जगदलपुर जिला प्रशासन द्वारा 29 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है। दौड़ में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षण संस्थाओं के बच्चे, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर व होमगार्ड के जवान, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खेल संघों के खिलाड़ी व पदाधिकारी भाग लेगें। रन फॉर यूनिटी दौड़ प्रातः 7.30 बजे दंतेश्वरी मंदिर परिसर से संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड होते हुए, बस्तर हाई स्कूल के सामने से, गोल बाजार चौक से मंदिर प्रांगण में समाप्त होगी। खेल विभाग ने रन फॉर यूनिटी के अवसर पर सभी से आयोजन में भाग लेने की अपील की है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
डौंडीलोहारा की तरफ से दल्ली राजहरा की तरफ आ रहे युवक को कुसुमकसा मेन रोड में अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी दी जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपने गांव से अपने बड़े भाई के यहां दल्ली राजहरा आ रहा था जिसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी मृतक युवक का नाम राजेश्वर उनद्रा उर्फ राजू उम्र 24 वर्ष बताया जा रहा है मौके पर पुलिस पहुंचकर पंचनामा कर बॉडी को मर्चुरी में रखवा दिया गया है अज्ञात वाहन की छानबीन जारी है।

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
दल्लीराजहरा युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या आज शाम 5से 6 बजे के आसपास युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली युवक उस समय घर में अकेला था युवक की पत्नी अपने मायके गई हुई है युवक का 6-7 महीने का एक बच्चा है युवक के पिताजी परिवार में हुए शोक कार्यक्रम शामिल होने बाहर गए हुए हैं मां जब घर आई तो देखी युवक फांसी पर लटका हुआ था युवक का नाम रतन चौधरी उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही युवक पंडर दल्ली का रहने वाला है। मौके पर पुलिस पहुंचकर शव को उतार कर पंचनामा कर मर्चुरी में रखावा दिया है कल सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिवारजनों को सौप दिया जाएगा।
सेल प्रबंधन की तानाशाही के खिलाफ खदानों में हुई जबरदस्त हड़ताल
दल्लीराजहरा नियमित कर्मचारियों के 39 महीने के एरियर्स सहित वेज रिवीजन के तमाम लंबित मुद्दों, बोनस पर प्रबंधन के एक तरफा फैसला के खिलाफ एवं ठेका मजदूर को समान काम के लिए समान वेतन नहीं दिए जाने के खिलाफ सेल स्तरीय हड़ताल में खदान के नियमित एवं ठेका कर्मचारियों ने बढ़कर हिस्सेदारी की।
आज सुबह 5:00 से ही लौह अयस्क खान समूह राजहरा की समस्त खदानों में यूनियन एवं कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया।हालांकि खदान के सभी नियमित एवं ठेका कर्मचारी स्वमेव हड़ताल पर रहे । सभी खदानों में शत प्रतिशत हड़ताल रही एवं खदानों का उत्पादन पूरी तरह ठप रहा । कर्मचारियों में इतना आक्रोश था की अत्यआवश्यक सेवाएं भी बंद कर दी गईं । प्रबंधन के निवेदन के बाद द्वितीय पाली में वाटर सप्लाई बहाल हो पायी ।इस बीच प्रबंधन ने यूनियनों की बैठक बुलाकर स्थानीय स्तर के मुद्दों को यथाशीघ्र हल करने का आश्वासन दिया । फिर भी सेल स्तर के मुद्दों पर आक्रोशित यूनियन एवं श्रमिकों ने हड़ताल को जारी रखने का फैसला लिया। प्रथम एवं द्वितीय पाली में हड़ताल शत प्रतिशत सफल रही नाइट शिफ्ट में भी हड़ताल पूरी तरह सफल रहेगी। इस बीच एटक के सचिव कमलजीत सिंह मान ने कहा कि यदि प्रबंधन इस हड़ताल के बाद भी अपने रवैया में परिवर्तन नहीं करता तो आगे और बड़ा आंदोलन होने की पूरी संभावना है। सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा की सेल प्रबंधन को कर्मचारी और यूनियनों ने सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए पर्याप्त समय दिया लेकिन इसके बाद भी प्रबंधन ने कर्मचारी और यूनियनों को कमजोर समझा और अपने अडियल रवैया पर अडिग है, जिसके परिणाम स्वरूप यह हड़ताल हुई है । यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया तो आगे इससे और बड़ी हड़ताल होगी । इंटक के अभय सिंह ने कहा कि यह हड़ताल सेल प्रबंधन की तानाशाही के खिलाफ है। प्रबंधन मजदूरों के प्रति अपने सोच में जल्द बदलाव लाए अन्यथा औद्योगिक अशांति के लिए प्रबंधन जिम्मेदार रहेगा ।बीएमएस के अध्यक्ष मुस्ताक अहमद ने कहा कि नियमित एवं ठेका दोनों ही प्रकार के श्रमिकों का शोषण सेल में लगातार हो रहा है यूनियनों ने पहले शांतिपूर्ण ढंग से मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन प्रबंधन की समझ में हड़ताल की भाषा ही आती है ।छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ के अध्यक्ष सोमनाथ उइके ने कहा कि दल्ली राजहरा की परंपरा अनुसार नियमित और ठेका मजदूर कंधे से कंधा मिलाकर हर आंदोलन को सफल बनाते हैं, इस बार भी इस परंपरा को कायम रखने में हम सफल रहे हैं ।आशा है कि प्रबंधन की नींद जल्द टूटेगी । जन मुक्ति मोर्चा के सचिव बसंत रावटे ने कहा कि सेल प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय प्रबंधन भी मजदूरों की समस्याओं को निराकरण करने में उदासीन रवैया अपना रहा है इसलिए आज की हड़ताल यह चेतावनी है कि सेल स्तर के साथ-साथ स्थानीय ठेका मजदूरों की समस्याओं पर भी प्रबंधन जल्द संज्ञान ले अन्यथा आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा । आज की हड़ताल को सफल बनाने में एटक से राजेन्द्र बेहरा ,तोरण लाल साहू, कुलदीप सिंह, इंटक से तिलक मानकर, तेजेन्दर, सीटू से जे गुरुवुलु, विनोद मिश्रा, सुजीत मुखर्जी, बीएमएस से लखन चौधरी, छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ से सुरेंद्र साहू, शैलेश,राजाराम जन्म मुक्ति मोर्चा से विजय सिंह शिवाजी, संजय सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की । आज सभी खदान कर्मियों ने संकल्प लिया कि यदि जल्द ही सेल प्रबंधन ने अपना रवैया बदलते हुए मजदूरों की लंबित समस्याओं का निराकरण नहीं किया तो आगे हम और बड़े आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार है
दंतेवाड़ा आंखफोड़वा कांड में नेत्र सर्जन डॉ. गीता नेताम सस्पेंड
- मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद छिन गई थी 10 लोगों की आंखों की रौशनी
- ऑपरेशन थिएटर को बिना सेनेटाइज किए वहीं कर दिया गया ऑपरेशन
–अर्जुन झा–
जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिला चिकित्सालय में घटित आंख फोड़वा कांड के सिलसिले में जिला चिकित्सालय की नेत्र सर्जन डॉ. गीता नेताम को सस्पेंड कर दिया गया है। डॉ. गीता नेताम के निलंबन की कार्रवाई राज्य के वन मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के आदेश पर की गई है।
उल्लेखनीय है कि अंधत्व निवारण अभियान के तहत दंतेवाड़ा जिला चिकित्सालय में 20 ग्रामीणों की आंखों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद संबंधित लोगों की आंखो में इन्फेंक्शन की शिकायत शुरू हो गई। ग्रामीणों हालात बिगड़ने लगी। इसके बाद 10 ग्रामीणों को आनन- फानन में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में लाकर भर्ती कराया गया था। जहां से शनिवार को ये सभी ग्रामीण रायपुर रेफर कर दिए गए।कई ग्रामीणों की आंखों की रोशनी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने ऑपरेशन में घोर लापरवाही बरती थी। जिला चिकित्सालय के सालभर से बंद पड़े ऑपरेशन थिएटर को बिना सेनेटाइज किए ही वहां मोतियाबिंद के मरीजों की आंखों का ऑपरेशन कर दिया गया था। जबकि ऑपरेशन थिएटर में धूल गर्द जमी हुई थी। किसी भी तरह के ऑपरेशन में बड़ी सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। जब आंख जैसे संवेदनशील अंग के ऑपरेशन की बात हो तो और भी ज्यादा सतर्कता बरतनी होती है। मगर जिला चिकित्सालय प्रशासन ने घोर लापरवाही बरतते हुए गंदगी से भरे ऑपरेशन थिएटर में ही मरीजों की आंखों का ऑपरेशन करवा दिया। नेत्र सर्जन ने भी धूल गर्द की परवाह किए बगैर और उसके चलते संभावित खतरे की अनदेखी करते हुए एक के बाद एक धड़ाधड़ बीस ग्रामीणों की आंखों के ऑपरेशन की प्रक्रिया हड़बड़ी में निबटा दी। इसका दुष्परिणाम ऑपरेशन के बाद देखने को मिला और इसका खामियाजा बेकसूर ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों की हालत बिगड़ने पर उन्हें आनन फानन में दो वाहनों में भरकर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल लाकर भर्ती करा दिया गया। जब यहां भी बात नहीं बनी तो सभी मरीजों को मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि वहां मरीजों की आंखों का दोबारा ऑपरेशन किया गया है। दंतेवाड़ा में 20 ग्रामीणों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद 10 लोगों की आंखों में इन्फेक्शन की शिकायत सामने आई थी। कुछ मरीजों की आंख में दर्द था, तो कुछ को ऑपरेशन के बाद कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। आंखों से लगातार पानी बह रहा था। मरीजों के साथ आए परिजनों ने बताया कि मितानिन के जरिए वे सोमवार को दंतेवाड़ा अस्पताल मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए परिजन मरीजों को लेकर पहुंचे थे। दंतेवाड़ा अस्पताल में मंगलवार को ऑपरेशन किया गया। बुधवार से ही मरीजों को समस्या आनी शुरू हो गई। बुधवार को मरीजों की आखों की सफाई कराई गई। इसके बाद मामला बिगड़ता देख गुरुवार को आनन- फानन में दो अलग-अलग गाड़ियों से मरीजों को दंतेवाड़ा से रायपुर भेजा गया। इसके बाद शुक्रवार को ही रायपुर में डॉक्टर्स की टीम ने इन मरीजों के दोबारा ऑपरेशन किए।
मंत्री कश्यप का कड़ा रुख
मामला संज्ञान में आते ही वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के शीर्ष अधिकारियों को मामले में फौरी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही मंत्री केदार कश्यप ने मेकाहारा के डीन को भी जगदलपुर मेडिकल कॉलेज से रेफर किए गए दंतेवाड़ा के नेत्र पीड़ित मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री केदार कश्यप के कड़े रुख को देखते हुए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अवर सचिव ने दंतेवाड़ा जिला चिकित्सालय की नेत्र सर्जन डॉ. गीता नेताम को निलंबित कर दिया है। डॉ. गीता नेताम को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय दंतेवाड़ा में अटैच किया गया है। मंत्री केदार कश्यप द्वारा बिना देरी किए उठाए गए इस कदम की जमकर सराहना हो रही है।
खूब पढ़ें बेटियां, बस्तर और छत्तीसगढ़ का नाम करें रौशन: सांसद महेश कश्यप
- सरगीपाल की छात्राओं को सांसद ने वितरित की निशुल्क साइकिल
बकावंड सरस्वती साइकिल योजना के तहत राज्य में स्कूली छात्राओं को दूर दराज ग्रामों से स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना न करने पड़े। इस उद्देश्य से साइकिल वितरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के सरगीपाल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने सरगीपाल, राजनगर एवं शासकीय हाई स्कूल कोसमी की छात्राओं को सायकलें वितरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि छात्राओं को साइकिल मिलने से उन्हें स्कूल आने-जाने में सहूलियत होगी। पहले पैदल स्कूल आने जाने में समय जाया होता था, थकावट होती थी। उससे अब मुक्ति मिलेगी। जो समय बचेगा उसका सदुपयोग बेटियां पढ़ाई में कर सकेंगी। थकावट न रहने से पढ़ाई में भी मन लगेगा। कश्यप ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का जो नारा दिया है, वह अब फलीभूत होने लगा है। हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की सोच के अनुरूप राज्य की छात्राओ का पढ़ाई में मन लगा रहे, जिससे कि उनका परिणाम रहे और वे बस्तर एवं राज्य का नाम रोशन कर सकें एवं छात्राओं को समय पर स्कूल जाने के लिए किसी पर निर्भर न रहना पड़े और स्वयं अपनी साइकिल से विद्यालय आवाजाही कर सकें। इसी उद्देश्य से सरस्वती सायकल योजना शुरू की गई है। सांसद महेश कश्यप ने कहा- आप सभी बेटियां मन लगाकर खूब पढ़ाई करें। डॉक्टर, इंजीनियर, आईपीएस, आईएएस बनकर बकावंड, बस्तर, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रौशन करें, अपने माता पिता एवं गुरुजनों का मान बढ़ाएं।साइकल वितरण कार्यक्रम में उपस्थित सांसद बस्तर का ग्रामीणों ने अपनी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बकावंड धनुर्जय कश्यप, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा से वनवासी मौर्य, जनपद सदस्य सुनील सेठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित त्रिवेदी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा, प्राचार्य अनंत राम कश्यप एवं प्राचार्य पुरुषोत्तम साहू उपस्थित थे। सभी ने छात्राओं को साईकिल वितरित किया। संस्था का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की प्राचार्या एम. सुजाता नायडू ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल प्रोत्साहित करना था, बल्कि उनकी शैक्षिक यात्रा को सुगम बनाना भी है। उन्होंने पालकों से भी उनकी शिक्षा की ओर ध्यान देने का आह्वान किया। पालकों, अतिथियों और शिक्षकों विद्यार्थियों की प्रगति पर विचार विमर्श किया गया और शिक्षा को बेहतर बनाने के लिये आपसी समन्वय की प्रतिबद्धता जताई गई। शिक्षक प्रदीप पाढ़ी ने उपस्तिथ जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता रेणुबाला ने किया।
बीजापुर के कुम्मामेटा के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, घायल नक्सली चढ़ा हत्थे
- जख्मी नक्सली मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में मुठभेड़ के दौरान एक घायल नक्सली सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ गया। बीजापुर में प्राथमिक उपचार के बाद घायल नक्सली को स्व. बलिराम कश्यप मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल डिमरापाल जगदलपुर लाकर भर्ती कराया गया है।
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत माववाड़ा के जंगलों में माटवाड़ा एलओएस कमांडर अनिल पुनेम, हुंगा मड़काम एव अन्य 10-12 सशस्त्र नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान फोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में बेलचर आरपीसी कमेटी सदस्य 20 वर्षीय राकेश कुमार ओयाम पिता बीजा ओयाम निवासी माववाड़ा घटना स्थल पर घायल अवस्था में मिला। घायल नक्सली का बीजापुर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उसे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया। घायल नक्सली के विरुद्ध जांगला एवं भैरमगढ़ एवं मिरतुर थानों में 4 अपराध पूर्व से दर्ज हैं। घटना को लेकर भैरमगढ़ थाने में अन्य वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
जगदलपुर से छिन गई एक विमान सेवा, कर क्या रहे हैं हमारे रहनुमा: सुशील मौर्य
- इंडिगो की फ्लाईट बंद होना जनप्रतिनिधियों की बड़ी नाकामी: सुशील मौर्य
- कांग्रेस सरकार ने शुरू कराई थी यह फ्लाइट
जगदलपुर इंडिगो एयर लाइंस ने जगदलपुर- रायपुर फ्लाइट बंद कर दी है। इस मसले को लेकर बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बस्तर से एक बड़ी सुविधा छिन जाती है और हमारे रहनुमा आराम फरमा रहे हैं। वनमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक कर क्या रहे हैं, यह सोचने वाली बात है।
सुशील मौर्य ने कहा है कि इंडिगो ने जगदलपुर रायपुर विमान सेवा की टिकिट बुकिंग बंद कर दी है। इंडिगो ने 27 अक्टूबर से लागू विंटर शेड्यूल से इस विमान सेवा को हटा दिया है। जगदलपुर-रायपुर सेक्टर में विमान सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरूवार, शुक्रवार को संचालित की जाती थी, लेकिन अब स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर एवं मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर का हवाई संपर्क 28 अक्टूबर से टूट जाएगा।क्योंकि इंडिगो कंपनी ने इस विमान सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है। यह डबल इंजन वाली भाजपा सरकार की विफलता को उजागर कर रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों भाजपा के मंत्री केदार कश्यप विधायक किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित भाजपा के तमाम नेताओं की चुप्पी इस बात का प्रचंड सबूत है कि उन्होंने बस्तर की जनता को सिर्फ छलने का ही कार्य किया है। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने यात्रियों का खयाल रखते हुए जगदलपुर से रायपुर हेतु विमान सेवा की शुरुआत कराई थी। राज्य में बैठी डबल इंजन की सरकार की विफलता के चलते इस विमान सेवा को बंद कर दिया गया है। जिससे बस्तर जगदलपुर की जनता में काफी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा की सरकार ने हमेशा बस्तरवासियों को छला है। कांग्रेस की लाई हुई विमान सेवाओं जैसी अन्य योजनाओं को संजोये रखना छोड़ द्वेषपूर्ण राजनीति कर उनको बंद करने का कार्य कर रही है। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। आगामी समय में धनतेरस व दीपावली पर्व है और ऐसे त्यौहारी सीजन में इस विमान सेवा को बंद कर देने से यात्रियों, पर्यटकों, व्यापारी वर्ग और आम यात्रियों में काफी नाराजगी है। सुशील मौर्य ने कहा है कि इससे पहले अप्रैल के मध्य में एलाइंस एयर ने हैदराबाद- जगदलपुर- रायपुर सेक्टर में संचालित विमान सेवा को बंद कर दिया था और अब इंडिगो कंपनी द्वारा जगदलपुर से रायपुर के बीच संचालित विमान सेवा बंद कर दी है। अब तक इस मुद्दे पर मंत्री केदार कश्यप स्थानीय विधायक, बस्तर सांसद व भाजपा के किसी भी नेता का वक्तव्य सामने नही आया है। इन सभी की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि इन्हें बस्तर के विकास से कोई लेना देना नही है। कुल मिलाकर भाजपा की सरकार बस्तर के हित व जनहित विकास हेतु प्रतिबद्ध नही
नेशनल हाईवे को भी भूले
मौर्य ने कहा कि जगदलपुर के हवाई अड्डे का इतिहास ब्रिटिश काल के समय का है। जिसकी नींव वर्ष 1939 में द्वितीय विश्व युद्व के पूर्व ब्रिटिश काल में रखी गई थी। तब इसे जहाज भांठा के नाम से जाना जाता था। किंतु कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बस्तरवासियों की आस्था व अस्मिता अनुरूप जगदलपुर एयरपोर्ट का नामकरण बस्तर अंचल की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के नाम से किया गया है। विमान सेवा बंद होने से शहरवासियों को भारी दिक्कतें आ सकती हैं। जनता में भाजपा के निष्क्रिय मंत्री, सांसद, विधायक के प्रति आक्रोश है। वहीं बस्तर की लाइफ लाइन कही जाने वाली केशकाल घाटी की भी आज बद से बदतर स्थिति है। नगरनार स्टील प्लांट शुरू होने के बाद भारी वाहनों की आमदरफ्त बढ़ी है। पिछले कई महीनों से केशकाल घाटी की जर्जर सड़को से लोग परेशान हैं।इन सड़कों की मरम्मत कराने में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार नाकाम साबित हो चुकी है। अब तक स्थिति जस की तस है। यहां से गुजरने वाले नेशनल हाइवे 30 में जगह जगह गड्ढ़े हो गए हैं। लेकिन आम जनता को राहत देने नेशनल 30 के नवीनीकरण करने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली बीजेपी सरकार कुछ नहीं कर रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा के कारण हजारों यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।केशकाल में बाइपास रोड बनाने को लेकर भाजपा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाते हैं। यही कारण है कि बाइपास अब तक बनकर तैयार नहीं हुआ। जनता को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा लड़ती आई है और आगे भी जनहित के लिए लड़ती रहेगी।
बलरामपुर के गुरुचंद की हत्या के लिए साय सरकार जिम्मेदार: दीपक बैज
- भाजपा ने छत्तीसगढ़ में अराजक हालात बनाए
अर्जुन झा–
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शनिवार को बलरामपुर के दौरे पर रहे। बलरामपुर के गुरुचंद नामक शख्स की थाने में हुई मौत को आत्महत्या मानने से साफ इंकार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि गुरुचंद की हत्या की गई है और इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा ने राज्य में अराजकता का माहौल पैदा कर रखा है।
बलरामपुर में हालिया घटित हिंसक घटनाओं और पुलिस हिरासत में गुरुचंद नामक युवक की मौत को लेकर बलरामपुर पहुंचे दीपक बैज सबसे पहले पीड़ित परिवार से मिले। उन्हें ढाढ़स बंधया और भरोसा दिलाया कि आप लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए पूरा कांग्रेस परिवार आपके साथ खड़ा है। न्याय के लिए हम सरकार की इंट से इंट बजाने के लिए तैयार हैं। श्री बैज ने कहा कि जिस तरह कवर्धा जिले के लोहारीडीह गांव के पीड़ित परिवारों के लिए कांग्रेस लड़ती आ रही है, उसी तरह आप लोगों को भी न्याय दिलाने के लिए हम आखिरी दम तक लड़ेंगे। हम कांग्रेसी भाजपा की पुलिस से डरने वाले नहीं हैं। परिवार मुलाकात के बाद पीसीसी चीफ दीपक बैज मीडिया से भी मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी तत्व तो बेलगाम हैं ही, साय सरकार की पुलिस भी गुंडागर्दी पर उतर आई है। राज्य में पुलिस कस्टडी में बेकसूर लोगों की मौत हो रही है। पुलिस लोगों को हिरासत में लेकर मार डालती है और बाद में उसे आत्महत्या का मामला बताने की कोशिश करती है। गुरुचंद के साथ भी ऐसा ही हुआ है। गुरुचंद ने आत्महत्या नहीं किया है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। अगर ऐसा नहीं था, तो उसकी लाश को जलाने की हड़बड़ी पुलिस और प्रशासन ने क्यों मचाई? दीपक बैज ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। राज्य की व्यवस्था भाजपा सरकार से सम्हल नहीं पा रही है। छत्तीसगढ़ में माता बहनें पूरी तरह असुरक्षित हो गई हैं। हत्या, रेप, गैंगरेप, चाकूबाजी, फायरिंग, लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आपराधिक घटनाओं को रोक पाने में यह सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। ऐसी नकारी और निक्कमी सरकार और कहीं देखने को नहीं मिली है। ऎसी निकम्मी सरकार को तत्काल बर्खास्त कर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया जाना चाहिए। जब जनता अपने जान माल की सुरक्षा तथा अपराधियों और आपराधिक घटनाओं के विरोध में खुद सड़कों पर उतर आए तथा राज्य के हालात अराजक हो जाएं, तब ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बलरामपुर में महिलाओं द्वारा पुलिस पर हमला करना सरकार के नकारापन का ही नतीजा है जनता को अब पुलिस और सरकार पर भरोसा नहीं रह गया है। इसलिए वह खुद कानून को हाथ में लेने लगी है। पुलिस की अक्षमता और सरकार के अनिर्णय के कारण बलौदाबाजार में एसपी, कलेक्टर कार्यालय जला दिए गए, सूरजपुर में अपराधी के घर पर हमला करने गई भीड़ ने एसडीएम को पीटने के लिये दौड़ा दिया। कवर्धा में पुलिस से न्याय की उम्मीद छोड़ चुकी जनता ने एक व्यक्ति को उसके घर में जिंदा जला दिया। सीतापुर में पुलिस की लापरवाही के खिलाफ और अपराधी पर कार्रवाई की मांग को लेकर जनता को 24 घंटे चक्काजाम करना पड़ा। ये तमाम इस बात के सबूत हैं कि भाजपा के राज में अराजकता फैली हुई है। सरकार चलाने वाले कानून व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे हैं। दीपक बैज ने कहा कि सरकार की विफलता की जवाबदेही मुख्यमंत्री की है। मुख्यमंत्री का नियंत्रण सरकार पर नहीं है।
गोंडवाना सामुदायिक भवन कुसुमकसा का लोकार्पण जिला पंचायत उपाध्यक्ष के द्वारा किया गया
कुसुमकसा __गोंडवाना सामुदायिक भवन कुसुमकसा का लोकार्पण मिथलेश नूरेटी उपाध्यक्ष जिला पंचायत बालोद के मुख्य अतिथि में किया गया ,कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवराम सिंद्रामे सरपंच ग्राम पंचायत कुसुमकसा ,विशिष्ट अतिथि मनीष शेंडे (थाना प्रभारी डोंडी), चंद्रहास ठाकुर (जिला जनसंपर्क अधिकारी बालोद) , डी डी माण्डले (मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंडी), प्रेमलाल कुंजाम ( अध्यक्ष गोंडवाना समाज जिला बालोद ) ,मोहन हिडको (उपाध्यक्ष गोंडवाना समाज डोंडी),संजय बैंस (जनपद सदस्य) , तिहारसिंह तारम,तुलसी मरकाम प्रेमचंद जैन ,गौरीशंकर साहू ,अनिल सुथार पूर्व जनपद सदस्य थे ।

कार्यक्रम का शुभारंभ बुढादेव की पूजा अर्चना कर किया गया ,मुख्य अतिथि के करकमलों से फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया गया ,
मिथलेश नूरेटी उपाध्यक्ष जिला पंचायत के जिला पंचायत सदस्य निधि से 10 लाख रुपयों की राशि सामुदायिक भवन निर्माण के लिए स्वीकृत कराए थे , गोंडवाना समाज के सदस्यों ने भी भवन निर्माण के लिए आर्थिक व श्रमदान कर सहयोग कर भवन को मूर्त रूप दे दिया है
मिथलेश नूरेटी मुख्य अतिथि के आसंदी से संबोधित करते हुए केआप सबके के सपना साकार आज हुआ है , भवन निर्माण होने के बाद आज लोकार्पण हो रहा है भवन निर्माण प्रारंभ होने से अंतिम तक मूर्त रूप देने में सही दिशा _,दशा देने में समाज का सराहनीय योगदान रहा , भवन निर्माण होने से आज से समाज की बैठक सहित अन्य सामाजिक कार्य संपादित होंगे साथ ही कुसुमकसा में उक्त भवन का उपयोग ग्राम के ग्रामीण शादी _ विवाह सहित अन्य आयोजन के लिए उक्त भवन का उपयोग कर सकेंगे ,समाज प्रमुखों की मांग पर शौचालय निर्माण कराने की आगामी दिनों में करने की बात कही

कार्यक्रम को मनीष शेंडे थाना प्रभारी डोंडी ,चंदेश कुमार ठाकुर ,प्रेमलाल कुंजाम ,तुलसी मरकाम , डी डी माण्डले,ने भी संबोधित कर भू राजस्व संहिता ,सामान नागरिकता संहिता कानून ,सहित अन्य अधिनियम की जानकारी देते हुए समाज को नई दिशा में ले जाने के लिए बच्चो को समुचित शिक्षा दिलाने की बात कहते हुए नशापान से दूर रहने की सलाह दी
इस अवसर पर अतिथियों ने भवन के समीप वृछारोपण किया
,कार्यक्रम का संचालन मोहन हिडको ने तथा आभार व्यक्त संयोजक श्यामलाल ठाकुर (अध्यक्ष गोंडवाना कल्याण समिति) ने किया इस अवसर पर कोमलसिंह ध्रुव (कोषाध्याछ),हरिराम ठाकुर अमाय नागवंशी ,उम्मेंद्र मंडावी,विजय पोटाई , उत्तरा बाई तुमरेकी,जालंधर नेताम ,सुशीला धुर्वे राजू धुर्वे दानूराम ,सागर कोमर्रा ,भागवत भलावे ,संजीवन ,हिमाचल ,सुभाष ठाकुर ,धनीराम ,सुरेंद्र कुमार ,पदमा बाई मरकाम ,भानुराम ,सहित गोंडवाना समाज के सैकड़ों महिला पुरूष व युवा उपस्थित थे


