविर लगाया जाएगा। शासन द्वारा निर्धारित नियम के अनुसार हितग्राही पंजीकरण कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं । प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के शुभारंभ पर पंजीयन किये हितग्राहियों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव एवं अन्य तिथियां के द्वारा उनका स्वागत किया गया । इस दौरान प्रभारी कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज उप अभियंता अमर सिंह कश्यप दीपांशु देवांगन एवं निगम के अधिकारी व कर्मचारी व हितग्राही उपस्थित थे।

 

आंध्रप्रदेश से मंगाए गए पीडीएस के चावल को नागरिक आपूर्ति निगम में खपाने की थी तैयारी

0
  •  बकावंड एसडीएम ने जांच रिपोर्ट सौंपी कलेक्टर को 

अर्जुन झा

बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम छोटे देवड़ा की नारायण राइस मिल में पकड़े गए आंध्रप्रदेश शासन के पीडीएस के चावल को छत्तीसगढ़ शासन के नागरिक आपूर्ति निगम में खपाने की तैयारी थी। इसका खुलासा मामले की जांच में हुआ है। मामले की जांच रिपोर्ट बकावंड एसडीएम ने कलेक्टर को सौंप दी है। अब कार्रवाई का सारा दारोमदार कलेक्टर पर टिका है।

बकावंड के तहसीलदार नीतेश वर्मा, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने बीते दिनों छोटे देवड़ा की नारायण राईस मिल में रात के समय तीन ट्रकों से अनलोड हो रहे 1500 बोरी चावल को जप्त किया था। टीम ने तीनों ट्रकों को भी जप्त कर लिया है। यह चावल आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा की एक राइस मिल से यहां पहुंचा था। ट्रक ड्राइवर से बरामद ई वे बिल चावल को ओड़िशा ले जाने के लिए कटा था। खबर है कि जप्त चावल आंध्रप्रदेश शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली का है। राइस मिलर अपने कोटे के शेष बचे चावल के रूप में इसी चावल को छत्तीसगढ़ शासन के नागरिक आपूर्ति निगम में खपाने की फिराक में था, मगर उसके पहले ही मामले का भंडाफोड़ हो गया। मामले की जांच बकावंड एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने की थी।मामले की जांच रिपोर्ट बकावंड एसडीएम श्री तिवारी द्वारा बुधवार को बस्तर कलेक्टर हरिस.एस को सौंप दी गई। अब मामले में कलेक्टर को फैसला लेना है। सुकमा जिले में भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल की अफरा-तफरी का मामला सामने आया था।मामले में कार्रवाई को लेकर तत्कालीन कलेक्टर सुर्खियों में रहे थे। अब देखना है कि नारायण राइस मिल से चावल जप्ती मामले में क्या कार्रवाई की जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर नारायण राईस मिल से तहसीलदार द्वारा लगभग

1500 बोरी चावल जप्त किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया था कि उक्त चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली का है, जो विजयवाड़ा की स्वस्तिक राईस मिल से ओड़िशा के लिये निकला था।जप्त किया थी। जप्ती के दौरान राईस मिल संचालक द्वारा चावल मंगाये जाने के सबंध में कोई बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया था। नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उक्त राईस मिलर द्वारा अनुबंध के अनुसार अपने कोटे का लगभग 600 मिट्रिक टन चावल जमा नहीं कराया गया है। ऐसी खबर है कि दीगर प्रांतों से राशन की चावल प्लास्टिक बोरियों में मंगाकर जूट की बोरियों में पलटी कर और अपनी मिल का सील लगाकर उस चावल को राईस मिलर द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम में जमा कराने की तैयारी थी।

वर्सन

जांच रिपोर्ट कलेक्टर के सुपुर्द

छोटे देवड़ा की राईस मिल में तहसीलदार द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जांच रिपोर्ट को कलेक्टर के सुपुर्द किया जा चुका है।

श्री तिवारी,

  एसडीएम, बकावंड

ब्लेस बस्तर कार्यक्रम; कोर्ट के फैसले का पालन करेगा मसीही समाज

0
  •  आंदोलन की चर्चा का समाज ने किया खंडन 
  • कलेक्टर और एसपी से मिले समाज के प्रतिनिधि 

जगदलपुर ब्लेस बस्तर कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं मिलने पर आंदोलन करने की बात से मसीही समुदाय ने इंकार किया है। समाज के लोगों ने कहा है कि हाईकोर्ट और कलेक्टर के आदेश का वे पालन करेंगे।

मसीही समाज के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को कलेक्टर हरिस एस और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा से आज मुलाकात की। ब्लेस बस्तर कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की गई।प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि पूर्व में 8, 9 एवं 10 नवंबर को जो कार्यक्रम प्रस्तावित था उस कार्यक्रम के संबंध में लगे रिट पिटीशन पर उच्च न्यायालय द्वारा निर्णय सुरक्षित रखा गया है। हाई कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हुए मसीह समाज ने न्यायालय के आदेशानुसार ही भविष्य में कार्यक्रम के बारे में निर्णय लेने की बात कही। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि जो भी आदेश हाई कोर्ट एवं जिला प्रशासन का होगा, उसके अनुरूप समाज कार्य करेगा। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि कार्यक्रम नहीं होने के विरोध स्वरूप मसीही समाज के लोग आंदोलन करेंगे या प्रदर्शन करेंगे। इस बात का मसीही समाज ने पूर्णतः खंडन किया है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मसीही समाज शांतिप्रिय समाज है और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कटिबद्ध है। कुछ लोगों द्वारा समाज के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सर्वथा अनुचित है।

MOST POPULAR

HOT NEWS